कोलकाता/ नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में भाजपा सांसद दिलीप घोष ने 10 सितंबर को कहा कि देश का नाम INDIA से बदलकर भारत रखा जाएगा। इसे कोई रोक नहीं सकता है। जो इसके खिलाफ हैं, वो देश छोड़कर जा सकते हैं।
बंगाल के खड़गपुर में चाय पे चर्चा कार्यक्रम के दौरान भाजपा के सीनियर नेताओं ने कहा कि देश का नाम INDIA से बदलकर भारत रखा जाएगा।
चाय पे चर्चा कार्यक्रम के दौरान दिलीप घोष ने कहा कि भाजपा बंगाल की सत्ता में आएगी, तो कोलकाता की सड़कों से गुलामी के निशान मिटा दिए जाएंगे। हम विदेशियों की मूर्तियों को सड़कों से हटाएंगे। हमारे बच्चे सुबह उठकर उनका चेहरा नहीं देखेंगे। वहां भगीरथ, शंकराचार्य की प्रतिमा होगी।
राहुल सिन्हा बोले- देश का नाम बदलने का यही सही समय
इसी कार्यक्रम में भाजपा के सीनियर नेता और पूर्व राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने कहा कि एक देश के दो नाम नहीं हो सकते। देश का नाम बदलने का यही सही समय है, क्योंकि G20 समिट को लेकर दुनिया भर के नेता दिल्ली में हैं।राहुल सिन्हा साल 2009 से 2015 तक बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
TMC ने कहा- भाजपा I.N.D.I.A अलायंस से डर गई
तृणमूल कांग्रेस ने दिलीप घोष की टिप्पणी पर पलटवार किया। TMC नेता शांतनु सेन ने कहा- जिन्होंने आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों की दलाली की, उनके मुंह से ऐसी बातें शोभा नहीं देतीं। दिलीप घोष मीडिया में दिखने के लिए ऐसी टिप्पणियां कर रहे हैं।
शांतनु ने कहा- राज्य की बात तो छोड़िए, 2024 के बाद भाजपा केंद्र की सत्ता में भी नहीं रहेगी। भाजपा विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A से डर गई है, इसलिए देश का नाम बदला जा रहा है।
G20 में देश के नाम की पट्टी पर INDIA की जगह भारत लिखा
इंडोनेशिया में पिछले साल 17वें G20 में PM मोदी के आगे देश का नाम INDIA लिखा था।
नई दिल्ली में G20 समिट के पहले दिन 9 सितंबर को एक इवेंट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगे देश का नाम INDIA की जगह भारत लिखा था। ये पहला हुआ जब किसी इंटरनेशनल इवेंट में प्रधानमंत्री की सीट के सामने देश का नाम INDIA नहीं लिखा गया।
इस मौके पर स्मृति ईरानी ने पीएम की तस्वीर शेयर करके कहा- उम्मीद और विश्वास का नाम- भारत। पूरी खबर यहां पढ़ें…
इंडिया बनाम भारत विवाद की दो वजह…
पहली वजह: 5 सितंबर को G20 डिनर इनविटेशन कार्ड पर President Of Bharat लिखा
इस विवाद की शुरुआत तब हुई थी जब राष्ट्रपति भवन की तरफ से आयोजित किए गए डिनर के इनविटेशन कार्ड पर President Of India की जगह President Of Bharat लिखा गया था।
दूसरी वजह: 5 सितंबर को मोदी के इंडोनेशिया दौरे के कार्ड पर भी Prime Minister of Bharat लिखा
इसी दिन पीएम मोदी के इंडोनिशिया दौरे की घोषणा के लेटर पर भी इंडिया की जगह भारत नाम दिखाई दिया। PM के इस दौरे के कार्यक्रम से जुड़ा एक कार्ड BJP प्रवक्ता संबित पात्रा ने शेयर किया। जिसमें ‘प्राइम मिनिस्टर ऑफ भारत’ लिखा नजर आया है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
6 सितंबर: PM ने मंत्रियों से कहा- इंडिया-भारत विवाद पर न बोलें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (6 सितंबर) को केंद्रीय मंत्रिपरिषद के साथ मीटिंग की थी। इस दौरान उन्होंने मंत्रियों से कहा कि वे इंडिया बनाम भारत के विवाद पर न बोलें। साथ ही G20 समिट पर अधिकृत व्यक्ति के अलावा कोई मिनिस्टर बयान न दें। पूरी खबर यहां पढ़ें…
विपक्ष ने सरकार पर लगाए आरोप, सरकार ने पलटवार किया…
5 सितंबर: कांग्रेस ने संविधान के डमी पेज के साथ लिखा- INDIA को मिटाना नामुमकिन; BJP ने स्पेलिंग मिस्टेक दिखाकर कहा- शर्मनाक
कांग्रेस ने एक तस्वीर शेयर की, जिसमें देश के संविधान की प्रस्तावना लिखी है। साथ ही एक कैरिकेचर को देश का नाम बदलते हुए दिखाया गया है। कैप्शन में कांग्रेस ने लिखा- ‘INDIA को मिटाना नामुमकिन है।’ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस की इस पोस्ट का स्क्रीन शॉट शेयर किया।
उन्होंने कांग्रेस की ओर से शेयर की गई संविधान की प्रस्तावना में स्पेलिंग मिस्टेक्स होने का दावा किया। जिन पर उन्होंने लाल घेरे किए हैं। इसके कैप्शन में जेपी नड्डा ने लिखा- क्या हम उस पार्टी से कोई उम्मीद कर सकते हैं, जो भारत की प्रस्तावना तक नहीं जानती। कांग्रेस = संविधान और डॉ. अंबेडकर के प्रति सम्मान की कमी। शर्मनाक!

