आज बेंगलुरु में होने वाली कांग्रेस विधायक दल की मीटिंग में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कर्नाटक के मुख्यमंत्री का ऐलान करेंगे। सिद्धारमैया का नाम लगभग तय माना जा रहा है। दिल्ली के मुख्य सचिव ने आज सिविल सर्विसेज बोर्ड की बैठक बुलाई है। इस बैठक में दिल्ली के अफसरों की तैनाती-तबादले पर चर्चा होगी। RSS प्रमुख मोहन भागवत चार दिन के दौरे पर झारखंड में रहेंगे। दिल्ली में पहलवानों का धरना जारी है। पहलवानों ने कहा कि अब वह अपने प्रदर्शन को वैश्विक मंच पर ले जाएंगे।
आज बेंगलुरु में होने वाली कांग्रेस विधायक दल की मीटिंग में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कर्नाटक के मुख्यमंत्री का ऐलान करेंगे। सिद्धारमैया का नाम लगभग तय माना जा रहा है। इससे पहले CM के दोनों दावेदार डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया ने दिल्ली में खड़गे से उनके घर पर मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, शिवकुमार को डिप्टी CM बनाया जा सकता है।
वाराणसी कोर्ट ने हिंदू पक्ष की उस याचिका को मंजूरी दे दी है, जिसमें ज्ञानवापी परिसर में आर्कियोलॉजिकल सर्वे की मांग की गई थी। याचिका पर 22 मई को सुनवाई होगी। वहीं मुस्लिम पक्ष को आपत्ति दाखिल करने के लिए 19 मई तक का समय दिया गया है। इससे पहले 13 मई को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ज्ञानवापी परिसर में कथित शिवलिंग की कार्बन डेटिंग और साइंटिफिक सर्वे कराने के आदेश दिए थे।
कर्नाटक के पूर्व डिप्टी CM बोले- 50 MLA का ग्रुप बना सकता हूं, लेकिन लॉबिंग नहीं करना चाहता
दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से उनके आवास पर मुलाकात करते डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज बेंगलुरु पहुंचेंगे। इस बीच कर्नाटक के पूर्व डिप्टी CM डॉ. जी परमेश्वर का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, मैं 50 विधायकों का एक ग्रुप बना सकता हूं। लेकिन ऐसा नहीं करूंगा, मेरे कुछ सिद्धांत हैं। अगर कांग्रेस हाईकमान मुझे CM पद की जिम्मेदारी देता है, तो मैं उसे जरूर पूरा करूंगा। वे मेरे और मेरे काम के बारे में सब कुछ जानते हैं। मैं लॉबिंग नहीं करना चाहता।
उधर, कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, डीके शिवकुमार को लोकसभा चुनाव तक इंतजार करने को कहा है। तब तक उन्हें डिप्टी CM बनाया जाएगा या प्रदेश अध्यक्ष के साथ दो अहम मंत्रालय दिए जाएंगे।
स बीच सूत्रों के हवाले से खबर यह भी है कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद के लिए सिद्धारमैया का नाम लगभग तय हो गया है। डीके शिवकुमार को लोकसभा चुनाव तक इंतजार करने को कहा है। तब तक उन्हें डिप्टी सीएम बनाया जाएगा या प्रदेश अध्यक्ष के साथ दो महत्वपूर्ण मंत्रालय दिए जाएंगे।
डीके शिवकुमार मंगलवार शाम 5.30 बजे खड़गे से मिलने पहुंचे। सूत्रों के अनुसार उनको 6.30 बजे बुलाया गया था, लेकिन वे एक घंटे पहले ही पहुंच गए।
डीके शिवकुमार से मुलाकात के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे सिद्धारमैया से भी मिले।
खड़गे ने राहुल से मुलाकात की
इस बीच राहुल गांधी दोपहर 12.30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। आज सुबह पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक भी कांग्रेस अध्यक्ष से मिले। इनके बीच क्या बात हुई, यह सामने नहीं आई है।
डीके ने कहा- मैं ना धोखा दूंगा और ना ही ब्लैकमेल करूंगा
यह फोटो बेंगलुरु एयरपोर्ट की है। दिल्ली निकलने से पहले डीके ने मीडिया से बात की।
डीके शिवकुमार ने मंगलवार सुबह बेंगलुरु में कहा, ‘हम सब एक हैं। हम 135 हैं। मैं किसी को डिवाइड नहीं करना चाहता। वे भले ही मुझे पसंद करें या नहीं। मैं एक जिम्मेदार व्यक्ति हूं। मैं धोखा नहीं दूंगा और ना ही ब्लैकमेल करूंगा। हमने कांग्रेस पार्टी को बनाया, हमने इस घर को बनाया। मैं इसका हिस्सा हूं।’
उन्होंने कहा, ‘एक मां अपने बच्चे को सब कुछ देती है। सोनिया गांधी हमारी आदर्श हैं। कांग्रेस हर किसी के लिए परिवार की तरह है। हमारा संविधान बेहद महत्वपूर्ण है और हमें सभी के हितों की रक्षा करनी है। लोकसभा में 20 सीट जीतना हमारा अगला लक्ष्य है।’ 13 मई को चुनाव का परिणाम आने के बाद से अब तक कांग्रेस CM का ऐलान नहीं कर सकी है।
