पीएम नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल किया है। किरेन रिजिजू को कानून मंत्री के पद से हटा दिया गया है। अब अर्जुन राम मेघवाल को कानून एवं न्याय मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। किरेन रिजिजू को भू विज्ञान मंत्रालय सौंपा गया है। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को तमिलनाडु में खेले जाने वाले खेल ‘जल्लीकट्टू’ की अनुमति देने वाले राज्य सरकार के कानून को बरकरार रखा। कर्नाटक में मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला हो गया है। सीनियर कांग्रेस नेता सिद्धारमैया अगले सीएम होंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार उनके डिप्टी होंगे। 20 मई को शपथ ग्रहण समारोह होगा। वहीं, भारतीय नौसेना आज से ‘ऑटोनॉमस फास्ट इंटरसेप्टर बोट’ (A-FIB) का पहला सी-ट्रायल शुरू करेगी। यह पहली स्वदेशी A-FIB है। गोवा से मुंबई के बीच 18 से 22 मई तक ट्रायल चलेगा।
कर्नाटक में कांग्रेस ने सरकार बनाने का दावा पेश किया, ढाई साल बाद डीके CM बनेंगे
सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार कांग्रेस के डेलिगेशन के साथ गुरुवार को राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मिले और सरकार बनाने का दावा पेश किया।
सिद्धारमैया कल कर्नाटक के CM और डीके शिवकुमार डिप्टी की शपथ लेंगे। सूत्र बता रहे, शिवकुमार 50-50 के फॉर्मूले पर राजी हुए हैं। पहले ढाई साल सिद्धारमैया CM रहेंगे और बाद के ढाई साल डीके। लेकिन सरकार चलाने में हर डिसीजन डीके की सहमति के बाद ही लिया जाएगा।
डीके के विधायकों को पसंद के मुताबिक पोर्टफोलियो दिए जाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह कल दोपहर 12.30 बजे बेंगलुरु के कांतीरवा स्टेडियम में होगा। इससे पहले गुरुवार देर शाम को बेंगलुरु कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें सिद्धारमैया को नेता चुना गया।
केरला स्टोरी पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा- 32 हजार महिलाओं के धर्मपरिवर्तन पर डिस्क्लेमर लगे
सुप्रीम कोर्ट ने बंगाल में फिल्म द केरला स्टोरी पर बैन के फैसले पर रोक लगा दी है। ममता सरकार ने 8 मई को फिल्म पर बैन लगाया था। इसके खिलाफ प्रोड्यूसर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे। अदालत ने कहा, ‘इस फिल्म में 32 हजार महिलाओं के इस्लाम कुबूल करने वाले आरोपों पर डिस्क्लेमर लगाया जाए।’
इसके लिए प्रोड्यूसर को 20 मई की शाम 5 बजे तक का समय मिला है। अदालत ने कहा कि फिल्म को सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेशन देने के खिलाफ भी अर्जियां मिली हैं। इन पर सुनवाई से पहले हम भी फिल्म देखना चाहेंगे। अदालत ने ये भी कहा कि फिल्म देखने जाने वाले लोगों और सिनेमा हॉल को सुरक्षा देना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है।
28 महीने में बनकर तैयार हुआ नया संसद भवन, प्रधानमंत्री 28 मई को उद्घाटन करेंगे
तस्वीरें 30 मार्च 2023 की हैं। प्रधानमंत्री सरप्राइज विजिट करने नए संसद भवन पहुंचे थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मई को नए संसद भवन का उद्घाटन करेंगे। इसे बनाने का काम 15 जनवरी 2021 को शुरू हुआ था, जिसे 28 महीने बाद मई 2023 में पूरा कर लिया गया। अभी लोकसभा में 590 और राज्यसभा में 280 लोगों के बैठने की व्यवस्था है।
