Site icon अग्नि आलोक

ब्रेकिंग न्यूज़ : रेसलर्स के समर्थन में किसान-खाप:महिला संगठन भी पहलवानों के साथ, मणिपुर हिंसा… 23 हजार से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू

Share

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। अंतिम दिन कांग्रेस और बीजेपी पूरी ताकत झोंकेगे। केरल: मलप्पुरम के तनूर में नाव पलटने से अब तक 21 लोगों की मृत्यु हुई है। वित्त मंत्री सीतारमण अर्थव्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए वित्तीय स्थिरता और विकास परिषद की बैठक करेंगी। एनसीएलटी में आज गोफर्स्ट और स्पाइसजेट के खिलाफ दायर दिवाला याचिकाओं पर सुनवाई होगी। सुप्रीम कोर्ट में मणिपुर में हो रही हिंसा पर दायर याचिकाओं पर सुनवाई होगी। गृह मंत्री अमित शाह के त्रिपुरा के गोमती जिले में त्रिपुरा के ब्रू पुनर्वास क्षेत्रों का दौरा करेंगे। आईपीएल 2023 में आज केकेआर बनाम पीबीकेएस के बीच मैच होगा।रेसलर्स के समर्थन में किसान-खाप:बृजभूषण की गिरफ्तारी के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम; अगले रिपब्लिक डे पर ऑल वुमन परेड

केरल में टूरिस्ट बोट पलटी, 21 की मौत

केरल के मलप्पुरम जिले में रविवार को एक टूरिस्ट बोट पलटने से 21 लोगों की मौत हो गई। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, बोट में 30 से ज्यादा लोग सवार थे। केरल के खेल मंत्री वी अब्दुर्रहमान ने अलग-अलग अस्पतालों से मिली जानकारी के आधार पर 20 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मरने वालों में ज्यादातर बच्चे और महिलाएं हैं। 4 लोगों को गंभीर हालत में कोट्टाकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा रविवार शाम लगभग 7 बजे मलप्पुरम जिले के तनूर इलाके में तुवलतिरम बीच के पास हुआ। बोट को किनारे पर लाया जा चुका है। क्षेत्रीय फायर रेंज ऑफिसर शिजु केके ने बताया कि बोट पर सवार लोगों की सही संख्या की जानकारी नहीं मिल सकी है। ऐसे में और भी लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

PM मोदी ने की 2 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया- केरल के मलप्पुरम में नाव हादसे में लोगों की मृत्यु होने से दुखी हूं। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। प्रत्येक मृतक के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपए दिए जाएंगे।

सुबह 6 बजे से होगा मृतकों का पोस्टमॉर्टम
हादसे में मारे गए 21 लोगों में से 15 की पहचान की जा चुकी है। सुबह 6 बजे से मृतकों के पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मंत्री वी अब्दुर्रहमान ने बताया है कि अभी तक नाव पलटने की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उधर, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के विधायक पीके कुन्हलिकुट्टी ने कहा कि माना जा रहा है कि बोट में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे, जिस वजह से नाव डूबी। स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने घटना के बाद इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है।

हादसे के बाद अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और केर​​ल के मुख्यमंत्री पिनारई विजयन ने हादसे पर दुख जताया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

पहलवानों के धरने का आज 16वां दिन

कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दिल्ली में पहलवानों के धरने का आज 16वां दिन है। पहलवानों के समर्थन में जंतर-मंतर किसान और खाप पंचायतें भी पहुंची हैं। इन्होंने बृजभूषण की गिरफ्तारी के लिए सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। 20 मई तक गिरफ्तारी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

अगले साल होने वाला रिपब्लिक डे परेड हर बार से कुछ अलग होगा। जनवरी 2024 में कर्तव्य पथ पर होने वाली रिपब्लिक डे परेड में सिर्फ महिलाएं मार्च कर सकती हैं। इसके अलावा बैंड, झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी सिर्फ महिलाएं ही दिखेंगी। रक्षा मंत्रालय ने तीनों सेनाओं, अलग- अलग मंत्रालयों और विभागों को लेटर लिखकर इसकी जानकारी दी है।

