देश में गणतंत्र दिवस की धूम; वेनेजुएला में इस्तेमाल हुआ गुप्त अमेरिकी हथियार; शुभांशु को अशोक चक्र
आज देश 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से माना रहा है। दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आज नए भारत की झलक भी देखने को मिलेगी, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू परेड की सलामी लेंगी। वहीं लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 35 पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित करेंगे और कई अधिकारियों व नागरिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चीन की सेना अब पूरी तरह राष्ट्रपति शी जिनपिंग के नियंत्रण में आ गई है और सबसे शक्तिशाली जनरल को किनारे किया गया है। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर गैलेंट्री अवॉर्ड्स 2026 की घोषणा भी हुई, जिसमें शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र और कर्नल सोफिया को विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया, जबकि अन्य बहादुर कर्मियों के नाम भी सूची में शामिल किए गए हैं।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर सरकार इस बार भी ‘भारत पर्व’ का आयोजन करेगी। यह छह दिवसीय राष्ट्रीय सांस्कृतिक और पर्यटन महोत्सव 26 जनवरी से लाल किले के लॉन में शुरू होगा। इसे लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत द्वारा उद्घाटित किया जाएगा। ‘भारत पर्व’ भारत की सांस्कृतिक, कलात्मक, पाक और आध्यात्मिक विरासत को प्रदर्शित करने का प्रमुख मंच है। इस दौरान 41 झांकियां, सांस्कृतिक प्रदर्शन, सैनिक और अर्धसैनिक बैंड शो, हस्तशिल्प स्टॉल और राज्यों के पर्यटन पवेलियन देखने को मिलेंगे। बिहार अपनी मखाना उद्योग की झांकी प्रस्तुत करेगा। महोत्सव 26 से 31 जनवरी तक जनता के लिए खुला रहेगा। प्रवेश मुफ्त है। इस साल का महोत्सव विशेष रूप से “वंदे मातरम” के 150 साल के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
सीएम योगी आज 35 पुलिसकर्मियों को करेंगे सम्मानित
सीएम योगी सोमवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर विधान भवन के समक्ष ध्वजारोहण के बाद अदम्य साहस का परिचय देने वाले 10 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक देकर सम्मानित करेंगे। इसके अलावा 25 पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवा के लिए प्रशस्ति पत्र देंगे।
China: अब पूरी तरह राष्ट्रपति शी जिनपिंग के हाथों में चीनी सेना
चीन के राष्ट्रपति और कम्युनिस्ट पार्टी प्रमुख शी जिनपिंग ने अपने सबसे भरोसेमंद सैन्य सहयोगी और देश के सर्वोच्च सक्रिय जनरल झांग योउश्या को जांच के दायरे में लाकर न केवल पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की शीर्ष संरचना को हिला दिया है, बल्कि सेना के ऑपरेशनल कंट्रोल को लगभग पूरी तरह अपने हाथों में समेट लिया है।
शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र, कर्नल सोफिया को मिला विशिष्ट सेवा पदक
77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वीरता पुरस्कार के नामों की भी घोषणा हो चुकी है। अंतरिक्ष यात्री और ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र से सम्मानित किया गया है। इसी के साथ सेना के तीन जवानों को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जाएगा। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, जिन्होंने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) का दौरा करने वाले पहले भारतीय बनकर इतिहास रचा था, उन्हें भारत के सर्वोच्च शांतिकाल का वीरता पुरस्कार अशोक चक्र से सम्मानित किया गया है
सीक्रेट अमेरिकी हथियार से निष्क्रिय हुई थी मादुरो की सुरक्षा व्यवस्था
