Site icon अग्नि आलोक

ब्रेकिंग न्यूज़:कांग्रेस बोली- खड़गे की हत्या करवाना चाहती है भाजपा:70 साल बाद ब्रिटेन में ताजपोशी

Share

देशभर में आज NEET की परीक्षा आयोजित हो रही हैं। राजधानी दिल्ली में धरना दे रहे पहलवानों के समर्थन में किसान और खाप पंचायत ने भी आज जंतर-मंतर पहुंचने का ऐलान किया है। इसको लेकर दिल्ली बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दक्षिण चीन सागर में आज आसियान-भारत का समुद्री अभ्यास होगा। आईपीएल में आज दो मुकाबले खेले जाएंगे। दोपहर में अहमदाबाद में गुजरात (GT) और लखनऊ (LSG) का मैच होगा। वहीं, शाम को जयपुर में राजस्थान (RR) और हैदराबाद (SRH) की टीमें आपस में भिड़ेंगी।

कर्नाटक चुनाव से पहले कांग्रेस ने दावा किया है कि भाजपा उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हत्या करवाना चाहती है। उनके परिवार की हत्या की भी साजिश रच रही है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक ऑडियो क्लिप सुनाई। उन्होंने दावा किया कि यह आवाज BJP नेता मणिकांत राठौड़ की है, जो कर्नाटक में चुनाव लड़ रहे हैं। ऑडियो में खड़गे के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है और उनके परिवार को मारने की बात हो रही है। सुरजेवाला ने कहा कि मुझे पता है कि प्रधानमंत्री इस बात पर चुप रहेंगे, क्योंकि भाजपा नेता मणिकांत PM मोदी और CM बोम्मई का चहेता है।

उधर, ब्रिटेन के नए राजा किंग चार्ल्स III और क्वीन कैमिला की ताजपोशी हो गई है। नए किंग को 362 साल पुराना ताज पहनाया गया। ब्रिटिश शाही परिवार में 70 साल बाद ताजपोशी हुई है। इससे पहले 1953 में किंग चार्ल्स की मां यानी महारानी एलिजाबेथ की ताजपोशी हुई थी।

1. राष्ट्रपति मुर्मू की स्पीच के दौरान चली गई बिजली, 9 मिनट तक अंधेरे में भाषण दिया

ओडिशा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के भाषण के दौरान लाइट चली गई। हालांकि, इसके बावजूद राष्ट्रपति ने अपना संबोधन जारी रखा। लाइट जाने पर भी माइक सिस्टम काम कर रहा था। भाषण में मुर्मू ने कहा कि बिजली हमारे साथ लुका छिपी खेल रही है। उनके ऐसा कहते ही लोग ठहाके लगाने लगें। इसके बाद प्रोग्राम में मौजूद दर्शक अंधेरे में ही मुर्मू का भाषण सुनते रहे। दरअसल, राष्ट्रपति महाराजा श्री रामचंद्र भंजदेव यूनिवर्सिटी के 12वें दीक्षांत समारोह पर पहुंची थीं। प्रोग्राम में करीब 9 मिनट तक बिजली गुल रही। लाइट जाने को लेकर उपकुलपति संतोष कुमार त्रिपाठी ने उनसे माफी मांगी। उन्होंने कहा कि मैं इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए खुद को दोषी मानता हूं। हम इसके लिए शर्मिंदा हैं। हम निश्चित रूप से घटना की जांच करेंगे और घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।

2. खालिस्तानी आतंकवादी परमजीत सिंह की हत्या, पाकिस्तान में हमलावरों ने मारी गोली

आतंकी संगठन खालिस्तान कमांडो फोर्स (KCF) के चीफ परमजीत सिंह पंजवड़ की लाहौर में हत्या कर दी गई। बाइक सवार हमलावरों ने सनफ्लावर सोसाइटी में घुसकर गोलियां मारीं। परमजीत ​​​ 1990 से पाकिस्तान में शरण लेकर बैठा था। वह यहां मलिक सरदार सिंह के नाम से रह रहा था। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने साल 2020 में 9 आतंकियों की लिस्ट जारी की थी, जिसमें परमजीत का नाम आठवें नंबर पर था। उस के खिलाफ भारत में गंभीर अपराधों से जुड़े 22 केस दर्ज थे।

