दमन के हथियावल इलाके में एक वाहन निर्माण कंपनी रावलवासिया यार्न डाइंग प्राइवेट लिमिटेड में आग लगी है। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की करीब 15 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। प्रियंका बोलीं- राहुल देश के लिए गोली खाने को तैयारमहाराष्ट्र के गढ़चिरौली में 38 लाख के इनामी नक्सली को ढेर कर दिया गया है। पुलिस ने एनकाउंटर में इसे मार गिराया। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2023 (IPL 2023) में राजस्थान रॉयल्स (MI vs RR) के खिलाफ सांस थामने वाले मुकाबले में जीत हासिल कर ली है।
प्रियंका गांधी ने कर्नाटक में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा कि मोदी जी को मेरे भाई राहुल से सीखना चाहिए। वह देश के लिए गाली क्या, गोली खाने को भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि मैंने पहली बार कोई ऐसा PM देखा है, जो जनता के पास आकर रोता है और कहता है कि मुझे गाली लग रही है। वे जनता का दुख सुनने की जगह अपना दुखड़ा सुनाते हैं।
उधर, पंजाब के लुधियाना में जहरीली गैस लीक होने से 11 लोगों की मौत हो गई। इसमें 2 बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि सीवरेज लाइन से अचानक जहरीली गैस निकलने लगी। इसके बाद लोग बेहोश होकर गिरने लगे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। मृतकों की बॉडी की जांच करने वाले डॉक्टर ने बताया कि दिमाग में जहर पहुंचने की वजह से मौतें हुईं।
1. रेसलर्स को पुलिस सुरक्षा मिली, विनेश फोगाट बोलीं- प्रताड़ना के बारे में PM को बताया था
दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवानों का धरना आठवें दिन भी जारी रहा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर महिला खिलाड़ियों को पुलिस सुरक्षा दी गई है। मामले में विनेश फोगाट ने कहा कि हमारे साथ हुई प्रताड़ना के बारे में साल 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बताया गया था। उन्होंने सब जल्द ठीक होने का आश्वासन देते हुए खेल मंत्री से मिलने को कहा था। हम खेल मंत्री से मिले तो 24 घंटे में सारी बातें बृजभूषण तक पहुंच गईं। इसके बाद हमें जान से मारने की धमकियां मिली। इतना टॉर्चर किया कि हम खुदकुशी कर लें।
उधर, WFI चीफ बृजभूषण सिंह ने कहा कि मेरे खिलाफ पूरी साजिश कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा और रेसलर बजरंग पुनिया ने रची है। उन्होंने दावा कि उनके पास एक ऑडियो है, जिसमें बजरंग पुनिया एक लड़की से बात कर रहे हैं। उससे कह रहे हैं कि किसी भी कीमत पर कोई लड़की उपलब्ध कराओ। हालांकि, उन्होंने ऑडियो को सार्वजनिक करने से इनकार कर दिया है।
2. नेवी चीफ ने चीन से युद्ध की आशंका जताई, कहा- उन्होंने हिंद महासागर में 6 जहाज तैनात किए
