इंदौर
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और कांग्रेस विधायक व पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने देपालपुर में ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर बड़ा बयान दिया। बिजली कटौती को लेकर पूछे सवाल पर जयवर्धन बोले कि भाजपा सरकार पैसा कमाने में व्यस्त है। क्योंकि विधायकों और ज्योतिरादित्य सिंधिया को खरीदने के लिए जो रुपए खर्च किए हैं, उनकी वसूली करना है। शुक्रवार को कांग्रेस विधायक व पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह देपालपुर में विधायक विशाल पटेल द्वारा आयोजित प्रोग्राम में शिरकत करने पहुंचे। जयवर्धन सिंह इंदौर एयरपोर्ट से देपालपुर पहुंचे थे। मीडिया से चर्चा में उन्हें जहां विधायक विशाल पटेल के कामों की तारीफ की वहीं दूसरी तरफ भाजपा और सिंधिया पर जमकर निशाना साधा।
मप्र में सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी – जयवर्धन
जयवर्धन सिंह ने कहा कि आज के वक्त में मप्र में सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी का है। भाजपा बात करती थी कि मोदी जी और शिवराज जी किसानों की आय दो गुनी कर देंगे, जबकि हुआ ठीक इसका उल्टा है। भाजपा के राज में किसानों की लागत दो गुनी और आय आधी रह गई है। गेंहू निर्यात के सवाल पर वे बोले कि गेहूं के दाम घटाने के लिए यह नीति बनाई गई है, इससे किसानों को नुकसान होगा। भाजपा की नीतियां ऐसी ही रही हैं, जिससे किसानों को लाभ नहीं मिला। जब कांग्रेस की, यूपीए की सरकार थी, तब पेट्रोल 55-60 और डीजल के दाम 45 रुपए थे। उस समय भाजपा के लोग बोलते थे बहुत हुई पेट्रोल-डीजल की मार अब की बार मोदी सरकार, लेकिन मोदी जी और भाजपा के राज में पेट्रोल के दाम दोगुने हो गए और डीजल सौ के पार। भाजपा है तो मुमकिन है।
सिंधिया को लेकर की बड़ी बात
बिजली कटौती के सवाल पर जयवर्धन सिंह बोले कि शिवराज जी खुद स्वीकार कर है कि मप्र सरकार के पास कोयला नहीं है। ये इसलिए हुआ है कि भाजपा की सरकार पैसा कमाने में व्यस्त है। आखिर जिस दाम पर विधायकों और सिंधिया जी की खरीदी हुई उस पैसे की वसूली की जा रही है।

