Site icon अग्नि आलोक

*निगम के नेता प्रतिपक्ष चिन्टू चौकसे गिरफ्तार,7 लोगों पर हत्या के प्रयास का प्रकरण*

Share

देर रात इंदौर के लवकुश विहार में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खूनी संघर्ष

इन्दौर। कल देर रात लवकुश विहार में एक पानी का टैंकर सड़क से हटाने की बात को लेकर एक भाजपा से जुड़े एक कार्यकर्ता के बीच निगम के नेता प्रतिपक्ष चिन्टू चौकसे और उनके भतीजे का विवाद इतना जोर पकड़ गया कि भाजपा और कांग्रेस दोनों के ही कार्यकर्ताओं में सरिए, फावडे से एक-दूसरे पर हमला किया गया, जिसमें दो से तीन लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। भाजपा से जुडे कपिल पाठक की रिपोर्ट पर पुलिस ने नेता-प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे के खिलाफ प्राणघातक हमले का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। इससे गुस्साए कांग्रेस नेताओं ने हीरानगर थाने के बाहर जमकर नारेबाजी की। चौकसे को पुलिस मेडिकल के लिए एमवाय लेकर पहुंची तो वहां भी कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा लग गया और नारेबाजी होती रही।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कल देर रात लवकुश विहार सब्जी मंडी के समीप सी सेक्टर में गाड़ी लेकर गुजर रहे नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे के बेटे ईशान का वहीं के रहने वाले भाजपा नेता कपिल पाठक से विवाद हो गया था। कपिल पाठक ने सड़क के बीच में ही टैंकर खड़ा कर दिया था, जिसे हटाने को लेकर विवाद बढ़ गया इस दौरान दोनों के समर्थक मौके पर पहुंच गए और जमकर मारपीट हुई, जिसमें कपिल पाठक और चौकसे के भतीजे रोहन चौकसे को गम्भीर चोटें आई। दोनों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसके अलावा कुछ अन्य कार्यकर्ताओं के भी घायल होने की सूचना मिली है।

पानी टैंकर को लेकर विवाद
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात बीजेपी नेता कपिल पाठक और चिंटू चौकसे के बच्चों में पानी टैंकर को लेकर विवाद हुआ था। कपिल पाठक ने देर रात शिकायत पत्र देकर बताया कि चिंटू चौकसे ने फावड़े और लोहे की रॉड से प्राणघातक हमला किया है। कपिल के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। दूसरे पक्ष के लोग भी घायल हुए हैं, लेकिन शिकायत नहीं की।  

9 लोगों के खिलाफ शिकायत 
बीजेपी नेता कपिल पाठक ने चिंटू चौकसे सहित 9 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ़्तार कर हीरा नगर थाने ले लाई। एमवाय अस्पताल में मेडिकल चेकअप कराया गया। वहीं चिंटू चौकसे ने इस कार्रवाई को अंधेर नगरी चौपट राजा बताया है। कहा, झगड़े के समय मैं मौजूद ही नहीं था। मामूली घटना को हत्या के प्रयास में बदल दिया गया। यह जंगलराज नहीं तो और क्या है? 

7 आरोपी फरार 
पुलिस ने चिंटू चौकसे और सुभाष यादव को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, रोहन चौकसे, ईशान चौकसे, राधेश्याम, सुमित ठाकुर, गौरव चौधरी, रवि प्रजापति सहित एक अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।  

Exit mobile version