आतंकी संगठन खालिस्तान कमांडो फोर्स (KCF) के चीफ परमजीत सिंह पंजवड़ की शनिवार को लाहौर में हत्या कर दी गई। उसे जौहर कस्बे की सनफ्लावर सोसाइटी में घुसकर गोलियां मारी गईं। पंजवड़ की मौके पर ही मौत हो गई। वह 1990 से पाकिस्तान में शरण लेकर बैठा था। वह यहां मलिक सरदार सिंह के नाम से रह रहा था।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह 6 बजे बाइक पर आए दाे लोगों ने यह हमला किया और फरार हो गए।

केंद्र की आतंकियों की लिस्ट में पंजवड़ का नाम
परमजीत सिंह पंजवड़ का जन्म 21 अप्रैल 1960 को पंजाब में तरनतारन जिले में झब्बाल थाने के तहत आते पंजवार गांव में रहने वाले कश्मीर सिंह के घर हुआ। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वर्ष 2020 में नौ आतंकियों की लिस्ट जारी की थी जिसमें परमजीत सिंह पंजवड़ का नाम आठवें नंबर पर था। इस लिस्ट में उसके अलावा बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के चीफ वधावा सिंह बब्बर का नाम भी था जो तरनतारन में ही दासूवाल गांव का रहने वाला है।

लाहौर में शनिवार सुबह हुए हमले के बाद सड़क पर पड़ी खालिस्तानी आतंकी परमजीत सिंह पंजवड़ की बॉडी। पंजवड़ की यह फोटो ऑस्ट्रेलिया के एक मीडिया हाउस ने ट्वीट की।

पंजाब में भेजता था नशीली दवाएं और हथियार
परमजीत सिंह पंजवड़ पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से पंजाब में ड्रग और हथियारों की तस्करी में शामिल था। इससे मिलने वाले पैसे से ही उसने खालिस्तान कमांडो फोर्स को एक्टिव रखा। परमजीत पंजाब में आतंकवाद के दौरान 1986 में अपने चचेरे भाई लाभ सिंह के साथ खालिस्तान कमांडो फोर्स (KCF) में शामिल हो गया था। उससे पहले वह पंजाब के ही सोहल में कोऑपरेटिव बैंक में काम करता था।

भारतीय सुरक्षा बलों के हाथों लाभ सिंह के खात्मे के बाद, 1990 के दशक में पंजवड़ ने KCF की कमान संभाली और पाकिस्तान भाग गया। पाकिस्तान में उसे शरण मिल गई। पाकिस्तानी सरकार पंजवड़ के उनके यहां होने से इनकार करती रही। परमजीत की पत्नी और बच्चे जर्मनी में रहते हैं।

2020 में शौर्यचक्र विजेता बलविंदर सिंह संधू का कत्ल कराया
अक्टूबर 2020 में पंजाब के तरनतारन में शौर्यचक्र विजेता बलविंदर सिंह संधू का कत्ल कर दिया गया था। इसके पीछे परमजीत सिंह ही था। बलविंदर सिंह संधू ने पंजाब में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी जिसके लिए उन्हें शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था। पंजवड़ उसी समय से बलविंदर सिंह की हत्या की साजिश रच रहा था।

पुलिस रिकॉर्ड में लेटेस्ट फोटो तक नहीं
पंजाब पुलिस के पास 33 साल से पाकिस्तान में बैठे परमजीत सिंह की कोई लेटेस्ट फोटो नहीं है जबकि उसका नाम मोस्ट वांटेड आतंकियों की लिस्ट में है। पुलिस के पास उसकी 35 साल पुरानी तस्वीरें ही हैं जो उसके घर से बरामद हुई थीं।

