दिल्ली आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनीलॉन्ड्रिंग केस की जांच के सिलसिले में भारत राष्ट्र समिति (BRS) नेता के. कविता शनिवार को यहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुईं। ईडी ने शनिवार को बताया कि भारतीय रेल के ‘नौकरियों के बदले जमीन’ घोटाले से जुड़े धन शोधन के मामले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद के परिवार के खिलाफ छापों में एक करोड़ रुपये की अघोषित नकदी जब्त की है। साथ ही अपराध के माध्यम से प्राप्त 600 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला है। कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व सासंद आर ध्रुवनारायण का शनिवार सुबह निधन हो गया। वह 61 साल के थे। चीन की संसद ने राष्ट्रपति शी चिनफिंग के विश्वासपात्र ली किआंग की देश के नये प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्ति की शनिवार को पुष्टि की। चौथे टेस्ट मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी पहली पारी में 3 विकेट खोकर 289 रन बना लिए हैं। शुबमन गिल 128 रन बनाकर आउट हुए।
रेलवे में जमीन के बदले नौकरी देने के मामले में ED ने लालू यादव के करीबियों और रिश्तेदारों के ठिकानों पर छापेमारी की। जांच एजेंसी ने बताया कि यह घोटाला 600 करोड़ रुपए का है। रेड के दौरान ED को 1 करोड़ रुपए कैश बरामद हुए। उधर, CBI ने बिहार के डिप्टी CM तेजस्वी यादव को समन भेजा, हालांकि पत्नी की तबीयत खराब होने की वजह से वे पूछताछ के लिए नहीं पहुंचे।
ED ने बताया कि दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में ए-बी एक्सपोर्ट्स प्रइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम पर चार स्टोरी बंगला है। कंपनी का कंट्रोल तेजस्वी यादव और लालू परिवार के पास है। इसे तेजस्वी यादव अपने आवासीय संपत्ति की तरह यूज करते हैं। बंगले को 4 लाख में खरीदा गया था, जबकि इसकी मार्केट वैल्यू 150 करोड़ रुपए है। आरोप है कि इसे खरीदने में घोटाले की बड़ी रकम का इस्तेमाल हुआ है।
उधर, पाकिस्तान के मौजूदा आर्थिक संकट का असर वहां के नेशनल डे परेड पर भी दिखने वाला है। शाहबाज सरकार ने खर्च बचाने के लिए परेड को प्रेसिडेंट हाउस लॉन में आयोजित करने का फैसला लिया है। पहले हर साल 23 मार्च को यह परेड इस्लामाबाद के सबसे बड़े ग्राउंड में ऑर्गेनाइज की जाती थी। इस बार पाकिस्तान सरकार ने किसी फॉरेन गेस्ट को भी इनवाइट नहीं किया है।
नौकरी के बदले जमीन केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कहा कि यह 600 करोड़ का घोटाला है। जांच में पता चला है कि 350 करोड़ रुपए के प्लॉट और 250 करोड़ रुपए लेनदेन हुए हैं। 24 जगह छापे मारे गए हैं। इनमें एक करोड़ कैश मिले हैं। रेलवे के विभिन्न जोन में ग्रुप डी की भर्ती में 50% कैंडिडेट्स की भर्ती लालू परिवार के चुनावी क्षेत्रों से हुई है।
इधर, ईडी की रेड के बाद CBI भी एक्टिव हो गई है। जांच एजेंसी ने शनिवार को बिहार के डिप्टी CM तेजस्वी यादव को पूछताछ के लिए समन भेजा और आज ऑफिस आने के लिए कहा। इससे पहले 4 फरवरी को भेजा गया था।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, तेजस्वी की पत्नी की तबीयत खराब होने की वजह से सीबीआई के सामने पेश नहीं होंगे। उन्होंने वक्त मांगा है। ईडी की रेड के बाद उनकी पत्नी को शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती किया गया था। वे गर्भवती हैं।
छापे पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हम जब साथ आते हैं तो रेड शुरू हो जाती है। 2017 में भी ऐसे ही हुआ था और अब 5 साल बाद भी वही हो रहा है।