1. बृजभूषण बोले- आरोप साबित हुआ तो फांसी लगा लूंगा; महिला संगठन भी पहलवानों के साथ

आज से हर खाप से 11-11 लोग जतंर-मंचर पहुंचेंगे, ये दिनभर पहलवानों के साथ रहेंगे। पहलवानों के धरने में किसानों के शामिल होने के बाद दिल्ली में 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। रविवार शाम पहलवानों ने जंतर-मंतर पर कैंडल मार्च निकाला। वहीं, बृजभूषण ने कहा कि मुझ पर एक भी आरोप साबित हुआ तो फांसी लगा लूंगा। 11 साल में मैंने देश में कुश्ती के लिए क्या कुछ नहीं किया।

4 महिला संगठनों ने भी पहलवानों के समर्थन में देशभर में प्रदर्शन की चेतावनी दी है। इनमें अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति (AIDWA), नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन वुमन (NFIW), प्रगतिशील महिला संगठन (PMS), आल इंडिया अग्रगामी महिला संगठन (AIAMS) शामिल हैं। इन संगठनों ने कहा है कि महिलाएं गांवों, बस्तियों और मोहल्लों में बैठकें करेंगी। लाखों लेटर पर साइन कराकर PM को भेजे जाएंगे।

भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी के लिए पहलवानों का दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना आज 15वें दिन भी जारी है। जंतर-मंतर पर रविवार को देशभर की खापों की महापंचायत भी हुई। साढ़े 4 घंटे चली इस महापंचायत में बृजभूषण की गिरफ्तारी के लिए सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया गया।

महापंचायत के बाद किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि रेसलर्स के धरने को 15 दिन हो गए। हम सरकार को 15 दिन और देते हैं। सरकार इस मसले का समाधान निकाले। यह समय 20 मई तक का है। हल न निकलने पर 21 मई को फिर महापंचायत होगी, जिसमें बड़े से बड़ा निर्णय लेने से पीछे नहीं हटेंगे। जरूरत पड़ी तो 20 मई के बाद ये आंदोलन देशभर में खड़ा किया जाएगा।

ये बेटियों का मामला, इसमें पॉलिटिक्स न करें
टिकैत ने कहा कि इस आंदोलन को खिलाड़ियों की कमेटी ही चलाएगी, मगर अब हर खाप रोजाना अपने 11-11 आदमी पहलवानों के समर्थन में जंतर-मंतर पर भेजेगी। यह लोग सुबह से शाम तक खिलाड़ियों के साथ रहेंगे। यह बेटियों का मामला है। इसमें पॉलिटिक्स नहीं होनी चाहिए।

रविवार को जंतर-मंतर पर हुई खाप महापंचायत के बाद रेसलर साक्षी मलिक और विनेश फोगाट के सिर पर हाथ रखकर उनके आंदोलन को समर्थन देते खाप और किसान नेता।

किसान आंदोलन की ओर इशारा, विनेश बोली- फैसला मंजूर
टिकैत ने किसान आंदोलन की ओर इशारा करते हुए कहा कि हमारे पास आंदोलन चलाने का 13 महीने का सरकार का दिया हुआ सर्टिफिकेट है। उधर खाप महापंचायत के फैसले पर विनेश फोगाट ने कहा कि वह फैसले से सहमत हैं और खापों से बाहर नहीं हैं।

मार्च को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड पर
पहलवानों के समर्थन में जंतर-मंतर तक किसानों के मार्च के बीच दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड में रही। 2 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया। आने वाले लोगों के निजी वाहनों को दिल्ली में एंट्री दी गई, लेकिन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को बाहर ही रोक दिया गया। सिंघू बॉर्डर पर अर्धसैनिक बल की तैनाती रही।

वहीं टिकरी बॉर्डर, नांगलोई चौक, पीरागढ़ी चौक और मुंडका चौक पर अर्धसैनिक बल के साथ दिल्ली पुलिस के 200 जवानों ने मोर्चा संभाला। इसके अलावा 1300 से अधिक दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों को नई दिल्ली क्षेत्र में तैनात किया गया है। जंतर-मंतर पर एक मोबाइल CCTV कंट्रोल रूम 13 HD कैमरों से लैस तैनात किया गया।

