मौसम विभाग ने कर्नाटक में राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। दिल्ली-एनसीआर में हल्के बादल छाए रहने का अनुमान है। दिन के वक्त तेज हवाएं चलेंगी।महिला पहलवान को बृजभूषण के घर लाया गया:पुलिस ने क्राइम सीन रीक्रिएट किया; मणिपुर में BJP विधायक के घर बम ब्लास्ट इधर, केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर बीजेपी का महा जनसंपर्क अभियान जारी है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को आंध्र प्रदेश का दौरा करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुजरात और महाराष्ट्र में जनसभाएं करेंगे। वहीं, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथे दिन का खेल होगा। ऑस्ट्रेलिया ने भारत पर 296 रनों की बढ़त ले रखी है।
WFI के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण से जुड़ी रही। पुलिस उनके घर पर एक महिला पहलवान को लेकर पहुंची और क्राइम सीन को रीक्रिएट किया। वहीं, मणिपुर में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। भाजपा विधायक के घर पर कुछ लोगों ने बम फेंका।
आज के प्रमुख इवेंट्स
- महाराष्ट्र के नांदेड़ में गृहमंत्री अमित शाह एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस रैली से नांदेड़ में भाजपा के जनसंपर्क अभियान की शुरुआत होगी, जो 30 जून तक चलेगा। नांदेड़ सिखों के लिए पवित्र स्थल है, क्योंकि यहीं गुरु गोबिंद सिंह ने अपने जीवन का आखिरी समय गुजारा था। अमित शाह यहां गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों के साथ भी मीटिंग करेंगे।
- जबलपुर से गिरफ्तार किए गए ISIS के 3 संदिग्धों को भोपाल की स्पेशल NIA कोर्ट में पेश किया जाएगा। पिछली सुनवाई में इनकी रिमांड 10 जून तक के लिए बढ़ा दी गई थी। तीनों आरोपियों पर ISIS का प्रचार करने, युवाओं को बरगलाने और गोला-बारूद रखने के आरोप हैं।
- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आंध्र प्रदेश के तिरुपति जाएंगे। बालाजी मंदिर में पूजा करने के बाद नड्डा एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसमें वे 9 साल में मोदी सरकार द्वारा किए गए कामों को बताएंगे।
इंटरनेशनल रेफरी का दावा- नशे में बृजभूषण ने महिला पहलवानों को गलत जगह छुआ
यह वीडियो बृजभूषण के घर के बाहर का है। इसमें पुलिस टीम के साथ एक महिला पहलवान नजर आ रही है, जिसे क्राइम सीन पर ले जाया गया था।
भाजपा सांसद और WFI के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ यौन शोषण के आरोपों की जांच जारी है। उनके घर दिल्ली पुलिस एक महिला पहलवान को लेकर पहुंची। बताया गया कि यहां एक क्राइम सीन रीक्रिएट किया जाना था, जिससे जांच में मदद मिलेगी।
इधर, इंटरनेशनल रेफरी जगबीर सिंह ने पुलिस को बृजभूषण के खिलाफ बयान दिया है। उन्होंने कहा कि 2013 में बृजभूषण शराब के नशे में थे। इस दौरान उन्होंने बच्चियों को उन जगहों पर छुआ, जहां नहीं छूना चाहिए था।
बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट ने कहा- महिला पहलवान पुलिस इन्वेस्टीगेशन के लिए क्राइम सीन पर गई थीं, लेकिन मीडिया में बताया गया कि वे समझौता करने गई हैं। बृजभूषण की यही ताकत है। वह बाहुबल, राजनीतिक ताकत और झूठे नैरेटिव चलवाकर महिला पहलवानों को परेशान कर रहा है। उसकी गिरफ्तारी जरूरी है।