1999 में करवा चुका चंडीगढ़ में बम ब्लास्ट
खालिस्तान कमांडो फोर्स के चीफ परमजीत सिंह पंजवड़ ने 30 जून 1999 में चंडीगढ़ में पासपोर्ट कार्यालय के पास बम ब्लास्ट कराया था। इस धमाके में 4 लोग जख्मी हो गए थे, जबकि कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा था। धमाके के लिए स्कूटर की डिग्गी में बम रखा गया था। स्कूटर पर पानीपत (हरियाणा) का नंबर लगा हुआ था। पुलिस ने तब स्कूटर मालिक शेर सिंह को पानीपत से गिरफ्तार कर लिया था।

खालिस्तान मूवमेंट को फिर हवा दे रहा था पंजवड़
परमजीत सिंह पंजवड़ पाकिस्तान में ही मौजूद बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के चीफ वधावा सिंह और इंडियन सिख यूथ फेडरेशन के प्रधान लखबीर सिंह रोडे के साथ मिलकर पंजाब में फिर से खालिस्तान मूवमेंट और आतंकवाद को हवा दे रहा था। इसके लिए लगातार हथियार और ड्रग पंजाब भेजे जा रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय से लेकर आईबी और पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस की टीमें इनका नेटवर्क तोड़ने में लगी हुई हैं।

पंजाब के ही डरोली कलां का रहने वाला करणवीर सिंह और नामी गैंगस्टर लक्की पटियाला भी BKI से जुड़े हुए हैं। इनमें करणवीर सिंह वधावा सिंह के साथ पाकिस्तान में मौजूद है जबकि लक्की पटियाल आर्मेनिया पहुंच चुका है। पंजाब में गैंगस्टर लॉरेंस के करीबी विक्की मिड्ढूखेड़ा और कबड्‌डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबियां की हत्या में पटियाल का ही नाम आया।

दादी-पिता को मारा, आतंकवाद को मैं PM से बेहतर समझता हूं: राहुल

कर्नाटक में चुनावी रैलियों का दौर जारी है। भाजपा और कांग्रेस के नेता लगातार एक-दूसरे पर हमला बोल रहे हैं। PM मोदी ने एक जनसभा में कहा कि कांग्रेस पार्टी आतंकवादियों का समर्थन करती है। इसी के जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि हमारे पीएम आतंकवाद की बात करते हैं, लेकिन उनसे बेहतर मैं आतंकवाद को समझता हूं। मेरे परिवार के लोगों को आतंकवादियों ने मारा। मेरी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या की। आतंकवाद क्या होता है, क्या करता है? इस बात को प्रधानमंत्री से बेहतर मैं समझता हूं।

कर्नाटक चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में कांग्रेस की तरफ से पहली बार सोनिया गांधी रैली करने आईं। उन्होंने हुबली में एक जनसभा को संबोधित किया। मंच पर आते ही सोनिया ने भाजपा को लोकतंत्र की परवाह न करने वाली पार्टी बताया। सोनिया ने कहा – BJP एक ऐसी पार्टी है जो डाका डालकर सत्ता हथियाने में माहिर है और उसे लोकतंत्र की परवाह नहीं है।

सोनिया ने कहा- BJP के नेता धमकी देते हैं कि अगर वो नहीं जीते तो कर्नाटक के लोगों को PM मोदी का आशीर्वाद नहीं मिलेगा और दंगे होंगे। मैं BJP को बताना चाहती हूं कि कर्नाटक के लोग किसी के आशीर्वाद पर नहीं, अपनी मेहनत पर भरोसा करते हैं। मुझे पूरा व‍िश्‍वास है क‍ि अब इस राज्‍य के द‍िन बदलने वाले हैं।

