रतलाम से इंदौर जा रही डेमू ट्रेन में रविवार सुबह आग लग गई। भीलवाड़ा-डॉ. अंबेडकर नगर डेमू ट्रेन सुबह 6.25 बजे रतलाम से रवाना हुई। 7 बजे ट्रेन प्रीतम नगर रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां यात्रियों ने ट्रेन के ड्राइविंग मोटर कोच से धुआं उठते देखा, तो वे स्टेशन पर ही ट्रेन से नीचे उतर गए।
कुछ ही देर में इंजन के हिस्से वाली बोगी और इसके बगल वाली बोगी ने आग पकड़ ली। डेमू ट्रेन का इंजन बोगियों के बीच में लगा हुआ था। इंजन के एक हिस्से में यात्रियों के बैठने के लिए बोगी होती है। इसके बाद दूसरी बोगियां अटैच रहती हैं। समय रहते लोगों ने ट्रेन से धुआं उठता देखा और नीचे उतर गए। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। डेमू ट्रेन में आग लगने के बाद करीब 7.50 बजे फायर ब्रिगेड टीम भी पहुंच गई।
ट्रेन में आग लगने के बाद यात्रियों के लिए दूसरी ट्रेन का इंतजाम नहीं हो पाया। जिसके चलते वे पैदल ही निकल पड़े और प्रीतम नगर रेलवे स्टेशन से 6 किलोमीटर दूर फोरलेन पर स्थित रत्तागिरी पर बस और दूसरे साधन पकड़ने पहुंचे। रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीणा के अनुसार, आग ट्रेन के ड्राइविंग मोटर कोच में लगी थी। सभी यात्री सेफ हैं।