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि जब अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ा था, तब उन्होंने एक गोपनीय हथियार का इस्तेमाल किया था जिसे उन्होंने ‘द डिसकंबोबुलेटर’ नाम दिया। ट्रंप के अनुसार इस हथियार ने मादुरो के सैनिकों के उपकरणों को निष्क्रिय (काम न करने वाला) बना दिया, जिससे वे अपने रूसी और चीनी रॉकेट भी नहीं चला पाए।
गणतंत्र दिवस पर 40 देशों के भिक्षु होंगे ‘सम्मानित अतिथि’
दिल्ली में 24-25 जनवरी को आयोजित ग्लोबल बौद्ध समिट में भाग लेने वाले 40 देशों के भिक्षु और भिक्षुणियां इस साल गणतंत्र दिवस पर सम्मानित अतिथि होंगे। इंटरनेशनल बौद्ध कन्फेडरेशन और संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन का विषय था – “साझा बुद्धिमत्ता, एकीकृत आवाज और सहयोगपूर्ण सहअस्तित्व”। सम्मेलन का उद्देश्य दुनिया में शांति, सामाजिक सामंजस्य और पर्यावरणीय जागरूकता का संदेश फैलाना था।
IBC के सचिव जनरल, वेन शार्त्से खेनसुर रिनपोचे जांगचुप चोडेन ने कहा भारत गणतंत्र दिवस पर अपनी शक्ति दिखाएगा, लेकिन साथ ही बुद्ध धर्म के संदेश के जरिए दुनिया में शांति और करुणा फैलाएगा। सम्मेलन में 800 से अधिक प्रतिनिधि और 200 से ज्यादा विदेशी प्रतिभागी शामिल हुए।
IndiGo ने कई देशों की उड़ानें 28 जनवरी तक रद्द की
IndiGo एयरलाइंस ने ईरान के हालात को देखते हुए त्बिलिसी, अल्माटी, बाकू और ताशकंद के लिए 26, 27 और 28 जनवरी की सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइन ने कहा कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और ईरानी हवाई क्षेत्र की वर्तमान स्थिति के कारण ये उड़ानें फिलहाल संचालित नहीं की जाएंगी। इसके अलावा, वैकल्पिक मार्ग अधिक समय और ईंधन की खपत बढ़ा सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ती तनाव स्थिति के कारण किसी सैन्य संघर्ष की संभावना भी बनी हुई है।
बंगाल में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर TMC ने विरोध रैली की
पश्चिम बंगाल की सत्ता वाली टीएमसी ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर राज्य के कई जिलों में रैलियां निकाली। उनका आरोप था कि विशेष संपूर्ण संशोधन (SIR) प्रक्रिया के बाद सभी योग्य मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जा रहा है। राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने दक्षिण कोलकाता में रैली करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का निर्वाचन आयोग द्वारा पूर्ण पालन नहीं हुआ। टीएमसी का दावा है कि लोगों को मतदान से रोकने की साजिश की जा रही है।
वहीं, भाजपा ने युवाओं और पहले बार वोट डालने वालों को मतदान के लिए जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया। पूर्व त्रिपुरा मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने आरोप लगाया कि बंगाल में मतदाताओं के अधिकारों का दुरुपयोग हो रहा है।
तेलंगाना : छात्रावास में एसी ब्लास्ट 6 छात्राएं बेहोश, अस्पताल में भर्ती
तेलंगाना के मेडचल-मलकाजगिरि जिले के अलवाल थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक महिला छात्रावास में एसी फटने से भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट के कारण हुए इस धमाके के बाद कमरे में मौजूद छह छात्राएं बेहोश पाई गईं। स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया और छात्राओं को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
महीनों से बीमार मशहूर उड़िया गायक अभिजीत मजूमदार का निधन
प्रख्यात उड़िया संगीतकार और गायक अभिजीत मजूमदार का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 54 वर्ष के थे। उन्होंने रविवार को भुवनेश्वर एम्स में अंतिम सांस ली। मजूमदार को पिछले साल चार सितंबर को उच्च रक्तचाप, हाइपोथायरायडिज्म और क्रॉनिक लिवर रोग के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