बेलगावी में राहुल की कहीं मुख्य बातें…

आतंकवाद से पीड़ित हूं, मुझे इसकी ज्यादा समझ
पीएम नरेंद्र मोदी ने एक जनसभा में कांग्रेस को लेकर टिप्पणी की थी, कि यह पार्टी आतंकवादियों का समर्थन करती है। जिसका जवाब देते हुए आज राहुल ने कहा- हमारे पीएम आतंकवाद की बात करते हैं, उनसे बेहतर मैं आतंकवाद को समझता हूं। मेरे परिवार के लोगों को आतंकवादियों ने मारा, मेरी दादी को मारा मेरे पिता को मारा। आतंकवाद क्या होता है और यह क्या करता है पीएम से बेहतर मैं समझता हूं।

राहुल गांधी ने बेलगावी में जनसभा में कहा- पिछले 3 सालों में बीजेपी ने कर्नाटक में चोरी का रिकार्ड तोड़ दिया। प्रधानमंत्री कर्नाटक आते हैं, मगर भ्रष्टाचार के बारे में बात नहीं करते।

हर ग्रेजुएट को दो साल तक 3000 रुपए महीना देंगे
राहुल गांधी ने बेरोजगारी मुद्दे पर बात करते हुए कहा- देश में आज 40 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। इस बेरोजगारी से कर्नाटक के युवा भी परेशान हैं। हम वादा करते हैं सरकार बनने पर हर ग्रेजुएट को दो साल तक हर महीना 3000 रुपए देंगे वहीं डिप्लोमा होल्डर को हर महीने 1500 रुपए देंगे।

कर्नाटक में तीन दिन बाद चुनाव प्रचार थम जाएगा। ऐसे में कांग्रेस कई रैलियां करने जा रही है।

महंगाई को लेकर राहुल ने पूछे कई सवाल
यही नहीं राहुल ने महंगाई को लेकर पीएम से सवाल पूछे- उन्होंने कहा गैस सिलेंडर पहले 400 रुपए का था अब 1100 रुपए का हो गया है। प्रधानमंत्री जी इसके बारे में आपने क्या किया? पेट्रोल 60 रुपए का होता था 100 रुपए का हो गया, उसके बारे में आपने क्या किया? आपने बेरोजगारी दूर करने के लिए क्या किया?

सोनिया ने हुबली-धारवाड से कांग्रेस कैंडिडेट और पूर्व CM जगदीश शेट्टार के पक्ष में रैली की।

कांग्रेस कैंडिडेट शेट्टार टिकट न मिलने पर भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए हैं। यहां भाजपा ने महेश टेंगिनकाई को चुनावी मैदान में उतारा है।

कर्नाटक में रैली करने सोनिया गांधी हुबली एयरपोर्ट पहुंची। कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

सोनिया ने आखिरी बार 2019 लोकसभा चुनाव में किया था प्रचार
सोनिया गांधी ने 2019 के लोकसभा चुनावों के बाद स्वास्थ्य कारणों से किसी भी चुनाव में कांग्रेस के लिए प्रचार नहीं किया और न ही पार्टी के लिए किसी भी सार्वजनिक रैली में भाग लिया। हालांकि पिछले साल अक्टूबर में वे कर्नाटक के मांड्या में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं थीं।

7 महीने पहले राहुल ने मां सोनिया के साथ इस फोटो पर ट्वीट किया था- हम पहले भी तूफानों से कश्ती निकालकर लाए हैं। हम आज भी हर चुनौतियों की हदें तोड़ेंगे, मिलकर भारत जोड़ेंगे।

कांग्रेस ने अब तक 43 रैलियां कीं, 13 रोड शो किए
कांग्रेस ने इस बार के कर्नाटक चुनाव प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ी है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी अब तक 43 रैलियां, 13 रोड शो, महिलाओं और युवाओं के साथ छह संवाद और साथ ही कार्यकर्ताओं के साथ पांच बैठकें कर चुके हैं। रविवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बेंगलुरु के शिवाजी नगर में एक संयुक्त रैली करेंगे।

यह तस्वीर 3 मई की है। प्रियंका गांधी ने कर्नाटक के मांड्या में एक जनसभा को संबोधित किया था। फिर चिंतामणी इलाके में रोड शो निकाला था।