जंतर-मंतर पर किसान भी पहुंचे
इससे पहले रविवार सुबह खाप महापंचायत के लिए पंजाब से किसान भी जंतर-मंतर पर पहुंचे। सुबह टिकरी बॉर्डर पर रोके जाने पर किसान नेताओं के साथ आई महिलाओं ने बैरिकेड्स हटा दिए। इसके बाद पुलिस ने इन्हें दिल्ली में एंट्री की मंजूरी दे दी। इसके बाद किसान बसों और छोटी गाड़ियों से जंतर-मंतर पहुंचे।

दिल्ली-टिकरी बॉर्डर पर रविवार को महिलाओं ने बैरिकेड्स तोड़ दिए। वे जंतर-मंतर की ओर रवाना हुईं, जहां रेसलर्स धरना दे रहे हैं।

बृजभूषण ने वीडियो मैसेज जारी किया- बच्चे गलती करते हैं, आप लोग मत करिए
WFI अध्यक्ष बृजभूषण ने खाप महापंचायत से पहले वीडियो मैसेज जारी किया। उन्होंने कहा, “खाप के मेरे चाचा-ताऊ, मैं आपको दिल्ली आने से नहीं रोक रहा, लेकिन जिस दिन दिल्ली पुलिस की जांच पूरी होगी और अगर मैं दोषी पाया गया तो मैं आप सब के बीच खुद आऊंगा। आप सब जूते मार-मार कर मेरी हत्या कर देना।

आपसे भी विनती है कि आपके गांव से कोई बच्चा, महिला, लड़की कुश्ती खेलती हो तो उन्हें 1 मिनट के लिए अकेले में ले जाकर पूछ लेना कि बृजभूषण पर जो आरोप लगे हैं, क्या वो ऐसा ही है? आपसे यही कहना चाहता हूं कि बच्चे गलती करते हैं, आप न करो।”

महापंचायत के लिए जाती महिलाओं के फोटो…

जंतर-मंतर पर महापंचायत में शामिल होने जा रही पंजाब की महिलाओं को दिल्ली पुलिस ने टिकरी बॉर्डर पर रोक लिया। इसके बाद महिलाओं ने बैरिकेड हटाए और आगे बढ़ गईं।

जंतर-मंतर पर महापंचायत में शामिल होने के लिए पंजाब से महिलाएं बसों में पहुंचीं।

टिकरी बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस रविवार सुबह से ही वाहनों की चेकिंग करती रही।

राहुल गांधी पर एस. जयशंकर का तंज, बोले- वे चीन पर चीनी राजदूत से क्लास लेते हैं
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने फॉरेन पॉलिसी को लेकर राहुल गांधी पर तंज कसा। एक कार्यक्रम में जब जयशंकर से पूछा गया कि राहुल गांधी कहते हैं कि आप चीन से खतरे को नहीं समझते। इस पर उन्होंने कहा कि मैं राहुल से चीन पर क्लास लेना चाहता था, लेकिन बाद में पता चला कि वे खुद चीनी राजदूत से क्लास ले रहे थे। जयशंकर ने कहा कि कुछ मुद्दों पर हमें जिम्मेदारी से व्यवहार करना चाहिए।

दूसरे सवाल के जवाब में जयशंकर ने कहा, ‘पाकिस्तान के विदेश मंत्री को SCO के फॉरेन मिनिस्टर्स की मीटिंग में हिस्सा लेने के लिए इनवाइट किया गया था। लेकिन अगर आप SCO मीटिंग के बाहर उनके सार्वजनिक बयानों को देखें, तो उन्होंने SCO के बारे में कुछ भी नहीं कहा, सिर्फ G20, कश्मीर, और BBC डॉक्यूमेंट्री के बारे में बात की। मैं एक होस्ट के तौर पर क्या करता? अगर मेरे पास अच्छा गेस्ट है, तो मैं एक अच्छा होस्ट हूं, लेकिन…’ इतना कहते ही ऑडियंस ने तालियां बजाना शुरू कर दिया।
मणिपुर हिंसा पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, 23 हजार से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया गया

