Site icon अग्नि आलोक

आनंद सुब्रमण्यम के बाद सीबीआई की गिरफ्त में चित्रा रामकृष्ण, अब होंगे कई खुलासे

Share
FacebookTwitterWhatsappLinkedin

NSE Scam: आनंद सुब्रमण्यम के बाद सीबीआई की गिरफ्त में चित्रा रामकृष्ण, अब होंगे कई खुलासे

नई दिल्ली

सीबीआई ने को-लोकेशन घोटाला मामले में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) की पूर्व सीईओ चित्रा रामकृष्ण को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले शनिवार को, दिल्ली की एक अदालत ने एनएसई को-लोकेशन मामले में रामकृष्ण की गिरफ्तारी से पहले की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। बता दें कि एनएसई के पूर्व प्रमुख पर कथित तौर पर ‘हिमालय में रहने वाले योगी’ के साथ एक्सचेंज के बारे में संवेदनशील जानकारी साझा करने के लिए जांच चल रही है।

कौन हैं चित्रा रामकृष्ण और आनंद सुब्रमण्यम?
चित्रा रामकृष्ण साल 2013 से लेकर 2016 तक नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की सीईओ और एमडी रहीं। 2013 में उन्हें सीईओ पद सौंप दिया गया। हालांकि, 2016 में उन्हें पद के गलत इस्तेमाल और एक घोटाले से नाम जुड़ने के बाद एनएसई से निकाल दिया गया था। चित्रा पर आरोप हैं कि उन्होंने अपने कार्यकाम के दौरान कई ऐसे फैसले लिए, जो कि शेयर बाजार के हित से नहीं जुड़ा था। इनमें एक फैसला था आनंद सुब्रमण्यम की नियुक्ति का, जिनके लिए चित्रा ने एनएसई में अधिकारी स्तर का पद तैयार किया था। साथ ही चित्रा ने अपने कार्यकाल के दौरान हर बार आनंद सुब्रमण्यम को प्रमोशन दिया। आनंद सुब्रमण्यम एनएसई में शामिल होने से पहले बामर एंड लॉरी नाम की एक कंपनी में काम करते थे। जहां उनकी सैलरी केवल 15 लाख रुपये सालाना थी और शेयर बाजार और उससे संबंधित काम का कोई अनुभव नहीं था। बावजूद आंनद सुब्रमण्यम को 1.68 करोड़ रुपये का सैलरी पैकेज दिया गया। 

हिमालय पर बैठे ‘योगी’ के आदेश पर चल रहा था NSE?
चित्रा रामकृष्ण कई सालों से अपने महत्वपूर्ण कारोबारी फैसलों में एक बाबा से सलाह ले रही थीं। एक ऐसा बाबा (योगी), जो हिमालय में रहता था और तीन वेदों के नाम वाली एक मेल आईडी का इस्तेमाल करता था। यह बाबा मेल पर रामकृष्ण को निर्देश देता था और फैसले हो जाते थे। खास बात यह है कि रामकृष्ण इस योगी से कभी मिली ही नहीं, लेकिन वह करीब 20 वर्षों से इस योगी से मेल पर बातचीत कर रही थीं। इस मामले में कार्रवाई करते हुए सेबी ने रामकृष्ण पर तीन करोड़ रुपए, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर दो करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा एनएसई को कोई भी नया प्रोडक्ट पेश करने से छह महीने के लिये रोक दिया।साथ ही इसे 6 महीने तक पैसा जुटाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया था। 

कश्मीर के श्रीनगर में ग्रेनेड हमला, 1 नागरिक की मौत- पुलिसकर्मियों समेत 24 घायल

कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के अमीरा कदाल बाजार में रविवार को आतंकवादियों ने ग्रेनेड हमला किया। इसमें एक आम नागरिक की मौत हो गई। 24 लोग घायल हुए हैं। इनमें कई पुलिसकर्मी शामिल हैं। सभी घायलों को हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है।आतंकियों की तलाश जारी है।

हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा-असम में कई जिहादी आतंकी मॉड्यूल अभी भी सक्रिय

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को कहा कि असम में कई जिहादी आतंकी मॉड्यूल अभी भी सक्रिय हैं। पुलिस इन आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पकड़े गए जिहादियों से पूछताछ के दौरान जो जानकारी सामने आई है, उससे पता चलता है कि भविष्य में यह असम के लिए बड़ा खतरा है।