लेकिन नई लोकसभा में 888 और राज्यसभा में 888 सीटें हैं। दोनों ही सदनों के विजिटर्स गैलरी में 336 से ज्यादा लोग बैठ सकेंगे। सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत बनी ये बिल्डिंग PM का ड्रीम प्रोजेक्ट है। उद्घाटन से ठीक 2 दिन पहले 26 मई को मोदी सरकार के 9 साल पूरे हो रहे हैं।
ज्ञानवापी में कथित शिवलिंग के सर्वे के खिलाफ मुस्लिम पक्ष, आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
ज्ञानवापी में कथित शिवलिंग के साइंटिफिक सर्वे और कार्बन डेटिंग के हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ दाखिल याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 12 मई को शिवलिंग की सही उम्र पता लगाने के लिए आदेश दिया था। लेकिन मुस्लिम पक्ष सर्वे और कार्बन डेटिंग नहीं चाहता।
हिंदू पक्ष का दावा है कि यह आदि विश्वेश्वर महादेव हैं। वहीं मुस्लिम पक्ष का दावा ठीक उलट है। इनका मानना है कि ये शिवलिंग नहीं, महज एक फव्वारा है, मस्जिदों में वुजू के लिए खासतौर ऐसे फव्वारे बनाए जाते हैं। 16 मई 2022 को ज्ञानवापी परिसर के वीडियो सर्वे के दौरान शिवलिंग मिला था।
इमरान के घर से भाग रहे 8 लोग अरेस्ट, पुलिस बोली- ऑपरेशन के लिए स्पेशल टीम तैयार
लाहौर के जमान पार्क इलाके में मौजूद इमरान खान के घर की तरफ जाने वाला रास्ता। यहां आवाजाही पर बीते 2 दिन से रोक है।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के घर से भाग रहे 8 लोगों को सिक्योरिटी फोर्सेज ने गिरफ्तार कर लिया। पंजाब प्रांत की सरकार का कहना है कि खान के घर में 40 आतंकी छिपे हैं। जिसके बाद पाकिस्तानी रेंसर्ज घर को बुधवार से घेरे हुए है। इन्हें सौंपने को लेकर दी गई मियाद भी खत्म हो चुकी है।
ऐसे में सिक्योरिटी फोर्सेज खान के घर पर कभी भी रेड कर सकती है। पाकिस्तान के होम मिनिस्टर राणा सनाउल्लाह का कहना है कि 8 मई को खैबर पख्तूनख्वा से करीब 88 लोग जमान पार्क आए थे। इन्हीं लोगों ने 9 मई को जिन्ना हाउस, आर्मी हेडक्वॉर्टर और ISI हेडक्वॉर्टर पर हमले किए थे।
इस बीच, एक पुलिस अफसर ने मीडिया से कहा- हमारी टीम ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये लोग जमान पार्क से भागने की कोशिश कर रहे थे। इनसे पूछताछ जारी है।
भागने के लिए नहर का सहारा
इस अफसर ने कहा- जमान पार्क के करीब एक पुल है। इसके नीचे नहर है। पुलिस ने पुल पर पहले ही चेकपॉइंट लगा रखा था। लिहाजा, कुछ लोग नहर के रास्ते भागने की कोशिश कर रहे थे। 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। कुछ लोग और ऐसा ही करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वो हमारी टीम को देखकर वापस जमान पार्क चले जाते हैं। हमारे पास पुख्ता जानकारी है कि जमान पार्क में कई लोगों को छिपाया गया है। जैसे ही ऑर्डर मिलेगा, सिक्योरिटी फोर्सेज ऑपरेशन शुरू कर देंगी।
प्रेसिडेंट अल्वी बोले- पुलिस का एक्शन गलत
प्रेसिडेंट आरिफ अल्वी के साथ इमरान। इमरान ने ही अल्वी को राष्ट्रपति बनाया था। (फाइल)
इमरान के करीबी दोस्त और पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने पहली बार 9 और 10 मई को हुई हिंसा पर रिएक्शन दिया। ‘जियो न्यूज’ को दिए इंटरव्यू ने अल्वी ने कहा- इमरान को 9 मई को हुई हिंसा की निंदा करना चाहिए। हालांकि, पुलिस भी गलत कार्रवाई कर रही है। तमाम पार्टियों को एकजुट होकर मुल्क की मुश्किलों का हल निकालना होगा। ये आरोप गलत है कि मैं किसी मामले में दखलंदाजी करता हूं।
होम मिनिस्टर बोले- हमारे पास सबूत
पाकिस्तान के होम मिनिस्टर राणा सनाउल्लाह। (फाइल)