दिल्ली में ‘द चाणक्य कॉन्क्लेव’ के दौरान नेवी चीफ एडमिरल हरि कुमार ने चीन से युद्ध की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि चीन के जहाज पाकिस्तान समेत कई देशों के पोर्ट के पास मौजूद हैं। वैसे संघर्ष का खतरा बहुत कम है, लेकिन फिर भी हम युद्ध की आशंका से इनकार नहीं कर सकते। उन्होंने कहा हम हिंद महासागर क्षेत्र में पूरी नजर बनाए हुए हैं। हमारी कोशिश यह जानने की है कि वहां किसकी मौजूदगी है और वे क्या कर रहे हैं। हम विमान, ड्रोन, जहाज, पनडुब्बी भी तैनात कर रहे हैं।
नेवी चीफ ने कहा कि पाकिस्तानी नौसेना बहुत तेजी से डेवलप हो रही है और वह अपने बेड़े में लगातार नए वॉरशिप जोड़ रही है। वहीं, चीन ने 10 सालों में कई जहाजों और पनडुब्बियों को शामिल किया है। इसके अलावा चीन तीसरे एयरक्राफ्ट कैरियर पर भी काम कर रहा है। साथ ही कई बड़े विध्वंसक जहाज बना रहा है।
3. कर्नाटक में प्रियंका बोलीं- मेरे परिवार को जो गालियां दीं, उस पर किताब छप सकती है
कर्नाटक में प्रियंका गांधी ने चुनावी सभा के साथ रोड शो किया। उन्होंने कहा कि किसी ने प्रधानमंत्री जी के ऑफिस में बैठकर एक लिस्ट बनाई है। उस लिस्ट में जनता या किसानों की समस्याएं नहीं है। इस लिस्ट में ये जानकारी है कि मोदी जी को किसने और कितनी बार गाली दी। प्रियंका ने कहा कि मोदी जी को दी गई गालियां एक पेज में आ रही हैं। अगर मेरे परिवार को इन लोगों ने जो गालियां दी हैं, उसकी लिस्ट बनाएं तो कई किताबें छप सकती हैं। प्रियंका ने आगे कहा कि मोदी जी को हिम्मत रखनी चाहिए। ये सार्वजनिक जीवन है।
कर्नाटक में ही PM मोदी ने कहा था कि कांग्रेस ने मुझे गाली देने का पिटारा खोल दिया है। ये कांग्रेस के लोग मुझे सांप बुलाते हैं। सांप तो भगवान शिव की गले की माला है। मेरे लिए तो कर्नाटक और देश की जनता भगवान शिव के समान है।
4. पंजाब के लुधियाना में जहरीली गैस लीक से 11 लोगों की मौत, 2 बच्चे भी शामिल
पंजाब के लुधियाना में रविवार सुबह गैस लीकेज से 11 लोगों की मौत हो गई। हादसा ग्यासपुरा इंडस्ट्रियल एरिया के पास एक बिल्डिंग में हुआ। यहां पास से एक सीवरेज लाइन गुजरती है। सीवरेज से पानी आगे नहीं जा रहा था। एक युवक ने सीवरेज लाइन में डंडे मारे ताकि पानी निकल जाए। पाइपलाइन में पहला डंडा मारते ही युवक वहीं गिर पड़ा। उसके बाद गैस फैलनी शुरू हो गई। मौके पर सबसे पहले शिवम और अरविंद पहुंचे।
उन्होंने दैनिक भास्कर को बताया कि जब वह घटनास्थल के पास पहुंचे तो एक साथ 7 लोग जमीन पर पड़े नजर आए। कुछ लोग मदद के लिए पुकार रहे थे, लेकिन वहां की हवा में सांस लेना इतना मुश्किल हो चुका था कि दिमाग सुन्न सा हो गया। किसी तरह हिम्मत जुटाकर मुंह पर रुमाल वगैरह बांधा। अगर ऐसा नहीं करते तो हम भी वहीं पड़े मिलते। अभी भी 4 लोग अस्पताल में भर्ती हैं।
5. PM बोले- ‘मन की बात’ के दौरान कई बार भावुक हुआ, दोबारा रिकॉर्डिंग करनी पड़ी
PM मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 100 एपिसोड पूरे हो गए। इसे पहली बार 3 अक्टूबर 2014 को प्रसारित किया गया था। हर महीने के अंतिम रविवार को PM मोदी इसके जरिए मन की बात करते हैं। 100वें एपिसोड को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा ने खूब तैयारियां कीं। यह एपिसोड आकाशवाणी के अलावा टीवी चैनलों और निजी रेडियो स्टेशनों सहित एक हजार से ज्यादा प्लेटफॉर्म पर ब्रॉडकास्ट किया गया। इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र के न्यूयॉर्क स्थित हेडक्वार्टर पर इसे सुना गया।
