छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में DRG व ITBP की संयुक्त पार्टी को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुरक्षा बलों ने शुकव्रार को परेवा व परवीडीह के जंगलों व पहाड़ी में सर्चिंग पर निकली थी। संयुक्त पार्टी ने यहां से 51 एमएम मोर्टार, 8 सेल, 1 डेटोनेटर, 12 बोर खाली खोखा, वायर, चाकू, 2 बैटरी चार्जर व नक्सली साहित्य जब्त किए हैं। जवानों के मुताबिक ये सामान नक्सलियों के हैं। सुरक्षा बलों ने बताया कि जंगलों में नक्सलियों की बड़ी मूवमेंट की खबर के बाद ये सर्चिंग शुरू की गई थी।
भारत में अमेजन को बड़ा झटका; फ्यूचर ग्रुप के साथ सबसे बड़ी डील सस्पेंड, CCI ने 200 करोड़ रु. का जुर्माना लगाया
देश की सबसे बड़ी रिटेल डील पर फिलहाल रोक लगती नजर आ रही है। कॉम्पिटिशन कमीशन ऑफ इंडिया (CCI) ने शुक्रवार को अमेजन की फ्यूचर ग्रुप के साथ हुई डील सस्पेंड कर दी है। दोनों के बीच 2019 में 24,713 करोड़ रु. की डील फाइनल हुई थी। जानकारी छिपाने के लिए अमेजन पर 200 करोड़ रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। CCI ने अपने आदेश में कहा, डील की नए सिरे से जांच करना जरूरी है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने दिए थे 2 हफ्ते में फैसला देने के निर्देश
16 नवंबर को, दिल्ली हाईकोर्ट ने CCI को निर्देश दिया था कि वह दो हफ्ते के भीतर अमेजन-फ्यूचर डील पर अपना फैसला दे। इससे पहले कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने एक जनहित याचिका दायर की थी। इसमें कहा गया था कि CCI ने अमेजन को जून में कारण बताओ नोटिस जारी किया था, लेकिन अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है।
पंजाब चुनाव में कैप्टन अमरिंदर का BJP से गठबंधन
BJP के पंजाब चुनाव प्रभारी गजेंद्र शेखावत से मुलाकात करते कैप्टन अमरिंदर सिंह।
नवजोत सिंह सिद्धू से विवाद के बाद कांग्रेस छोड़ने वाले कैप्टन अमरिंदर खुलकर भाजपा के साथ हो गए हैं। शुक्रवार को कैप्टन ने भाजपा के साथ गठबंधन का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि मेरी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस और BJP मिलकर चुनाव लड़ेंगे। इस बात को पंजाब भाजपा के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी कंफर्म किया है। शुक्रवार को कैप्टन और शेखावत के बीच मुलाकात हुई है।
फ्रांस की डिफेंस मिनिस्टर ने मोदी और राजनाथ से मुलाकात की
भारत दौरे पर आईं फ्रांस की डिफेंस मिनिस्टर फ्लोरेंस पार्ली ने शुक्रवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इसके पहले वो नेशनल वॉर मेमोरियल भी पहुंचीं और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मीडिया से बातचीत में पार्ली ने तीन अहम बातें कहीं। पहली- भारत हमारा खास दोस्त और पार्टनर है। अगर उसे और राफेल जेट फाइटर्स की जरूरत हुई तो फ्रांस इनकी डिलीवरी करेगा। दूसरी- चीन भले ही हमारा ट्रेड पार्टनर हो, लेकिन इस क्षेत्र में उसका रवैया बहुत आक्रामक है। हम हिंद और प्रशांत क्षेत्र में बैलेंस बनाकर रखना चाहते हैं। तीसरी- फ्रांस मेक इन इंडिया में भी पूरा सहयोग करेगा।
पंचायत चुनाव आरक्षण पर SC की शिवराज सरकार को दो टूक- आग से मत खेलिए
मध्य प्रदेश में पंचायत चुनाव में रोटेशन प्रक्रिया सहित अन्य प्रक्रिया का पालन न करने को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट ने तल्ख अंदाज में राज्य सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग को फटकार लगाई। कोर्ट ने दो टूक अंदाज में कहा कि राज्य सरकार ओबीसी आरक्षण मामले में आग से मत खेले। वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा के मुताबिक राज्य निर्वाचन आयोग को निर्देश दिए गए हैं कि चुनाव संविधान के हिसाब से हो तो ही कराइए। हालांकि अभी सुप्रीम कोर्ट का पूरा फैसला आना बाकी है।
PM ने वाराणसी में जिस किताब का विमोचन किया; उसका विरोध
विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के उद्घाटन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों से विमोचित किताब ‘श्री काशी विश्वनाथ धाम का गौरवशाली इतिहास’ पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने पाबंदी लगाने की मांग की है। SGPC का कहना है कि इस किताब में सिखों से जुड़ी जानकारियां गलत हैं और इनका कोई आधार नहीं है।
