Site icon अग्नि आलोक

पुष्कर मेले के समापन में दिखा BSF और राजस्थान पुलिस के जवानों का शौर्य प्रदर्शन

Share

अजमेर में पंद्रह दिवसीय विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले का भव्य समापन हो गया, जहां मेले के आखिरी दिन खेल समारोह और पारंपरिक डांस ने पर्यटकों का दिल जीत लिया। विदेशी महिलाओं ने समापन के दिन हुए खेलों में अपनी भागीदारी निभाई, जहां उनका मुकाबला राजस्थान की महिलाओं के साथ हुआ। मेले के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और राजस्थान सरकार के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत भी मौजूद रहे। राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने मीडिया से बात कर कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन मेले का समापन हो गया है और सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि विदेश में भी इस मेले की अमिट छाप है। यह मेला हमारी संस्कृति का प्रतीक है और हमारी राष्ट्रीय एकता को भी प्रबल करता है।

विश्व प्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय पुष्कर मेला अपने अंतिम चरण में परंपरा, रोमांच और संस्कृति के अद्भुत संगम का साक्षी बना. मेले के समापन दिवस पर बुधवार को सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों की हॉर्स प्रतियोगिता और राजस्थान पुलिस की कैमल पोलो प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसने देशी-विदेशी पर्यटकों का दिल जीत लिया.
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक अंदाज़ में हुई. BSF के घुड़सवार जवानों ने अपने सधे हुए अनुशासन, नियंत्रण और प्रशिक्षण का शानदार प्रदर्शन किया. घोड़ों की फुर्ती, संतुलन और सटीक मूवमेंट ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. हॉर्स प्रतियोगिता के दौरान जवानों ने विभिन्न सैन्य करतबों का भी प्रदर्शन किया, जो उनकी कड़ी मेहनत और शारीरिक क्षमता का प्रमाण थे. मैदान में गूंजती तालियों और जयघोषों ने माहौल को देशभक्ति से भर दिया.


राजस्थान पुलिस की कैमल पोलो प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र
BSF की हॉर्स प्रतियोगिता के बाद कैमल पोलो मुकाबले ने मेले में उत्साह की नई लहर पैदा कर दी. राजस्थान पुलिस के जवानों ने ऊँटों की सवारी पर शानदार तालमेल और चुस्ती का प्रदर्शन किया. जयपुर पुलिस के उप अधीक्षक (DYSP) ने स्वयं कैमल पोलो मैच में भाग लेकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने कहा कि, “ऐसे आयोजन न केवल पुलिस बल की शारीरिक क्षमता को बढ़ाते हैं, बल्कि टीम भावना और अनुशासन को भी सशक्त करते हैं.” अजमेर ग्रामीण के पुलिस उप अधीक्षक दीपक कुमार शर्मा ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा कि राजस्थान की धरती पर परंपरागत खेलों को बढ़ावा देना पुलिस बल के लिए गर्व की बात है.

विदेशी पर्यटकों ने सराहा राजस्थान की वीरता और संस्कृति
पुष्कर मैदान में मौजूद विदेशी पर्यटक भी इस नज़ारे को देखकर मंत्रमुग्ध रह गए. उन्होंने राजस्थान की ऊँट संस्कृति, सैन्य परंपराओं और लोक खेलों की सराहना की. मेले के समापन दिवस पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं ने पुष्कर मेले को एक यादगार रूप दिया और यह साबित किया कि राजस्थान की परंपराएँ आज भी उतनी ही जीवंत हैं, जितनी सदियों पहले थीं.

Exit mobile version