100वें एपिसोड में PM मोदी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम नहीं, यह मेरे लिए आस्था, पूजा और व्रत है। जैसे लोग ईश्वर की पूजा करने जाते हैं तो प्रसाद की थाल लाते हैं। मन की बात ईश्वर रूपी जनता जनार्दन के चरणों में प्रसाद की थाल जैसे है। PM मोदी ने कहा कि इस प्रोग्राम की रिकार्डिंग के दौरान मैं इतना भावुक हो गया था कि कई बार रिकॉर्डिंग रोकनी पड़ी। मेरे लिए ये सफर बेहद खास और महत्वपूर्ण है।
PM की 5 बड़ी बातें…
1. 100वें एपिसोड कि बधाई आपने दी, पात्र आप सभी श्रोता
आज मन की बात का 100वां एपिसोड है। मुझे आप सबकी हजारों चिट्ठियां और संदेश मिले। कोशिश की है कि ज्यादा से ज्यादा चीजों को पढ़ पाऊं देख पाऊं। संदेशों को समझने की कोशिश करूं। कई बार पत्र पढ़ते वक्त भावुक हो गया, भावनाओं में बह गया और संभाला। 100वें एपिसोड पर सच्चे दिल से कहता हूं कि बधाई आपने दी, पात्र आप सभी श्रोता हैं।
2. विजयादशमी से शुरू हुआ सफर हम हर महीने मनाते हैं
तीन अक्टूबर 2014 को विजयादशमी के मौके पर हम सबने मिलकर विजयादशमी के दिन मन की बात की यात्रा शुरू की थी। विजयादशमी यानी बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व। यह एक ऐसा पर्व बन गया है, जो हर महीने आता है। हम इसमें सकारात्मकता और लोगों की पार्टिसिपेशन को सेलीब्रेट करते हैं। यकीन नहीं होता कि इसे इतने साल गुजर गए। हर एपिसोड नया रहता है। देशवासियों की नई सफलताओं का विस्तार इसमें मिलता है। देश के कोने-कोने से हर आयु वर्ग के लोग जुड़े।
3. ओबामा के साथ मन की बात की तो इसकी चर्चा दुनिया में हुई
मन की बात जिस विषय से जुड़ी वो जन आंदोलन बन गई। आप लोगों ने बना दिया। जब मैंने तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ मन की बात की तो इसकी चर्चा दुनिया में हुई। मन की बात मेरे लिए दूसरों के गुणों की पूजा का मौका है। मेरे मार्गदर्शक थे लक्ष्मण राव, वो कहते थे कि हमें दूसरों के गुणों की पूजा करनी चाहिए। उनकी इस बात ने मुझे प्रेरणा देती है। यह कार्यक्रम दूसरों से सीखने की प्रेरणा बन गया है। इसने मुझे आपसे कभी दूर नहीं होने दिया।लक्ष्मणराव इनामदार गुजरात RSS के शुरुआती प्रचारकों में से एक थे। वे सहकार भारती के संस्थापक भी थे। वकील साहब नाम से प्रसिद्ध इनामदार को मोदी मार्गदर्शक मानते हैं।
4. 50 साल पहले घर छोड़ा, इस कार्यक्रम से जनता से जुड़ा
जब मैं गुजरात का सीएम था, तब सामान्य तौर पर लोगों से मिलना-जुलना हो जाता था। 2014 में दिल्ली आने के बाद मैंने पाया कि यहां का जीवन और काम का स्वरूप अलग है। सुरक्षा का तामझाम, समय की सीमा सबकुछ अलग है। शुरुआती दिनों में खाली-खाली सा महसूस करता था।