लोकसभा में विपक्षी सांसदों का हंगामा, कार्यवाही 20 दिसंबर तक स्थगित
लखीमपुर खीरी कांड को लेकर शुक्रवार को विपक्षी सांसदों के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्षी सांसद लगातार गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के इस्तीफे की मांग करते रहे। इससे पहले लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित की गई थी।
सिद्धू की फिसली जुबान: चंडीगढ़ की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहे अपशब्द
पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू की शुक्रवार को जुबान फिसल गई। उस वक्त वह चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। जहां सिद्धू ने मजदूरों के लिए शहरी रोजगार गारंटी स्कीम की घोषणा की। इस पर पत्रकार ने पूछा कि क्या यह स्कीम केंद्र की योजना से अलग है तो सिद्धू की जुबान आउट ऑफ कंट्रोल हो गई। उनके मुंह से गाली निकल गई।
पेगासस जासूसी मामले में बंगाल पैनल की जांच पर SC ने रोक लगाई
पेगासस जासूसी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल पैनल की जांच पर पर रोक लगा दी है। जासूसी के आरोपों की जांच के लिए पश्चिम बंगाल सरकार ने यह जांच पैनल बनाया था। पैनल के गठन को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने यह फैसला लिया है। यह जांच SC के पूर्व जज मदन बी. लोकुर की अध्यक्षता में की जा रही थी।
BHU के साइंटिस्ट ने कहा- झूठ बोल रही है इंद्राणी
देश की सबसे चर्चित मर्डर मिस्ट्री शीना वोरा केस में मुंबई की जेल में बंद उसकी मां इंद्राणी मुखर्जी ने दावा किया है कि उसकी बेटी जिंदा है। वह कश्मीर में रह रही है, लेकिन काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के फोरेंसिक एक्सपर्ट प्रो. सुनील कुमार त्रिपाठी कहते हैं कि इंद्राणी झूठ बोल रही है। वह 2 साल पहले ही बांबे हाई कोर्ट में गवाही देकर बता चुके हैं कि बरामद हुआ कंकाल इंद्राणी की बेटी शीना का ही था।
भूटान ने PM मोदी को सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से नवाजा, महान और आध्यात्मिक इंसान बताया
भूटान के प्रधानमंत्री लोटे शेरिंग के साथ PM मोदी (फाइल फोटो)
भूटान ने PM मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित किया है। वहां के प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर बताया कि भारतीय प्रधानमंत्री को भूटान के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘Ngadag Pel gi Khorlo’ से सम्मानित किया गया है। PM को यह सम्मान दोनों देशों की दोस्ती और आपसी सहयोग के लिए दिया गया है।
भूटान ने इस सम्मान के लिए अपने नागरिकों की तरफ से बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने PM मोदी को हमेशा एक महान और आध्यात्मिक इंसान के रूप में देखा है। भूटान ने PM मोदी को देश आने का न्योता भी दिया है। भारत ने कोरोना महामारी के दौरान पड़ोसी देश भूटान की मदद की थी। इसके अलावा भारत कई मुद्दों पर भूटान को सहयोग देता रहा है।
दिल्ली में 10 साल पुरानी डीजल और 15 साल पुरानी पेट्रोल गाड़ी का रजिस्ट्रेशन रद्द होगा
दिल्ली सरकार 1 जनवरी, 2022 से 10 साल पुराने सभी डीजल व्हीकल का रजिस्ट्रेशन रद्द करने का फैसला लिया है। सरकार का ये कदम राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (NGT) के निर्देशों के चलते लिया जा रहा है। इस हफ्ते के शुरुआत में दिल्ली परिवहन विभाग की तरफ से जारी किए गए आदेश के मुताबिक, 15 साल या उससे ज्यादा पुराने डीजल व्हीकल के लिए कोई NOC जारी नहीं की जाएगी। सरकार इन व्हीकल के लिए अलग NOC जारी करेगी, ताकि दूसरे इलाकों में पर फिर उनका फिर से रजिस्ट्रेशन किया जा सके।
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा विभाग के अध्यक्ष को पुलिस ने गिरफ्तार किया
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा विभाग के अध्यक्ष तुकाराम सुपे को शुक्रवार सुबह पुणे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तुपे पर शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के घोटाले में शामिल होने का संदेह है। पुणे पुलिस ने गुरुवार शाम को तुपे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी और रातभर की पड़ताल के बाद उन्हें आज सुबह गिरफ्तार दिखाया गया है। पुणे पुलिस साइबर सेल कस्टडी एक लिए कुछ देर में तुपे को शिवाजीनगर कोर्ट में पेश करेगा।