इधर, बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने शनिवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नीतीश और लालू पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि लालू परिवार ने नौकरी के बदले जमीन ली है। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है तो विक्टिम कार्ड खेल रहे हैं। नीतीश कुमार अवसरवादी नेता हैं।
ईडी ने रेड के बाद शनिवार को ट्वीट कर जानकारी दी।
ईडी ने 7 पॉइंट्स पर जानकारी दी
ईडी ने बताया कि अब तक की गई पीएमएलए जांच से पता चला है कि पटना और इसके आसपास अवैध रूप से लालू परिवार ने जमीनों का अधिग्रहण किया है। ये जमीनें लालू के परिवार ने रेलवे में नौकरी देने के नाम पर ली हैं। जमीन का इस समय रेट 200 करोड़ रुपए है। जमीन देने और लेने वालों की पहचान कर ली गई है।छापेमारी में डेढ़ किलो सोने के ज्वेलरी जब्त हुई है।
ईडी ने चौथे पॉइंट में बताया है- दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में डी-1088 चार स्टोरी बंगला है। यह मेसर्स ए-बी एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम पर है। इस कंपनी का कंट्रोल तेजस्वी यादव और लालू परिवार के पास है। इसे तेजस्वी यादव अपने आवासीय संपत्ति की तरह यूज करते हैं। इसका बाजार रेट इस समय 150 करोड़ रुपए है, जबकि इसे चार लाख में लिया गया था।
ईडी ने पांचवे पॉइंट में बताया कि कैंडिडेंट्स से चार प्लॉट महज 7.50 लाख रुपए में आरजेडी के पूर्व विधायक अबु दोजाना ने खरीदे। इस डील में साढ़े तीन करोड़ का लाभ अबु दोजाना और राबड़ी देवी को हुआ।ईडी ने 1 करोड़ कैश और कई दस्तावेज जब्त किए हैं।
छापों से जुड़े अपडेट्स...
- लालू यादव ने कहा संघ और भाजपा के विरुद्ध मेरी वैचारिक लड़ाई रही है और रहेगी। मैंने कभी भी घुटने नहीं टेके हैं। मेरे परिवार और पार्टी का कोई भी व्यक्ति आपकी राजनीति के सामने झुकेगा नहीं।
- लालू की बेटी रोहिणी आचार्या ने ED की कार्रवाई का वीडियो शेयर कर ट्वीट कर लिखा है, ‘सेप्टिक टैंक की खुदाई से गैस मिली। चाय बनाने के लिए मोदी साहब के लिए भर-भर ट्रक लेके गए हैं जमाई।’
- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘पिछले 14 घंटे से मोदी जी ने बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के घर पर ED बैठा रखी है। उनकी गर्भवती पत्नी और बहनों को सताया जा रहा है। लालू प्रसाद यादव बुजुर्ग हैं, बीमार हैं, तब भी मोदी सरकार ने उनके प्रति मानवता नहीं दिखाई। अब पानी सिर के ऊपर से चला गया है।’
ED को लालू के करीबियों के घर से 1 करोड़ कैश, 2 किलो सोना मिला
लालू यादव के समधी जितेंद्र यादव के गाजियाबाद (UP) स्थित आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापा मारा।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने लालू यादब के करीबियों और रिश्तेदारों के ठिकानों पर रेड में 1 करोड़ रुपए, 1,900 अमेरिकी डॉलर, 540 ग्राम सोना और 1.5 किलोग्राम सोने के आभूषण जब्त किए गए हैं। ED ने शुक्रवार को लालू यादव के करीबियों के दिल्ली, मुंबई, नोएडा और पटना में 24 जगहों पर छापेमारी की थी। इनमें दिल्ली के तेजस्वी यादव के घर, लालू की तीन बेटियों हेमा, रागिनी और चंदा का घर भी शामिल था। इनके अलावा, लालू के समधी जितेंद्र यादव के गाजियाबाद स्थित आवास पर भी छापा डाला गया था।
लालू के समधी के घर 16 घंटे तलाशी, 3 बड़े बॉक्स में डॉक्यूमेंट्स ले गई
लालू के समधी जितेंद्र यादव के गाजियाबाद (UP) स्थित आवास पर ED की कार्रवाई 16 घंटे तक चली। शुक्रवार सुबह 8 बजे शुरू हुई जांच-पड़ताल रात 12 बजे जाकर पूरी हुई। जांच एजेंसी 3 बड़े बॉक्स में डॉक्यूमेंट्स भरकर अपने साथ ले गई है।
ED के 10 से ज्यादा अफसरों ने जांच की। शुक्रवार सुबह घर का मुख्य गेट बंद कर दिया गया। किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर आने या घर के सदस्य को बाहर जाने पर पाबंदी थी। सूत्रों ने बताया, परिवार के सभी सदस्यों के फोन बंद करा दिए गए। जितेंद्र यादव सपा के पूर्व MLC हैं और गाजियाबाद के आरडीसी राजनगर इलाके में रहते हैं।
