अग्नि आलोक

*ब्राह्मण समाज ने सिर पर कफन बांधकर किया जोरदार प्रदर्शन,प्रतिबंध के बावजूद पराली जला रहे किसान*

Share

भोपाल में IAS संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज की बेटियों पर दिए आपत्तिजनक बयान के विरोध में ब्राह्मण समाज और सवर्ण कर्मचारी संगठन सड़कों पर उतर आया. सिर पर कफन बांधकर परशुराम मंदिर से अजाक्स कार्यालय घेरने निकले प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोक लिया, जिसके बाद वे सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा पढ़ने लगे. संगठन IAS संतोष वर्मा की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग कर रहा है.

मंडला में नर्मदा नदी में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, उफनाती धारा में खौफनाक दृश्य!

मंडला के रंगरेज घाट पर नर्मदा नदी में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत कोतवाली पुलिस और SDERF को सूचना दी. SDERF टीम ने उफनती नदी से शव को निकाला. मृतक की उम्र लगभग 40-50 वर्ष बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन शव की पहचान अभी तक नहीं हो सकी.

मजदूरी से लौट रहे थे बाइक सवार, सागर सड़क हादसे ने छीना जीवन

सागर में ढाना चौकी के पास बोलेरो और बाइक की भीषण टक्कर में तीन बाइक सवारों की मौत हो गई. सभी मृतक रहली क्षेत्र के निवासी थे और मजदूरी कर वापस लौट रहे थे. पुलिस ने शवों की पहचान कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा. दुर्घटना ने इलाके में शोक और सुरक्षा की चिंता बढ़ा दी है.

बैतूल-इंदौर हाईवे पर खौफनाक हादसा! पेट्रोल टैंकर पलटा, सड़क पर फैल गई हजारों लीटर पेट्रोल

बैतूल-इंदौर हाईवे पर चिचोली थाना क्षेत्र के ढेकना गांव के पास बड़ा सड़क हादसा हुआ. इंदौर की ओर से आ रहे पेट्रोल टैंकर और एक ट्रक पलट गए. टैंकर से हजारों लीटर पेट्रोल सड़क पर फैल गया. सड़क पर आग नहीं लगी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. पुलिस ने मौके पर सुरक्षा के उचित इंतजाम नहीं किए.

उज्जैन में सामूहिक विवाह की रस्में शुरू, बाबा रामदेव हर जोड़े को देंगे 1-1 लाख रुपये

MP News : उज्जैन में सामूहिक विवाह सम्मेलन में आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के बेटे अभिमन्यु यादव की शादी हो रही है. आयोजन स्थल पर कुल 22 जोड़ों का विवाह हो रहा है. दुल्हनें बग्घी में और दूल्हे घोड़ों पर सवार होकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे. मुख्यमंत्री से लेकर कई साधु-संत आयोजन में शामिल हुए. विवाह समारोह में शामिल होने के लिए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शिवपुरी से उज्जैन पहुंचे. बागेश्वर बाबा शाम को शिवपुरी लौटेंगे, जिसके बाद दिव्य दरबार लगेगा. वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, तुलसी सिलावट, योग गुरु बाबा रामदेव, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी महाराज, संरक्षक हरि गिरि महाराज, विधायक नरेंद्र सिंह भी विवाह स्थल पर पहुंचे. पतंजलि पीठ की ओर से बाबा रामदेव ने हर जोड़े को एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की है.

सड़क हादसे में चार की मौत, एक घायल

सड़क हादसे में श्योपुर के चार लोगों की मौत हो गई. एक गंभीर रूप से घायल है. भोपाल से श्योपुर लौटते समय बैरसिया के पास यह हादसा हुआ. मौलाना अनीस, खालिद, साजिद और नावेद की हादसे में मौत हो गई. वहीं रफाकत गौरी नाम का व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है. वह बैरसिया अस्पताल में भर्ती है. शवों को आज देर शाम श्योपुर के कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा. श्योपुर में हादसे की खबर से शोक का माहौल है.

पूर्व सीएम उमा भारती के चुनाव लड़ने की इच्छा पर कांग्रेस का तंज

पूर्व सीएम उमा भारती के चुनाव लड़ने की इच्छा जताने पर कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने तंज कसते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी उन्हें यूज एंड थ्रो करने वाली पार्टी है. बीजेपी नेताओं का उपयोग करके उनको फेंक देती है. यही हाल उमा भारती का हो रहा है और जो कांग्रेस से गद्दारी करके नेता गए थे, उनका भी यही हश्र होना है, तो यह बात सभी भाजपा के नेताओं को और कार्यकर्ताओं को समझनी चाहिए कि जिस दिन इनका उपयोग खत्म हो जाएगा, उनको पार्टी बाहर का रास्ता दिखा देगी.

