पीएम नरेंद्र मोदी आज अपने आवास पर गुजरात के भाजपा सांसदों से डिनर पर बातचीत करेंगे। इस डिनर मीटिंग में गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी चीफ जेपी नड्डा भी मौजूद रहेंगे। वहीं, दिल्ली सरकार और केंद्र के बीच टकराव का नया दौर शुरू हो सकता है। गृह मंत्रालय ने दिल्ली का बजट पेश करने पर रोक लगा दी है। विधानसभा में मंगलवार को बजट पेश किया जाना था। इधर, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज लोकसभा में अपना पक्ष रख सकते हैं। लंदन में दिए बयान मचे विवाद पर बात करने के लिए उन्होंने स्पीकर ओम बिरला से वक्त मांगा है। पंजाब पुलिस फरार कट्टरपंथी अमृतपाल सिंह की तलाश में जुटी है। राज्य में मोबाइल इंटरनेट और SMS सेवाओं पर रोक मंगलवार को भी जारी रहेगी।
पंजाब पुलिस बीते 3 दिन से ‘वारिस पंजाब दे’ के मुखिया अमृतपाल की तलाश में है। उसके 5 साथियों के खिलाफ नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (NSA) लगाया गया है। अब तक अलगाववादी संगठन से जुड़े 114 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) को अमृतपाल के 458 करीबियों की सूची सौंपी है। इनमें संगठन का फाइनेंस देखने वाले लोग भी शामिल हैं।
अमृतपाल की गिरफ्तारी के लिए जम्मू-कश्मीर और हिमाचल से लगे पंजाब बॉर्डर को सील कर दिया गया है। उधर, अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में इंडियन कॉन्स्यूलेट पर खालिस्तान समर्थकों ने अमृतपाल की रिहाई के नारे लिखे। इन्होंने कॉन्स्यूलेट के गेट तोड़ दिए और वहां खालिस्तान के झंडे लगाए। इससे पहले लंदन में भी खालिस्तानियों ने भारतीय हाई कमीशन पर लगा तिरंगा उतार दिया था।
वहीं दिल्ली में सिख समुदाय ने खालिस्तानियों की इस हरकत का विरोध किया। बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने दिल्ली में ब्रिटिश हाई कमीशन के बाहर तिरंगे लहराए। न्यूज एजेंसी PTI को अधिकारियों ने बताया कि खालिस्तान समर्थकों को विदेशों में विरोध प्रदर्शन के लिए उकसाने के पीछे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI का हाथ है।
1. अमृतपाल के चाचा ने सरेंडर किया, प्राइवेट फोर्स के लिए खरीदीं गई थीं 33 बुलेटप्रूफ जैकेट
दाईं तरफ नीली पगड़ी में अमृतपाल का चाचा हरजीत सिंह, उसने रविवार रात सरेंडर किया।
अमृतपाल के चाचा और ड्राइवर ने सरेंडर कर दिया है। उसके चाचा को भी बाकी के 4 साथियों की तरह असम के डिब्रूगढ़ जेल भेजा गया है। जांच में सामने आया है कि अमृतपाल ने अपनी प्राइवेट आर्मी आनंदपुर खालसा फोर्स (AKF) के लिए दिल्ली से 33 बुलेटप्रूफ जैकेट खरीदी थीं। इन जैकेट्स पर AKF का मार्का भी बनाया था। अमृतपाल पर 6 केस दर्ज किए जा चुके हैं।
पुलिस को अमृतपाल के जालंधर में छिपे होने की आशंका है। जिले के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर नाकाबंदी कर दी गई है। उधर, राज्यभर में मोबाइल इंटरनेट पर लगा बैन आज दोपहर 12 बजे तक बढ़ा दिया गया है। गिरफ्तार किए जा रहे अमृतपाल के समर्थकों के लिए दक्षिण की 13 जेलों की पहचान की गई है। संगठन और अमृतपाल से जुड़े समर्थकों को इन जेलों में शिफ्ट किया जाएगा।
2. सिसोदिया की जमानत याचिका पर आज सुनवाई, शराब नीति केस में कस्टडी 14 दिन बढ़ी
दिल्ली शराब नीति केस में तिहाड़ जेल में बंद मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर आज सुनवाई होगी। इसी मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में सिसोदिया 22 मार्च तक ED की कस्टडी में हैं। वहीं CBI के केस में सिसोदिया की कस्टडी 14 दिन यानी 3 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है।
