Site icon अग्नि आलोक

मध्यप्रदेश में पार्षद की 13 सीट पर हुए उपचुनाव में BJP को 7 सीट मिली

Share

मध्यप्रदेश में पार्षद की 13 सीट पर हुए उपचुनाव में BJP को 7 सीट मिली हैं। कांग्रेस ने 6 सीट पर जीत हासिल की। छिंदवाड़ा नगर निगम के वार्ड 42 के उपचुनाव में BJP के पार्षद प्रत्याशी संदीप सिंह चौहान ने 436 वोट से जीत दर्ज की। जिले की परासिया नगर परिषद के वार्ड 6 से कांग्रेस प्रत्याशी पूजा पप्पू मरकाम की जीत हुई। दोनों ही सीट पार्षदों के निधन के बाद खाली हुई थीं।

छिंदवाड़ा निगम के वार्ड 42 के लिए दोनों ही दलों ने पूरी ताकत झोंक रखी थी। प्रचार विधानसभा चुनाव जैसा था। दोनों तरफ से पूर्व मंत्री, विधायक वोट मांगने घर-घर गए थे। BJP के पोस्टर-बैनर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तक थे, तो कांग्रेस कमलनाथ को भावी मुख्यमंत्री बताकर वोट मांग रही थी।

संदीप सिंह चौहान को 1226 वोट मिले। उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी राजू स्वामी को 790 वोट मिले। जीत पर संदीप सिंह चौहान ने कहा, ‘यह जनता की जीत है। कमलनाथ और कमलनाथ के दारू-पैसे की हार है। वे बोरियां-बिस्तर बांधकर वापस चले जाएं।’

नतीजों पर वीडी शर्मा बोले, जनता ने आइना दिखा दिया
उपचुनाव के नतीजों पर BJP प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, पार्षदों के उपचुनाव में BJP ने इतिहास रचा है। छिंदवाड़ा में BJP के प्रत्याशी ने जीत दर्ज कर इतिहास बनाया। मध्यप्रदेश में 2023 के चुनाव का आगाज हो चुका है। प्रियंका, कमलनाथ और मिस्टर बंटाधार को छिंदवाड़ा की जनता ने आइना दिखाया है। 62% वोट हमारे प्रत्याशी को मिला है। अमित शाह ने महासंकल्प रैली से आगाज किया था। आज BJP को छिंदवाड़ा की जनता ने सौगात दी है। पहले दिन से जनता ने आईना दिखाना शुरू कर दिया है। शुरुआत हो चुकी है, छोटे चुनाव ने बड़ा आईना दिखाने का काम किया है।

छिंदवाड़ा के वार्ड 42 पर लगातार BJP का कब्जा

छिंदवाड़ा के परिसीमन से पहले और बाद में वार्ड नंबर 42 पर भाजपा का ही कब्जा रहा है, इसलिए भाजपा इसे हर हाल में अपने हाथ से नहीं जाने देना चाहती थी। नए परिसीमन के बाद 2016 में भाजपा की अनिता दिनेश मालवी ने कांग्रेस की प्रीति सोनी को 285 वोट से हराया था। 2022 के चुनाव में कांग्रेस के जगदीश झांझोट के सामने भाजपा के दिनेश मालवी के अलावा भाजपा से बागी हुए पूर्व सभापति राजेश भोयर ने मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया था। भाजपा की गुटबाजी के बाद भी कांग्रेस जीत हासिल नहीं कर पाई थी। भाजपा से बगावत करने वाले राजेश भोयर जीत गए। भाजपा प्रत्याशी तीसरे नंबर पर रहे और कांग्रेस प्रत्याशी को भाजपा से 18 वोट ज्यादा मिले थे। बाद में भोयर BJP में शामिल हो गए थे। 16 नवंबर 2022 को उन्होंने घर में फांसी लगा ली थी।

वार्ड 42 में किस बूथ से किसे कितने वोट मिले

छिंदवाड़ा निगम के वार्ड 42 से BJP प्रत्याशी संदीप सिंह चौहान ने कांग्रेस प्रत्याशी राजू स्वामी को हराया।

Exit mobile version