लालू के करीबी दोजाना के घर 12 घंटे तलाशी चली, सैप्टिक टैंक तोड़ा
कार्रवाई के दौरान सेप्टिक टैंक की खुदाई करती ED की टीम। ये वीडियो रोहिणी आचार्या ने अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है।
लालू के करीबी और RJD के पूर्व विधायक अबू दोजाना के घर पर भी ED ने रेड डाली थी। इस दौरान ED की टीम ने सेप्टिक टैंक की खुदाई भी की है। इसे लेकर लालू की बेटी रोहिणी आचार्या ने ED की कार्रवाई का वीडियो शेयर कर ट्वीट कर लिखा है, ‘सेप्टिक टैंक की खुदाई से गैस मिली। चाय बनाने के लिए मोदी साहब के लिए भर-भर ट्रक लेके गए हैं जमाई।
लालू, राबड़ी समेत 16 को 15 मार्च को पेश होने के आदेश
27 फरवरी को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने RJD सुप्रीमो लालू यादव, पूर्व CM और उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बड़ी बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती को समन जारी किया। जमीन के बदले नौकरी देने के मामले में CBI की चार्जशीट पर कोर्ट ने समन जारी किया था। जिसमें 15 मार्च को कोर्ट में सभी को पेश होने के आदेश दिए गए हैं।
वेबसाइट पर ‘मैं और मां’ नाम से मौजूद एक वीडियो में PM मोदी के बचपन से लेकर उनकी मां के निधन तक की कहानी दिखाई गई है। आखिरी सेक्शन है सेलिब्रेट मदरहुड, जिसमें मोदी और उनकी मां की तस्वीरों के चार टेम्पलेट दिए हैं। लोगों के पास ऑप्शन होगा कि वे इनमें से कोई एक तस्वीर चुनकर उसमें अपना संदेश लिखकर उसे पोस्ट कर सकते हैं, जिसे इस वेबसाइट पर दिखाया जाएगा।
3. फंडिंग न मिलने से US का सिलिकॉन वैली बैंक बंद, मस्क ने बैंक को खरीदने की इच्छा जताई
अमेरिका का 16वां सबसे बड़ा बैंक- सिलिकॉन वैली बैंक को रेगुलेटर्स ने बंद करने का आदेश दिया है। कैलिफोर्निया के डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल प्रोटेक्शन और इनोवेशन ने ये आदेश जारी किया है। बैंक की मूल कंपनी SVB फाइनेंशियल ग्रुप के शेयरों में 9 मार्च को करीब 60% की गिरावट आई। इसके बाद इसे कारोबार के लिए रोक दिया गया। ये अमेरिका के इतिहास में 2008 के वित्तीय संकट के बाद अब तक का सबसे बड़ा फेल्योर हैं।
रॉयटर्स के मुताबिक, SVB के शेयर गिरने की वजह से पिछले 2 दिनों में अमेरिकी बैंकों को स्टॉक मार्केट में 100 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। वहीं यूरोपियन बैंकों को 50 अरब डॉलर का घाटा हुआ है। फेडरल डिपॉजिट इंश्योरेंस कॉरपोरेशन (FDIC) ने शुक्रवार को सिलिकॉन वैली बैंक टेकओवर करने की घोषणा की। इसके साथ ही उसे ग्राहकों का पैसा सुरक्षित रखने की भी जिम्मेदारी दी गई है। सिलिकॉन बैंक अब 13 मार्च को खुलेगा जिसके बाद सभी इंश्योर्ड डिपॉजिटर्स के पास अपने डिपॉजिट्स निकालने की छूट होगी।
सिलिकॉन वैली बैंक बंद होने के बाद बैंक के फ्रंट गेट पर कैलिफोर्निया के फाइनेंशियल प्रोटेक्शन डिपार्टमेंट ने नोटिस लगा दिया।
2.5 करोड़ रुपए तक की जमा राशि ही होगी वापस
बैंक के पास 2022 के आखिर तक 209 अरब डॉलर की संपत्ति और 175.4 अरब डॉलर की जमा राशि थी। इसमें से 89% राशि इंश्योर्ड नहीं थी। ग्राहकों की 250,000 डॉलर(2.5 करोड़ रुपए) तक की जमा राशि को F.D.I.C इंश्योरेंस में कवर किया गया है। यानी बैंक बंद होने के बाद भी ये पैसा ग्राहक को वापस मिल जाएगा। वहीं अभी इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि जिन जमाकर्ताओं के खातों में इससे ज्यादा रकम जमा है उन्हें उनका सारा पैसा वापस मिलेगा या नहीं। हालांकि, FDIC ऐसे ग्राहकों को एक सर्टिफिकेट देगा। इसके तहत फंड रिकवर होने के बाद इन्हें सबसे पहले पैसे लौटाए जाएंगे।
सिलिकॉन वैली बैंक के डूबने के बाद कई ग्राहक अपने पैसे निकालने के लिए बैंक के बाहर नजर आए।