CBI और ED दोनों ही शराब नीति केस की जांच कर रही हैं। वहीं, सिसोदिया के वकील ने कोर्ट को बताया कि ED ने उनके खिलाफ किसी क्राइम का जिक्र नहीं किया है। एजेंसी को बताना होगा कि प्रोसीड ऑफ क्राइम क्या हुआ? यह नहीं कि क्या अपराध हुआ। जब CBI पूछताछ कर चुकी है तो ED को पूछताछ करने की क्या जरूरत है? ED अब CBI की प्रॉक्सी एजेंसी के तौर पर काम कर रही है।
3. US में इंडियन कॉन्स्यूलेट पर खालिस्तानी झंडे लगाए, विदेश मंत्रालय ने विरोध जताया
अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में इंडियन कॉन्स्यूलेट के बाहर खालिस्तान समर्थक जुटे। इन्होंने स्प्रे पेंट्स से अमृतपाल को रिहा करो.. लिख दिया। इससे पहले खालिस्तानी लंदन में भारतीय हाई कमीशन पहुंचे। पहले तोड़फोड़ की और बाद में यहां लगा तिरंगा उतार दिया। भारत ने इस घटना पर दिल्ली में ब्रिटिश हाई कमिश्नर को तलब किया। हाई कमीशन पर अब पहले से ज्यादा बड़ा तिरंगा लगा दिया गया है।
भारत के विदेश मंत्रालय ने घटना सख्त विरोध जताया। कहा- हाई कमीशन के बाहर सुरक्षा क्यों नहीं थी। खालिस्तानी अंदर कैसे घुस गए। ब्रिटेन में हमारे डिप्लोमैट्स और एम्बेसी की सुरक्षा को लेकर ब्रिटिश सरकार का यह रवैया बर्दाश्त के बाहर है। यह वियना कन्वेंशन के नियमों का उल्लंघन है। हमें उम्मीद है कि इस पर फौरन एक्शन लेते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
4. सोना ऑल टाइम हाई पर पहुंचा, 10 ग्राम का दाम ₹59,671, एक किलो चांदी ₹68,250
सोने की कीमत सोमवार को ऑल टाइम हाई रही। सर्राफा बाजार में सोना 1,451 रुपए महंगा होकर 59 हजार 671 रुपए पर पहुंचा। इससे पहले 2 फरवरी को सोना सबसे महंगा हुआ था। तब इसकी कीमत 58, 882 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। एक्सपर्ट के मुताबिक, साल के आखिर तक सोने की कीमतें 65 हजार प्रति 10 ग्राम तक जा सकती हैं। आजादी के समय 10 ग्राम सोने की कीमत मात्र 88 रुपए 62 पैसे थी।
चांदी भी 68 हजार के पार निकल गई। सर्राफा बाजार में ये 1477 रुपए महंगी होकर 68250 रुपए प्रति किग्रा पर पहुंच गई है। इससे पहले 17 मार्च को एक किग्रा चांदी की कीमत 66,773 हजार रुपए थी। सोने में तेजी की वजहें हैं- ग्लोबल मार्केट में भारी उतार- चढ़ाव, साल 2023 में दुनियाभर में मंदी की आशंका, डॉलर इंडेक्स में कमजोरी। साथ ही दुनियाभर के सेंट्रल बैंक सोना खरीद रहे हैं।
5. मॉस्को में मिले पुतिन-जिनपिंग, पुतिन बोले- युद्ध खत्म करने के चीन के प्लान पर चर्चा करेंगे
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने रूस दौरे के पहले दिन मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से मुलाकात की। मुलाकात के पुतिन ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह यूक्रेन में जंग को रोकने को लेकर चीन के 12 पॉइंट प्लान पर चर्चा करेंगे। दरअसल, चीन ने जंग खत्म करने को लेकर बीते महीने एक प्लान रिलीज किया था। इसमें दुश्मनी खत्म करना और शांति वार्ता को फिर से शुरू करना शामिल है।
इधर, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा,’ दुनिया दोनों देशों की ऐसी किसी किसी चाल का शिकार नहीं होगी, जिसमें जंग खुद की शर्तों पर रोकी जाए।’ चीन ने अपने प्लान में यह नहीं कहा है कि रूस को जंग पूरी तरह रोक देना चाहिए। वहीं यूक्रेन की पहली शर्त है कि किसी भी बातचीत से पहले जंग खत्म हो। प्लान में पश्चिमी देशों की ओर से रूस पर लगाए एकतरफा प्रतिबंधों की निंदा भी की गई है।
