उज्जैन नगर निगमः भाजपा प्रत्याशी मुकेश टटवाल 923 वोटों से जीते
उज्जैन नगर निगम चुनाव में शुरुआती रुझान में पीछे चलने वाले भाजपा प्रत्याशी मुकेश टटवाल ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी महेश परमार को 923 वोटों से हराया। बेहद कम अंतर से भाजपा को यह जीत मिली है। इससे पहले सातवें राउंड तक 2 लाख 24 हजार वोटों की गिनती हुई थी। जिसमें भाजपा के मुकेश टटवाल 3130 वोटों से आगे चल रहे थे। सातवें राउंड में महेश परमार को 111186 और भाजपा के मुकेश टटवाल को 108056 वोट मिले थे।
छिंदवाड़ा नगर निगमः 2600 वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी जीते
कमलनाथ के गढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम अहाके ने भारतीय जनता पार्टी के अनंत धुर्वे को 2600 मतों से हरा दिया। शुरुआती रुझानों में ही कांग्रेस प्रत्याशी आगे चल रहे थे। अपनी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी विक्रम अहाके ने कहा कि यह जनता की जीत है, कई वर्षों बाद कांग्रेस का यहां वनवास खत्म हुआ है, मैं यहां क्षेत्र के विकास के लिए काम करूंगा।
एक नजर मेंः 11 नगर निगमों की ताजा स्थिति
| मध्य प्रदेश में 11 नगर निगमों की स्थिति | |||
| नगर निगम | भाजपा प्रत्याशी | कांग्रेस प्रत्याशी | स्थिति |
| इंदौर | पुष्यमित्र भार्गव | संजय शुक्ला | भाजपा आगे |
| भोपाल | मालती राय | विभा पटेल | भाजपा आगे |
| ग्वालियर | सुमन शर्मा | शोभा सिकरवार | कांग्रेस आगे |
| जबलपुर | डॉ. जितेंद्र जामदार | जगत बहादुर सिंह | कांग्रेस आगे |
| खंडवा | अमृता यादव | आशा मिश्रा | भाजपा जीती |
| बुरहानपुर | माधुरी पटेल | शहनाज अंसारी | भाजपा जीती |
| छिंदवाड़ा | अनंत धुर्वे | विक्रम आहाके | कांग्रेस जीती |
| उज्जैन | मुकेश टटवाल | महेश परमार | भाजपा जीती |
| सिंगरौली | चंद्रप्रकाश विश्वकर्मा | अरविंद चंदेल | आप जीती (रानी अग्रवाल) |
| सतना | योगेश ताम्रकार | सिद्धार्थ कुशवाहा | भाजपा जीती |
| सागर | संगीता तिवारी | निधि जैन | भाजपा जीती |
सिंगरौली नगर निगमः केजरीवाल की पार्टी ने खोला खाता, रानी अग्रवाल जीती
सिंगरौली में अरविंद केजरीवाल की पार्टी का भी खाता खुल गया है। यहां आम आदमी पार्टी की मेयर प्रत्याशी रानी अग्रवाल चुनाव जीत गई है। रानी ने 9352 वोटों से जीत दर्ज की है।
सागर नगर निगमः भाजपा प्रत्याशी संगीता तिवारी जीत गई
सागर नगर निगम में भाजपा की महापौर प्रत्याशी संगीता तिवारी ने चुनाव जीत लिया है। उन्होंने निधी सुनील जैन को हरा। गौरतलब है कि निधि सुनील जैन वर्तमान में भाजपा विधायक शैलेंद्र जैन की भाभी हैं। कांग्रेस ने रिश्तेदार को ही टिकट देकर खलबली मचा दी थी।
ग्वालियर नगर निगमः सिंधिया के क्षेत्र में कांग्रेस आगे
सिंधिया का क्षेत्र होने के कारण सभी की निगाह ग्वालियर नगर निगम चुनाव पर लगी है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी 10 हजार से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं। जबकि 66 वार्डों में 35 पर भाजपा आगे है। यहां महापौर पद के लिए भाजपा की ओर से सुमन शर्मा चुनाव मैदान में है। कांग्रेस प्रत्याशी शोभा सिकरवार लगातार आगे चल रही हैं। छटे राउंड में कांग्रेस की शोभा सिकरवार को 93799 मत मिल चुके थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी सुमन शर्मा को 83040 मत मिले थे। इस प्रकार कांग्रेस प्रत्याशी 10759 मतों से आगे हैं।
