इंदौर
इंदौर में भाजपा पार्षद के पति को भीड़ ने पुलिस थाने में घेरकर पीटा। एक महिला से विवाद के बाद पुलिस ने उन्हें थाने बुलाया था। यहां विवाद और बढ़ गया। जिसके बाद महिला के साथ आए लोगों ने पार्षद पति की थाने में ही जमकर पिटाई कर दी।
राऊ थाने में गुरुवार को शाम चार बजे जमकर हंगामा हुआ। फोन पर महिला सफाईकर्मी से भाजपा पार्षद पति का विवाद हो गया था। महिला सफाईकर्मी अपने साथियों के साथ थाने पहुंची थी। यहां पुलिस ने मामला सुलझाने के लिए भाजपा पार्षद के पति संदीप चौहान को भी बुला लिया। थाने में मौजूद भीड़ ने उन्हें घेरकर पीट दिया। इसके चलते मामला सुलझने के बजाय विवाद और बढ़ गया। पुलिसकर्मियों ने जैसे-तैसे पार्षद पति को छुड़ाया। सफाई कर्मचारियों ने थाने के बाहर नारेबाजी भी की।
थाने में महिला सफाईकर्मी के साथियों ने भाजपा पार्षद के पति को घेरकर पीट दिया। यहां जमकर लात-घूंसे चले। पुलिस ने उन्हें जैसे-तैसे छुड़ाया और अंदर कमरे में ले गए।
चैनल गेट पर समझाइश के दौरान हाथा-पाई
राऊ नगर परिषद के वार्ड 13 से पार्षद सीमा चौहान के पति संदीप का गुरुवार को महिला सफाई कर्मचारी से सफाई की बात को लेकर विवाद हो गया था। जिसके बाद महिला ने दोपहर में पुलिस से शिकायत कर दी। उनके साथ अन्य लोग भी थाने पहुंचे थे। इधर पुलिस की सूचना पर पार्षद पति संदीप चौहान भी अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे। इस दौरान थाने के गेट पर ही समझाइश का दौर चला। तभी अचानक बातों ही बातों में मामला गरमा गया और महिला सफाईकर्मी के साथियों ने पार्षद पति को घेरकर पीट दिया।
थाने के चैनल गेट पर ही विवाद शुरू हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों में लात-घूंसे चले। पुलिस ने महिला सफाईकर्मी से विवाद के बाद भाजपा पार्षद के पति को थाने में बुलाया था।
दोनों पक्षों की ओर से कार्रवाई की बात
पुलिस के मौजूदा स्टाफ ने जैसे-तैसे भीड़ से पार्षद पति संदीप को छुड़ाया। बाद में समर्थकों की भीड़ भी थाने पर इकट्ठा हो गई। सूचना के बाद मामले में कई अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। जहां दोनों पक्षों की ओर से कार्रवाई की बात की जा रही है।
विवाद के बाद दोनों पक्षों को अपनी बात रखने का मौका दिया गया।
इधर, ग्वालियर में पुलिस के सामने महिलाओं में चले लात-घूंसे, एक-दूसरे को पीटा
ग्वालियर में गाड़ी खड़ी करने के विवाद में सड़क पर हंगामा हो गया। यहां दोनों गुटों ने एक-दूसरे को जमीन पर पटक कर पीटा। मारपीट में महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं। इन्होंने ने भी एक-दूसरे के बाल पकड़कर जमीन पर पटक कर घसीटा और लात-घूंसे बरसाए। यह हंगामा पुलिस के सामने हुआ। इसका वीडियो भी सामने आया है।