पाकिस्तान के होम मिनिस्टर राणा सनाउल्लाह ने जियो न्यूज से कहा- हमारे पास तमाम टेक्निकल एविडेंस हैं। 8 मई को खैबर पख्तूनख्वा से करीब 88 लोग जमान पार्क लाए गए थे। इन्हीं लोगों ने 9 मई को जिन्ना हाउस, आर्मी हेडक्वॉर्टर और ISI हेडक्वॉर्टर पर हमले किए थे। इन लोगों की शिनाख्त के बाद मोबाइल फोन ट्रेस किए गए। लोकेशन जमान पार्क में मिली। या तो खान खुद इन्हें सौंप दें, या सिक्योरिटी फोर्सेज अपना काम करेंगीं।
राणा ने आगे कहा- ये 40 लोग वही हैं, जिन्हें जब इमरान प्रधानमंत्री थे तो उन्होंने रिहा किया था। इनका ताल्लुक तालिबान से है। खान अब इन्हें सिक्योरिटी फोर्सेज के खिलाफ इस्तेमाल कर रहे हैं।
इमरान के करीबी ने पार्टी छोड़ी
इमरान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के सीनियर लीडर, पूर्व कैबिनेट मिनिस्टर और खान के स्पेशल एडवाइजर मलिक अमीन असलम ने पार्टी छोड़ दी है। असलम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- मुल्क को तोड़ने वाले एजेंडे के साथ चलना नामुमकिन है। मलिक PTI वर्किंग कमेटी के चेयरमैन थे। अब तक कुल 6 सीनियर लीडर PTI छोड़ चुके हैं।
इमरान का घर लाहौर के जमान पार्क इलाके में है। इसकी तरफ जाने वाले हर रास्ते को सिक्योरिटी फोर्सेज ने बंद कर दिया है। हर जगह फोर्स मौजूद है।
NAB के सामने पेश नहीं हो रहे इमरान-बुशरा
- इमरान गुरुवार को भी NAB के सामने पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए। NAB अब तक कई बार इमरान और पत्नी बुशरा को पूछताछ के लिए बुला चुकी है, लेकिन दोनों ही हाजिर नहीं होते। हर बार उनके वकील बहाना बनाकर कोर्ट से राहत हासिल कर लेते हैं।
- इसी अल कादिर ट्रस्ट केस में 9 मई को NAB ने खान को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी को 8 दिन की रिमांड भी मिली थी, लेकिन इसके पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने खान को रिहा कर दिया। अब उन्हें तमाम केसों में 31 मई तक गिरफ्तारी से राहत दी जा चुकी है।
- NAB के एक अफसर ने कहा- सुप्रीम कोर्ट ने खान से साफ कहा है कि उन्हें जांच एजेंसी के साथ हर तरह का सहयोग करना होगा। इसका मतलब ये हुआ कि अगर वो पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए तो उनकी परेशानियां बढ़ जाएंगीं।
9 और 10 मई को पाकिस्तान के कई बड़े शहरों में PTI कार्यकर्ताओं ने हिंसा और आगजनी की थी। 3 दिन स्कूल और कॉलेज बंद रहे थे।
लाहौर वाले घर को सिक्योरिटी फोर्सेज ने घेरा
- पंजाब प्रांत की केयरटेकर सरकार ने बुधवार को कहा था- इमरान खान के घर 40 आतंकी छिपे हैं। अगर खान ने 24 घंटे में इन्हें पुलिस के हवाले नहीं किया तो फिर सिक्योरिटी फोर्सेज कार्रवाई करेंगीं। 24 घंटे की डेडलाइन गुरुवार दोपहर 2 बजे खत्म हो गई।
- जैसे ही पंजाब सरकार के मिनिस्टर आमिर मीर ने यह बयान दिया, उसके चंद मिनट बाद सिक्योरिटी फोर्सेज ने खान के घर जमान पार्क जाने वाले हर रास्ते को बंद कर दिया। पुलिस, रेंजर्स के अलावा फौज भी मौजूद है।
- आमिर ने कहा था- खान के घर छिपे 40 दहशतगर्द वही हैं, जिन्होंने सिक्योरिटी फोर्सेज पर पेट्रोल बम फेंके और फायरिंग की। ये वही हैं जिन्होंने आर्मी हेडक्वॉर्टर पर अटैक किया।
तस्वीर लाहौर की है। यहां 9 मई को भीड़ ने एम्बुलेंस को रोक लिया था, बाद में उसे आग के हवाले कर दिया था। मरीजों को उसमें से उतार दिया गया था।
फौज ने कहा- माकूल जवाब देंगे