इधर, सांसद बृजभूषण सिंह से जब जांच के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा- मेरे पास कोई नहीं आया।
जिस कार में महिला पहलवान बृजभूषण के घर पहुंची हैं, उसी में सवार होकर तीन दिन पहले पहलवान खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से मिलने पहुंचे थे।
इंटरनेशनल रेफरी बोले- बृजभूषण ने शराब पीकर बच्चियों को गलत जगह छुआ
इस बीच, एक इंटरनेशनल रेफरी जगबीर सिंह ने दिल्ली पुलिस को दिए बयान में कहा कि इवेंट में बृजभूषण पहलवानों को छू रहे थे। महिला रेसलर असहज नजर आ रही थी। उसने बृजभूषण को धक्का भी दिया था। ऐसा लगता है कि उस दिन कुछ तो गलत हुआ।
दूसरी घटना का जिक्र करते हुए बताया कि 2013 में जूनियर एशिया चैंपियनशिप की बात है, जो फुकेट थाईलैंड में खेली गई थी। वहां भी बृजभूषण और उसके साथियों ने शराब के नशे में बच्चियों को उन जगह छुआ था, जहां से नहीं छूना चाहिए था। उस घटना से पहले बृजभूषण ने बच्चियों को इंडियन फूड खिलाने की बात कही थी, लेकिन डिनर से पहले बृजभूषण और उनके साथियों ने शराब पी थी।
बृजभूषण के खिलाफ 6 महिला पहलवानों ने यौन शोषण का केस दर्ज कराया था। दिल्ली पुलिस ने 2 महिला रेसलर, एक इंटरनेशनल रेफरी और एक कोच के बयान दर्ज किए हैं।
गोल्ड मेडलिस्ट ने 2 पहलवानों के दावों की पुष्टि की
दिल्ली पुलिस को दिए बयान में 2010 की कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट अनीता ने भी पहलवानों के दावों की पुष्टि की। अनीता ने कहा- महिला पहलवान ने बताया था कि बृजभूषण ने उसे कमरे में बुलाकर जबरन गले लगाया। वो पहलवान मेरे आगे रो पड़ी थी।
बयान बदलने के बाद नाबालिग पहलवान के पिता बोले- बदला लेने के लिए केस किया
बृजभूषण सिंह पर लगाए यौन शोषण के आरोपों को वापस लेने वाली नाबालिग पहलवान के पिता ने कहा है कि उन्होंने यौन शोषण की झूठी शिकायत दर्ज कराई थी। बेटी के साथ हुए कथित अन्याय का बदला लेने के लिए उन्होंने ऐसा किया। नाबालिग पहलवान के पिता ने न्यूज एजेंसी से कहा- अच्छा यही है कि सच कोर्ट की बजाय अभी सामने आ जाए। सरकार ने मेरी बेटी के मामले में निष्पक्ष जांच करने का वादा किया है। इसलिए मैं अपनी गलती सुधार रहा हूं।
एशियाई खेलों के ट्रायल में हिस्सा लेना चाहते हैं रेसलर्स
पहलवान इस महीने होने वाले एशियाई खेलों के चयन ट्रायल में भाग लेना चाहते हैं। एशियाई खेल 23 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चीन के हांगझोउ में होने हैं। साक्षी मलिक के पति और अंतरराष्ट्रीय पहलवान सत्यव्रत कादियान ने कहा- हम चयन ट्रायल में हिस्सा लेना चाहते हैं, लेकिन इसकी तैयारी के लिए हमें कम से कम डेढ़ महीने के प्रशिक्षण की जरूरत है।
ओडिशा रेल हादसे के बाद गिराया गया स्कूल का एक हिस्सा, यहां रखी गई थीं लाशें
ओडिशा में स्कूल के उस हिस्से को गिराया जा रहा है, जहां ट्रेन हादसे के बाद मृतकों के शवों को रखा गया था। स्कूल प्रशासन का कहना है कि बच्चे और टीचर्स यहां आने से डर रहे हैं। इसी वजह से बिल्डिंग को गिराकर दोबारा बनाया जाएगा। स्कूल खुलने से पहले इसका शुद्धीकरण भी करवाया जाएगा।
स्कूल की प्रिंसिपल प्रमिला ने कहा कि स्कूल में करीब 650 बच्चे पढ़ते हैं। सभी बच्चे डरे हुए हैं। उनके डर को खत्म करने के लिए इसे दोबारा बनाया जा रहा है। इसके साथ ही नई बिल्डिंग बनने के बाद पूजा-पाठ भी करवाया जाएगा। इससे बच्चों का डर खत्म होगा।