जमीनी विवाद में मामा ने की भांजे की हत्या

रतलाम में जमीनी विवाद में मामा ने भांजे की हत्या कर दी. पत्थर मारकर मौत के घाट उतारा. 30 वर्षीय भांजे अमृतराम पाटीदार ने मौके पर ही दम तोड़ा. धतरावदा गांव की यह घटना है. रिंगनोद थाना पुलिस जांच में जुटी.

प्रतिबंध के बावजूद पराली जला रहे किसान

जबलपुर में पराली जलाने के प्रतिबंधात्मक आदेश के बावजूद घटनाएं नहीं थम रही हैं. सैटेलाइट मॉनीटिरिंग में दो सप्ताह में जिले में पराली जलाने की 1760 घटनाएं दर्ज हुईं. पराली जलाने की घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए त्रिस्तरीय समिति का गठन किया गया है. पराली जलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. कृषि विभाग किसानों को पराली जलाने की बजाय पराली के उचित प्रबंधन की सलाह दे रहा है. पराली जलाने पर 2500 रुपये से लेकर 15 हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है.

सामूहिक विवाह आयोजन स्थल पहुंचे बाबा रामदेव

उज्जैन में सामूहिक विवाह आयोजन स्थल पर योग गुरु बाबा रामदेव, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी महाराज, संरक्षक हरि गिरि महाराज, विधायक नरेंद्र सिंह तोमर सहित तमाम लोग दूल्हा और दुल्हन को आशीर्वाद देने पहुंचे.

अखाड़ा परिषद हर जोड़े को देगा सवा लाख रुपये

उज्जैन में सामूहिक विवाह आयोजन चल रहा है. अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियों के आने का सिलसिला जारी है. अखाड़ा परिषद द्वारा प्रत्येक जोड़े को सवा लाख रुपये दिए जाएंगे. वहीं पतंजलि पीठ की ओर से बाबा रामदेव ने हर जोड़े को एक लाख रुपये देने की घोषणा की.

कांग्रेस ने सोहन लाल वाल्मीकि को बनाया मुख्य सचेतक

कांग्रेस ने सोहन लाल वाल्मीकि को मुख्य सचेतक बनाया. वह मध्य प्रदेश विधानसभा में मुख्य सचेतक की भूमिका निभाएंगे. सोहन लाल वाल्मीकि छिंदवाड़ा के परासिया से विधायक हैं. इस संबंध में AICC ने आदेश जारी कर दिया है.

खरगोन में अवैध शराब जब्त, एक महिला गिरफ्तार

खरगोन में अवैध शराब की धरपकड़ को लेकर भीकनगांव के खोई गांव में आबकारी विभाग ने छापेमारी की है. विभाग ने भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है. एक आरोपी महिला गिरफ्तार है. मुखबिर की सूचना पर आरोपी महिला सरस्वती के खेत के बाड़े से करीब दो लाख रुपये की 381.99 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है. विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी अवैध शराब खेत के बाड़े में रखकर सप्लाई हो रही थी. कलेक्टर भव्या मित्तल के आदेश और सहायक आयुक्त आबकारी सत्यनारायण दुबे के निर्देश पर कार्रवाई हुई है. आबकारी विभाग की कार्रवाई से अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है.

शादी समारोह में जमकर हर्ष फायरिंग

भिंड में शादी समारोह में जमकर हर्ष फायरिंग हुई. लाइसेंसी हथियार से युवकों ने जमकर हर्ष फायरिंग की. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. भीड़ भरे कार्यक्रम के बीच बेखौफ, फिल्मी अंदाज में जमकर हर्ष फायरिंग की गई. वहां कई लोगों के मौजूद होने के बावजूद भी किसी ने हर्ष फायरिंग करते हुए युवकों को नहीं रोका. डीजे पर महिला डांसर के अश्लील गानों पर डांस करते हुए उत्साहित युवकों ने जमकर हर्ष फायरिंग की. वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आते ही तत्काल एक्शन लिया. पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी. मालनपुर थाना क्षेत्र के घिरोगी ग्राम का यह मामला है.

Exit mobile version