टिकट कटने पर पूर्व CM जगदीश शेट्टार नाराज
हुबली: कर्नाटक में दोबारा सरकार बनाने की कोशिश में जुटी बीजेपी ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी। हालांकि लिस्ट में छह बार के विधायक और पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार को जगह नहीं मिली है। जगदीश शेट्टार पहले से ही पार्टी के फैसले से असहमति जाहिर कर चुके हैं। जगदीश शेट्टार ने बताया था कि पार्टी हाईकमान ने उन्हें टिकट न देने और दूसरों के लिए रास्ता बनाने को कहा है। शेट्टार ने इसका विरोध करते हुए कहा कि उन्हें यह निर्णय स्वीकार नहीं है।चुनाव से पहले सत्तारूढ़ दल में बगावत शुरू होते देख हाईकमान अलर्ट है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शेट्टार को दिल्ली बुलाया है।
\पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने कहा कि बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने को कहा, जिस पर उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेताओं को अपनी अप्रसन्नता से अवगत करा दिया है। हुबली-धारवाड़ से मौजूदा विधायक शेट्टार (67) ने बताया कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व से कहा कि वह फिर से चुनाव लड़ेंगे, और उनसे उन्हें एक और अवसर देने का अनुरोध किया है। शेट्टार ने उनसे कहा कि उनका निर्णय उन्हें स्वीकार्य नहीं है और उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेताओं से इस पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।
संसद सदस्यता जाने के बाद पहली बार राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद का टैग छीन सकती है, पद और घर ले सकती है। जेल में भी डाल सकते हैं। लेकिन मुझे इससे फर्क नहीं पड़ता। मैं सवाल पूछना जारी रखूंगा। वे मुझे वायनाड के लोगों का प्रतिनिधित्व करने से नहीं रोक सकते।
राहुल ने कहा, ‘ भाजपा के मंत्रियों ने संसद में मेरे बारे में झूठ बोला। मैं स्पीकर के पास भी गया लेकिन फिर भी मुझे बोलने नहीं दिया गया। बीजेपी ने मुझे संसद से अयोग्य घोषित कर दिया, मेरा घर ले लिया’। वहीं, प्रियंका गांधी ने कहा कि देश के मंत्री, सांसद और PM एक नागरिक को परेशान कर रहे हैं, क्योंकि उनके पास राहुल के सवालों के जवाब नहीं है।
उधर, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने ICC को वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप के मैचों के लिए अपनी पंसद बताई है। पाकिस्तान चाहता है उसके मैच का आयोजन कोलकाता और चेन्नई में किया जाए। हालांकि आखिरी फैसला BCCI को लेना है। इस साल अक्टूबर से नवंबर के बीच वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप होना है। भारत पहली बार पूरे वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहा है। इसके लिए देश के 12 वेन्यू शॉर्टलिस्ट किए गए हैं।
1. राहुल बोले- सवाल पूछता रहूंगा, प्रियंका ने कहा- पूरी सरकार एक शख्स को बचा रही

राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड में कहा कि मैं सवाल पूछना जारी रखूंगा। उधर, प्रियंका गांधी ने कहा कि देश के मंत्री, सांसद और PM एक नागरिक को परेशान कर रहे हैं, क्योंकि उनके पास राहुल के सवालों के जवाब नहीं है। पूरी सरकार एक शख्स को बचाने में लगी है जिसका नाम है गौतम अडाणी। राहुल ने शनिवार 8 अप्रैल को एक ट्वीट में अडाणी मुद्दे पर सवाल उठाए थे।