सिलिकॉन वैली बैंक के डूबने को सिलसिलेवार तरीके से समझिए
सिलिकॉन वैली बैंक के पास 2021 में 189 अरब डॉलर डिपॉजिट्स थे। सिलिकॉन वैली बैंक ने पिछले 2 सालों में अपने ग्राहकों के पैसों से कई अरब डॉलर के बॉन्ड खरीदे थे, लेकिन इस इन्वेंस्टमेंट पर उसे कम इन्टरेस्ट रेट के चलते उचित रिटर्न नहीं मिला। इसी बीच फेडरल रिजर्व बैंक ने टेक कंपनियों के लिए ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर दी।
SVB के ज्यादातर ग्राहक स्टार्ट-अप्स और टेक कंपनियां थीं जिन्हें कारोबार के लिए पैसों की जरूरत थी। ऐसे में वो बैंक से पैसे निकालने लगीं। ब्याज दर बढ़ने की वजह से टेक कंपनियों में निवेशक कम हो गए। फंडिंग नहीं मिलने से कंपनियां बैंक से अपना बचा हुआ पैसा भी निकालने लगीं। लगातार विड्रॉअल की वजह से बैंक को अपनी संपत्ति बेचनी पड़ी।
8 मार्च को SVB ने बताया कि उसने बैंक की कई सिक्योरिटीज को घाटे में बेचा है। साथ ही अपनी बैलेंस शीट को मजबूत करने के लिए उसने 2.25 अरब डॉलर के नए शेयर बेचने की घोषणा की। इससे कई बड़ी कैपिटल फर्मों में डर का माहौल बन गया और फर्मों ने कंपनियों को बैंक से अपना पैसा वापस लेने की सलाह दी।
इसके बाद गुरुवार को SBV के स्टॉक में गिरावट आई, जिससे दूसरे बैंकों के शेयर्स को भी भारी नुकसान हुआ। शुक्रवार की सुबह तक इन्वेस्टर न मिलने पर SVB के शेयरों को रोक दिया गया। इसके अलावा कई अन्य बैंक शेयरों को भी शुक्रवार को अस्थायी रूप से रोक दिया गया, जिनमें फर्स्ट रिपब्लिक, पीएसीवेस्ट बैनकॉर्प और सिग्नेचर बैंक शामिल हैं।
4. PAK नेशनल डे परेड पर आर्थिक संकट की मार, फौज हथियारों का प्रदर्शन भी नहीं करेगी
कुछ दिन पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने सरकारी फिजूलखर्ची रोकने के लिए कई बड़े फैसले किए थे। इनमें कैबिनेट का सैलरी न लेना भी शामिल था। इसके बाद फौज की तरफ से इशारा दिया गया कि नेशनल डे परेड को भी इस साल प्रतीकात्मक रखा जाए।
शाहबाज ने पिछले दिनों ये भी कहा था कि सरकार हर तरह से सख्ती करके इस साल 200 अरब रुपए (पाकिस्तानी करंसी) बचाना चाहती है। रेड में आमतौर पर पाकिस्तानी फौज हथियारों का प्रदर्शन करती है। इस बार ये भी नहीं होगा। इस परेड में कुछ झांकियां भी निकाली जाती हैं। इस पर भी रोक रहेगी।
5. ऑस्कर अवार्ड सेरेमनी में अब रेड नहीं शैंपेन कारपेट बिछेगा, 62 साल बाद रंग बदला गया
अमेरिका के लॉस एंजेल्स में होने वाली 95वीं एकेडमी अवॉर्ड सेरेमनी इस बार रेड कारपेट की बजाय शैम्पेन कलर के कारपेट पर होगी। साल 1961 से अब तक रेड कारपेट इस अवॉर्ड सेरेमनी की पहचान थी। अब तक रेड कारपेट पर ही सेलेब्रिटीज के फोटोशूट, सवाल-जवाब और मोमेंट्स क्लिक होते थे।
फिल्मों की दुनिया के सबसे बड़े अवॉर्ड ऑस्कर की सेरेमनी भारतीय समय के अनुसार सोमवार सुबह 5.30 बजे से होगी। लॉस एंजलिस में ये फंक्शन रविवार रात 8 बजे शुरू होगा। इस बार भारत की तरफ से 3 नॉमिनेशन हैं। बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग के लिए फिल्म RRR का गाना नाटू-नाटू, डॉक्यूमेंट्री फीचर फिल्म की कैटेगरी में फिल्म ऑल दैट ब्रीथ्स और ओरिजिनल शॉर्ट फिल्म कैटेगरी में दी एलिफेंट व्हिस्परर्स को फाइनल नॉमिनेशन मिला है।
ऑस्कर को लेकर सवाल कई हैं। जैसे ऑस्कर शुरू कब से हुआ, किसने शुरू किया, क्यों ये दुनिया का सबसे बड़ा फिल्म अवॉर्ड है से लेकर ऑस्कर में फिल्में चुनी कैसे जाती हैं? ट्रॉफी के साथ क्या कलाकारों को पैसा भी मिलता है? तक ऐसे कई सवाल हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि इस अवॉर्ड का नाम ऑस्कर क्यों पड़ा इसे लेकर आज तक रहस्य है। खुद ऑस्कर कमेटी ने भी इसे कभी क्लियर नहीं किया।
पढ़िए, ऑस्कर से जुड़े ऐसे ही 9 सवालों के जवाब…
सवालः एकेडमी अवॉर्ड की शुरुआत कैसे हुई?