50 साल पहले घर इसलिए नहीं छोड़ा था कि अपने ही देशवासियों से संपर्क नहीं हो पाएगा। देशवासी सबकुछ हैं और उनसे कटकर नहीं रह सकता था। मन की बात ने मुझे मौका दिया। पदभार और प्रोटोकॉल व्यवस्था तक सीमित रहा। जनभाव मेरा अटूट अंग बन गया।
5. मन की बात ईश्वर रूपी जनता के चरणों में प्रसाद की थाल जैसे
हर महीने मैं देशवासियों के त्याग की पराकाष्ठा देखता हूं। मुझे लगता ही नहीं है कि आपसे थोड़ा भी दूर हूं। मन की बात कार्यक्रम नहीं, यह मेरे लिए आस्था,पूजा और व्रत है। जैसे लोग ईश्वर की पूजा करने जाते हैं तो प्रसाद की थाल लाते हैं। मन की बात ईश्वर रूपी जनता जनार्दन के चरणों में प्रसाद की थाल जैसे है। यह मेरे लिए अध्यात्मिक यात्रा बन गया है। अहम से वयम की यात्रा है। यह तो मैं नहीं, तू ही की संस्कार साधना है।
हर क्षेत्र में बेहतरीन काम करने वालों को याद किया
कल्पना करिए कि कोई देशवासी 40-40 साल से निर्जन जमीन पर पेड़ लगा रहा है। कोई 30 साल से जल संरक्षण के लिए बावड़ी बना रहा है। कोई निर्धन बच्चों को पढ़ा रहा है। कोई गरीबों की इलाज में मदद कर रहा है। कितनी ही बार मन की बात में इनका जिक्र करते वक्त मैं भावुक हुआ। आकाशवाणी के साथियों को इसे दोबारा रिकॉर्ड करना पड़ा।
मन की बात में जिन लोगों का हम जिक्र करते हैं, वे सब हमारे हीरोज हैं, जिन्होंने इस कार्यक्रम को जीवंत बनाया है। आज जब हम 100वें एपिसोड के पड़ाव पर पहुंचे हैं तो मेरी इच्छा है कि एक बार फिर इन हीरोज के पास जाकर उनके बारे में जानें।
1. हरियाणा के सुनील जगलान: PM को सेल्फी विद डॉटर का आइडिया देने वाले…
प्रधानमंत्री ने देशभर में जून 2015 में सेल्फी विद डॉटर कैंपेन शुरू किया था। PM ने कहा- मैंने बेटी बचाओ अभियान हरियाणा से शुरू किया। ये अभियान पूरी दुनिया में फैल गया। जीवन में बेटी का स्थान कितना बड़ा होता है, इस कैंपेन से यह प्रकट हुआ। आज हरियाणा में जेंडर रेशियो में सुधार आया। उन्होंने इस कैंपेन का आइडिया देने वाले हरियाणा के सुनील जगलान से बातचीत की।
मोदी- आज सुनील जी से गप्प मार लेते हैं। सुनील जी सेल्फी विद डॉटर हर किसी को याद है। आपको कैसा लग रहा है।
सुनील- ये हमारे प्रदेश हरियाणा से पानीपत की चौथी लड़ाई शुरू की थी, यह मेरे लिए और बेटियों के पिता के लिए बहुत बड़ी बात है।
मोदी- आपकी बिटिया कैसी हैं?
सुनील- दोनों बेटियां आपकी बहुत प्रशंसक हैं। उन्होंने अपने क्लास मेट्स से थैंक्यू प्रधानमंत्री जी लेटर भी लिखवाए थे।
हरियाणा के सुनील जगलान अपनी दोनों बेटियों के साथ सेल्फी लेते हुए।
2. जम्मू-कश्मीर में पेंसिल स्लेट बनाने वाले मंजूर अहमद से बात की
साथियों मुझे संतोष है कि मन की बात में हमने नारी शक्ति की प्रेरणादायी गाथाओं का जिक्र किया है। छत्तीसगढ़ के गांव की महिलाओं के स्वच्छता अभियान चलाने वाले स्वसहायता समूह की बात की। तमिलनाडु की आदिवासी समुदाय की टेराकोटा कप बनाने वाली महिलाओं की बात की। वहीं 20 हजार महिलाओं ने वेल्लोर में नाग नदी को पुनर्जीवित किया। मन की बात में जम्मू-कश्मीर की पेंसिल स्लेट का जिक्र करते हुए मंजूर अहमद का जिक्र किया था। वो साथ हैं।
मंजूर जी पेंसिल-स्लेट का काम कैसा चल रहा है?