मणिपुर हिंसा की जांच के लिए SIT बनाने की मांग वाली याचिका पर चीफ जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ की अगुआई वाली बेंच आज सुनवाई करेगी। ये याचिका एक आदिवासी संस्था ने दाखिल की है। देश के बाकी राज्यों ने मणिपुर में मौजूद अपने छात्रों को रेस्क्यू करने की मुहिम तेज कर दी है। रविवार को नगालैंड ने 676, सिक्किम ने 128 और महाराष्ट्र ने 22 लोगों को मणिपुर से निकाला है।मणिपुर हिंसा में अब तक 54 लोगों की मौत हो चुकी है।

मणिपुर में हिंसा अब थम चुकी है। हालांकि हालात सामान्य होने में अभी वक्त लगेगा। चूराचांदपुर जिले में रविवार सुबह 7 बजे से 10 बजे तक के लिए कर्फ्यू हटाया गया, ताकि लोग अपनी जरूरत का सामान खरीद सकें। 10 बजते ही सेना और असम राइफल्स ने पूरे जिले में फ्लैग मार्च किया। 27 अप्रैल को चूराचांदपुर जिले से ही हिंसा शुरू हुई थी, जो पूरे राज्य में फैल गई।

इस हिंसा में अब तक 54 लोगों की मौत हो चुकी है। 100 से ज्यादा लोग घायल हैं। सेना के मुताबिक, अब तक सभी समुदायों के 23 हजार से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू कर सैन्य कैंप में भेजा गया है। राज्य में सुरक्षाबलों की 14 कंपनी तैनात की गई हैं। केंद्र सरकार 20 और कंपनी राज्य में भेजने वाली है।

देश के बाकी राज्यों ने मणिपुर में मौजूद अपने छात्रों को रेस्क्यू करने की मुहिम तेज कर दी है। रविवार को नगालैंड ने 676, सिक्किम ने 128 और महाराष्ट्र ने 22 लोगों को मणिपुर से निकाला।

राज्य के लोगों को रेस्क्यू करके आर्मी कैंप ले जाते सैनिक।

भाजपा विधायक बोले- जनजाति नहीं है मैतेई समुदाय
भाजपा विधायक डिंगांगलुंग गंगमेई ने कहा है कि मैतेई समुदाय एक जनजाति नहीं है और इसे कभी इस रूप में मान्यता भी नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि ये आदेश देना हाईकोर्ट के अधिकार क्षेत्र में नहीं है। इस पर सिर्फ राज्य सरकार फैसला ले सकती है। ये आदेश अवैध है और इसे रद्द किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट को यह समझना चाहिए था कि ये राजनीतिक मुद्दा है और इसमें हाईकोर्ट की कोई भूमिका नहीं है। हाईकोर्ट के इस फैसले से आदिवासियों के बीच गलतफहमी पनपी और तनाव बढ़ा। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से हाईकोर्ट के इस आदेश पर स्टे लगाने की मांग की है।

उपद्रवियों द्वारा उनके घरों को जलाए जाने के बाद कई लोगों ने मणिपुर के मोइरांग में एक शेल्टर होम में शरण ली है।

मणिपुर CM ने की ऑल पार्टी मीटिंग
मणिपुर के CM एन बीरेन सिंह ने राज्य में हालात को संभालने के लिए शनिवार को ऑल पार्टी मीटिंग की थी। मीटिंग में उन्होंने कहा कि सभी लोग पार्टी लाइन से हटकर तनाव को कम करने और स्थिति सामान्य करने के लिए काम करें। सभी लोगों ने इस पर सहमति भी जताई।

3 अप्रैल को आदिवासियों के मार्च में हजारों लोग शामिल हुए थे, इसी के बाद हिंसा भड़की थी।

राज्य में NEET एग्जाम पोस्टपोन
राज्य के हालात को देखते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने राज्य में NEET-UG के एग्जाम पोस्टपोन कर दिए हैं। जिन स्टूडेंट्स को मणिपुर सेंटर मिला है उनके एग्जाम बाद में होंगे। राज्य के 11 सौ लोग असम में शरण लिए हुए हैं। भारत-म्यांमार सीमा पर हवाई निगरानी भी की जा रही है।