14 फरवरी को प्रधानमंत्री असम दौरे पर कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित : सरमा
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 फरवरी को असम के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। तीन महीने के भीतर यह उनका तीसरा दौरा होगा। प्रधानमंत्री गुवाहाटी और उत्तरी गुवाहाटी को जोड़ने वाले ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्करवर्मन सेतु का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही पीएम आईआईएम गुवाहाटी के अस्थायी परिसर का उद्घाटन करेंगे और 100 इलेक्ट्रॉनिक बसें सौंपेंगे।
मणिपुर: सुरक्षा बलों ने जब्त किया विस्फोटक दो उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर के फेरजावल जिले से सुरक्षा बलों ने दो लोगों को कुछ विस्फोटक के साथ गिरफ्तार किया। राज्य पुलिस से रविवार को मिली जानकारी के मुताबिक, इनकी पहचान सुरतुइनेक गांव के सी संगकुंगा मिज़ो (58) और सिबापुरिखाल के माइकल लालनिथांग (27) के तौर पर की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शुक्रवार को पारबुंग पुलिस थाने इलाके में बुराइखाल और लोअर खारखुप्लिएन के बीच के इलाके से गिरफ्तार किया।
पश्चिम बंगाल : मंत्री शशि पांजा को मिला एसआईआर नोटिस
पश्चिम बंगाल की महिला एवं बाल विकास मंत्री शशि पांजा को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत सुनवाई का नोटिस मिला है। मंत्री ने आरोप लगाया कि यह प्रक्रिया जल्दबाजी और बिना पर्याप्त तैयारी के की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि उनका नाम 2002 की मतदाता सूची में था और सभी दस्तावेज जमा करने के बावजूद उन्हें अनमैप्ड चिह्नित किया गया है।
तेलंगाना: ड्रग्स तस्करों ने महिला कांस्टेबल को कार से कुचला, निकालनी पड़ी किडनी
तेलंगाना के निजामाबाद जिले में ड्रग्स तस्करों ने एक महिला आबकारी कांस्टेबल को अपनी कार से कुचल दिया। यह घटना शुक्रवार शाम माधव नगर के पास हुई। पुलिस ने बताया कि निजामाबाद में गांजा की तस्करी की सूचना मिली थी। आबकारी दल ने एक कार को रोका तो आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और 23 वर्षीय कांस्टेबल को कुचल दिया।
इसके बाद कार एक बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई। आबकारी अधिकारी ने बताया कि दो आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीन अन्य फरार हो गए। वाहन से लगभग 2.5 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने बताया कि घायल कांस्टेबल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी एक किडनी निकालने के लिए सर्जरी की। महिला कांस्टेबल की हालत स्थिर बताई जा रही है।
हैदराबाद अग्निकांड : फर्नीचर दुकान के तलघर से पांच शव बरामद, मालिक पर मामला दर्ज
हैदराबाद के नामपल्ली इलाके में एक चार मंजिला फर्नीचर दुकान में लगी भीषण आग में दो बच्चों और एक बुजुर्ग महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई। शनिवार दोपहर लगी इस आग के बाद रविवार को इमारत के तलघर से पांचों शव बरामद किए गए। मृतकों में सुरक्षा गार्ड का परिवार और अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी की मौत दम घुटने से हुई है। दमकल विभाग के महानिदेशक विक्रम सिंह मान ने बताया कि तलघर में केवल वाहनों के पार्किंग की अनुमति थी लेकिन उसमें अवैध रूप से ज्वलनशील रसायन, प्लास्टिक और फोम रखा गया था। पुलिस ने अग्नि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोप में दुकान मालिक के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है। शनिवार को आग लगने के बाद से ही एनडीआरएफ और पुलिस सहित कई एजेंसियों ने बचाव कार्य में लगी थीं। भारी धुएं और मलबे के कारण ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आईं। सरकार ने पीड़ित परिवारों को सहायता देने का आश्वासन दिया है।
