Site icon अग्नि आलोक

भोपाल मेट्रो का आज शुभारंभ, कल से आम जनता करेगी सवारी

Share

भोपाल में मेट्रो सेवा का शुभारंभ 20 दिसंबर को होगा. केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे. 21 दिसंबर से आम जनता मेट्रो में यात्रा कर सकेगी. भोपाल में इंदौर की तरह फ्री राइड या किराया छूट नहीं मिलेगी. मेट्रो सुबह 9 से शाम 7 बजे तक चलेगी.

राजधानी में शनिवार को मेट्रो सेवा का औपचारिक शुभारंभ हो रहा है. इंदौर के बाद भोपाल प्रदेश का दूसरा शहर बन जाएगा, जहां मेट्रो दौड़ेगी. 20 दिसंबर को केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे. इसके अगले दिन यानी 21 दिसंबर से आम नागरिक मेट्रो में यात्रा कर सकेंगे. हालांकि, इंदौर की तरह भोपाल में यात्रियों को फ्री जॉय राइड या शुरुआती किराया छूट का लाभ नहीं मिलेगा.

भोपाल मेट्रो के संचालन को लेकर मेट्रो कॉर्पोरेशन ने पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. मेट्रो की खासियत यह होगी कि एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन पहुंचने में महज 3 से 4 मिनट का समय लगेगा. शुरुआती चरण में सुभाष नगर से एम्स साकेत नगर तक मेट्रो चलाई जाएगी. सरकार और मेट्रो प्रबंधन इसे राजधानी के लिए ग्रीन और आधुनिक परिवहन व्यवस्था के रूप में पेश कर रहा है, लेकिन जमीन पर इससे जुड़ी कई चुनौतियां भी सामने आ रही हैं.

20 दिसंबर को होगा उद्घाटन, 21 से आम जनता करेगी सफर
भोपाल मेट्रो का उद्घाटन 20 दिसंबर को किया जाएगा. इस मौके पर केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मौजूद रहेंगे. उद्घाटन के अगले दिन यानी 21 दिसंबर से मेट्रो सेवा आम जनता के लिए खोल दी जाएगी. मेट्रो कॉर्पोरेशन के मुताबिक, पहले चरण में सीमित रूट और सीमित समय में संचालन किया जाएगा.

भोपाल मेट्रो में फ्री राइड क्यों नहीं
इंदौर में मेट्रो की शुरुआत के समय यात्रियों को एक सप्ताह तक मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई थी. इसके बाद तीन महीने तक किराए में छूट भी दी गई थी. अधिकारियों ने बताया कि इंदौर प्रदेश का पहला मेट्रो शहर था, इसलिए वहां प्रमोशनल पॉलिसी अपनाई गई थी. भोपाल मेट्रो को लेकर फिलहाल ऐसी कोई प्रमोशनल पॉलिसी लागू नहीं की गई है. इसी वजह से भोपाल में यात्रियों को पहले ही दिन से पूरा किराया देना होगा.

सुबह 9 से शाम 7 बजे तक मेट्रो संचालन
मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध संचालक एस कृष्णा चैतन्य ने बताया कि भोपाल मेट्रो का संचालन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक किया जाएगा. इस दौरान कुल 17 राइड निर्धारित की गई हैं. सुभाष नगर से एम्स साकेत नगर तक 9 राइड होंगी, जबकि एम्स से सुभाष नगर की ओर 8 राइड रहेंगी. शुरुआत में एक ही मेट्रो ट्रेन चलाई जाएगी. जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनें भी जोड़ी जा सकती हैं.

कुल 27 मेट्रो ट्रेन में से 8 पहले ही भोपाल डिपो पहुंची 
भोपाल मेट्रो के पहले चरण में कुल 27 मेट्रो ट्रेन चलाई जानी हैं. इनमें से 8 ट्रेनें पहले ही भोपाल डिपो पहुंच चुकी हैं. बाकी ट्रेनों की डिलीवरी चरणबद्ध तरीके से की जाएगी. मेट्रो प्रबंधन का कहना है कि संचालन के अनुभव के आधार पर फ्रीक्वेंसी और रूट का विस्तार किया जाएगा.

डीपीआर में पार्किंग को लेकर बड़ी चूक
भोपाल और इंदौर के मेट्रो प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार करते समय एक बड़ी चूक सामने आई है. मेट्रो स्टेशनों के पास पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था डीपीआर में शामिल नहीं की गई. इससे यात्रियों को स्टेशनों तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है. मेट्रो कॉर्पोरेशन के एमडी कृष्णा चैतन्य ने बताया कि सभी स्टेशनों के पास जगह चिन्हित की जा रही है. यहां 15 से 20 चार पहिया और 30 से 35 दो पहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे.

मेट्रो से ग्रीन ट्रांसपोर्ट, लेकिन जमीन पर परेशानी
आर्किटेक्ट और टाउन प्लानर सुयश कुलश्रेष्ठ ने कहा कि भोपाल में मेट्रो ग्रीन परिवहन का विकल्प जरूर बनेगी. लेकिन मेट्रो निर्माण के कारण शहर की कई अहम सड़कें उखड़ी हुई हैं. धूल और मिट्टी से लोग परेशान हैं. गड्ढों के कारण हादसे भी हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि मेट्रो कॉरिडोर तैयार हो चुका है, लेकिन उसके नीचे खोदी गई सड़कों की मरम्मत अब तक पूरी नहीं हुई है.

सुभाष नगर डिपो में अब भी निर्माण कार्य
सुभाष नगर स्थित मेट्रो डिपो में अभी भी निर्माण कार्य जारी है. इसका असर एमपी नगर, अरेरा हिल्स और आसपास के इलाकों में साफ देखा जा सकता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि धूल की वजह से सांस लेने में परेशानी हो रही है. मेट्रो प्रबंधन का दावा है कि उद्घाटन के बाद निर्माण कार्य को तेज गति से पूरा किया जाएगा.

Exit mobile version