मणिपुर में हिंसा से फिर 3 की मौत, भाजपा विधायक के घर पर दो लोगों ने बम फेंका
8 जून की यह घटना CCTV में कैद हो गई। इसमें एक बाइक में दो आरोपी दिख रहे हैं, जिन्होंने भाजपा विधायक के घर पर बम फेंका।
मणिपुर में 3 मई से चल रही हिंसा अभी भी जारी है। इस हिंसा में शुक्रवार को अलग-अलग जगहों पर तीन लोगों की मौत हो गई। CBI ने मणिपुर हिंसा के संबंध में 6 केस दर्ज किए हैं। जांच के लिए SIT बनाई गई है, जिसमें 10 मेंबर होंगे।
CBI ने मणिपुर हिंसा के संबंध में 6 केस दर्ज किए। जांच के लिए SIT बनाई है, इसमें 10 सदस्य हैं।
बीते 24 घंटों में मणिपुर के इंफाल ईस्ट, काकचिंग, टेंग्नौपाल और बिष्णुपुर जिलों में 57 हथियार, 1,588 गोला-बारूद और 23 बम बरामद किए हुए हैं। हिंसा के बाद से अब तक राज्य में कुल 953 हथियार, 13,351 गोला बारूद और 223 बम बरामद किए गए हैं।
इधर, सुप्रीम कोर्ट की वैकेशनल बेंच ने राज्य में 3 मई से लगे इंटरनेट बैन पर फौरन सुनवाई से इनकार कर दिया। जस्टिस अनिरुद्ध बोस और जस्टिस राजेश बिंदल की बेंच ने कहा कि मामला पहले से हाईकोर्ट में है। इस पर सुनवाई होने दें। याचिका एडवोकेट चोंगथम विक्टर सिंह और बिजनेसमैन मायेंगबाम जेम्स ने दायर की थी।
इधर, गुरुवार देर रात दो लोगों ने इंफाल में भाजपा विधायक सोराईसाम केबी के घर बम से हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, दो लोग बाइक से आए और उन्होंने खुले गेट के अंदर IED बम फेंक दिया। जिसके बाद तेज धमाका हुआ। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
यह तस्वीर विधायक केबी के घर की है। बम ब्लास्ट के बाद पुलिस टीम अंदर जांच कर रही है।
विधायक ने कहा- बम के बिना मुद्दे को सुलझाएं
विधायक सोराईसाम केबी ने मीडिया से कहा, यह बेहद अपमानजनक और परेशान करने वाला है कि राज्य में व्याप्त अशांति के बीच मेरे घर पर इस तरह का विस्फोट हुआ।
उन्होंने इस घटना के पीछे के लोगों से अपील की कि वे भविष्य में कहीं भी इस तरह की गतिविधियों को न दोहराएं। विधायक ने आगे कहा, हम सभी इंसान हैं और दोनों समुदायों के बीच जो भी मनमुटाव है उसे बम के बिना सुलझाया जा सकता है।
28 मई को कांग्रेस विधायक के घर लगाई गई थी आग
मणिपुर में पिछले 10 दिनों में विधायक के घर पर यह दूसरा हमला है। इससे पहले 28 मई को कांग्रेस विधायक रंजीत सिंह के सेरो गांव स्थित घर पर हमला हुआ था। कुछ लोग सेरो गांव में आए और उन्होंने विधायक रंजीत के घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी।विधायक और उनका परिवार बाल-बाल बच गया। हिंसक भीड़ ने कई घरों को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान करीब 100 घरों में आग लगाई गई थी।
गृहमंत्री कर चुके मणिपुर का दौरा
मणिपुर में हिंसा को लेकर CM से लेकर गृहमंत्री तक कई राउंड की बैठकें कर चुके हैं। गृहमंत्री अमित शाह 29 मई से एक जून तक मणिपुर के दौरे पर थे। उन्होंने दोनों समुदाय के लोगों से शांति बनाए रखने की बात भी की थी।
शाह ने 1 जून को प्रेस कॉन्फ्रेंस में लोगों से हथियार सरेंडर करने की अपील की थी। इसके बाद उपद्रवियों ने 144 हथियार और 11 मैगजीन सरेंडर किए थे। इनमें SLR 29, कार्बाइन, AK, इंसास राइफल, इंसास LMG, M16 राइफल जैसी हाईटेक राइफल्स और ग्रेनेड सरेंडर किए गए थे।