मंजूर अहमद- ये काम बढ़ गया है, बहुत लोगों को रोजगार मिल गया। अभी 200 प्लस लोग काम कर रही हैं। आगे 200 लोगों को और रोजगार मिलेगा।
मोदी- मंजूरजी आपने कहा था कि इस काम की पहचान नहीं, आपकी पहचान नहीं। आपको पीड़ा थी। अब पहचान भी है और 200 से ज्यादा लोगों को रोजगार दे रहे हैं।
मंजूर- किसानों को भी फायदा मिला। 2 हजार का ट्री बेचते थे और अब 5 हजार बढ़ गई है।
मोदी- आपने लोकल फॉर वोकल को जमीन पर उतार दिया।
जम्मू-कश्मीर में पेंसिल स्लेट बनाने वाले मंजूर अहमद (बाएं)।
3. कमल के रेशों से कपड़े बनाने वाली मणिपुर की विजयशांति का जिक्र किया
साथियों हमारे देश में ऐसे कितने ही प्रतिभाशाली लोग हैं, जो मेहनत के बलबूते ही सफलता के शिखर तक पहुंचे हैं। विशाखापत्तनम के बैंकर मुरलीजी ने आत्मनिर्भर भारत का चार्ट शेयर किया था। बेतिया के प्रमोदजी ने एलईडी बल्ब का काम शुरू किया। मन की बात ही इनके उत्पादों को सामने लाने का माध्यम बना। हमने मेक इन इंडिया के अनेक उदाहरणों से स्पेस स्टार्टअप की चर्चा भी की।आपको याद होगा कि मणिपुर की विजयशांति के कमल के रेशों से कपड़े बनाने का जिक्र किया था। वो आज साथ हैं।
मोदी-आप कैसी हैं?
विजयशांति- मैं अच्छी हूं और 30 लोगों के साथ मैं ये काम कर रही हूं। 100 महिलाओं के साथ काम करने का टारगेट है। अब यह काम काफी पॉपुलर है। मन की बात में जिक्र के बाद यह हुआ। अब मार्केट है। अमेरिका में भी प्रोडक्ट जा रहा है।
मोदी- मैंने वोकल फॉर लोकल कहा था। आप लोकल से ग्लोबल हो रही हैं।
विजयशांति टोंगब्रम (दाएं से पहली) कमल के फूल के डंठल से धागा तैयार करती हैं।
4. हिमालय क्षेत्र से कचरा उठाने का कैंपेन हीलिंग हिमालय शुरू करने वाले प्रदीप से पीएम ने बात की
मन की बात ने जन आंदोलन ने जन्म लिया और गति पकड़ी। टॉय इंडस्ट्री को फिर से स्थापित करने का मिशन यहीं शुरू हुआ था। स्वान और देसी डॉग्स की मुहिम शुरू की। गरीब छोटे दुकानदारों से मोलभाव ना करने की मुहिम भी शुरू की थी। हर घर तिरंगा मुहिम भी मन की बात ने संकल्प से जोड़ा। ऐसे उदाहरण समाज में बदलाव का कारण बने। प्रदीप सांगवान ने हीलिंग हिमालय शुरू किया। प्रदीप हमारे साथ हैं।
मोदी- कैसे हैं?