ऑस्कर अवॉर्ड का पहले नाम एकेडमी अवॉर्ड था। इसकी नींव 1927 में रखी गई थी। अमेरिका के MGM स्टूडियो के प्रमुख लुईस बी मेयर ने अपने तीन दोस्तों एक्टर कॉनरेड नागेल, डायरेक्टर फ्रैड निबलो और फिल्ममेकर फीड बिटसोन के साथ मिलकर एक ऐसा ग्रुप बनाने का प्लान बनाया, जिससे पूरी इंडस्ट्री को फायदा मिले। एक ऐसा अवॉर्ड शुरू किया जाए जिससे फिल्म मेकर्स को मोटिवेशन मिले। इस आइडिया को आगे बढ़ाने के लिए लोगों को जोड़ना जरूरी था।
इसके लिए हॉलीवुड के 36 सबसे नामी लोगों को लॉस एंजलिस के एंबेसेडर होटल में बुलाया गया। उनके सामने “इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर ऑफ आर्ट एंड साइंस” बनाने का प्रस्ताव रखा गया। सारे लोग राजी हो गए। मार्च 1927 तक इसके अधिकारी चुने गए। जिनके अध्यक्ष हॉलीवुड एक्टर और प्रोड्यूसर डगलस फेयरबैंक्स बने।
11 मई 1927 में 300 जानी मानी हस्तियों की दावत रखी गई जिनमें से 230 लोगों ने 100 डॉलर में एकेडमी की ऑफिशियल मेंबरशिप ली। शुरुआत में अवॉर्ड को 5 कैटेगरी प्रोड्यूसर, डायरेक्टर, एक्टर, टेक्नीशियन और राइटर में बांटा गया। इस अवॉर्ड का नाम रखा गया था एकेडमी अवॉर्ड्स।
सवालः कैसे तैयार हुई एकेडमी अवॉर्ड की ट्रॉफी?
जवाबः एकेडमी अवॉर्ड्स की ट्रॉफी तलवार लिए योद्धा की है, जो फिल्म की रील पर खड़ा है। इसके पीछे सोच थी कि एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में काम करने वालों को भी योद्धा जैसा फील कराया जाए। इसके लिए सबसे पहले MGM स्टूडियो के आर्ट डायरेक्टर ने तलवार लिए हुए एक योध्दा को रील पर खड़ा करके स्ट्रक्चर तैयार किया। इस स्ट्रक्चर को फाइनल लुक दिया मूर्तिकार जॉर्ड स्टेनले ने।
92.5% टिन और 7.5% तांबे से बना गोल्ड प्लेटेड ये ट्रॉफी 13 इंच लंबा और 3.85 किलोग्राम का था। पहली सेरेमनी के दौरान 2701 अवॉर्ड बनाए गए थे। 1938 में लकड़ी की ट्रॉफी बनाई गई थी क्योंकि दूसरे विश्वयुद्ध के समय तांबे की कमी हो गई थी।
16 मई 1929 में हुई पहली ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी
270 मेहमानों को हॉलीवुड रूजवेल्ट होटल के ब्लॉसम रूम की प्राइवेट पार्टी में बुलाया गया। इस समारोह का टिकट 5 डॉलर था। न कोई मीडिया, न दर्शक, न भीड़। ये सेरेमनी 15 मिनट में ही खत्म हो गई थी।
पहली अवॉर्ड सेरेमनी के विजेताओं की घोषणा तीन महीने पहले ही कर दी गई थी। 1930 से अवॉर्ड नाइट की रात 11 बजे मीडिया को विजेताओं की लिस्ट दी जाने लगी, लेकिन 1940 में लॉस एंजलिस टाइम्स ने सेरेमनी से पहले ही विजेताओं की घोषणा कर दी। इसके बाद से ही विजेताओं का खुलासा बंद लिफाफे में किया जाने लगा।
एमिल जेनिंग्स को मिला था पहला बेस्ट एक्टर अवॉर्ड
पहला बेस्ट एक्टर अवॉर्ड एमिल जेनिंग्स को दो फिल्मों द लास्ट कमांड और द वे ऑफ ऑल फ्लेश के लिए मिला। उन्हें इस सेरेमनी से पहले यूरोप वापस जाना था, इसलिए एकेडमी ने उन्हें पहले ही ये अवॉर्ड दे दिया। एमिल को दो फिल्मों के लिए अवॉर्ड मिला लेकिन बाद में एकेडमी ने नियम बनाया कि एक व्यक्ति को एक ही अवॉर्ड दिया जाएगा।
सवालः एकेडमी अवॉर्ड का नाम ऑस्कर कैसे पड़ा?