2030 तक नौकरियों की तस्वीर बदल सकता है एआई : डब्ल्यूईएफ
कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से इस दशक के अंत तक वैश्विक कार्यबल में बड़ा बदलाव होने की उम्मीद है। इसका असर उत्पादकता में तेज बढ़ोतरी से लेकर बड़े पैमाने पर नौकरी खत्म होने तक हो सकता है। यह खुलासा इस महीने विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) के जारी नई श्वेत पत्र में हुआ है। यह रिपोर्ट डब्ल्यूईएफ के मुख्य रणनीति अधिकारी समुदाय और वैश्विक दूरदर्शिता विशेषज्ञों की राय पर आधारित है। नई अर्थव्यवस्था में नौकरियों के लिए चार भविष्य: 2030 में एआई और प्रतिभा शीर्षक वाला यह श्वेत पत्र डब्ल्यूईएफ की वैश्विक अर्थव्यवस्था संवाद शृंखला का हिस्सा है। डब्ल्यूईएफ ने एआई को लेकर चार संभावित परिदृश्य सुपरचार्ज्ड प्रगति, विस्थापन का युग, सह-पायलट अर्थव्यवस्था,और रुकी हुई प्रगति बताए हैं।
भारत पर्व 2026 में दिखेगी महाराष्ट्र के पर्यटन की झलक; मेफेड्रोन फैक्टरी से ₹55 करोड़ की ड्रग्स जब्त
महाराष्ट्र पर्यटन विभाग 26 जनवरी से दिल्ली में शुरू हो रहे भारत पर्व 2026 में राज्य की प्रमुख पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करेगा। यह आयोजन गणतंत्र दिवस समारोह के तहत केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा किया जाता है, जिसमें देश की सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर दिखाया जाता है।
भारत पर्व में महाराष्ट्र सरकार लाल किले के लॉन और ज्ञान पथ पर एक विशेष पवेलियन लगाएगी। यहां राज्य की ऐतिहासिक विरासत, सुंदर समुद्र तटों, और छत्रपति शिवाजी महाराज के समय के प्रसिद्ध किलों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा लोक कला, पारंपरिक नृत्य, हस्तशिल्प और पर्यटन से जुड़ी आधुनिक सुविधाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव संजय खंडारे ने कहा कि इस आयोजन से देशभर के पर्यटक और उद्यमी महाराष्ट्र के पर्यटन क्षेत्र से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित होंगे। वहीं, पर्यटन निदेशक बी. एन. पाटिल ने बताया कि पवेलियन में आने वाले लोगों को महाराष्ट्र की संस्कृति और मेहमाननवाजी का जीवंत अनुभव मिलेगा।
भारत पर्व 2026 में गणतंत्र दिवस परेड की झांकियों की प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फूड कोर्ट और हस्तशिल्प स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटकों और पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों के आने की उम्मीद है। इससे महाराष्ट्र को अपने पर्यटन को बढ़ावा देने का अच्छा मौका मिलेगा।
महाराष्ट्र में मेफेड्रोन फैक्टरी पकड़ी 55 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त
महाराष्ट्र में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सतारा जिले में एक मोबाइल मेफेड्रोन फैक्टरी इकाई का भंडाफोड़ किया है। फैक्टरी से 55 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त की गई और पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि प्राप्त सूचनाओं के आधार पर, डीआरआई अधिकारियों ने शुक्रवार को कराड तहसील के एक दूरस्थ गांव में ऑपरेशन चलाकर यह फैक्टरी पकड़ी। अधिकारी ने बताया कि फैक्टरी से जब्त सामग्री में 11.848 किलोग्राम तरल रूप में, 9.326 किलोग्राम अर्ध-तरल रूप में और 738 ग्राम क्रिस्टलीय रूप में मादक पदार्थ शामिल थे। साथ ही 71.5 किलोग्राम कच्चा माल भी बरामद किया गया जिससे 15 किलोग्राम मेपेड्रोन का उत्पादन किया जा सकता था, जिनकी कुल कीमत लगभग 55 करोड़ रुपये है। मेफेड्रोन एक कृत्रिम उत्तेजक पदार्थ है और इसे आमतौर पर पार्टी ड्रग के रूप में जाना जाता है। इससे स्वास्थ्य को गंभीर खतरे हो सकते हैं।
मुंबई की ऊंची इमारत से कूदकर 21 वर्षीय युवक की मौत
