इंदौर
एमवाय अस्पताल में रविवार देर रात एक महिला ने तीन नवजात को जन्म दिया। डॉक्टरों ने सुरक्षित तरीके से करीब 15 मिनट में महिला की सामान्य डिलीवरी कराई। तीनों ही नवजात बच्चियां हैं। प्री मैच्योर प्रसूति होने से एक नवजात की हालत नाजुक है, जिसे वेंटीलेटर पर रखा गया है। वहीं, दो की हालत सामान्य है।
जानकारी अनुसार भूरी टेकरी की रहने वाली राधाबाई (19) ने रविवार रात महाराजा यशवंतराव (एमवाय) अस्पताल में तीन बच्चों को जन्म दिया है। गरीब परिवार की राधाबाई को दर्द होने पर परिजन रात में पीसी सेठी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद उसे एमवायएच रैफर कर दिया। महिला रात सवा 10 बजे के करीब एमवायएच पहुंची। जहां स्त्री रोग विशेषज्ञ डाॅ. सुमित्रा यादव ने तत्काल उसे डिलीवरी के लिए रूम में शिफ्ट करवाया। डॉ. यादव ने बताया कि नाॅर्मल तरीके से डिलीवरी करवाने की प्रक्रिया शुरू की। करीब 15 मिनट में डिलीवरी कराई गई। पहला नवजात 10.37 बजे, दूसरा 10.43 बजे और तीसरा 10. 47 बजे हुआ।
डाॅ. सुमित्रा यादव ने बताया, वैसे तो सामान्यतौर पर 40 हफ्ते पूरे होने पर डिलीवरीहोती है, लेकिन राधाबाई की प्री मैच्योर डिलीवरी हुई है। 28 हफ्ते में ही उसकी प्रसूति होने से नवजातों को विशेष देखभाल की जरूरत है। दो बच्चियां तो सामान्य हैं, लेकिन एक की हालत नाजुक है।
डॉक्टर के अनुसार महिला एनिमिक थी। ऐसे में रक्त का बहाव ज्यादा होता है। इस कारण उसे खून भी चढ़ाना पड़ा। महिला की हालत ठीक है। उन्होंने बताया कि सोनोग्राफी में राधाबाई को जुड़वां बच्चे होने की बात पता चली थी। जब हमने जुड़वां बच्चों की डिलीवरी करवाई, तो हमें लगा कि अभी भीतर कुछ और है। ऐसे में हमने सतर्कता बरती और करीब 5 मिनट बाद एक और बच्ची का जन्म हुआ।