एकेडमी अवॉर्ड अब ऑस्कर अवॉर्ड नाम से पहचाना जाता है। 1939 से इसका ऑफिशियल नाम ऑस्कर पड़ा था। मगर, इसका नाम ऑस्कर कैसे पड़ा इसकी तीन अलग-अलग थ्योरीज हैं।
पहली थ्योरी- ऑस्कर अवॉर्ड की पहली महिला प्रेसिडेंट और अमेरिकन एक्ट्रेस बेट्टे डेविस (Bette Davis) का दावा था कि ऑस्कर की ट्रॉफी पीछे से देखने पर उनके म्यूजिशियन पति हार्मन ऑस्कर नेल्सन (Harmon Oscar Nelson) जैसी दिखती है, इसलिए इस अवॉर्ड का नाम ऑस्कर पड़ गया।
दूसरी थ्योरी- हॉलीवुड के गॉसिप आर्टिकल लिखने वालीं कॉलमिस्ट सिडनी स्कॉल्सकी का दावा था कि एकेडमी अवॉर्ड्स को ऑस्कर निकनेम उन्हीं की देन है। उन्होंने साल 1934 के एक लेख में इस अवॉर्ड के लिए ऑस्कर निकनेम का इस्तेमाल किया था।
तीसरी थ्योरी- एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर्स आर्ट एंड साइंस की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और लाइब्रेरियन मार्गेरेट हैरिक का दावा था कि ऑस्कर का नाम उनके चाचा ऑस्कर के नाम पर रखा गया है।
हालांकि, तीनों में किस का दावा सच्चा था, इसका आज तक कोई सबूत नहीं है। खुद एकेडमी ने भी इसको लेकर कभी कोई सफाई नहीं दी लेकिन, इस नाम को अपना लिया।
सवालः ऑस्कर को सबसे बड़े अवॉर्ड का दर्जा कैसे मिला?
1929-30 में कुल 15 लोगों को ऑस्कर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। पहले एकेडमी अवॉर्ड में मीडिया नहीं थी, लेकिन तब से लेकर आज तक एकेडमी अवॉर्ड सेरेमनी का कवरेज बड़े स्तर पर होने लगा है। 1953 में पहली बार NBC ने इस सेरेमनी को सीधे टीवी पर टेलिकास्ट किया। कई देशों में टेलीकास्ट होने से ऑस्कर को दुनियाभर में पहचान मिलने लगी। 1956 तक ये अवॉर्ड सिर्फ हॉलीवुड फिल्मों के लिए ही था।
1957 में एकेडमी ने बेस्ट फॉरेन लेंग्वेज की कैटेगरी बनाई, जिसके बाद भारत समेत सभी देश अपनी फिल्मों का नॉमिनेशन भेजने लगे। दुनियाभर से जब फिल्में ऑस्कर में शामिल हुईं और उनका आपस में कॉम्पिटिशन हुआ तो ऑस्कर का लेवल सबसे बड़ा समझा गया।
सवालः ऑस्कर नॉमिनेशन की क्या प्रोसेस है और विनर कैसे चुने जाते हैं?