ट्वीट में लिखा था- सच्चाई छिपाते हैं, इसलिए रोज भटकाते हैं। अडाणी की कंपनियों में 20,000 करोड़ रुपए बेनामी पैसे किसके हैं? अडाणी ग्रुप ने सोमवार को राहुल के आरोपों का जवाब दिया। ग्रुप ने कहा- साल 2019 से अब तक ग्रुप की कंपनियों ने अपनी हिस्सेदारी बेचकर 2.87 बिलियन डॉलर (23,525 करोड़ रु.) जुटाए, जिनमें से 2.55 बिलियन डॉलर (20,902 करोड़ रु.) फिर से बिजनेस में लगाया गया।
सांसदी छीने जाने के बाद पहली बार राहुल गांधी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र केरल के वायनाड पहुंचे। उन्होंने कहा- मेरी संसद की सदस्यता छीन ली गई। मेरा घर छीन लिया, मेरे पीछे पुलिस लगा दी, लेकिन इन सब से मुझे फर्क नहीं पड़ता है। वो मुझे जेल में भी डाल दें फिर भी मैं सवाल पूछता रहूंगा।
राहुल गांधी के भाषण की 5 बड़ी बातें…
- 4 साल पहले मैं यहां आया था और यहां से सांसद बना। मेरे लिए यहां चुनाव प्रचार करना सबसे अलग था। मैं केरल का रहने वाला नहीं हूं, लेकिन आपके प्यार ने मुझे महसूस कराया कि मैं आपका भाई, आपका बेटा हूं।
- वायनाड के लोग, देश के लोग स्वतंत्र भारत में रहना चाहते हैं। जहां उनके बच्चों को कुछ भी सीखने, करने के लिए स्वतंत्र हो। कोई ऐसे देश में नहीं रहना चाहता, जिसे सिर्फ कुछ गिने-चुने लोग चलाएं।
- वो लोग जितना दुष्ट बनना चाहें बनें, निर्दयी बनेंगे, मैं उतना ही सज्जन बनूंगा। भाजपा देश के सिर्फ एक विजन को पेश कर रही है, लेकिन हम देश के असली विजन को लेकर चल रहे हैं।
- मैं संसद में गया और PM से पूछा अडाणी के साथ अपने रिश्ते के बारे में बताइए। 2014 के बाद अमीरों की लिस्ट में अडाणी 2 नंबर पर कैसे आ गए? मैंने बताया कि अडाणी की मदद के लिए भारत और इजराइल के रिश्ते बदल गए।
- वो मुझे जितना परेशान करेंगे, उससे पता चलेगा कि मैं सही राह पर हूं। मैंने स्पीकर से पूछा ये क्यों हो रहा है उन्होंने कहा कि मेरे पास कोई विकल्प नहीं है।

वायनाड में राहुल गांधी ने दिव्यांग कांग्रेस समर्थक से मुलाकात की।
राहुल और प्रियंका ने रोड शो किया
राहुल गांधी ने यहां कलपेट्टा में 22 मिनट तक रोड शो किया। प्रियंका गांधी समेत पार्टी के कई सीनियर लीडर उनके साथ नजर आए। राहुल ने कहा कि मेरी सांसदी छीने जाने से वायनाड के साथ मेरे रिश्ता कमजोर नहीं बल्कि और मजबूत होगा। MP सिर्फ एक टैग है, यह एक पोस्ट है। BJP वह टैग छीन सकती है, मुझे वायनाड के लोगों की आवाज उठाने से नहीं रोक सकती।

राहुल गांधी ने साल 2019 का लोकसभा चुनाव वायनाड सीट से लड़ा था। यहां उन्होंने 4.31 लाख वोटों से जीत दर्ज की थी। हालांकि उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट से उन्हें BJP नेता स्मृति ईरानी ने हरा दिया था।
प्रियंका बोलीं- मैं अपने भाई के परिवार से बात करने आई हूं
राहुल से पहले, प्रियंका गांधी ने कहा- मैं यहां आकर खुश हूं। यह बहुत भावुक दौरा है जब मैं अपने भाई के साथ वायनाड आई हूं। कल मैं उनके घर से उसका फर्नीचर पैक कर रही थी। जब तक नई जगह नहीं मिल जाती वो मां के साथ रहेंगे। कुछ सालों पहले मैंने भी यही समय देखा, जब मुझे घर बदलना पड़ा था। मेरे बच्चों और पति ने मेरी मदद की, लेकिन मेरे भाई के न बच्चे हैं और न ही परिवार।

