Site icon अग्नि आलोक

भाजपा ने पणजी में पर्रिकर के विरोधी को उतारा, बेटे उत्पल कोआम आदमी पार्टी का ऑफर

Share

गोवा

गोवा विधानसभा चुनाव लिए भाजपा ने गुरुवार को 34 कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी कर दी। चौंकाने वाली बात यह रही कि देश के पूर्व रक्षा मंत्री और गोवा के पूर्व सीएम मनोहर पर्रिकर की सीट पणजी पर उनके बेटे उत्पल को टिकट नहीं दिया गया। भाजपा ने यहां बाबुश मोनसेराटे को टिकट दिया है, जो इस सीट पर उनके आजीवन विरोधी रहे हैं।

केजरीवाल ने मौके पर चला दांव
भाजपा की लिस्ट जारी होते ही आम आदमी पार्टी ने उत्पल पर्रिकर को अपने टिकट पर पणजी से लड़ने का ऑफर दिया। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि गोवा की जनता भाजपा की यूज एंड थ्रो पॉलिसी से दुखी है। पर्रिकर परिवार के साथ भी उन्होंने ऐसा ही किया। मैंने हमेशा मनोहर पर्रिकरजी का सम्मान किया है। अगर उत्पल जी AAP जॉइन करते हैं तो उनका स्वागत है और वे हमारी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं।

उत्पल ने कहा- जल्द स्टैंड क्लियर कर दूंगा
उत्पल पर्रिकर पहले ही यह बात सार्वजनिक तौर पर कह चुके थे कि वे पिता की सीट पणजी से चुनाव लड़ना चाहते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्पल को भाजपा ने दो अन्य जगहों से चुनाव लड़ने का ऑफर दिया था, पर उन्होंने इसे ठुकरा दिया। भाजपा की लिस्ट जारी होने के बाद उत्पल ने कहा कि वे अपना स्टैंड जल्द ही क्लियर कर देंगे।

उत्पल के रिएक्शन से भाजपा परेशान
भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हमें लगा था कि उत्पल हमारा ऑफर स्वीकार कर लेंगे। भाजपा ने हमेशा ही मनोहर पर्रिकर जी के परिवार को सम्मान दिया है। उम्मीद है कि कोई विद्रोह नहीं होगा। भाजपा सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने सीटों के ऑप्शन के अलावा उत्पल से यह भी कहा था कि अगर वे चुनाव हारते हैं तो भी उन्हें ऑर्गनाइजेशन में पद दिया जाएगा। सूत्र ने कहा कि हमने उनके साथ अगले 5 साल के लिए बड़ी योजना बनाई थी। उन्हें 2027 में बेहतर तरीके से लॉन्च करने की बात कही थी। बातचीत अभी भी जारी है और उम्मीदें जिंदा हैं। सूत्र ने कहा कि हमें उम्मीद है कि वे छोटे फायदे के लिए भाजपा से दगा करेंगे।

Exit mobile version