Site icon अग्नि आलोक

*आई लव मुहम्मद गिरफ्तारियाँ का विरोध : भाजपा नेता ने दी इस्तीफे की धमकी*

Share

‘आई लव मुहम्मद’ पोस्टरों को लेकर उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियों का विरोध करते हुए जम्मू कश्मीर में भाजपा के एक नेता ने पार्टी से इस्तीफे की धमकी दी है। 

जहांज़ेब सीरवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अगर पार्टी नेतृत्व ने मुस्लिमों की बहाली के लिए सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो वह पार्टी से इस्तीफा दे देंगे। 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टिप्पणियों और पुलिस प्रतिशोधात्मक रवैये को “अस्वीकार्य” और “निंदनीय”करार देते हुए सीरवाल ने कहा कि यह प्रधानमंत्री के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के विचार के खिलाफ है। 

उन्होंने कहा कि मुस्लिमों के अपनी आस्था को लेकर एक शांतिपूर्ण कार्य  के जवाब में जो कानूनी कार्रवाइयाँ, गिरफ्तारियाँ, बयानबाजी की जा रही है वह विभाजनकारी है और अनुच्छेद 25 के तहत मिली धार्मिक स्वतंत्रता की  संवैधानिक सुरक्षा का उल्लंघन है और देश के विविधतापूर्ण समाज की सद्भावना को खतरे में डालती है। 

उन्होंने जानना चाहा, “उन लोगों ने क्या गलत किया है जो ऐसी कार्रवाई की जा रही है? संविधान देश के 20 करोड़ मुस्लिमों को अपने धर्म, अपनी आस्था का पालन करने का अधिकार देता है।” 

सीरवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की कार्रवाई मुस्लिमों को अलग-थलग कर सकती है और भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व को तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने चाहिये जैसे दर्ज मामलों को वापस लेना, हिरासत में लिए लोगों की रिहाई, निष्पक्ष जांच करवाना और विभाजनकारी बयानों से किनारा करना चाहिए।   

सीरवाल ने कहा कि उन्हें डर नहीं है कि पार्टी उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी क्योंकि उन्हें उम्मीद है कि भाजपा न्याय के प्रति प्रतिबद्ध है। 

किश्तवार के सीरवाल भाजपा में 2024 में जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव से पहले शामिल हुए थे।

Exit mobile version