प्रियंका गांधी ने कहा वायनाड के लोग ही मेरे भाई का परिवार है।
मैं स्पीच देने में अच्छी नहीं हूं। इंग्लिश भी अच्छी नहीं है। उन्होंने कहा कि वायनाड आपका परिवार है, उनसे अपने परिवार की तरह बात करना बस। तो आज मैं अपने भाई के परिवार से बात करने आई हूं। आपको पता है कि वो (राहुल) सच्चा आदमी है, जो बिना डर के सच बोलता है। लोग उसे चुप कराना चाहते हैं वो फिर भी बोलता है। आप जानते हैं कि वो हमेशा आपकी बात सुनता है आपसे बात करता है आपकी मदद के लिए खड़ा रहता है। आपने उसे चुना, लेकिन सूरत की एक कोर्ट ने उसे 2 साल की सजा सुना दी, इसके बाद उसके संसद सदस्यता खत्म कर दी गई।
पूरी सरकार एक शख्स को बचा रही
प्रियंका ने कहा- देश के मंत्री, सांसद और PM एक नागरिक को परेशान कर रहे हैं, जो सवाल पूछ रहा है क्योंकि उनके पास राहुल के सवालों के जवाब नहीं है। पूरी सरकार एक शख्स को बचाने में लगी है जिसका नाम है गौतम अडाणी। मेरे भाई के साथ जो हुआ वो दिखाता है कि हमारे देश में किस तरह तानाशाही है। वो अपने बिजनेस मैन दोस्तों को बचाने में लगी है।

राहुल का ये वीडियो 23 मार्च का सूरत एयरपोर्ट का है। इसी दिन सूरत कोर्ट का फैसला आया था।
मानहानि केस में राहुल को मिली सजा
सूरत की कोर्ट ने 23 मार्च को राहुल को 2 साल कैद की सजा सुनाई थी। हालांकि 27 मिनट बाद ही उन्हें जमानत मिल गई। उन्होंने 2019 में कर्नाटक की सभा में मोदी सरनेम को लेकर बयान दिया था। कहा था- सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है। इसके बाद गुजरात के भाजपा विधायक पूर्णेश मोदी ने राहुल के खिलाफ मानहानि का केस किया था।

राहुल 24 मार्च की सुबह लोकसभा पहुंचे थे, यहां उन्होंने अडाणी मुद्दे पर बात की थी।
23 मार्च: राहुल की संसद सदस्यता रद्द
राहुल 24 मार्च की सुबह लोकसभा पहुंचे थे, यहां उन्होंने अडाणी मुद्दे पर बात की थी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता 24 मार्च दोपहर करीब 2.30 बजे रद्द कर दी गई। वह केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य थे। लोकसभा सचिवालय ने पत्र जारी कर इस बात की जानकारी दी। लोकसभा की वेबसाइट से भी राहुल का नाम हटा दिया गया।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 2013 के एक फैसले में कहा था कि अगर कोई भी सांसद या विधायक निचली अदालत में दोषी पाया गया तो वह संसद या विधानसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य होगा। इसी नियम के तहत राहुल की संसद सदस्यता रद्द हुई है।
2. पायलट का अनशन 5 घंटे में खत्म, बोले- सालभर से CM से भ्रष्टाचार पर एक्शन की मांग कर रहा था
राजस्थान के पूर्व डिप्टी CM सचिन पायलट का अपनी सरकार के खिलाफ एक दिन का अनशन 5 घंटे में ही खत्म हो गया। पायलट ने कहा कि मैंने सिर्फ करप्शन पर कार्रवाई के मकसद से अनशन रखा था। अगर बात संगठन की होती तो मैं संगठन से बात करता। साल भर से मैं मुख्यमंत्री से मांग कर रहा था। करप्शन के खिलाफ हमारा संघर्ष जारी रहेगा, हम चाहते हैं कि देश और प्रदेश में स्वच्छ राजनीति हो।
