अग्नि आलोक

आदिवासी पर पेशाब करने वाले BJP कार्यकर्ता पर NSA:घर पर चला बुलडोजर

Share

सीधी

MP के सीधी जिले में एक आदिवासी पर पेशाब करने के आरोपी भाजपा कार्यकर्ता प्रवेश शुक्ला को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर एनएसए लगाया गया है। प्रवेश पर नशे की हालत में युवक से अभद्रता करने का आरोप है। सरकारी अमला प्रवेश का घर ढहाने बुलडोजर और जेसीबी लेकर पहुंचा है। मौके पर एसडीएम नीलांबर मिश्रा, पटवारी और 70 से अधिक पुलिसकर्मी मौजूद हैं।

जेसीबी देखकर आरोपी प्रवेश की मां और चाची बेहोश हो गईं। डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। आरोपी की मां रोते हुए अफसरों से बोली- बेटे ने गलत काम किया है तो उसे सजा दें। मेरा घर न गिराएं। यह घर मैंने बड़ी मुश्किल से बनाया है। लेकिन प्रशासन की टीम बुलडोजर और जेसीबी से मकान को गिराने में जुटी रही।

सिहावल एसडीएम आरपी त्रिपाठी का कहना है कि मकान में किए गए निर्माण में से करीब एक तिहाई हिस्सा अवैध है, उसे ढहाया जा रहा है।जेसीबी देखकर पूरा परिवार रोने-बिलखने लगा। प्रवेश की मां और चाची बेहोश हो गईं।

मकान में प्रवेश के पिता समेत चार हिस्सेदार

सभी परिजन को बाहर निकालकर मकान को तोड़ने का काम जारी है। ​​​​​इस मकान में चार हिस्सेदार हैं- प्रवेश के पिता रमाकांत शुक्ला, दो चाचा और दादी। इस मकान के आसपास बने स्टोर रूम के दो कमरे, मेहमानों के लिए बनाया गया कमरा और सीढ़ियां तोड़ी जा चुकी है। मुख्य मकान के आगे के हिस्से को ढहा दिया गया है। मकान तोड़ते समय एक जेसीबी खराब हो गई। प्रशासन ने तत्काल दूसरी जेसीबी बुलाकर तुड़ाई दोबारा शुरू करा दी।

जेसीबी के ड्राइवर ने बताया कि मकान का निर्माण कार्य अच्छी गुणवत्ता से किया गया है इसलिए तोड़ने में समय लग रहा है। वहीं, राजस्व विभाग के अधिकारी सौरभ मिश्रा ने बताया कि फिलहाल 400 वर्ग फीट में बने अवैध हिस्से को गिरा दिया गया है।आरोपी प्रवेश शुक्ला के घर को तोड़ने की कार्रवाई चल रही है।

जरूरत पड़ी तो अपराधियों को जमीन के नीचे गाड़ देंगे

पेशाब कांड पर सीएम शिवराज सिंह ने कहा है, ‘एनएसए लगा दिया गया है, बुलडोजर भी चला दिया गया है। अगर जरूरत पड़ी तो मामाजी अपराधियों को 10 फुट जमीन के नीचे भी गाड़ देंगे। मामाजी का संदेश साफ है, इसलिए गलत मंशा वालों मध्यप्रदेश में अपराध करने से पहले 10 बार सोच लेना।’

दरअसल, दिलीप मंडल नाम के एक यूजर ने ट्वीट किया था कि अगर इस केस में बुलडोजर नहीं चला तो यही माना जाएगा कि आपमें न्याय करने की क्षमता नहीं है और आप समदर्शी नहीं हैं। जिसके जवाब में सीएम शिवराज सिंह ने ये बात कही।

पिता-माता और पत्नी को थाने बुलाकर पूछताछ की गई थी

आरोपी प्रवेश सीधी से 20 किलोमीटर दूर कुबरी गांव का रहने वाला है। उसका घर पंचायत भवन से 100 मीटर दूर है। वीडियो सामने आने के बाद बहरी पुलिस मंगलवार को उसके घर पहुंची थी, लेकिन प्रवेश वहां नहीं मिला। पुलिस ने उसके पिता-माता और पत्नी को थाने बुलाकर पूछताछ की। परिवार ने घटना को लेकर किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार किया। इसके बाद रात करीब दो बजे प्रवेश को गिरफ्तार कर लिया गया।भाजपा कार्यकर्ता प्रवेश शुक्ला के घर जाने से पहले प्रशासन की टीम पंचायत भवन में इकट्‌ठा हुई। इसमें एसडीएम, पटवारी और पुलिस बल था।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने बनाई जांच समिति

घटना को लेकर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा ने जनजाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति बनाई है। यह समिति पूरे मामले की जांच कर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को अपनी रिपोर्ट देगी। समिति में विधायक शरद कोल, अमर सिंह और बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह को भी शामिल किया गया है।

सीधी जिला दण्डाधिकारी साकेत मालवीय ने आरोपी प्रवेश शुक्ला को केंद्रीय जेल रीवा में रखने के आदेश दिए हैं।

विधायक का प्रतिनिधि रह चुका है आरोपी

प्रवेश का वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ था। यह 10 दिन पुराना बताया जा रहा है। आरोपी सीधी जिले से BJP विधायक केदारनाथ शुक्ला का प्रतिनिधि रह चुका है। आदिवासी युवक के पहले मानसिक विक्षिप्त होने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई।

आरोपी प्रवेश शुक्ला को देर रात गिरफ्तार कर थाने लाया गया।

Exit mobile version