बीजेपी ने अपने सभी 7 मोर्चों के नए प्रभारियों के नाम का ऐलान कर दिया है. भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत राज्यसभा से जुड़े सभी बड़े दिग्गज लोकसभा चुनाव मैदान में नजर आएंगे।
2024 के आगामी लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी (BJP) ने अपने संगठन की तैयारियों को चाक-चौबंद करने के लिए अपने सभी 7 मोर्चों के नए प्रभारियों के नाम की घोषणा की है. पार्टी ने सुनील बंसल को युवा मोर्चा का प्रभारी बनाया है, जबकि महिला मोर्चा के प्रभारी पद की जिम्मेदारी बैजयंत जय पांडा को सौंपी गई है. बंदी संजय कुमार को किसान मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है. वहीं एससी मोर्चा के प्रभारी का पद तरुण चुघ को सौंपा गया है. राधा मोहन दास अग्रवाल को एसटी मोर्चा और विनोद तावड़े को ओबीसी मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है. अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम को बनाया गया है.
इससे पहले आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति और अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर चर्चा करने के लिए बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं की मंगलवार को एक बैठक हुई. इस बैठक में पार्टी महासचिव सुनील बंसल, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, अश्विनी वैष्णव और मनसुख मंडाविया और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा मौजूद रहे. अयोध्या में राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी को होगा. इसके साथ ही बीजेपी ने इस साल होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए किसानों, महिलाओं, युवाओं और छात्रों पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया है.
आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार करने के वास्ते भाजपा नेताओं की एक बैठक में इस बारे में फैसला लिया गया. वहीं 2024 के चुनावों की तैयारियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से भाजपा युवा मोर्चा जल्द ही बड़े पैमाने पर एक ‘नवमतदाता’ संपर्क अभियान शुरू करने के लिए तैयारियों में जुट गया है. भाजपा जनवरी में एक नव मतदाता संपर्क कार्यक्रम शुरू करने जा रही है. जिसमें बीजेपी ने देश भर में लगभग 5,000 सार्वजनिक बैठकें आयोजित करने की योजना बनाई है.
हर बार चुनाव से पहले बीजेपी के कार्यकर्ता पहली बार वोट देने को तैयार युवाओं तक संपर्क करने का अभियान चलाते हैं. इस बार पार्टी का लक्ष्य 1 करोड़ युवा वोटरों तक पहुंचना है. इसके लिए बीजेपी के युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उन सभी जगहों पर पहुंचेंगे, जहां युवा बड़ी संख्या में मौजूद होते हैं. 8,90,10 और 11 जनवरी को बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता कॉलेजों, स्टेडियम, खेल के मैदानों और कोचिंग सेंटरों पर जाकर युवाओं से संपर्क करेंगे.

