Site icon अग्नि आलोक

क्या हुंडई कार का डीलर कोई ठेले वाला भी हो सकता है? अजमेर के डीलर राजेन्द्र गोयल ने टाउन वेंडिंग कमेटी से नाम हटाने का आग्रह किया

Share

अजमेर में हुंडई कार के डीलर राजेन्द्र गोयल ने जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित से आग्रह किया है कि उनका नाम अजमेर नगर निगम की टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्य से हटा दिया जाए। क्योंकि यह कमेटी कलेक्टर के प्रस्ताव पर ही राज्य सरकार की ओर से घोषित की गई है। इसलिए गोयल ने कलेक्टर से आग्रह किया है। गोयल का कहना है कि वे कांग्रेसी हैं, लेकिन कांग्रेस नेता होने के नाते इस ठेला कमेटी में नहीं रहना चाहते हैं।

गोयल ने इस बात पर नाराजगी भी जताई है कि कांग्रेस के ही कुछ कार्यकर्ताओं ने अति उत्साह में चौराहों पर बधाई संदेश देने वाले होर्डिंग भी लगा दिए हैं। इन होर्डिंग्स में गोयल का मोबाइल नंबर देकर फोटो के साथ उन्हें ठेला किंग की पदवी से नवाजा गया है। इस बैनर में जवाहर फाउंडेशन एवं पूर्वांचल जन चेतना समिति के प्रभारी रजनीश शर्मा का फोटो भी लगाया गया है। राजेन्द्र गोयल को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र का कांग्रेस का भावी उम्मीदवार भी बताया गया। गोयल का यह कहना है कि यह होर्डिंग शरारती तत्वों द्वारा उनकी छवि खराब करने के लिए लगाए गए हैं। उन्होंने माना कि वे उद्योग रिजु झुनझुनवाला से जुड़े जवाहर फाउंडेशन के सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। यहां यह उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ता जवाहर फाउंडेशन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

रिजु झुनझुनवाला ने गत लोकसभा का चुनाव अजमेर से कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर लड़ा था। हालांकि झुनझुनवाला चार लाख मतों से पराजित हो गए, लेकिन अजमेर की राजनीति में झुनझुनवाला अभी भी सक्रिय हैं। उनकी कंपनियों के पीएफआर फंड से अजमेर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। नाम में गफलत:भले ही हुंडई कार के डीलर राजेन्द्र गोयल अपना नाम टाउन वेंडिंग कमेटी से हटाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि राज्य सरकार ने कार डीलर राजेन्द्र गोयल को कमेटी का सदस्य मनोनीत ही नहीं किया है। इस कमेटी में उन्हीं लोगों को रखा गया है कि जो हाथ ठेला कारोबार से जुड़े हुए हैं या फिर किसी ठेला एसोसिएशन के पदाधिकारी है। सरकार ने जिस राजेन्द्र गोयल को कमेटी का सदस्य बनाया है, वह अजमेर के पड़ाव क्षेत्र में ठेले पर पुराने कपड़े बेचने का काम वर्षों से कर रहा है। इस नाते ही उसे कमेटी में रखा गया है। लेकिन कांग्रेसियों ने इस सच्चाई को जाने बगैर ही कार डीलर राजेन्द्र गोयल को ठेला किंग की उपाधि दे दी। इसी अतिउत्साह में कार डीलर राजेन्द्र गोयल ने भी कलेक्टर से कमेटी में से नाम हटाने की मांग कर दी। अब इस गफलत को लेकर अजमेर में संबंधित कांग्रेसियों का मजाक उड़ाया जा रहा है। हालांकि इस कमेटी में भाजपा के पदाधिकारियों और पार्षदों की भरमार है, इसलिए शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय जैन ने निगम की टाउन वेंडिंग कमेटी को निरस्त करने की मांग की है।

 S.P.MITTAL 

Exit mobile version