शुक्रवार को मोबाइल इंटरनेट पर बैन लगा दिया गया था। दंगाइयों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए थे। साथ ही मणिपुर जाने वाली ट्रेनों को रोक दिया गया। हिंसा को देखते हुए राज्य के 16 में से 8 जिलों में कर्फ्यू लगाया गया था। अब धीरे-धीरे इन इलाकों में कर्फ्यू में ढील दी जा रही है।

राज्य में कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं, अब तक 13 हजार लोगों को कैंपों में पहुंचाया गया है।

4 प्वाइंट्स में जानिए, पूरा विवाद…

मणिपुर में आधी आबादी मैतेई समुदाय की
मणिपुर की लगभग 38 लाख की आबादी में से आधे से ज्यादा मैतेई समुदाय के लोग हैं। मणिपुर के लगभग 10% क्षेत्रफल में फैली इंफाल घाटी मैतेई समुदाय बहुल है। हाल ही में मणिपुर हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को मैतेई समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) में शामिल करने पर विचार करने के आदेश जारी किए हैं।

मैतेई समुदाय आरक्षण क्यों मांग रहा है
मैतेई समुदाय के लोगों का तर्क है कि 1949 में भारतीय संघ में विलय से पूर्व उन्हें रियासतकाल में जनजाति का दर्जा प्राप्त था। पिछले 70 साल में मैतेई आबादी 62 फीसदी से घटकर लगभग 50 फीसदी के आसपास रह गई है। अपनी सांस्कृतिक पहचान के लिए मैतेई समुदाय आरक्षण मांग रहा है।

नगा-कुकी जनजाति आरक्षण के विरोध में
मणिपुर की नगा और कुकी जनजाति मैतेई समुदाय को आरक्षण देने के विरोध में हैं। राज्य के 90% क्षेत्र में रहने वाला नगा और कुकी राज्य की आबादी का 34% हैं। इनका कहना है कि राज्य की 60 में से 40 विधानसभा सीट पहले से मैतेई बहुल इंफाल घाटी में हैं। राजनीतिक रूप से मैतेई समुदाय का पहले से ही मणिपुर में दबदबा है। नगा और कुकी जनजातियों को आशंका है कि एसटी वर्ग में मैतेई को आरक्षण मिलने से उनके अधिकारों में बंटवारा होगा। मौजूदा कानून के अनुसार मैतेई समुदाय को राज्य के पहाड़ी इलाकों में बसने की इजाजत नहीं है।

हालिया हिंसा का कारण आरक्षण ही मुद्दा
मणिपुर में हालिया हिंसा का कारण मैतेई आरक्षण को माना जा सकता है, लेकिन पिछले साल अगस्त में मुख्यमंत्री बीरेन सिंह की सरकार ने चूराचांदपुर के वनक्षेत्र में बसे नगा और कुकी जनजाति को घुसपैठिए बताते हुए वहां से निकालने के आदेश दिए थे। इससे नगा-कुकी नाराज चल रहे थे। मैतेई हिंदू धर्मावलंबी हैं, जबकि एसटी वर्ग के अधिकांश नगा और कुकी ईसाई धर्म को मानने वाले हैं।

रिपब्लिक डे 2024 पर ऑल वुमन परेड, रक्षा मंत्रालय ने आर्म्ड फोर्सेस को चिट्‌ठी लिखी
अगले साल कर्तव्य पथ पर होने वाली रिपब्लिक डे परेड में सिर्फ महिलाएं मार्च कर सकती हैं। केंद्र सरकार ने पिछले कुछ साल में आर्म्ड फोर्सेस में जेंडर इक्वलिटी को बढ़ावा देने के लिए महिलाओं को कमान देने और भविष्य की लीडरशिप के लिए उन्हें तैयार करने के मकसद से कई बड़े फैसले लिए हैं। पिछले महीने 29 अप्रैल को पांच महिला अधिकारियों को आर्टिलरी रेजिमेंट में शामिल किया गया है।

