मुंबई शहर के नागपाड़ा इलाके के लकड़ावाला बाजार में शनिवार शाम भीषण आग लगने से एक गोदाम जलकर खाक हो गया। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।ढाई घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने रात 10.40 बजे आग पर काबू पा लिया। जिस गोदाम में आग लगी। वो राज ऑयल मिल के पीछे है।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं। आग पहली मंजिल पर 3,000-3500 वर्ग फीट क्षेत्र में बिजली के तारों, बिजली के सामान, लकड़ी के फर्नीचर तक ही सीमित थी। फिलहाल आग लगने का कारणों का पता नहीं चल पाया है।
गोदाम मालिक के पिता दिनेश ने बताया कि यह गोदाम एक-डेढ़ साल से यहां था। कम से कम 5 से 7 लाख रुपये का नुकसान हुआ होगा। हमें कोई अंदाजा नहीं है आग कैसे लगी। फायर ब्रिगेड ने बहुत तेजी से आग पर काबू पाने का काम किया।
लातूर में नाबालिग लड़की का अपहरण कर दुष्कर्म, मुख्य आरोपी और दो कैफे मालिक गिरफ्तार
लातूर में एक नाबालिग लड़की का 18 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर अपहरण कर उसके साथ बलात्कार किया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि मुख्य आरोपी और दो कैफे के मालिकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। चार दिसंबर को यह अपराध हुआ था। पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर लड़की को ढूंढ निकाला।
लड़की की शिकायत के आधार पर आरोपी रिहान गुलाब शेख को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि दो अन्य आरोपी उन दो कैफे के मालिक हैं, जहां यह अपराध हुआ था। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पोक्सो अधिनियम और अत्याचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने अपने बेटे को ‘दूरदर्शी सांसद’ बताया
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को डोंबिवली में विकास कार्यों का शिलान्यास किया और इन परियोजनाओं के निरंतर क्रियान्वयन के लिए कल्याण से सांसद और पुत्र श्रीकांत शिंदे की प्रशंसा की। शिंदे ने प्रेरणा युद्ध स्मारक का उद्घाटन किया और संत सावलाराम महाराज म्हात्रे खेल परिसर के पुनर्विकास और सावित्रीबाई फुले थिएटर के जीर्णोद्धार का शुभारंभ किया।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा, “सांसद श्रीकांत शिंदे के निरंतर समर्थन के कारण ही आज ये कार्य पटरी पर हैं।” उन्होंने कहा कि सरकार ने कल्याण-डोंबिवली क्षेत्र के त्वरित विकास के लिए पहले ही करोड़ों रुपये मंजूर कर दिए हैं। सांसद श्रीकांत शिंदे ने कहा कि 2014 के बाद से इस क्षेत्र में परिवर्तन आया है, मेट्रो लाइनें, फ्लाईओवर, शिल फाटा रोड को छह लेन का बनाने और नई रेल अवसंरचना का निर्माण हुआ है।
गौरतलब है कि इस कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण भी मौजूद थे। पिछले महीने, शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और सहयोगी भाजपा के बीच संबंधों में उस समय तनाव आ गया था, जब चव्हाण ने शिवसेना के कुछ सदस्यों को बीजेपी में शामिल कर लिया था।
सीआरपीएफ में नौकरी का वादा कर बेस्ट कंडक्टर से 4.5 लाख रुपये ठगे
मुंबई में बेस्ट बस सेवा के 36 वर्षीय कंडक्टर से तीन लोगों ने कथित तौर पर 4.5 लाख रुपये की ठगी की। पुलिस ने शनिवार को बताया कि इन लोगों ने उसे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में नौकरी दिलाने का वादा किया था। चूनाभट्टी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि नवी मुंबई निवासी महेश देवकर की शिकायत पर सरफराज सलमानी, नीलेश सरोदे और योगेश कुमार शुक्ला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। देवकर ने शिकायत में कहा कि 2022 में, एक दोस्त ने उसे सरोदे से मिलवाया, जिसने दावा किया कि उसके पास ऐसे संपर्क हैं, जो उसे सरकारी नौकरी दिलाने में मदद कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही उन्हें बताया गया कि सीआरपीएफ में हवलदार के पद रिक्त हैं।
सरोदे ने उसे सलमानी से मिलवाया, जिसने दावा किया कि वह सरकारी नौकरी की प्रक्रिया संभालता है और कथित तौर पर “फीस” के रूप में 1 लाख रुपये की मांग की। कुछ दिनों बाद सलमानी ने देवकर को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए दिल्ली बुलाया, जहां उनका परिचय योगेश कुमार से हुआ।
इसके बाद तीनों ने कथित तौर पर उसे सीआरपीएफ का एक फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया और तीन लाख रुपये और मांगे। दबाव में आकर देवकर ने किश्तों में साढ़े तीन लाख रुपये और दे दिए। उसे एक फर्जी प्रशिक्षण पत्र भी जारी कर दिया गया। लेकिन जब उन्हें अपडेट मिलना बंद हो गया, तो उन्होंने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें 50,000 रुपये का चेक दिया गया, जो बाउंस हो गया। देवकर को तब पता चला कि नियुक्ति और प्रशिक्षण पत्र समेत सभी दस्तावेज फर्जी थे, और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