4. CJI बोले- सोशल मीडिया पर जजों के फनी कमेंट वायरल होते हैं, हमें सीखने की जरूरत है

चीफ जस्टिज ऑफ इंडिया (CJI) डीवाई चंद्रचूड़ ने कोर्ट की कार्यवाही की लाइव स्ट्रीमिंग को लेकर सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि आज कल ज्यादातर हाईकोर्ट यूट्यूब पर लाइव स्ट्रीमिंग कर रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर हाईकोर्ट की कार्यवाही के कई फनी क्लिप्स मौजूद हैं, जिन्हें हमें रोकने की जरूरत है। कोर्ट में जो कुछ भी होता है, वो बहुत ही गंभीर बात है। लाइव स्ट्रीमिंग को लेकर जजों को भी ट्रेनिंग की जरूरत है। CJI ने आगे कहा की कोर्ट में हम जो भी बोलते हैं, उसका ध्यान रखना होगा, क्योंकि वो जनता के दायरे में आता है।

चीफ जस्टिस ने आगे कहा कि हाल ही में हमने एक LGBTQ हैंडबुक लॉन्च की है। जल्द ही हम जेंडर के लिए अनुचित शब्दों की एक लीगल ग्लोसरी भी जारी करेंगे। अगर आप सेक्शन 376 का एक जजमेंट पढ़ेंगें तो आपको पता चलेगा कि कई ऐसे शब्द हैं जो अनुचित हैं, लेकिन फिर भी उनका इस्तेमाल होता है।

5. ब्रिटेन के नए राजा को पहनाया गया 362 साल पुराना ताज, प्रोग्राम में 1 हजार करोड़ हुए खर्च

ब्रिटेन में नए किंग के राज्याभिषेक की रस्में 80 मिनट तक चलीं। किंग चार्ल्स III को 362 साल पुराना ताज पहनाया गया। वहीं, उनकी पत्नी कैमिला को क्वीन मैरी का ताज पहनाया गया। ताजपोशी की ये परंपरा लगभग एक हजार साल पुरानी है। इस प्रोग्राम में देश-विदेश के 2 हजार मेहमानों को बुलाया गया। भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी अपनी पत्नी डॉ. सुदेश धनखड़ के साथ लंदन के इस कार्यक्रम में शामिल हुए। ताजपोशी के बाद आज किंग चार्ल्स स्पेशल गेस्ट्स के लिए पार्टी होस्ट करेंगे।

किंग चार्ल्स की ताजपोशी में करीब एक हजार करोड़ रुपए का खर्च आया है। ये पैसा ब्रिटेन के टैक्सपेयर्स की ही जेब से लिया गया है। इसमें रॉयल खजाने का इस्तेमाल नहीं हुआ है। इसे देखते हुए ब्रिटेन में कई लोग ताजपोशी समारोह का विरोध भी कर रहे हैं।

अमेरिका के डलास में फायरिंग, कई लोग घायल, शूटर की मौत

अमेरिका के डलास में एक मॉल आउटलेट के बाहर फायरिंग की खबर है। घटना में कई लोग घायल हुए हैं। घटना में शूटर मारा गया है। डब्ल्यूएफएए टेलीविजन के अनुसार घटनास्थल पर मौजूद पुलिस ने कहा कि घायलों में बच्चों सहित कई लोग शामिल हैं। उनकी स्थिति का तत्काल पता नहीं चल सका है।

विवादों में घिरा राहुल गांधी का डीयू दौरा, प्रॉक्टर ने हॉस्टल जाने को बताया गंभीर मामला

दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एक छात्रावास में अचानक और अनधिकृत दौरे से सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हुई। विश्वविद्यालय के अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। राहुल गांधी ने शुक्रवार को पीजी हॉस्टल का दौरा किया था। कांग्रेस नेता ने छात्रों से बातचीत की और उनके साथ भोजन किया।

Exit mobile version