मंगलवार को फौज के कोर कमांडर्स और फिर नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल की मीटिंग हुई थी। हिंसा और अपने अफसरों के घर हमले पर फौज ने कहा- हमले साजिश के तहत हुए। फौज को गद्दार बताया जा रहा है। हमने गुनहगारों की पहचान कर ली है। अब उन्हें माकूल जवाब दिया जाएगा। ये जरूरी है, क्योंकि कुछ लोग सिविल वॉर चाहते हैं। इस्लामाबाद में रेड अलर्ट है।
9 मई को हुई हिंसा में 8 लोगों की मौत हुई थी। इमरान का दावा है कि पुलिस फायरिंग में 25 लोगों की मौत हुई थी।
क्या है अल-कादिर ट्रस्ट केस
- सरकार के मुताबिक खान जब प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने लैंड माफिया मलिक रियाज को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाया। लंदन में उसके 40 अरब जब्त कराए। बाद में ये पैसा ब्रिटेन सरकार ने पाकिस्तान को सौंप दिया। इमरान ने यह जानकारी कैबिनेट को भी नहीं दी। आरोप है कि यह पैसा एक सीक्रेट अकाउंट के जरिए इमरान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के खाते में ट्रांसफर कराई गई। कुल मिलाकर यह घोटाला 60 अरब पाकिस्तानी रुपए का है।
- इसके बाद इमरान ने अल कादिर ट्रस्ट बनाया। इसने मजहबी तालीम देने के लिए अल कादिर यूनिवर्सिटी बनाई। इसके लिए अरबों रुपए की जमीन मलिक रियाज ने दी। बुशरा बीबी को डायमंड रिंग भी गिफ्ट की। बदले में रियाज के तमाम केस खत्म कर दिए गए। उसे करोड़ों रुपए के सरकारी ठेके भी मिले।
- होम मिनिस्टर राणा सनाउल्लाह ने कहा- 60 अरब रुपए की चपत सरकारी खजाने को लगी। 13 महीने में एक बार भी इमरान या बुशरा पूछताछ के लिए नहीं आए। 4 साल बाद भी इस यूनिवर्सिटी में 32 स्टूडेंट्स ही हैं।
कब खुलेगा नया संसद भवन? आ गई डेट
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मई को नए संसद भवन का लोकार्पण करेंगे। संसद के नवनिर्मित भवन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को पीएम मोदी से भेंट कर उनसे इस भवन लोकार्पण के लिए आग्रह किया था। इसी को देखते हुए लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों ने 5 अगस्त, 2019 को सरकार से संसद के नए भवन के निर्माण के लिए आग्रह किया था। इसके बाद 10 दिसंबर 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संसद के नए भवन का शिलान्यास किया गया।
बहराइच में बृजभूषण शरण सिंह के समर्थन में खिलाड़ियों ने ज्ञापन सौंपा
बहराइच में कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह के समर्थन में युवा खिलाड़ियों ने ज्ञापन सौंपा। अपने ज्ञापन में उन्होंने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह के ऊपर दर्ज फर्जी मुकदमे को वापस लिया जाए। इन्दिरा स्टेडियम से कलेक्ट्रेट तक सैकड़ों युवाओं एवं खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया। दिल्ली में धरने पर बैठे खिलाड़ियों को राजनीति से प्रेरित बताया। प्रदर्शन में बृजभूषण को आदर्शवादी नेता बताया। कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपर जिलाधिकारी को युवाओं ने सौंपा ज्ञापन।
मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में एक और बदलाव, एसपी सिंह बघेल बने स्वास्थ्य मंत्रालय में राज्य मंत्री
किरन रिजीजू से कानबन मंत्राल वापस लेने के बाद मोदी सरकार ने एक और बदलाव किया है। केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को कानून मंत्रालय से हटाकर स्वास्थ्य मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है। बता दें कि आज केंद्र सरकार ने बड़ा फेरबदल करते हुए किरण रिजीजू की जगह अर्जुन राम मेघवाल को नया कानून मंत्री बनाया है।