सेना का सर्च ऑपरेशन, बरामद किए हथियार
मणिपुर के पहाड़ी और घाटी इलाके में सेना का सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। बुधवार को एक जॉइंट कॉम्बिंग ऑपरेशन में सेना के जवानों और पुलिस बल ने 29 हथियार बरामद किए हैं।
सेना की स्पीयर कोर विंग ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। बरामद हथियारों में ज्यादातर ऑटोमैटिक हथियार हैं। वहीं कुछ मोर्टार, हैंडग्रेनेड और जंगी सामान भी बरामद किया गया है।
इससे पहले मंगलवार को मणिपुर सरकार के सिक्योरिटी एडवाइजर कुलदीप सिंह ने बताया था कि पिछले 24 घंटों के दौरान इंफाल ईस्ट के पोरोमपत और काकचिंग जिले के सुगनू से कुल 57 हथियार, 318 गोला बारूद और पांच बम बरामद किए गए हैं।
सर्च ऑपरेशन में अब तक कुल 900 हथियार और 11,518 गोला-बारूद बरामद किए जा चुके हैं।
घाटी जिलों में 12 और पहाड़ी जिलों में 10 घंटे के लिए कर्फ्यू से ढील दी गई
मणिपुर के पांच घाटी जिलों में फिलहाल 12 घंटे और पहाड़ी जिलों में 8 से 10 घंटे के लिए कर्फ्यू में ढील दी गई है। छह अन्य पहाड़ी जिलों में कर्फ्यू नहीं है। NH-37 से जरूरी सामान की ट्रांसपोर्टिंग शुरू हो चुकी है।
बुधवार को 244 ट्रक इंफाल से जिरीबाम के लिए रवाना हुए थे। 212 लोडेड टैंकर और ट्रक जिरिबाम से रवाना हुए थे। वहीं, अब तक कुल 212 लोडेड वाहन नोनी से रवाना हुए हैं।
4 पॉइंट्स में जानिए, पूरा विवाद…
1. मणिपुर में आधी आबादी मैतेई समुदाय की
मणिपुर की लगभग 38 लाख की आबादी में से आधे से ज्यादा मैतेई समुदाय के लोग हैं। मणिपुर के लगभग 10% क्षेत्रफल में फैली इंफाल घाटी मैतेई समुदाय बहुल है। हाल ही में मणिपुर हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को मैतेई समुदाय को अनुसूचित जनजाति (ST) में शामिल करने पर विचार करने के आदेश जारी किए हैं।
2. मैतेई समुदाय आरक्षण क्यों मांग रहा है
मैतेई समुदाय के लोगों का तर्क है कि 1949 में भारतीय संघ में विलय से पूर्व उन्हें रियासतकाल में जनजाति का दर्जा प्राप्त था। पिछले 70 साल में मैतेई आबादी 62 फीसदी से घटकर लगभग 50 फीसदी के आसपास रह गई है। अपनी सांस्कृतिक पहचान के लिए मैतेई समुदाय आरक्षण मांग रहा है।
3. नगा-कुकी जनजाति आरक्षण के विरोध में
मणिपुर की नगा और कुकी जनजाति मैतेई समुदाय को आरक्षण देने के विरोध में हैं। राज्य के 90% क्षेत्र में रहने वाला नगा और कुकी राज्य की आबादी का 34% हैं। इनका कहना है कि राज्य की 60 में से 40 विधानसभा सीट पहले से मैतेई बहुल इंफाल घाटी में हैं। राजनीतिक रूप से मैतेई समुदाय का पहले से ही मणिपुर में दबदबा है।
नगा और कुकी जनजातियों को आशंका है कि ST वर्ग में मैतेई को आरक्षण मिलने से उनके अधिकारों में बंटवारा होगा। मौजूदा कानून के अनुसार मैतेई समुदाय को राज्य के पहाड़ी इलाकों में बसने की इजाजत नहीं है।
4. हालिया हिंसा का कारण आरक्षण मुद्दा
मणिपुर में हालिया हिंसा का कारण मैतेई आरक्षण को माना जा सकता है। पिछले साल अगस्त में मुख्यमंत्री बीरेन सिंह की सरकार ने चूराचांदपुर के वनक्षेत्र में बसे नगा और कुकी जनजाति को घुसपैठिए बताते हुए वहां से निकालने के आदेश दिए थे। इससे नगा-कुकी नाराज चल रहे थे। मैतेई हिंदू धर्मावलंबी हैं, जबकि ST वर्ग के अधिकांश नगा और कुकी ईसाई धर्म को मानने वाले हैं।