भोपाल नगर निगमः भाजपा की मेयर प्रत्याशी मालती राय 32 हजार से आगे
राजधानी भोपाल की नगर निगम चुनाव में भाजपा की महापौर प्रत्याशी मालती राय 32 हजार मतों से आगे चल रही हैं। मालती को चौथी राउंड तक 116571, विभा पटेल को 84280 वोट मिले। नोटा पर 1909 वोट पड़े। कुल 209434 मतों की गिनती हो चुकी है। जबकि तीसरे राउंड में मालती को 86032, विभा पटेल को 64808, नोटा को 1452 जबकि कुल मत 155507 मतों की गिनती हो चुकी है। इससे पहले, दूसरे चरण भाजपा 6 हजार से अधिक वोटों से आगे चल रही थीं।
खंडवा नगर निगमः पूर्व विधायक की बहू बनी खंडवा की महापौर
खंडवा नगर निगम चुनाव में भाजपा की अमृता यादव ने जीत दर्ज की है। यादव ने कांग्रेस प्रत्याशी आशा मिश्रा को हराया है। गौरतलब है कि अमृता यादव पांच बार के विधायक रहे दिवंगत हुकुमचंद यादव (पहलवान) की पुत्र वधू हैं। खास बात यह है कि खंडवा नगर निगम में लगातार पांचवी बार भाजपा का महापौर बन रहा है।
खंडवा-महापौर
अमृता यादव भाजपा जीती- -51961
आशा मिश्रा कांग्रेस हारीं– 32153
कनीज बी- एआइएमआइएम –9601
वंदना सोनी आप 1994
शिरीन तालिब—निर्दलीय – 617
नोटा—- 1041
सतना नगर निगमः भाजपा प्रत्याशी योगेश ताम्रकार चुनाव जीते
सतना नगर निगम चुनाव में भाजपा के योगेश ताम्रकार चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सिद्धार्थ कुशवाहा को हराया। योगेश ताम्रकार को 62199 मत मिले, जबकि कांग्रेस के सिद्धार्थ कुशवाहा को 37819 वोट मिले। सईद अहमद को 25780 वोट मिले।
इंदौर नगर निगमः भाजपा के महापौर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव ने बढ़ाई 40 हजार की बढ़त
भाजपा के महापौर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव ने 40 हजार मतों की बढ़त बना ली है। कांग्रेस विधायक एवं महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला शुरुआती रुझानों से ही पीछे चल रहे थे। इससे पहले, डाक मतपत्रों की गणना में बीजेपी के पुष्पमित्र भार्गव को शुरुआत से ही बढ़त। विधायक संजय शुक्ला पीछे। अभी इवीएम मशीनों की गिनती शुरू होना है। मतगणना स्थल पर प्रवेश को लेकर विवाद होने पर कांग्रेस विधायक एवं महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। काफी देर तक सुरक्षाकर्मियों से उनकी बहस होती रही लेकिन वे उठने को तैयार नहीं थे।
बुरहानपुर नगर निगम में भाजपा की पहली जीत, माधुरी पटेल बनीं महापौर
बुरहानपुर नगर निगम के चुनाव में साढ़े तीन घंटे लगातार की मतगणना के बाद 12.15 बजे बीजेपी की पहली जीत मिली है। महापौर प्रत्याशी माधुरी पटेल चुनाव जीत गईं हैं। उन्होंने शहनाज अंसारी को 388 वोटों से हरा दिया।
बुरहानुपर
महापौर : माधुरी पटेल भाजपा
भाजपा पार्षद : 19
कांग्रेस पार्षद : 15
निर्दलीय पार्षद : 13
एआइएमआइएम पार्षद : 1