उनका ये बयान तब आया है जब पिछले शनिवार को असम पुलिस ने भारतीय उप-महाद्वीप में अल-कायदा से संबंध रखने वाले 1 बांग्लादेशी नागरिक समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया।

सत्यपाल मलिक बोले-किसान पहले राज बदलें, फिर एकजुट होकर सरकार बनाए

मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने किसानों के मुद्दे को लेकर तल्ख टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि किसान सबसे पहले राज बदलें, फिर एकजुट होकर अपनी सरकार बनाएं। मलिक रविवार को हरियाणा के जींद जिले के कंडेला गांव में आयोजित किसान सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थें। उन्होंने कहा- किसान पहले खुद को ताकतवर बनाएं। यह तभी संभव है, जब किसान खुद दिल्ली के लाल किले पर झंडा फहराएं।

BSF हेडक्वार्टर अमृतसर में ड्यूटी से नाराज जवान नें मेस में की फायरिंग, 5 की मौत

पंजाब में अमृतसर स्थित BSF के खासा कैंपस में ड्यूटी से परेशान एक जवान ने मेस में अपने साथी जवानों पर फायरिंग कर दी। इसमें 4 जवानों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत नाजुक है। उसे अमृतसर के गुरुनानक देव अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद आरोपी जवान ने खुद को भी गोली मार दी। उसकी भी मौत हो गई।

मध्य प्रदेश में शहडोल के पथखई घाट में 100 फीट नीचे खाई में गिरी बस, 3 की मौत, 44 घायल

मध्य प्रदेश में शहडोल जिला मुख्यालय से 30km दूर पथखई घाट पर बीती रात एक यात्री बस अनियंत्रित होकर 100 फीट नीचे खाई में गिर गई। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 44 लोग घायल हुए हैं। 9 व्यक्ति सुरक्षित बच गए। घायलों में 5 की हालत गंभीर है, जिनका उपचार मेडिकल कॉलेज के ICU में चल रहा है। बस छत्तीसगढ़ के कवर्धा से लखनऊ जा रही थी। इसमें 56 यात्री सवार थे। पढ़ें पूरी खबर…

उत्तराखंड में दिखा दुर्लभ प्रजाति का स्नो लेपर्ड, कैमरे में कैद हुई मूवमेंट

उत्तराखंड में शनिवार को एक दुर्लभ प्रजाति का स्नो लेपर्ड घूमते हुए देखा गया। गंगोत्री नेशनल पार्क के एक पुल के पास लेपर्ड नजर आया, फिर वह वापस जंगल में चला गया। पार्क में जानवरों की मूवमेंट पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। इनमें स्नो लेपर्ड के अलावा भालू, कस्तूरी हिरन, हिमालय रेड फॉक्स भी नजर आए हैं।

CISF का 53वां स्थापना दिवस आज, गृह मंत्री अमित शाह ने परेड का निरीक्षण किया

केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) का 53वां स्थापना दिवस आज रविवार को मनाया जा रहा है। गाजियाबाद स्थित CISF की 5वीं बटालियन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए हैं। उन्होंने परेड का निरीक्षण कर कहा कि 52 साल की यात्रा को पीछे मुड़ कर देखते हैं तो 2.5 ट्रिलियन डॉलर तक की हमारी अर्थतंत्र की विकास यात्रा में एक मौन कर्मयोगी की तरह CISF ने अपना योगदान दिया है।

नेपाल में भूकंप के झटके, रिक्टर स्कैल पर 4.3 मापी गई तीव्रता; काठमांडू से 166 किमी दूर था केंद्र

रविवार सुबह तड़के 4:37 बजे नेपाल में भूंकप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र राजधानी काठमांडू से 166 किमी दूर था। रिक्टर स्कैल पर भूकंप की तीव्रता 4.3 मापी गई। फिलहाल इस भूकंप से हुए नुकसान के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।

आज पुणे में मेट्रो ट्रेन सर्विस को हरी झंडी दिखाएंगे PM मोदी

पीएम मोदी छत्रपति शिवाजी की मूर्ति का अनावरण भी करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानि 6 मार्च को पुणे में मेट्रो रेल परियोजना का उद्घाटन करेंगे। साथ ही शहर में कई और विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। पीएम मोदी सुबह 11 बजे पुणे नगर निगम परिसर में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। 1,850 किलो की यह प्रतिमा गनमेटल से बनी है, जिसकी ऊंचाई करीब 9.5 फुट है।