पहले कम उम्र में बच्चे को जन्म देती थी लड़कियां, मनुस्मृति में इसका जिक्र: गुजरात हाईकोर्ट
गुजरात हाईकोर्ट ने 17 साल की नाबालिग रेप पीड़िता को एबॉर्शन की परमीशन देने से मना कर दिया। कोर्ट ने कहा कि अगर लड़की और भ्रूण दोनों स्वस्थ हैं तो इसकी परमिशन नहीं दी जा सकती।अगर लड़की को कोई गंभीर बीमारी है तो एबॉर्शन करवाने पर विचार किया जा सकता है।
जस्टिस समीर दवे ने रेप विक्टिम के वकील से कहा कि अपनी मां या परदादी से पूछो। पहले 14-15 साल की उम्र तक शादी हो जाती थी और लड़कियां 17 साल में मां बन जाती थीं। इसका जिक्र मनुस्मृति में भी है। आपको एक बार मनुस्मृति पढ़नी चाहिए।
काठमांडू के मेयर ने जारी किया मैप, हिमाचल-बंगाल के कुछ हिस्सों को नेपाल का क्षेत्र बताया
यह तस्वीर काठमांडू के मेयर बालेंद्र शाह के ऑफिस की है। इसमें ग्रेटर नेपाल का मैप नजर आ रहा है, जिस चर्चा का विषय बना हुआ है।
नेपाल की राजधानी काठमांडू के मेयर बालेंद्र शाह ने ग्रेटर नेपाल का एक मैप जारी किया है। मैप में हिमाचल के पश्चिमी कांगड़ा से लेकर पश्चिम बंगाल में पूर्वी तीस्ता के क्षेत्र को ग्रेटर नेपाल का हिस्सा बताया गया है। मेयर शाह ने भारत की नई संसद में लगे अखंड भारत के नक्शे के विरोध में ऐसा किया है। नेपाल सरकार ने अभी इस पर कोई बयान नहीं दिया है।
नेपाल की संसद में सबसे बड़ी पार्टी नेपाली कांग्रेस के महासचिव गगन थापा ने गुरुवार को कहा- ‘ग्रेटर नेपाल’ के नक्शे को ऑफिशियली पब्लिश करना चाहिए। अगर भारत ने कल्चरल मैप पब्लिश किया है तो हमारे पास भी हक है कि हम ग्रेटर नेपाल का कल्चरल मैप पब्लिश करें। भारत को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
ये तस्वीर काठमांडू के मेयर बालेंद्र शाह की है। (फाइल फोटो)
PM प्रचंड बोले- भारत दौरे पर मोदी से चर्चा की थी, अखंड भारत महज सांस्कृतिक मैप
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने अखंड भारत के नक्शे पर भारत का साथ दिया। थापा के बयान पर उन्होंने संसद में कहा- मैंने भारत यात्रा के दौरान अखंड भारत के नक्शे का मुद्दा उठाया था। तब भारत ने मुझे बताया कि ये सिर्फ एक सांस्कृतिक मैप है, जो इतिहास दिखा रहा है। इसे राजनीतिक तौर पर न देखा जाए।
दरअसल, नेपाल में अब भी कई लोग ग्रेटर नेपाल के हिस्सों को वापस लेने की मांग करते रहते हैं। यहां राष्ट्रवादी कार्यकर्ता फणींद्र नेपाल लंबे समय से अखंड नेपाल के लिए प्रचार कर रहे हैं। नेपाल के कुछ दलों के नेताओं का कहना है कि उसका, जो हिस्सा सालों पहले भारत में मिला लिया गया था, उसे अब लौटा दिया जाना चाहिए।
फुटेज में नेपाल के PM प्रचंड भारत यात्रा के दौरान PM मोदी से मिलते नजर आ रहे हैं।
जयशंकर बोले- अखंड भारत का नक्शा अशोक साम्राज्य को दिखाता है
अखंड भारत के नक्शे पर जारी विरोध के बीच गुरुवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर का बयान सामने आया था। जयशंकर ने कहा था- ये सिर्फ एक सांस्कृतिक नक्शा है जो असल में सम्राट अशोक के साम्राज्य को दिखाता है। इसका राजनीति से कोई लेनादेना नहीं है। नेपाल जैसे फ्रेंडली देश इस बात को समझ चुके हैं।
इससे पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा था कि नई संसद में लगा अखंड भारत का नक्शा अशोक साम्राज्य के विस्तार को दिखाता है। इसके लिए नक्शे के सामने एक बोर्ड लगाकर जानकारी भी दी गई है।