प्रदीप- मेरा कैंपेन 2020 से बहुत अच्छा है। जो काम 20 साल में करते थे, वो 5 साल में हो गया। मुहिम को कोई तवज्जो नहीं देता था, 2020 के बाद चीजें बदल गईं। अब 10 टन कचरा हम बटोरते हैं। 2020 में मैं हार मान चुका था, पर फिर सब बदल गया। पता नहीं आप कैसे हम जैसे लोगों को ढूंढ लेते हैं। मेरे लिए तब भी बहुत भावुक पल था और आज भी है।
मोदी- आप सच्चे अर्थों में हिमालय की चोटियों पर साधना कर रहे हैं। आज आपके नाम से लोगों को आपका अभियान याद आ जाता है। विश्वास है कि आपके प्रयासों से कितने ही पर्वतारोही स्वच्छता से जुड़े फोटो पोस्ट करने लगे हैं।
प्रदीप सांगवान ने हीलिंग हिमालय कैंपेन के जरिए पहाड़ों से कचरा बटोरते हैं।
पीएम ने कहा- आज देश में टूरिज्म बढ़ रहा है। नदियां, पहाड़ या फिर तीर्थ स्थल, उन्हें साफ रखना जरूरी है। इससे टूरिज्म इंडस्ट्री को मदद मिलेगी। हमने इनक्रेडिबल इंडिया मूवमेंट की चर्चा की। लोगों को पहली बार ऐसी जगहों के बारे में पता चला, जो आसपास थी, पर जानते नहीं थे। विदेश जाने से पहले देश के कम से कम 15 टूरिस्ट डेस्टिनेशन में जाना चाहिए।
यूनेस्को डीजी ने पूछा- एजुकेशन और कल्चर के लिए क्या योजना है?
हमने स्वच्छ सियाचिन, सिंगल यूज प्लास्टिक पर लगातार बात की। पूरी दुनिया पर्यावरण को लेकर परेशान है। उसमें मन की बात का प्रयास अहम है। यूनेस्को डीजी ने हमसे बात की। यूनेस्को की तरफ से मैं मन की बात पर बधाई देती हूं। भारत और यूनेस्को का इतिहास बहुत पुराना है। एजुकेशन पर यूनेस्को काम कर रहा है। 2030 तक हम हर जगह अच्छी शिक्षा पहुंचाना चाहते हैं। हम संस्कृति को भी बचाना चाहते हैं। आप भारत का इसमें रोल बताइए?
प्रधानमंत्री ने 23 अगस्त 2019 को यूनेस्को की डीजी ओड्रे अजोले से मुलाकात की थी।
आपसे बात करके खुशी हो रही है। आपने शिक्षा और संस्कृति संरक्षण पर सवाल पूछा है। ये दोनों विषय मन की बात के पसंदीदा विषय रहे हैं। नेशनल एजुकेशन पॉलिसी या क्षेत्रीय भाषा में पढ़ाई का विकल्प जैसे प्रयास हुए हैं। गुजरात में गुणोत्सव और शाला प्रवेश उत्सव शुरू किए थे।
मन की बात में हमने लोगों के प्रयासों को हाईलाइट किया। एक बार हमने ओडिशा में ठेले पर चाय बेचने वाले स्वर्गीय डी प्रकाश राव के बारे में बात की, जो गरीब बच्चों को पढ़ाते थे। झारखंड के संजय कश्यप, हेमलता जी के उदाहरण हमने दिए।
कल्चरल प्रिजर्वेशन के प्रयासों को भी जगह दी। लक्षद्वीप का क्लब, कर्नाटक का कला चेतना मंच… देश के कोने-कोने से मुझे उदाहरण भेजे गए। देशभक्ति पर गीत, लोरी और रंगोली के कम्पटीशन शुरू किए। स्टोरी टेलिंग पर भी मैंने बात की। इस साल हम जी-20 की अध्यक्षता कर रहे हैं। यही वजह है कि एजुकेशन के साथ डायवर्स ग्लोबल कल्चर को समृद्ध करने के लिए प्रयास और तेज हुआ है।
हर एपिसोड में देशवासियों की सेवा और सामर्थ्य ने प्रेरणा दी है
उपनिषदों में कहा गया है- चलते रहो, चलते रहो, चलते रहो। आज हम इसी चरैवेति भावना के साथ मन की बात का 100वां एपिसोड पूरा कर रहे हैं। भारत के सामाजिक ताने-बाने को मजबूती देने में मन की बात माला के धागे की तरह है। हर एपिसोड में देशवासियों की सेवा और सामर्थ्य ने प्रेरणा दी है। एक तरह से मन की बात का हर एपिसोड अगले एपिसोड की जमीन तैयार करता है। यह कार्यक्रम हमेशा सद्भावना,सेवा भावना से आगे बढ़ा है।