इसकी प्रोसेस अलग-अलग स्टेजेस में होती है…
एकेडमी के पास कितने ज्यूरी मेंबर्स हैं
1. एकेडमी के पास इस समय करीब 10 हजार मेंबर हैं। ये सभी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग ही हैं। एकेडमी गैर-फिल्मी लोगों को मेंबरशिप नहीं देती है। इसका मतलब है सिर्फ फिल्म बनाने वाले ही फिल्में अवॉर्ड के लिए चुनते हैं।
2. एकेडमी की मेंबरशिप दो तरह से होती है। पहला अगर किसी एक्टर, डायरेक्टर या टेक्निशियन को किसी फिल्म के लिए ऑस्कर नॉमिनेशन मिला हो तो उसे एकेडमी खुद मेंबरशिप दे देती है। अगर किसी ऐसे व्यक्ति को मेंबरशिप चाहिए जिसे कभी ऑस्कर नॉमिनेशन नहीं मिला हो तो एकेडमी के दो मेंबर उसके नाम की सिफारिश करते हैं। अगर एकेडमी उसे लायक पाती है तो मेंबरशिप मिल जाती है। जैसे, किसी डायरेक्टर को मेंबरशिप चाहिए तो उसे कम से कम दो फिल्में डायरेक्ट करने का अनुभव हो, उसकी आखिरी फिल्म 10 साल के भीतर बनी हो।
सवालः भारत में ऑस्कर के लिए भेजी जाने वाली फिल्मों का चुनाव कैसे होता है?
इसके दो तरीके हैं। पहला, एक फिल्म जो सरकार की तरफ से भारत ऑफिशियल एंट्री होती है। दूसरा, प्राइवेट एंट्री।
सरकार की तरफ से ऑस्कर में फिल्मों को भेजने की प्रोसेस हर साल सितंबर से ही शुरू हो जाती है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) भारत की सभी फिल्म एसोसिएशन्स से एंट्रीज मंगवाता है। इसमें सारी भाषाओं की फिल्में शामिल होती हैं। इसके बाद फिल्म एसोसिएशन द्वारा भेजी गई फिल्मों को जूरी मेंबर्स देखते हैं। सितंबर के अंत में FFI की तरफ से ऑस्कर में जाने वाली फिल्मों की ऑफिशियल एंट्री की घोषणा होती है। सिलेक्ट की गईं फिल्मों को ऑस्कर में भेजा जाता है।
प्राइवेट एंट्री के लिए फिल्म मेकर खुद अपनी फिल्में एकेडमी को भेजते हैं। इसमें सरकार को कोई दखल नहीं होता है। अगर फिल्म मेकर को लगता है कि उसका काम अवॉर्ड के लायक है तो वो अपनी ओर से एंट्री भेजता है। एकेडमी किसे अवॉर्ड देगी ये फैसला उसका अपना होता है।
सवालः ऑस्कर में फिल्म भेजने के बेसिक नियम क्या हैं?
दूसरे देशों के लिए ऑस्कर में फिल्म भेजने के नियम कुछ ऐसे हैं-
- ऑस्कर के लिए नॉमिनेट की गई फिल्म की लंबाई कम से कम 40 मिनट होनी चाहिए।
- फिल्म 33 MM या 70 MM के प्रिंट में 24 फ्रेम प्रति सेकेंड या 48 फ्रेम प्रति सेकेंड की होनी चाहिए।
- फिल्म अंग्रेजी में नहीं होनी चाहिए। रीजनल लैंग्वेज में होनी चाहिए। सब-टाइटल अंग्रेजी में होने चाहिए।
- इसका रिजोल्यूशन भी 1280×720 से कम नहीं होना चाहिए।
- बीते साल 1 जनवरी से 31 दिसम्बर की आधी रात के बीच रिलीज हुई हो।
- 1 लाख कमल मित्र से महिला वोटर्स को साधेगी बीजेपी
- 2024 में होने वाले आगामी लोक सभा चुनाव में महिला मतदाताओं को साधने के लिए भाजपा एक बड़ी मुहिम चलाने जा रही है। भाजपा को लगातार तीसरी बार लोक सभा चुनाव में विजयी बनाने के मिशन में जुटी भाजपा महिला मोर्चा ने देश की प्रत्येक लोक सभा सीट पर एक लाख कमल मित्र खड़ी करने की योजना बनाई है। मोर्चे के आगामी कार्यक्रमों की रणनीति बनाने के लिए भाजपा की राष्ट्रीय महिला मोर्चा ने शनिवार को नई दिल्ली के भाजपा मुख्यालय में महिला केंद्रित योजनाओं पर एक दिवसीय कमल मित्र प्रशिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया। इसमें 33 राज्यों एवं संघ शासित प्रदेशों से 55 प्रतिभागी, 43 रिसोर्स पर्सन और 10 राष्ट्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहें। इस वर्कशॉप में प्रोफेसर, वकील,रिसर्च स्कॉलर्स और आईटी प्रोफेशनल्स सहित कई अन्य महिला प्रोफेशनल्स भी शामिल हुए। आपको बता दें कि यह महिला पेशेवरों का रिसोर्स पर्सन का समूह है जो योजनाओं पर सत्र लेंगे और देश भर में महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित भी करेंगे।
- दिल्ली : एलजी ने सीएम को लिखा पत्र, वजीराबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की स्थिति पर किए सवाल
- दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच एक ताजा विवाद में, उपराज्यपाल ने शनिवार को सीएम को पत्र लिखकर राष्ट्रीय राजधानी के बड़े हिस्से में पीने के पानी की आपूर्ति करने वाले वजीराबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) की दयनीय स्थिति पर सवाल उठाए। LG के संयंत्र का दौरा करने और संयंत्र की बिगड़ती स्थिति को देखने के बाद अपनी चिंता व्यक्त की है। अपने पत्र में, सक्सेना ने वजीराबाद बैराज के पीछे तालाब जलाशय की सफाई में दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की ओर से घोर निष्क्रियता को भी चिह्न्ति किया, जो वजीराबाद और चंद्रावल डब्ल्यूटीपी को पानी की आपूर्ति करता है।
- त्रिपुरा, नागालैंड, मेघालय के मुख्यमंत्रियों ने दिल्ली में राष्ट्रपति, केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की
- त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड के मुख्यमंत्रियों ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। घालय के मुख्यमंत्री कोनराड के.संगमा के साथ उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन टाइनसॉन्ग और नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो के साथ उपमुख्यमंत्री वाई. पैटन ने राष्ट्रपति से मुलाकात की। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भी मुर्मू से मुलाकात की। तीनों मुख्यमंत्रियों ने अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ 7 और 8 मार्च को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की उपस्थिति में संबंधित राज्यों की राजधानियों में शपथ ली। संगमा और साहा ने जहां केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की, वहीं त्रिपुरा के मुख्यमंत्री ने भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नड्डा से मुलाकात की और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
- रोहिणी में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या
- रोहिणी सेक्टर 22, अमन विहार थाना क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रॉपर्टी डीलर का लक्ष्मी प्रॉपर्टी के नाम से ऑफिस था। रिपोर्ट के अनुसार मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। प्रॉपर्टी डीलर की पहचान योगेश के रूप में हुई है। गोली योगेश के सिर में मारी गई। जानकारी के अनुसार योगेश का किसी अन्य प्रॉपर्टी डीलर से विवाद हुआ था। गोली लगने के बाद योगेश को महाराजा अग्रसेन अस्पताल के जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
- दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए मिला 106 रन का लक्ष्य
- गुजरात जायंट्स ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) टी20 क्रिकेट मैच में शनिवार को पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 20 ओवर में नौ विकेट पर 105 रन बनाये। दिल्ली कैपिटल्स के लिए मरीजान काप ने चार ओवर में 15 रन देकर पांच विकेट चटकाये। गुजरात की टीम के लिए किम गार्थ ने सबसे ज्यादा नॉटआउट रहते हुए 32 रन बनाए।
- दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 284 रन से हराया, सीरीज 2-0 से जीती
- दक्षिण अफ्रीका ने शनिवार को यहां वेस्टइंडीज को 106 रन पर समेटकर दूसरे टेस्ट में 284 रन की शानदार जीत हासिल की। दक्षिण अफ्रीका ने इसके साथ ही सीरीज 2-0 से क्लीन स्वीप की। वेस्टइंडीज को जीत के लिये 391 रन का लक्ष्य मिला। टीम दबाव में आकर दूसरी पारी में महज 35.1 ओवर में सिमट गयी। इससे दक्षिण अफ्रीका ने चौथे दिन चाय से पहले जीत दर्ज कर ली। गेराल्ड कोएत्जे ने 37 रन देकर तीन विकेट से मैच में कुल छह विकट झटके। 22 साल के इस तेज गेंदबाज के अलावा ऑफ स्पिनर सिमोन हार्मर ने 45 रन देकर तीन और बायें हाथ के स्पिनर केशव महाराज ने चार रन देकर दो विकेट झटके। वेस्टइंडीज के लिए जोशुआ डा सिल्वा ने 34 रन, जेसन होल्डर ने 19 रन और अल्जारी जोसफ ने 18 रन बनाये। दक्षिण अफ्रीका ने नए टेस्ट कप्तान तेम्बा बावुमा की 172 रन की शतकीय पारी की बदौलत वेस्टइंडीज को जीत के लिए बड़ा लक्ष्य दिया था।