मुंबई के वडाला इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 21 वर्षीय युवक ने एक ऊंची इमारत की 21वीं मंजिल से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान हैदर कराचीवाला के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि हैदर को शराब पीने की लत थी, जिसके कारण परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार तड़के उसके माता-पिता से किसी बात पर बहस हो गई, जिसके बाद वह गुस्से में घर से निकल गया। कुछ समय बाद उसके पिता यूसुफ कराचीवाला को विले पार्ले पुलिस स्टेशन से फोन आया कि उनका बेटा नशे की हालत में है और उसे घर ले जाना चाहिए।
सुबह करीब 6 बजे पिता अपने बेटे को घर ले आए। घर पहुंचने पर माता-पिता ने उसे शराब छोड़ने की सलाह दी, क्योंकि उनके धर्म में शराब पीना मना है। इसके बाद हैदर अपने कमरे में चला गया। करीब 8:15 बजे उसके पिता को पता चला कि उसने अपने कमरे की खिड़की से कूदकर जान दे दी है। पुलिस की मदद से उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने प्राथमिक जानकारी के आधार पर आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर ली है और मामले की जांच जारी है।
तिरंगे के रंगों से रोशन हुआ मुंबई एयरपोर्ट
मुंबई में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को भारतीय ध्वज के रंगों से रोशन किया गया।
ताजिकिस्तान, अफगानिस्तान और तिब्बत में भूकंप; म्यांमार में सैन्य समर्थन वाली सरकार
बांग्लादेश ने रविवार को अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना को भारत में सार्वजनिक सभा को संबोधित करने की अनुमति दिए जाने पर चिंता जताई। अंतरिम सरकार ने कहा कि हसीना के बयान आम चुनाव से पहले देश की राजनीतिक स्थिरता को प्रभावित कर सकते हैं। बांग्लादेशी विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह इस बात से ‘हैरान’ और ‘आहत’ है कि शेख हसीना को नई दिल्ली में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में बोलने और अंतरिम सरकार के खिलाफ राजनीतिक टिप्पणियां करने की अनुमति दी गई। सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस ने यह जानकारी दी। बयान में कहा गया कि इस तरह की गतिविधियां बांग्लादेश के लोकतांत्रिक प्रक्रिया, शांति और सुरक्षा के लिए स्पष्ट रूप से खतरा हैं। विदेश मंत्रालय ने भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय प्रत्यर्पण समझौते के तहत हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर लंबित अनुरोधों का भी जिक्र किया। बयान में कहा गया कि कई बार अनुरोध किए जाने के बावजूद शेख हसीना को सौंपने के मामले में कोई प्रगति नहीं हुई है, जबकि उन्हें भारतीय धरती से राजनीतिक बयान देने की अनुमति दी जा रही है, जिससे बांग्लादेश असंतुष्ट है।
चीन से रिश्ते खराब होने के बाद अब जापान से लौट रहे पांडा
जापान के उएनो चिड़ियाघर में रविवार को जुड़वां पांडा शाओ शाओ और लेई लेई को देखने के लिए प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंगलवार को दोनों पांडा की चीन रवानगी के साथ ही जापान में आधी सदी में पहली बार कोई पांडा नहीं बचेगा। चीन ने 1972 में राजनयिक संबंधों के सुधार के प्रतीक के रूप में पहली बार जापान को पांडा उपहार में दिए थे। लेकिन नियमों के मुताबिक पांडा और भविष्य में उनके बच्चों पर मालकिना हक चीन का ही रहता है।
म्यांमार : सैन्य समर्थन वाली सरकार का सत्ता में आना तय
