BYD India (बीवाईडी इंडिया) ने अपनी इलेक्ट्रिक सेडान BYD Seal (बीवाईडी सील) को भारत में स्वेच्छा से वापस बुलाने की प्रक्रिया शुरू की है। यह फैसला हाई-वोल्टेज ब्लेड बैटरी में संभावित तकनीकी समस्या को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। कंपनी ने देशभर के सभी बीवाईडी सील मालिकों से अधिकृत सर्विस सेंटर्स पर वाहन की जांच कराने की अपील की है।
बैटरी सेल में संभावित खराबी की आशंका
सर्विस सेंटर से जुड़े तकनीशियनों के मुताबिक, यह रिकॉल बैटरी पैक के कुछ व्यक्तिगत सेल्स में संभावित गड़बड़ी की आशंका के चलते किया गया है। हालांकि, प्रभावित वाहनों की सटीक संख्या सार्वजनिक नहीं की गई है। लेकिन कंपनी ने इसे एहतियाती कदम बताते हुए ग्राहकों की सुरक्षा और वाहन की विश्वसनीयता को प्राथमिकता दी है।
OBD जांच के बाद जरूरत पड़ने पर मुफ्त बैटरी रिप्लेसमेंट
बीवाईडी सील के मालिकों को अधिकृत सर्विस सेंटर पर अपॉइंटमेंट बुक कराने की सलाह दी गई है। सर्विस के दौरान वाहन की ऑन-बोर्ड डायग्नोस्टिक्स (OBD) जांच की जाएगी, जिससे बैटरी सेल्स में किसी भी तरह की खराबी का पता लगाया जा सके।
अगर जांच में कोई समस्या सामने आती है, तो कंपनी पूरी बैटरी पैक को बिना किसी अतिरिक्त लागत के बदल देगी।
वाहन लाने में असमर्थ ग्राहकों के लिए पिक-अप सुविधा
जो ग्राहक खुद सर्विस सेंटर तक वाहन नहीं ला सकते, उनके लिए बीवाईडी इंडिया ने पिक-अप और ड्रॉप की व्यवस्था भी की है। अधिकृत कर्मचारी वाहन को घर से लेकर सर्विस सेंटर तक पहुंचाएंगे और काम पूरा होने के बाद वापस सौंपेंगे। कंपनी का दावा है कि ज्यादातर मामलों में वाहन उसी दिन ग्राहकों को लौटा दिया जाएगा।
अन्य BYD मॉडलों पर रिकॉल का असर नहीं
यह रिकॉल केवल बीवाईडी सील मॉडल तक सीमित है। भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध अन्य बीवाईडी इलेक्ट्रिक वाहनों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
BYD Seal की बैटरी, वेरिएंट और कीमत
बीवाईडी सील को भारत में दो बैटरी पैक विकल्पों के साथ लॉन्च किया गया था-
- 61.44 kWh
- 82.56 kWh
यह इलेक्ट्रिक सेडान तीन वेरिएंट्स में उपलब्ध है:
- डायनामिक (स्टैंडर्ड रेंज)
- प्रीमियम (एक्सटेंडेड रेंज)
- परफॉर्मेंस (ऑल-व्हील ड्राइव)
Blade बैटरी और EV सेफ्टी पर बढ़ती निगरानी
बीवाईडी की ब्लेड बैटरी को इसकी मजबूत संरचनात्मक सुरक्षा और बेहतर एनर्जी डेंसिटी के लिए जाना जाता है। ऐसे समय में जब भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों को तेजी से अपनाया जा रहा है। यह रिकॉल दर्शाता है कि निर्माता सुरक्षा मानकों और गुणवत्ता को लेकर पहले से ज्यादा सतर्क हो रहे हैं।
बीवाईडी सील ईवी का यह रिकॉल एक एहतियाती कदम है, जो ग्राहकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देता है। इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में भरोसा बनाए रखने के लिए ऐसे समय पर की गई कार्रवाई को इंडस्ट्री के लिए एक जिम्मेदार उदाहरण के तौर पर देखा जा सकता है।