इन्हें पाकिस्तान और चीन की सीमा पर नियुक्त किया गया है। इस साल 26 जनवरी 2023 को आयोजित 74वें गणतंत्र दिवस परेड में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और त्रिपुरा की झांकी में ‘नारी शक्ति’ प्रमुख थीम रखी थी। पहली बार नौसेना की टुकड़ी के 144 सेलर्स का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कमांडर दिशा अमृत ने किया। 3 महिला और 6 पुरुष अग्निवीर पहली बार कर्तव्य पथ पर नजर आए थे।
12 साल बाद अरब लीग में सीरिया की वापसी, 19 मई को सऊदी में होगी लीग की मीटिंग

मिस्र की राजधानी काहिरा में अरब लीग के 13 सदस्य देशों ने सीरिया की वापसी के पक्ष में वोटिंग की। इसके साथ ही 12 साल बाद अरब लीग में सीरिया की वापसी हो गई। हालांकि इस वोटिंग में 8 सदस्य देशों के विदेश मंत्री शामिल नहीं हुए। कतर समेत कुछ देश खिलाफ थे। मार्च 2011 में सीरिया में हुए सिविल वॉर में 40 हजार लोग और सैनिक मारे गए थे। जिसके बाद सीरिया की सदस्यता छिन गई थी।

अरब लीग वास्तव में अरब और अफ्रीकी देशों का संगठन है। 22 मार्च 1945 में इसका गठन हुआ। तब 6 देश सदस्य थे, अब लीग में कुल 22 सदस्य हैं। हेडक्वॉर्टर मिस्र की राजधानी काहिरा में है। हर साल मार्च और सितंबर में दो मीटिंग होती हैं। 19 मई को सऊदी अरब के रियाद में अरब लीग की मीटिंग होगी। इसमें सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद भी शिरकत कर सकते हैं।

 प्रेमी युगल ने जहर खाकर दे दी जान, युवती ने मरने से पहले किया था भाई को फोन

इंदौर: इंदौर में एक प्रेमी युगल ने जहर खाकर अपनी जान दे दी,शहर के विजयनगर में सेवन हेवल होटल में इस प्रेमी युगल ने कमरा बुक किया था,जहां दोनों ने जहर खा लिया,युवती ने जहर खाने के बाद अपने भाई को मोबाइल पर बताया कि हमने जहर खा लिया है,यहां आकर हमे बचा लो,मोबाइल पर बात होने के बाद वो विजयनगर की सभी होटलें तलाशने लगा।

लव जिहाद के जरिए पूरी दुनिया का आतंकित कर रहा आतंकवाद: कैलाश विजयवर्गीय

देश भर में चर्चा का विषय बनी द केरल स्टोरी फिल्म को बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ देखने पहुंचे। उनके साथ बीजेपी विधायक रमेश मेंदोला और आकाश विजयवर्गीय भी थे। उन्होंने कहा कि आजकल ऐसी फिल्में जो सत्य घटना के माध्यम से बनतीं है। ये मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद ही संभव हो सका है। पहले कश्मीर फाइल्स बनी और अब ये केरल की वास्तविक स्थिति को फिल्मांकित किया गया है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद जो लव जिहाद के माध्यम से सारी दुनिया को आतंकित कर रहा है, इस फिल्म में दिखाया गया है।

कर्नाटक चुनाव को प्रभावित करने के लिए बनाई गई द केरला स्टोरी: कांग्रेस विधायक

जामताड़ा: द केरला स्टोरी फिल्म को भाजपा के लोगों की ओर से प्रमोट किए जाने पर जामताड़ा से कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सिर्फ चुनाव को प्रभावित करने के लिए इस फिल्म को बनाया गया है। इस फिल्म के निर्देशक ने सुप्रीम कोर्ट में माफी भी मांगी है क्योंकि इसमें 35000 धर्मांतरण की बात कहीं जा रही है। मुसलमानों को आतंकवादी दर्शाया जा रहा है। यह फिल्म केवल कर्नाटक चुनाव को प्रभावित करने के लिए बनाया गया है।

Exit mobile version