- पीएम मोदी आज गुजरात के सांसदों के साथ करेंगे बैठकप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपने गृह राज्य गुजरात से आने वाले सभी भाजपा सांसदों के साथ बैठक करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बैठक के लिए सांसदों को मंगलवार शाम को डिनर के लिए आमंत्रित किया है। इस डिनर बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत गुजरात से आने वाले भाजपा के सभी सांसद मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर जेपी नड्डा भी इस बैठक में शामिल हो सकते हैं। (IANS)
- अब इमरान की पत्नी बुशरा को समन
- पाकिस्तान में भ्रष्टाचार के खिलाफ जांच करने वाली एजेंसी ने अब इमरान खान की तीसरी पत्नी बुशरा बीबी को तोशाखाना मामले में सोमवार को समन जारी किया। रिपोर्ट के मुताबिक, नैशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (NAB) की टीम लाहौर में इमरान के आवास पहुंची और बुशरा को नोटिस जारी किया। उन्हें मंगलवार को तलब किया गया है। इससे पहले, NAB ने पूछताछ के लिए इमरान और बुशरा को 9 मार्च को अपने रावलपिंडी दफ्तर में बुलाया था। तोशखाना मामले में सुनवाई 30 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई है। वहीं, इमरान ने आरोप लगाया कि जब वह शनिवार को कोर्ट पहुंचे थे तो उनकी हत्या के लिए एक ‘जाल’ बिछाया गया था। उन्होंने कहा कि कुछ अज्ञात लोगों को उन्हें मारने के लिए जेल के बाहर तैनात किया गया था। इमरान ने बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने का एक वीडियो दिखाया और पाकिस्तान के चीफ जस्टिस से पूछा कि ऐसे लोगों को कॉम्प्लेक्स के अंदर जाने की इजाजत क्यों दी गई।
- मंदर के NGO पर सीबीआई जांच की सिफारिश
- केंद्रीय गृह मंत्रालय ने विदेशी चंदा कानून (FCRA) का कथित रूप से उल्लंघन करने के लिए लेखक और मानवाधिकार कार्यकर्ता हर्ष मंदर की NGO ‘अमन बिरादरी’ के खिलाफ सीबीआई की जांच की सिफारिश की है। अधिकारियों ने बताया कि FCRA कानून के कई प्रावधानों के उल्लंघन को लेकर एनजीओ के खिलाफ सीबीआई जांच की सिफारिश की गई है।
- मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 3 अप्रैल तक बढ़ी
- कथित आबकारी घोटाले में दिल्ली की एक अदालत ने आम आदमी पार्टी नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 3 अप्रैल तक बढ़ा दी। यह अवधि सीबीआई वाले मामले में बढ़ाई गई है। अदालत ने 17 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दर्ज केस में सिसोदिया की हिरासत 22 मार्च तक बढ़ा दी थी।
- मोदी से मिले जापान के पीएम, चीन को संदेश
- जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा भारत के दो दिवसीय दौरे पर हैं। सोमवार को उनकी पीएम मोदी के साथ बातचीत हुई। जापान के पीएम ने मोदी को मई में हिरोशिमा में होने वाली जी-7 मीटिंग में भाग लेने का न्योता दिया। बातचीत के बाद साझा बयान में पीएम मोदी ने कहा, भारत-जापान साझेदारी को मजबूत बनाना दोनों देशों के लिए तो अहम है ही, इससे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने बताया कि सेमीकंडक्टर और दूसरी जरूरी तकनीक साझा करने पर विस्तार से बात हुई। मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना पर भी दोनों देश आगे बढ़ रहे हैं। जापान के पीएम ने कहा कि नई दिल्ली के साथ तोक्यो का आर्थिक सहयोग तेजी से बढ़ रहा है। इससे दोनों देशों को फायदा होगा।