केरल में 4 दिन देरी से 5 जून को पहुंचेगा मानसून, इस साल सामान्य बारिश का अनुमान
इस साल मानसून 4 दिन की देरी से केरल पहुंचेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, आमतौर पर 1 जून को पहुंचने वाला मानसून 5 जून तक पहुंच सकता है। मानसून ने पिछले साल दो दिन पहले यानी 29 मई को केरल में दस्तक दी थी। मौसम विभाग ने इस साल सामान्य बारिश का अनुमान जताया है। इससे फूड ग्रेन प्रोडक्शन पर पॉजिटिव असर रहेगा, यानी महंगाई से राहत मिल सकती है।
IMD ने बताया कि लॉन्ग पीरियड एवरेज (LPA) की 96% बारिश हो सकती है। यदि बारिश LPA के 90-95% के बीच होती है तो इसे सामान्य से कम कहा जाता है। LPA 96%-104% हो तो इसे सामान्य बारिश कहा जाता है। LPA अगर 104% से 110% के बीच है तो इसे सामान्य से ज्यादा बारिश कहते हैं। 110% से ज्यादा को एक्सेस बारिश और 90% से कम बारिश को सूखा पड़ना कहा जाता है।
गुम मोबाइल को ट्रैक करने वाला पोर्टल लॉन्च, एक व्यक्ति के नाम कितनी सिम.. पता चलेगा
केंद्र सरकार ने गुम हुए मोबाइल को ब्लॉक और ट्रैक करने के लिए संचार साथी नाम का पोर्टल लॉन्च किया है। टेलिकॉम मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि पोर्टल पर मोबाइल खोने की जानकारी देने के बाद आइडेंटिटी वेरिफिकेशन होगा। उसके तुरंत बाद पोर्टल फोन को ब्लॉक कर देगा। पोर्टल पर यह भी चेक किया जा सकता है कि आपके नाम से कितनी सिम चल रहे हैं।पहले दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक और नॉर्थ-ईस्ट रीजन के कुछ टेलिकॉम ऑफिस में इस सिस्टम का पायलट प्रोजेक्ट चल रहा था, जिसे अब पूरे भारत में रोल आउट कर दिया गया है। ये पोर्टल IMEI नंबर बदलने के बाद भी डिवाइस को ट्रैक-ब्लॉक कर सकेगा। पोर्टल के जरिए अब तक 4.81 लाख से अधिक खोए या चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक किया जा चुका है। 2.43 लाख से अधिक मोबाइल ट्रैक हुए हैं।
ज्ञानवापी के ASI सर्वे की मांग को 20 साल बाद मंजूरी मिली, 1991 में पहला मुकदमा हुआ था
काशी विश्वनाथ ज्ञानवापी केस में 1991 में वाराणसी कोर्ट में पहला मुकदमा दाखिल हुआ था। इसमें ज्ञानवापी परिसर में पूजा की अनुमति मांगी गई। इस याचिका के विरोध में मस्जिद कमेटी ने याचिका को हाईकोर्ट में चुनौती दी। 1993 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्टे लगाकर यथास्थिति कायम रखने का आदेश दिया था। 2019 में वाराणसी कोर्ट में फिर से इस मामले में सुनवाई शुरू हुई।
ज्ञानवापी मामले में हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन ने बताया कि वाराणसी कोर्ट में हमने मांग की कि पूरे परिसर की ASI जांच कराई जाए। तथाकथित मस्जिद के पश्चिमी दीवार की भी जांच हो। तथाकथित मस्जिद के गुंबद के नीचे हिंदू मंदिर का शिखर है उसकी भी जांच की जाए। याचिका सुनने के बाद जिला अदालत ने उन्हें (मुस्लिम पक्ष) 19 मई तक अपनी आपत्ति दाखिल करने का समय दिया है।
5. कश्मीर में G20 समिट पर UN को भारत का जवाब- घाटी में माइनॉरिटीज का कोई इश्यू नहीं
श्रीनगर में G20 मीटिंग से पहले चल रही तैयारियां और वाहनों की जांच करते सुरक्षाबल।
कश्मीर में होने वाली G20 मीटिंग को लेकर एक UN अफसर के कमेंट्स को भारत ने खारिज कर दिया। UN के माइनॉरिटी अफेयर्स रिप्रेजेंटेटिव फर्नांड डि‘वर्नेस ने घाटी में अल्पसंख्यकों को लेकर चिंता जताई थी। इसके जवाब में UN में भारतीय मिशन ने कहा कि फर्नांड का बयान बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। वो जम्मू-कश्मीर के मामले को सियासी बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
इस महीने की 24 और 25 तारीख को श्रीनगर में G20 की मीटिंग्स होनी है। इस मामले को सबसे पहले तूल पाकिस्तान की तरफ से दिया गया था। जैसे ही कश्मीर में G20 मीटिंग कराने का ऐलान हुआ था, पाकिस्तान ने यह मुद्दा उठाया था। पाकिस्तान ने कहा था कि कश्मीर विवादित जगह है और जब तक इस मसले का हल नहीं होता, तब तक वहां कोई इंटरनेशनल समिट नहीं हो सकती।
चोरी के आरोप में नाबालिग को खंबे से बांधकर पिटाई
पूर्वी दिल्ली के शाहदरा जिला में एक नाबालिग किशोर की चोरी के शक में पीट पीट कर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार बीती रात 17 वर्षीय किशोर को घर में घुसते हुए पकड़ा गया और खंबे से बांधकर तीन घंटे तक पिटाई की गई। सुबह पुलिस को इस मामले की सूचना मिली तो उस नाबालिक किशोर को डॉक्टर हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर इलाज के दौरान हॉस्पिटल में उस किशोर की मौत हो गई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
