Site icon अग्नि आलोक

कृषि कानूनों के विरोध में नागौर सांसद बेनीवाल के तीखे तेवर: बजट सत्र के लिए बुलाई सर्वदलीय बैठक का किया बहिष्कार

Share

नागौर

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संयोजक और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने शनिवार को संसद में बजट सत्र के लिए होने वाली सर्वदलीय बैठक का बहिष्कार कर दिया है। उन्होंने कृषि कानूनों को वापस नहीं लेने के कारण आज की बैठक का बहिष्कार किया। बेनीवाल कृषि कानून को लेकर भाजपा पर लगातार हमलावर हैं। इसके चलते वे एनडीए से अपना गठबंधन भी तोड़ चुके हैं।

सर्वदलीय बैठक का बहिष्कार करते हुए बेनीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा- आज वर्चुअल माध्यम से संसद के बजट सत्र को लेकर होने वाली सर्वदलीय बैठक का किसान आंदोलन के समर्थन में बहिष्कार करता हूं। माननीय प्रधानमंत्री जी से फिर अपील करता हूं कि आप तत्काल प्रभाव से किसानों की मांग पर सकारात्मक निर्णय लें। कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा करें।

एक दिन पहले राष्ट्रपति अभिभाषण का विरोध करते हुए संसद से वॉकआउट किया
इससे पहले नागाैर सांसद हनुमान बेनीवाल ने शुक्रवार काे लोकसभा के बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान विरोध दर्ज कराया था। उन्होंने किसान आंदोलन के समर्थन में कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की। इस दौरान सांसद बेनीवाल ने कृषि कानून को वापस लेने की मांग से जुड़े पोस्टर को भी सदन में लहराया। उसके बाद सदन से वॉकआउट कर दिया। सदन के बाहर भी कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर पोस्टर लहराए।

डेढ़ महीने में बेनीवाल का तीसरा बड़ा फैसला
कृषि कानूनों के विरोध में सांसद बेनीवाल का यह तीसरा बड़ा फैसला माना जा रहा है। सबसे पहले 19 दिसंबर को बेनीवाल ने संसद की तीन समितियों से इस्तीफा दिया था। इसके बाद 26 दिसंबर को उन्होंने एनडीए से अलग होने की घोषणा की थी। इसके बाद अब उन्होंने सर्वदलीय बैठक का बहिष्कार किया है।

Exit mobile version