Site icon अग्नि आलोक

लातूर में कांग्रेस की बड़ी जीत, पुणे में महायुति का दबदबा

Share

महाराष्‍ट्र के 12 जिला परिषद और 125 पंचायत समितियों के परिणाम के रुझान सामने आने लगे हैं. शुरुआती दौर में भाजपा तमाम दलों से आगे चल रही है. एनसीपी नेता और प्रदेश के डिप्‍टी सीएम रहे अजित पवार के निधन के बाद पहली बार किसी चुनाव का परिणाम सामने आ रहा है. अजित दादा के गढ़ में भी चुनाव हुआ था. बता दें कि इससे पहले नगर निगम के चुनाव में भी भाजपा और उसके सहयोगियों ने शानदार प्रदर्शन किया था. बीएमसी में श‍िवसेना-यूबीटी के राज को दशकों बाद खत्‍म किया जा सका.

महाराष्ट्र में 12 जिलों की 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के लिए हुए चुनावों के नतीजे लगातार सामने आ रहे हैं. मतगणना प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू हुई है. रिजल्‍ट आने का सिलसिला शाम तक जारी रह सकता है. इन चुनावों के लिए मतदान 7 फरवरी को संपन्न हुआ था, जिसमें लगभग 67 से 70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. इस चुनावी प्रक्रिया में कुल 7,438 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई है, जिनके राजनीतिक भविष्य का फैसला आज होगा. राज्य के 12 जिलों में जिला परिषद की 731 सीटों और पंचायत समिति की 1,462 सीटों के लिए चुनाव कराए गए थे.

जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में 7 फरवरी मतदान के दिन मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला. सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं. महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की बड़ी भागीदारी ने लोकतंत्र की मजबूती का संदेश दिया. हाल ही में हुए महानगरपालिका चुनावों में घटते मतदान प्रतिशत को लेकर जो चिंताएं सामने आई थीं, उनके बीच गांव-देहात से आई यह तस्वीर लोकतंत्र के लिए सकारात्मक मानी गई. राज्य में 67 से 70 प्रतिशत तक मतदान हुआ. यह मतदान प्रक्रिया छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव, लातूर, पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई.
चुनाव परिणाम आज घोषित किए जाएंगे और सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हुई हैं.

नगर निगम चुनाव में भाजपा का जलवा

भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र के 29 नगर निगम चुनावों में 2,869 सीटों में से 1,425 सीटें जीतीं हैं. शिवसेना को 399 सीटें, कांग्रेस को 324, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को 167, शिवसेना-यूबीटी को 155, एनसीपी-शरद पवार गुट को 36, एमएनएस को 13 और बसपा को 6 सीटें मिलीं. बृहन्मुंबई नगर निगम के 227 सीटों में से भाजपा ने 89 सीटें और उसकी सहयोगी शिवसेना ने 29 सीटें जीतीं, जबकि शिवसेना-यूबीटी को 65 और एमएनएस को छह सीटें मिलीं. वंचित बहुजन अघाड़ी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस को 24 सीटें, एआईएमआईएम को 8, एनसीपी को 3, समाजवादी पार्टी को 2 और एनसीपी-शरद पवार गुट को केवल एक सीट मिली. बीएमसी में महायुति गठबंधन ने ठाकरे परिवार के तीन दशक पुराने वर्चस्व को समाप्त कर दिया है.

Exit mobile version