पाकिस्तान मस्जिद धमाके मामले में 3 संदिग्धों की पहचान हुई

मस्जिद में हुए धमाके से 63 हो गई और कई लोग घायल भी हैं।

पाकिस्तान के पेशावर में एक शिया मस्जिद धमाके मामले में पुलिस ने 3 संदिग्धों की पहचान कर ली है। गृह मंत्री शेख राशिद अहमद ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मस्जिद में हुए इस धमाके की जिम्मेदारी आतंकी संगठन IS ने ली है। धमाके में मरने वालों की संख्या बढ़कर 63 हो गई है और कई लोग घायल भी हैं।

रॉक बीच पर स्थित पुडुचेरी का एक घाट ढह गया

गाल की खाड़ी के ऊपर गहरे दबाव के चलते उठी लहरों की वजह से घाट ढह गया।

पुडुचेरी के रॉक बीच पर स्थित एक मशहूर घाट बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरे दबाव के चलते उठी लहरों की वजह से ढह गया। बताया गया कि शनिवार रात को घाट आंशिर रूप से ढह गया है। अभी तक इसमें किसी को भी कोई नुकसान पहुंचने की जानकारी नहीं मिली है।

असम नगर निकायों के लिए शुरू हुआ मतदान

राज्य के निकाय चुनाव में पहली बार EVM का इस्तेमाल हो रहा है।

असम में 80 नगर निकायों के 977 वार्ड में रविवार 8 बजे से मतदान शुरू हो गया है। खास बात यह है कि राज्य के निकाय चुनाव में पहली बार EVM का इस्तेमाल हो रहा है। इस चुनाव में 2,532 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें भाजपा के सबसे ज्यादा 825, कांग्रेस के 706 और AGP ने 243 प्रत्याशी मैदान में हैं।

कश्मीर की गुरेज घाटी में फंसे 230 लोगों को किया गया एयरलिफ्ट

खराब मौसम के चलते घाटी में फंस गए थे 230 लोग, भारतीय सेना ने किया एयरलिफ्ट।

जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में खराब मौसम के चलते गुरेज घाटी में फंसे 230 यात्रियों को एयरलिफ्ट कर लिया गया है। भारतीय सेना ने कई घंटों के अभियान के बाद सभी को सुरक्षित निकाल लिया है। कहा जा रहा है कि इनमें JKSSB के 84 प्रतियोगी, 103 सीनियर सिटीजन, 13 बच्चे हैं। इस अभियान में एमआई-17 और आर्यन प्राइवेट हेलीकॉप्टर को लगाया गया था। 

चीन की अर्थव्यवस्था पर कोरोना महामारी का असर, सिर्फ 5.5% GDP का लक्ष्य रखा

चीन ने रक्षा बजट 230 बिलियन डॉलर बढ़ा दिया है। 2021 के बाद दूसरी बार चीन का रक्षा बजट 200 बिलियन डॉलर से ज्यादा है।

चीन ने वित्त वर्ष 2022 के लिए 5.5% GDP का लक्ष्य रखा है, जो पिछले कई दशकों में सबसे कम है। इसके लिए कोरोना महामारी को जिम्मेदार बताया जा रहा है। जिसने दुनियाभर की अर्थव्यवस्था को बुरी तरह से प्रभावित किया है। वहीं चीन की सरकार ने रक्षा बजट को बढ़ाकर 1.45 ट्रिलियन युआन (230 बिलियन डॉलर) कर दिया है। यह दूसरा मौका है, जब चीन का रक्षा बजट 200 बिलियन डॉलर के पार है। पहली बार चीन ने 2021 में यह आंकड़ा पार किया था।

सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर की हत्या मामले में नारायण राणे से पूछताछ

नारायण राणे और उनके बेटे नितेश राणे से 9 घंटे हुई पूछताछ।

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत मामले में केंद्रीय मंत्री नारायण राणे और उनके बेटे नितेश राणे की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। शनिवार को मामले में पूछताछ के लिए नारायण राणे और उनके बेटे को मालवानी पुलिस थाने में पेश होने का नोटिस दिया गया था। यहां दोनों से करीब 9 घंटे पूछताछ हुई। पूछताछ के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इस पर पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