लंदन के इंडिया हाउस में मन की बात के 100वें एपिसोड को सुनते केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह।
मन की बात से जो शुरुआत हुई, वह देश की नई परंपरा भी बन रही है। ऐसी परंपरा, जिसमें सबका प्रयास की भावना दिखती है। आकाशवाणी के साथियों को भी धन्यवाद, जो धैर्य के साथ इसे रिकॉर्ड करते हैं, ट्रांसलेटर जो विभिन्न भाषाओं में अनुवाद करते हैं, दूरदर्शन और माई गांव, इलेक्ट्रॉनिक चैनल्स का भी आभार व्यक्त करता हूं।
उन्हें भी आभार देता हूंं जो मन की बात की कमान संभाले हुए हैं। भारत के लोग और भारत में आस्था रखने वाले लोग। यह आपकी प्रेरणा से संभव है।आज समय और शब्द दोनों कम पड़ रहे हैं, मुझे भरोसा है कि आप मेरे भाव और भावनाओं को समझेंगे। आपके परिवार के सदस्य के रूप में आपके साथ रहा हूं, आपके बीच में रहा हूं और आपके बीच में रहूंगा। अगले महीने फिर मिलेंगे।
दमन और दीव : वाहन निर्माण कंपनी में लगी भीषण आग, कोई हताहत नहीं
दमन के हथियावल इलाके में एक वाहन निर्माण कंपनी रावलवासिया यार्न डाइंग प्राइवेट लिमिटेड में आग लगी है। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की करीब 15 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। आग की इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अग्निशमन अधिकारी, दमन ऐ. के. वाला ने बताया कि हमारे पास आग लगने की सूचना आई थी। इसके बाद हम मौके पर पहुंचे। दमकल की करीब 10-12 गाड़ी और प्राइवेट टैंकर आग को बुझाने का काम कर रहीं हैं। इस कंपनी में यान बनाया जाता है। पूरी आग को बुझाने में करीब 2-3 घंटे लगेंगे।
केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी एम्स में भर्ती
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी को रविवार को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि सीने में जकड़न की शिकायत के बाद रेड्डी को रात करीब 10 बजकर 50 मिनट पर अस्पताल लाया गया। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री को कार्डियो न्यूरो सेंटर की हृदय देखभाल इकाई में भर्ती कराया गया है। इससे पहले दिन में, केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में भारत की विरासत, इतिहास और संस्कृति पर प्रकाश डाला गया है। रेड्डी यहां ‘नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट’ (एनजीएमए) में रेडियो कार्यक्रम की 100वीं कड़ी के उपलक्ष्य में ‘जन शक्ति: एक सामूहिक शक्ति’ प्रदर्शनी के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
भाजपा की दिल्ली इकाई केजरीवाल के आवास के बाहर अनिश्चितकालीन धरना देगी
बीजेपी की दिल्ली इकाई मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा अपने आधिकारिक आवास की मरम्मत पर कथित तौर पर 45 करोड़ रुपये खर्च किये जाने के विरोध में उनके आवास के बाहर अनिश्चितकालीन धरना देगी। पार्टी के एक पदाधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पार्टी सोमवार से फ्लैगस्टाफ रोड के छह-सिविल लाइंस स्थित केजरीवाल के आधिकारिक आवास के बाहर धरना देगी। भाजपा ने सप्ताह की शुरूआत में आरोप लगाया था कि केजरीवाल ने 2020-22 के दौरान अपने आधिकारिक आवास के नवीनीकरण पर 45 करोड़ रुपये खर्च किए।