केरल में बर्ड फ्लू की दहशत, हजारों बत्तखों को मारकर जलाया गया
केरल में बर्ड फ्लू के डर से हजारों बत्तखों को मारकर जलाया जा रहा है। केरल के कोट्टायन जिले की DM पी.के. जयकश्री ने बताया कि कालरा, वेचुर और ऐमनाम इलाकों में बर्ड फ्लू से प्रभावित हैं। गुरुवार को केरल में 57,08 बत्तखों को मारा गया। वहीं, गुरुवार तक राज्य के तीन इलाकों में कुल 16,976 बत्तखों को मारा गया था, जबकि अकेले अलाप्पुजा में 15,655 बत्तखों को जान गंवानी पड़ी थी।
उत्तर भारत के इलाके कोहरे की चपेट में, दिल्ली- अमृतसर में विजिबिलिटी कम हुई
दिल्ली और पंजाब के कई इलाकों में तापमान में कमी आई है और कोहरा बढ़ा है। इन इलाकों में कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आने वाले दिनों में कोहरे की बढ़ने की आशंका है। अमृतसर में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। वहीं, वायु गुणवत्ता एवं मौसम पूर्वानुमान और अनुसंधान प्रणाली (SAFAR) के मुताबिक दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) आज 339 (बहुत खराब कैटेगरी में) है।
कर्नाटक विधानसभा में कांग्रेस विधायक का शर्मनाक बयान; कहा- जब रेप होना ही है तो लेट जाओ और मजे लो
कर्नाटक विधानसभा में कांग्रेस के विधायक और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष रमेश कुमार ने महिलाओं को लेकर बेहद शर्मनाक बयान दिया है। गुरुवार को विधानसभा में कुमार ने कहा कि एक कहावत है कि जब रेप होना ही है तो लेट जाओ और इसके मजे लो। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष बिल्कुल उसी स्थिति में थे। कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी इस बयान पर पर कोई एक्शन लेने की बजाय हंस दिए। विधायक का यह बयान तब आया जब विधायकों ने विधानसभा में किसानों की समस्याओं पर बहस के लिए अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी पर समय देने के लिए दबाव बनाना शुरू किया। पूरी खबर यहां पढ़ें…
पंजाब में आधी रात DGP बदले; इकबालप्रीत सहोता को हटाकर सिद्धार्थ चटोपाध्याय बनाए गए नए DGP
पंजाब में आधी रात को बड़ा उलटफेर हो गया। पंजाब सरकार ने अचानक इकबालप्रीत सहोता को कार्यकारी DGP के पद से हटा दिया। उनकी जगह पर सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय को यह चार्ज दे दिया गया है। सहोता की नियुक्ति को लेकर पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिद्धू लगातार विरोध जता रहे थे। चट्टोपाध्याय ही सिद्धू की पसंद थे, लेकिन CM चरणजीत चन्नी ने अपनी पसंद के इकबालप्रीत सहोता को DGP का चार्ज दे दिया। हालांकि, अब इस नई तैनाती के बाद पंजाब में ताबड़तोड़ पुलिस कार्रवाई होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मिजोरम में भूकंप के झटके, 4.2 तीव्रता दर्ज की गई
मिजोरम के चम्फाई जिले में गुरुवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4.2 दर्ज की गई। नेशनल सेंटर फॉर सेस्मोलॉजी के मुताबिक, रात करीब 1:43 बजे भूकंप आया। इसका केंद्र चम्फाई जिले से 56 किलोमीटर दक्षिण पूर्व में था। हालांकि, भूकंप से अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। भूकंप जमीन से 60 किमी अंदर आया था।
सोशल मीडिया पर सेना भर्ती का मैसेज वायरल, नासिक में भारी संख्या में पहुंच गए युवक
नासिक शहर में गुरुवार रात को पूरे महाराष्ट्र समेत आसपास के राज्यों से भी भारी संख्या में युवकों की भीड़ पहुंच गई है। ये सभी युवक भारतीय सेना में भर्ती के लिए पहुंचे हैं। इन सभी को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक मैसेज में नासिक शहर में भर्ती रैली आयोजित किए जाने की जानकारी मिली थी।
नासिक में सेना भर्ती में शामिल होने के लिए पहुंचे युवकों की भीड़।
नासिक रोड पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर के मुताबिक, “बाहर से आ रहे युवकों से पूछताछ करने पर पता चला कि 16-18 दिसंबर के बीच सेना की TA बटालियन में भर्ती है। हालांकि, असलियत में TA बटालियन में किसी भी तरह की भर्ती आयोजित नहीं हो रही है। सोशल मीडिया पर किसी ने इस बात की अफवाह फैलाई है।”

