घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को जोरदार तेजी आई। इसने कई महीनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। भारत-पाकिस्तान के बीच जमीन, हवा और समंदर पर सभी गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए सहमति बनने की घोषणा के बाद ऐसा हुआ। दोनों प्रमुख सूचकांक बड़ी बढ़त के साथ बंद हुए। कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स ने एक समय 3000 अंक से ज्यादा की छलांग लगाई। यह संवेदी सूचकांक 2975.43 अंक यानी 3.74 फीसदी उछलकर 82,429.90 अंक पर बंद हुआ। एक समय यह 82,495.97 अंक के ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था। इसने 80,651.07 अंक का निचला स्तर छुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 916.70 यानी 3.82% चढ़कर 24,924.70 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस के शेयर में 7.91 फीसदी और एचसीएल टेक में 6.35 फीसदी की तेजी आई। टाटा स्टील, इटर्नल, टेक महिंद्रा, टीसीएस, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, एनटीपसी और रिलांयस के शेयर प्रमुख रूप से फायदे में रहे। सिर्फ सन फार्मा और इंडसइंड बैंक के शेयर नुकसान को हुआ।
सीजफायर पर सहमति बनने से राहत
भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर पर शनिवार को सहमति बन गई थी। जमीन, हवा और समुद्र पर सभी गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए दोनों देश सहमत हुए थे। इस घोषणा ने बाजार की कारोबारी धारणा को मजबूत किया।
इसके पहले भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया था। सीमा पर गोलीबारी और हमलों की खबरें आ रही थीं, जिससे निवेशकों में अनिश्चितता का माहौल था। दोनों देशों के बीच सीजफायर पर सहमति बनने से बाजार में शांति और स्थिरता की उम्मीद जगी। निवेशकों का जोखिम लेने का मूड बना। इसे बाजार ने सकारात्मक रूप से लिया।
अमेरिका-चीन ट्रेड पर तनातनी कम होने के आसार
इसके अलावा पिछले कुछ समय से अमेरिका और चीन के बीच व्यापार को लेकर काफी तनातनी चल रही थी, जिसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा था। ऐसी खबरें आईं कि दोनों देश व्यापार वार्ता को आगे बढ़ाने और कुछ व्यापार प्रतिबंधों को कम करने पर विचार कर रहे हैं। दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच तनाव कम होने के संकेत से वैश्विक बाजारों के साथ-साथ भारतीय बाजार में भी सकारात्मक रुझान आया।

शेयर बाजारों में तेजी
अमेरिका और चीन के बीच डील से दुनियाभर के शेयर बाजारों में तेजी आई है। हॉन्ग कॉन्ग के शेयर बाजार में 3.4% की तेजी आई। यूरोप में जर्मनी का DAX इंडेक्स 1.2 फीसदी और फ्रांस के CAC इंडेक्स में 1% तेजी आई। लंदन का FTSE इंडेक्स 0.3% उछला। यूएस फ्यूचर में भी तेजी आई है। शुरुआती कारोबार में यूएस डॉलर में मजबूती आई है। ICE डॉलर इंडेक्स 1.3% उछलकर $102 पर पहुंच गया। ब्रेंट क्रूड भी 2.8% उछल गया।