तस्वीर संसद के नए भवन की आर्ट गैलरी में लगे अखंड भारत के म्यूरल आर्ट की है।
5 पॉइंट में जानिए क्या है ग्रेटर नेपाल और ये भारत में कब शामिल हुआ
- आजादी से कई सालों पहले नेपाल का क्षेत्र काफी बड़ा था। ये ईस्ट में तीस्ता से लेकर वेस्ट में सतलुज तक फैला था। ब्रिटिशर्स के साथ लड़ाई के बाद नेपाल ने अपना एक बड़ा क्षेत्र खो दिया था।
- जंग के बाद मेची से तीस्ता और महाकाली से सतलुज तक के क्षेत्र को भारत में मिला लिया गया। 4 मार्च 1816 को नेपाल की तरफ से राजगुरु गजराज मिश्र और ईस्ट इंडिया कंपनी की तरफ से लेफ्टिनेंट कर्नल पेरिस ब्रेडश ने सुगौली संधि पर साइन किए थे।
- इसमें नेपाल के क्षेत्र को मेची-महाकाली तक कम कर दिया गया था। संधि के तहत वर्तमान नेपाल के 60% हिस्से के बराबर के क्षेत्र को भारत में मिला लिया गया था। हालांकि, इस संधि में नेपाल की सीमा तय नहीं हुई थी।
- इसका नतीजा ये हुआ कि आज भी 54 ऐसी जगहें हैं, जिनको लेकर दोनों देशों के बीच विवाद होता रहता है। फिलहाल नेपाल के साथ कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा के क्षेत्रों में सीमा विवाद है। ये वर्तमान में भारतीय सीमा में आते हैं, लेकिन नेपाल भी इन पर दावा करता है।
- नवंबर 2019 में भारत ने नेपाल के विरोध को नजरंदाज करते हुए एक मैप जारी किया था। इसमें तीनों विवादित क्षेत्र को देश का हिस्सा दिखाया गया था। इसके जवाब में नेपाल सरकार ने 2020 में विवादित क्षेत्र को अपना हिस्सा बताते हुए एक नया मैप जारी कर दिया था। इसके बाद दोनों देशों में तनाव बढ़ गया था।
मणिपुर के लिए 101 करोड़ का पैकेज
केंद्र सरकार ने हिंसा प्रभावित मणिपुर में विस्थापितों के लिए 101.75 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की मंजूरी दी है। राज्य सरकार के सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह ने बताया कि मणिपुर में स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है और पिछले 48 घंटों में राज्य में हिंसा की कोई घटना नहीं हुई है।
रूस में फंसे यात्रियों के पैसे वापस होंगे
एयर इंडिया ने कहा कि वह रूस में फंसी फ्लाइट के यात्रियों के टिकट का पैसा वापस करेगी। एक वाउचर भी दिया जाएगा। एयर इंडिया फ्लाइट ने 6 जून को सैनफ्रांसिस्को के लिए उड़ान भरी थी, पर रूस में उतारना पड़ा था। फंसे यात्रियों के लिए एयर इंडिया ने फ्लाइट भेजी जो गुरुवार को यात्रियों को लेकर सैनफ्रांसिस्को पहुंची।
ताने सहे-अपमान झेला और टीम से किए गए बाहर, 512 दिन बाद वापसी और बचाई भारत की इज्जत
लंदन: टेस्ट क्रिकेट में लंबे वक्त तक बैटिंग करने में एकाग्रता की जरूरत होती है, यह एक स्किल है। पिछली गेंद के बाद अगली बॉल का सामना करने के लिए आप खुद को कैसे तैयार करते हैं यह चैलेंज है। विपरित हालातों में खुद को ढालना होता है। हालातों से समझौता न कर लड़ना होता है और अजिंक्य रहाणे ऐसे ही किसी योद्धा की तरह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में किला बचाते नजर आए। ओवल ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया के जिन तेज गेंदबाजों के सामने हमारे टॉप-4 स्टार बल्लेबाजों ने सरेंडर कर दिया, वहीं दो साल से टीम से बाहर चल रहे रहाणे अकेले डटे रहे। भले ही 89 रन बनाकर शतक से चूक गए, लेकिन भारत की मैच में वापसी जरूर करवा दी।

