Site icon अग्नि आलोक

इंदौर में सूखे नाले में करा दी भजन संध्या

Share

इंदौर

लगातार छह बार देश के सबसे स्वच्छ शहर का तमगा जीतने वाला इंदौर अपनी इस कामयाबी को दोहराने के लिए फिर तैयार है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने रविवार को जहां वार्ड 49 के तिलक नगर क्षेत्र स्थित बैकलेन में लोगों के साथ पोहा पार्टी की, वहीं गुरुवार को नगर निगम की तरफ से नाले में भजन संध्या का आयोजन किया गया। नाले में लगे मंच पर भजन गायकों ने प्रस्तुति दी तो लोगों ने नाले में बैठकर भजनों का आनंद लिया।

दरअसल, गुरुवार रात विराट नगर मूसाखेड़ी स्थित चौधरी पार्क के पास नाले में शाम 6 बजे से भजन संध्या का आयोजन हुआ। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी ने नाले में बैठकर भजनों को सुना। इस दौरान क्षेत्र के विधायक महेंद्र हार्डिया भी मौजूद थे। बता दें सातवीं बार इंदौर को स्वच्छता में सिरमौर बनाने के लिए नगर निगम के अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि जुटे हुए हैं। इसी के मद्देनजर ये सब कवायद की जा रही है। कोशिश ये मैसेज देने की है कि इंदौर शहर के नाले भी इतने साफ और स्वच्छ कर दिए गए हैं कि वहां बैठक आयोजन किया जा सकता है। गंदगी से पटी रहने वाली बैकलेन भी अब साफ और स्वच्छ हो गई है।

शहर की कई बैक लेन में अलग-अलग प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। बैक लेन में कहीं बैडमिंटन प्रतियोगिता हो रही है तो कहीं गमलों में सब्जी उगाई जा रही है। तिलक नगर स्थित बैक लेन में पिछले दिनों पोहा पार्टी का आयोजन किया गया था, जिसमें महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने हिस्सा लिया था। उन्होंने बैक लेन में क्षेत्र के पार्षद राजेश उदावत सहित रहवासियों के साथ पोहा खाया था। शहर भर की बैक लेन को कचरा मुक्त कर सुंदर बनाने के प्रयास हो रहे हैं। बीते दिनों गौरव दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इंदौर आए थे।

नाले में ग्रीन नेट बिछाकर कुर्सियां लगाई गई थी। रहवासियों ने सु-मधुर भजनों का आनंद लिया।

उन्होंने नगर निगम के अधिकारी और जनप्रतिनिधियों को अलर्ट किया था कि इस बार कई अन्य शहर स्वच्छता में इंदौर से आगे निकलने में जुटे हुए हैं। ध्यान रखना, सावधान रहना। इसी महीने स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए टीम इंदौर भी आने वाली है।

वहीं हाल ही में नगर निगम आयुक्त हर्षिका सिंह ने बिचौली मर्दाना स्थित सिटी फॉरेस्ट तथा यहां पर शहर के हवा आंधी में गिरे पेड़ों से निकलने वाली लकड़ियों से फर्नीचर आदि बनाए जाने के लिए निगम द्वारा बनाए गए वर्कशॉप का निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने सिटी फॉरेस्ट को पिकनिक स्पॉट के रूप में डेवलप करने के लिए प्लान बनाने के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version