Site icon अग्नि आलोक

बड़ा बस हादसा..बस नदी में गिरी:2 की मौत, 20 से ज्यादा गंभीर; सनावद-धनगांव के बीच हादसा

Share

खंडवा

खंडवा जिले में बड़ा बस हादसा हुआ है। अब तक दो यात्रियों की मौत की सूचना है। मंगलवार शाम स्टेट हाईवे-27 से बस भूतिया नदी में गिर गई। हादसा सनावद और धनगांव के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि बस में 40 पैसेंजर सवार थे। 20 से ज्यादा यात्रियों को गंभीर चोटें आईं हैं। घटनास्थल पर इमरजेंसी 108 की 7 एंबुलेंस पहुंचाईं गईं। घायलों को धनगांव और सनावद के अस्पताल लाया गया है।

खंडवा से एसपी विवेक सिंह और कलेक्टर अनूप कुमार सिंह भी घटनास्थल पहुंचे। बस खंडवा से इंदौर जा रही थी। एसपी के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद मदद के लिए पुलिस बल और रेस्क्यू टीम को तुरंत रवाना कर दिया गया। इसी दौरान खंडवा और सनावद अस्पताल में इमरजेंसी के लिए मैसेज दिया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के नदी में गिरने की सूचना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण किनारे से नदी में उतरे और लोगों को बाहर निकालने में मदद की। बस के नदी में गिरते ही चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही की नदी में पानी कम था। इससे यात्रियों को संभलने का मौका मिल गया। यात्रियों ने बस का दरवाजा खोला और बाहर निकले। इसके बाद कुछ यात्री खिड़की के सहारे भी बाहर निकले। ग्रामीणों ने यात्रियों को रस्सी के सहारे बाहर निकलने में मदद की।

बारिश की वजह से रोड पर फिसलन

बताया जा रहा है कि नदी से पुल की ऊंचाई करीब 10 फीट है। बस ड्राइवर ने आगे जा रही गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश की, इसी दौरान ये हादसा हो गया। बारिश की वजह से रोड पर फिसलन है। खंडवा के दौड़वा हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ अतिथि शिक्षक राधा वर्मा की हादसे में मौत हो गई। इसी स्कूल के शिक्षक त्रिलोकचंद भी हादसे में घायल हुए हैं। दूसरे मृतक का नाम कैलाश निवासी रोशिया गांव बताया जा रहा है। हादसे की सूचना के बाद अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई है। इधर, हादसे की सूचना के बाद यात्रियों के परिजन भी अस्पताल पहुंच रहे हैं।

घायलों को सनावद (खंडवा) के सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

दोनों तरफ लगा लंबा जाम

हादसे के बाद खंडवा इंदौर के बीच यातायात को रोक दिया गया है। घायलों को ले जाने के लिए रोड को क्लीयर किया गया है। दोनों और करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया है।

हादसे की वजह बारिश से रोड पर फिसलन बताई जा रही है।

बस पुलिया से नदी में जा गिरी। यात्रियों को बस की खिड़कियों और गेट से निकाला गया।

खबर लगातार अपडेट की जा रही है।

दो महीने पहले खरगोन-इंदौर रूट पर नर्मदा में गिरी थी बस
दो महीने पहले भी खरगोन-इंदौर रूट पर बस नर्मदा में गिरी थी। तब 13 यात्री मारे गए थे। धार जिले के खलघाट में महाराष्ट्र रोडवेज की बस नर्मदा नदी में गिर गई थी।

Exit mobile version