म्यांमार में आम चुनाव के तीसरे एवं अंतिम चरण के लिए रविवार को मत डाले गए। पड़ोसी देश में चुनावी प्रक्रिया करीब एक महीने से जारी है। चुनाव परिणाम से पहले ही यह सुनिश्चित हो गया है कि देश के सैन्य शासक एवं उनके सहयोगी नई सरकार बनाने के लिए संसद में बहुमत हासिल कर लेंगे। मौजूदा सैन्य सरकार के प्रमुख वरिष्ठ जनरल मिन आंग ह्लाइंग के समर्थकों और विरोधियों दोनों का अनुमान है कि नई संसद का सत्र शुरू होने पर वही राष्ट्रपति पद ग्रहण करेंगे। मतदान रविवार को सुबह छह बजे छह क्षेत्रों और तीन प्रांतों के 61 कस्बों में शुरू हुआ। इनमें कई ऐसे क्षेत्र भी शामिल हैं जहां हाल के महीनों में झड़पें हुई हैं। आलोचकों का कहना है कि ये चुनाव न तो स्वतंत्र हैं और न ही निष्पक्ष। इन्हें फरवरी 2021 में आंग सान सू ची की चुनी हुई असैन्य सरकार को सत्ता से हटाने के बाद सेना की शक्ति को वैधता प्रदान करने के लिए कराया जा रहा है।
सिंगापुर : उत्तर प्रदेश दिवस पर संस्कृति परंपराओं का प्रदर्शन
सिंगापुर में उत्तर प्रदेश दिवस पर राज्य की संस्कृति, परंपराओं व कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया। आयोजन की अगुवाई भारतीय प्रवासी समुदाय के प्रमुख सदस्यों ने की। सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने कहा कि यहां के उत्तर प्रदेश समुदाय का राज्य में अपनी जड़ों व पूर्वजों से मजबूत जुड़ाव है। उन्होंने आग्रह किया कि समुदाय के लोग सिंगापुर से अपने मित्रों को उत्तर प्रदेश लेकर जाएं ताकि वे राज्य की संस्कृति को समझ सकें।
ताजिकिस्तान, अफगानिस्तान और तिब्बत में भूकंप के झटके
रविवार को मध्य एशिया के विभिन्न हिस्सों में भूकंप के कई झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, ताजिकिस्तान में भारतीय समयानुसार सुबह 6:06 बजे 4.6 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र 103 किलोमीटर की गहराई पर था। इससे पहले जनवरी में भी वहां 5.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। वहीं, अफगानिस्तान में तड़के 2:42 बजे 4.1 तीव्रता का भूकंप आया। तिब्बत में भी रविवार सुबह 4:23 बजे 3.7 तीव्रता के झटके महसूस किए गए, जबकि शनिवार को भी वहां 3.0 तीव्रता का भूकंप आया था। तिब्बत में भूकंप की गहराई मात्र 10 किमी रही।
एलेक्स होनोल्ड बिना रस्सी के 101 मंजिला इमारत पर चढ़े
अमेरिकी रॉक क्लाइंबर (चट्टान पर्वतारोही) एलेक्स होनोल्ड ने रविवार को ताइवान की 508 मीटर ऊंची 101 मंजिला इमारत पर बिना किसी सुरक्षा उपकरण या रस्सी के चढ़कर इतिहास रच दिया। इस रोमांचक चढ़ाई का एक ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारण किया गया। होनोल्ड ने अपने हाथों से धातु के बीम को पकड़कर 101 मंजिलों की दूरी तय की। चढ़ाई के दौरान बांस के बक्से जैसे दिखने वाले मध्य भाग को पार करना सबसे कठिन था।
बनेगी ब्रिटिश एफबीआई, पुलिस व्यवस्था में होगा बड़ा बदलाव
ब्रिटिश सरकार ने देश की पुलिसिंग प्रणाली को आधुनिक बनाने के लिए राष्ट्रीय पुलिस सर्विस बनाने की घोषणा की है, जिसे ब्रिटिश एफबीआई कहा जा रहा है। यह नई फोर्स आतंकवाद, धोखाधड़ी और संगठित अपराध जैसे जटिल मामलों से निपटेगी। गृह मंत्री शबाना महमूद के अनुसार, यह 1829 के बाद से पुलिस व्यवस्था में सबसे बड़ा सुधार होगा। यह विभाग राष्ट्रीय अपराध एजेंसी, आतंकवाद विरोधी शाखा और राष्ट्रीय सड़क पुलिसिंग को एक साथ लाएगा।
पाकिस्तानी सेना के खिलाफ बलूचिस्तान में सड़कों पर लोग
पाकिस्तानी सेना के खिलाफ बलूचिस्तान की राजधानी हब में बलूचिस्तानी सड़कों पर उतर आए हैं। छह बलूच परिवारों ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर बगैर किसी कानूनी प्रक्रिया के परिजनों को उठा ले जाने का आरोप लगाया हैं। इनमें महिलाएं और नाबालिग भी शामिल हैं। अपने परिजनों को तुरंत पेश करने और रिहा करने की मांग को लेकर इन परिवारों सहित कई बलूचिस्तानी प्रदर्शनकारियों ने लसबेला प्रेस क्लब के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
संदिग्ध शैडो फ्लीट टैंकर का भारतीय कैप्टन हिरासत में