अब इस मुद्दे पर राजनीति भी शुरू हो गई है। NCP चीफ शरद पवार ने नारायण राणे से इस्तीफा देने की मांग की है। इसके जवाब में नारायण राणे ने कहा कि मैं जेल गया हूं, लेकिन मेरा दाऊद इब्राहिम से कोई संबंध नहीं है। नवाब मलिक को दाऊद इब्राहिम के मामले में गिरफ्तार किया गया है। यही वजह है कि भाजपा उनसे इस्तीफे की मांग कर रही है।

स्वदेशी फ्लाइंग ट्रेनर एयरक्राफ्ट हंसा-एनजी ने सी-लेवल पूरा किया ट्रायल

फ्लाइंग ट्रेनर ने 155 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से 1.5 घंटे में 140 नॉटिकल माइल दूरी तय की है।

देश के पहले स्वदेशी फ्लाइंग ट्रेनर एयरक्राफ्ट हंसा-एनजी ने सी-लेवल ट्रायल पूरा कर लिया है। CSIR-नेशनल एयरोस्पेस लेबोरेटरीज द्वारा बनाया गया हंसा-एनजी समुद्र स्तरीय परीक्षण में भी खरा उतरा है। पुड्डुचेरी में 19 फरवरी से 5 मार्च तक चले परीक्षण में पता चला कि यह भारतीय फ्लाइंग क्लब के लिए काफी अच्छा है। इस फ्लाइंग ट्रेनर ने 155 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से 1.5 घंटे में 140 नॉटिकल माइल दूरी तय की। जल्द ही भारत में इसका निर्माण भी शुरू किया जा सकता है। अधिकारियों का कहना है कि इससे आत्मनिर्भर भारत अभियान को गति मिलेगी।

राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव से पहले फ्रांस कैबिनेट में फेरबदल

जैकलीन गौरॉल्ट और नथाली एलिमास ने पद छोड़ दिया।

फ्रांस में राष्ट्रपति चुनाव से पहले शनिवार को कैबिनेट में फेरबदल हुआ है। इसमें जैकलीन गौरॉल्ट ने पद छोड़ दिया वहीं जोएल गिरौद को उनके पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही नथाली एलिमास ने भी शिक्षा मंत्रालय में अपना पद छोड़ दिया है। बता दें कि फ्रांस में अप्रैल महीने में दो चरणों में चुनाव होना है। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने दूसरी बार चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया है।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निजी सचिव रहे शिवकुमार पारीक का निधन

शिवकुमार पारीक पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के अंतिम समय तक उनके साथ रहे थे।

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी के सहयोगी रहे शिवकुमार पारीक का शनिवार को निधन हो गया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। प्रधान ने लिखा- जनसंघ के जमाने से पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल जी के घनिष्ठ सहयोगी रहे श्री शिवकुमार पारीक जी के निधन के समाचार से गहरा दुःख हुआ है। राष्ट्रवादी विचारों, मानवी मूल्यों और आदर्शों से उन्होंने असंख्य कार्यकर्ताओं को पोषित करने का भी काम किया।

पारीक का शनिवार को उपचार के दौरान दिल्ली में निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार रविवार को सुबह साढ़े दस बजे जयपुर के चांदपोल स्थित मोक्षधाम में किया जाएगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्वयंसेवक रहे पारीक जनसंघ के समय से ही स्व.वाजपेयी के साथ थे। वाजपेयी के अंतिम समय तक पारीक उनके साथ रहे।

राहुल गांधी का तंज, कहा- फटाफट गाड़ी की टंकी फुल करवा लो, चुनावी ऑफर खत्म हो रहा

राहुल गांधी बोले चुनाव खत्म होते ही सरकार बढ़ा देगी पेट्रोल-डीजल की कीमतें।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा- फटाफट अपनी गाड़ी की टंकी फुल करवा लीजिए, मोदी सरकार का चुनावी ऑफर खत्म होने को है। बता दें कि कांग्रेस नेता पिछले कई दिनों से भाजपा सरकार पर चुनाव के दौरान पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को रोकने और चुनाव खत्म होने के तुरंत बाद कीमतें बढ़ाने का आरोप लगाते रहे हैं।

Exit mobile version