अनशन स्थल पर लगे पोस्टरों में न राहुल-सोनिया का फोटो दिखा, न ही कांग्रेस का सिंबल। केवल महात्मा गांधी की फोटो नजर आई। इधर, पायलट के अनशन शुरू होने के बाद CM अशोक गहलोत ने वीडियो मैसेज जारी कर एक बार फिर मिशन 2030 की बात दोहराई। उन्होंने कहा- मैंने तय किया है कि 2030 तक राजस्थान को देश का नंबर वन राज्य बनाना है।
3. उमेश हत्याकांड में अतीक की प्रयागराज में पेशी, माफिया बोला- सुरक्षा को लेकर संतुष्ट हूं
गैंगस्टर अतीक अहमद को अहमदाबाद साबरमती जेल से प्रयागराज लाया जा रहा है। उससे उमेश पाल हत्याकांड में पूछताछ की जाएगी। अतीक पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है। अतीक ने मीडिया से कहा, “मैं सुरक्षा को लेकर संतुष्ट हूं। कोर्ट से जो फैसला होगा वह मानेंगे।” इससे पहले साबरमती जेल के बाहर अतीक ने कहा, “मेरी तबीयत ठीक नहीं है। मुझे मारने के लिए ले जा रहे हैं।”
अतीक आज शाम तक प्रयागराज पहुंचेगा। पुलिस उसे कोर्ट में पेश करके पूछताछ के लिए उसकी रिमांड मांगेगी। उध, उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने कहा, ” मेरी मांग है कि जिस तरह अतीक ने मेरे पति को मारा, उसे भी मारा जाए, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए।” इससे पहले, 26 मार्च को भी यूपी पुलिस उसे प्रयागराज लाई थी। तब उमेश पाल अपहरण केस में उसे उम्रकैद की सजा हुई थी।
4. चेन्नई-कोलकाता में मैच खेलना चाहता है PAK, इस बार वर्ल्ड कप में 10 टीमें हिस्सा लेंगी
पाकिस्तान ने ICC से कोलकाता और चेन्नई में वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप खेलने की इच्छा जाहिर की है। सूत्रों ने बताया है कि इस बारे में बातचीत अभी ICC के लेवल पर हो रही है। वर्ल्ड कप 5 अक्टूबर से शुरू हो सकता है, इसके लिए 12 वेन्यू शॉर्टलिस्ट किए गए हैं। इनमें चेन्नई और कोलकाता भी शामिल हैं। बाकी 10 वेन्यू अहमदाबाद, लखनऊ, मुंबई, राजकोट, बेंगलुरु, दिल्ली, इंदौर, गुवाहाटी, हैदराबाद और धर्मशाला हैं।
टूर्नामेंट 46 दिनों तक चलेगा और तीन नॉकआउट सहित 48 मैच खेले जाएंगे। इस बार वर्ल्ड कप में 10 टीमें हिस्सा लेंगी। उधर, BCCI और PCB के बीच इस समय एशिया कप की शेड्यूलिंग को लेकर खींचतान चल रही है। BCCI ने साफ कर दिया है कि भारतीय टीम एशिया कप के लिए पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगी। भारत चाहता है कि एशिया कप किसी न्यूट्रल वेन्यू पर हो।
पढ़ें पूरी खबर…
5. IMF ने 0.20% घटाया भारत की GDP ग्रोथ का अनुमान, ये RBI के अनुमान से काफी कम
RBI ने मॉनेटरी पॉलिसी मीटिंग के बाद ये अनुमान जारी किया था
इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए भारत का GDP ग्रोथ अनुमान 0.20% घटा दिया है। इस दौरान GDP 5.9% की दर से बढ़ने की उम्मीद जताई गई है। पहले IMF ने GDP 6.1% की दर से बढ़ने की उम्मीद जताई थी। IMF का ये पूर्वानुमान RBI के अनुमान से काफी कम है। रिजर्व बैंक ने देश की GDP ग्रोथ 6.5% रहने का अनुमान जताया है।
वर्ल्ड बैंक भी देश की अर्थव्यवस्था 6.3% की रेट से बढ़ने का अनुमान जता चुका है। IMF ने चीन के GDP ग्रोथ अनुमानों में कोई बदलाव नहीं किया है। हालांकि IMF ने ग्लोबल इकोनॉमी के फोरकास्ट को घटा दिया है। I IMF को लगता है कि ग्रोथ 2022 में 3.4% से धीमी होकर 2023 में 2.8% हो जाएगी। जनवरी में IMF ने 2.9% का ग्रोथ अनुमान लगाया था।