दिल्ली में पुलिस पर हमला, PCR की गाड़ी में तोड़फोड़, 3 थानेदार घायल
झगड़े की कॉल पर गई पीसीआर टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। मामला शास्त्री पार्क इलाके का है, जहां हमलावरों ने पीसीआर में तैनात एसआई के साथ मारपीट की और पीसीआर वैन में तोडफ़ोड़ की। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे शास्त्री नगर थाने के दो एसआई के साथ भी मारपीट की गई। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया और तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया। घायलों में एसआई पप्पू लाल मीणा,(पीसीआर) एसआई राजकुमार, थाना-शास्त्री पार्क एसआई रॉबिन, थाना-शास्त्री पार्क को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाहुबली नेता हरिशंकर तिवारी का निधन, गोरखपुर में घर पर उमड़ी दुखी समर्थकों की भीड़
गोरखपुर: यूपी के बाहुबली नेता हरिशंकर तिवारी (Harishankar Tiwari) का मंगलवार शाम को निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही गोरखपुर (Gorakhpur News) स्थित उनके घर पर समर्थकों की भीड़ जुट गई। वह 90 वर्ष के थे और लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उनके निधन की पर अफसोस जताते हुए ट्वीट किया, पूर्व मंत्री श्री हरिशंकर तिवारी जी का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिवार को यह असीम दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।
गडकरी के दिल्ली स्थित आधिकारिक आवास पर आया धमकी भरा फोन
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित सरकारी आवास के लैंडलाइन नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर धमकी दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।उन्होंनें बताया कि गडकरी के कार्यालय के एक कर्मचारी ने सोमवार रात आया यह फोन उठाया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि फोन करने वाले ने अपनी कोई जानकारी नहीं दी और मंत्री से बात कराने को कहा। उन्होंने कहा, ‘फोन करने वाले ने हिंदी में बात की और कहा ‘मुझे मंत्री जी से बात करनी है, उन्हें धमकी देनी है’ और फोन काट दिया।’ मंत्री के कार्यालय ने मामले की सूचना दिल्ली पुलिस को दी जो मामले की जांच कर रही है। अधिकारी ने कहा, ‘सभी फोन रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। आरोपी ने लैंडलाइन नंबर पर फोन किया था इसलिए हम अपराधी तक पहुंचने के लिए नंबर का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। जांच जारी है।’
- असम और बंगाल में आयकर विभाग की बड़ी छापेमारी
- आयकर विभाग ने पश्चिम बंगाल और असम में बड़ी छापेमारी की है। पश्चिम बंगाल उत्तरी इलाके में बड़े पैमाने पर काम कर रहे एक कारोबारी समूह पर छापे की कार्रवाई हुई है। इसका नियंत्रण एक राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले शख्स के पास है। यह ग्रुप खाद्य चावल की भूसी का तेल, सरसों का तेल और ऑयल्ड राइस ब्रान (DORB), रियल एस्टेट के काम में है। कुल 23 परिसरों पर छापे मारे गए हैं। उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर, मालदा, कोलकाता और सिलीगुड़ी तक इस ग्रुप का कारोबार फैला हुआ है।
- सीबीआई ने जासूसी के आरोप में स्वतंत्र पत्रकार के खिलाफ मामला दर्ज किया
- अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई ने रक्षा अनुसंधान विकास संगठन (डीआरडीओ) और सेना के बारे में कथित रूप से संवेदनशील जानकारी एकत्र करने और उसे विदेशी खुफिया एजेंसियों के साथ साझा करने के आरोप में एक स्वतंत्र पत्रकार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सूत्रों ने कहा कि विवेक रघुवंशी को शासकीय गोपनीयता अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने आरोप लगाया कि रघुवंशी ने डीआरडीओ और सेना की परियोजनाओं का संवेदनशील और ब्योरेवार विवरण एकत्र किया और उन्हें विदेशी खुफिया एजेंसियों के साथ साझा किया।उन्होंने कहा कि एजेंसी जयपुर और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 12 स्थानों पर तलाशी ले रही है और उसने संवेदनशील दस्तावेज बरामद किए हैं।