फ्रांस की नौसेना ने एक ऑयल टैंकर के भारतीय कैप्टन को हिरासत में लिया है। मार्सिले अभियोजन के कार्यालय ने रविवार को बताया कि भारतीय कैप्टन को इस बात की जांच के लिए हिरासत में लिया गया है कि क्या वह गलत झंडे के तहत काम कर रहा था। ग्रिंच नामक जहाज को बृहस्पतिवार को मेडिटेरेनियन सागर में जब्त कर लिया गया और फिर उसे फ्रांस के पोर्ट शहर के पास लंगर डालने के लिए मोड़ा गया। ऐसा शक था कि यह जहाज उस शैडो फ्लीट का हिस्सा है जो प्रतिबंधों के बावजूद रूस को तेल निर्यात करने देता है।
नेपाल: फर्जी रेस्क्यू बीमा घोटाले में 6 टूर ऑपरेटर गिरफ्तार
नेपाल पुलिस ने रविवार को 20 मिलियन अमेरिकी डॉलर के फर्जी रेस्क्यू बीमा घोटाले में छह टूर ऑपरेटर और माउंटेन रेस्क्यू एजेंसी के अधिकारियों को गिरफ्तार किया। केंद्रीय जांच ब्यूरो के प्रमुख मनोज कुमार केसी ने बताया कि गिरफ्तारी कोर्ट से आदेश मिलने के बाद की गई। जांच में पता चला कि आरोपी हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू की झूठी घटनाओं को बीमा कंपनियों से फंड पाने के लिए अंजाम देते थे।
गिरफ्तार किए गए लोग हैं:
- Mountain Rescue Service Pvt Ltd के जयाराम रिमाल और विवेक पांडे
- Nepal Charter Service Pvt Ltd के रबिन्द्र अधिकारी और विवेकराज थापलिया
- Everest Experience and Assistance Pvt Ltd के मुक्ति पांडे और सुभाष केसी
जांच में सामने आया कि इन कंपनियों ने कुल 2,320 रेस्क्यू ऑपरेशन किए, जिनमें से 317 झूठे थे। इन फर्जी रेस्क्यू के जरिए लगभग 20 मिलियन डॉलर की बीमा रकम का घोटाला हुआ। सीआईबी ने बताया कि इस घोटाले में ट्रेकिंग गाइड्स, हेलीकॉप्टर ऑपरेटर और मेडिकल सुविधाओं की मिलीभगत शामिल थी। जांच अधिकारी ने चेताया कि इस तरह के फर्जी रेस्क्यू नेपाल की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
US सिनेमाघर में सांसद मैक्सवेल फ्रॉस्ट पर हमला, आरोपी गिरफ्तार
सनडांस फिल्म फेस्टिवल के दौरान फ्लोरिडा के सांसद मैक्सवेल फ्रॉस्ट पर एक व्यक्ति ने हमला किया। सांसद ने बताया कि आरोपी ने उन्हें मुँह पर मुक्का मारा और कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप उन्हें देश से निकाल देंगे। पुलिस ने 28 वर्षीय क्रिश्चियन जोएल यंग को गिरफ्तार किया। वह पार्टी में बिना पास घुसा था और इस पर गंभीर हमला और चुनावी अधिकारी पर हमला करने का आरोप है।
सांसद फ्रॉस्ट ने कहा कि उन्हें सुरक्षित पाया गया और उन्होंने सुरक्षा टीम का धन्यवाद किया। पुलिस ने कहा कि आरोपी को जमानत पर नहीं छोड़ा जाएगा क्योंकि वह समुदाय के लिए खतरा हो सकता है। संडांस फिल्म फेस्टिवल ने हमले की निंदा की और कहा कि यह घटना उनके मूल्यों के खिलाफ है।
पाकिस्तान-भारत व्यापार परिषद ने दोनों देशों से वार्ता का किया आग्रह
पाकिस्तान-भारत व्यापार परिषद (पीआईबीसी) ने दोनों देशों से लंबित मुद्दों को सुलझाने के लिए बिना किसी देरी के बातचीत फिर से शुरू करने का आग्रह किया। परिषद ने देश-विदेश में रहने वाले भारतीयों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। पीआईबीसी एक द्विपक्षीय विचार-मंथन और संबंधों में सुधार की वकालत करने वाली संस्था है। यह दोनों के बीच व्यापार और वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करने पर केंद्रित है। पीआईबीसी के अध्यक्ष नूर मोहम्मद कसूरी ने रविवार को बुनियादी ढांचे, प्रौद्योगिकी और औद्योगिक विकास में भारत की असाधारण प्रगति का उल्लेख किया।
कराची अग्निकांड में अब तक 72 की मौत
पाकिस्तान के कराची में एक शॉपिंग प्लाजा में लगी आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर 72 हो गई है। दर्जन भर लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। सदर इलाके में स्थित गुल शॉपिंग प्लाजा के तहखाने में 17 जनवरी की रात को आग लग गई और देखते ही देखते पूरी इमारत में फैल गई। आग पर 36 घंटे के बाद काबू पाया जा सका। दक्षिण के उपायुक्त जावेद नबी खोसो ने बताया कि मलबे से 72 शव या मानव अवशेष बरामद किए गए हैं।

