आजादी के 75 साल का जश्न अंतरिक्ष से समुद्र तक जमीन से आसमान तक मनाया जा रहा है। तिरंगा पूरी शान से लहरा रहा है। कुछ ऐसा ही नजारा धरती से 30 किमी ऊपर अंतरिक्ष में नजर आया। जहां स्पेस किड्ज इंडिया ने गुब्बारे के साथ तिरंगा बांधकर अंतरिक्ष में भेजा। SKI ने यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि यह तिरंगा एक लाख 6 हजार फीट की ऊंचाई पर लहराया गया।स्पेस किड्स ने गुब्बारे के साथ धरती से 30 किमी की ऊंचाई पर तिरंगा भेजा। यहां लहराते तिरंगे के पीछे बादल नजर आ रहे हैं।
फायर एंड फ्यूरी कॉर्प्स ने सियाचिन पर लहराया तिरंगा
भारतीय सेना के फायर एंड फ्यूरी कॉर्प्स ने दुनिया के सबसे ऊंचे बैटल फील्ड सियाचिन ग्लेशियर पर तिरंगा फहराया। सेना की तरफ से शेयर किए गए वीडियो में सियाचिन वॉरियर्स ग्लेशियर पर तिरंगा फहराते नजर आ रहे हैं।
भारतीय सेना की यूनिट फायर एंड फ्यूरी कॉर्प्स के सियाचिन वॉरियर्स ने दुनिया के सबसे ऊंचे युद्ध क्षेत्र में तिरंगा फहराया।
कोस्ट गार्ड ने समुद्र के अंदर फहराया राष्ट्रीय ध्वज
इंडियन कॉस्ट गार्ड (ICG) के जवानों ने समुद्र के अंदर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। भारतीय तटरक्षक बल के जवानों ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के एक तट पर पानी कं अंदर तिरंगा फहराकर बिल्कुल अलग अंदाज में स्वतंत्रता दिवस मनाया।
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के पास बंगाल की खाड़ी में समुद्र के नीचे तिरंगा फहराता हुआ इंडियन कोस्ट गार्ड का जवान।
ITBP ने 75 चोटियों पर फहराया तिरंगा
आजादी के 75 साल के मौके पर ITBP ने सीमा के नजदीक 75 चोटियों पर एक साथ सुबह 7 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इनमें 33 चोटियां लद्दाख में, 16 चोटियां उत्तराखंड में, 11 चोटियां सिक्किम में, 10 चोटियां हिमाचल प्रदेश में और 5 चोटियां अरुणाचल प्रदेश में स्थित हैं।
हिमाचल प्रदेश में 17 हजार फीट की ऊंचाई पर तिरंगा ले जाते हुए ITBP के जवान। इस सैन्य बल ने सीमा से सटीं 75 चोटियों पर तिरंगा फहराया।
ITBP ने जिन चोटियों पर तिरंगा फहराया, उनमें सबसे ऊंची चोटी 18,800 फीट पर सिक्किम में स्थित है। इसके बाद लद्दाख में 18 हजार फीट और हिमाचल प्रदेश में 17 हजार फीट की ऊंचाई पर तिरंगा फहराया गया।
लद्दाख में 18 हजार फीट ऊंची चोटी पर तिरंगा लहराते ITBP के जवान, सिक्किम में भी जवानों ने तिरंगा फहराया।
अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भी तिरंगा
भारत की आजादी के 75 वर्ष का जश्न अंतरिक्ष में भी मनाया गया। भारतीय मूल के अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री राजा चारी हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर छह महीने बिताने के बाद वापस लौटे हैं। उन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए ISS पर भारत के झंडे की तस्वीर ट्वीट की है। इस तस्वीर में ISS की ग्लास विंडो पर तिरंगा लगा हुआ है। पीछे पृथ्वी दिख रही है।
राजा चारी ने जो फोटो पोस्ट किया, उसमें इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन की ग्लास विंडो पर भारत और अमेरिका के फ्लैग दिखाई दे रहे हैं।
राजा चारी ने ट्वीट में लिखा, ‘भारतीय स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मुझे भारतीय डायस्पोरा की याद आ रही है, जिसे मैं अंतरिक्ष स्टेशन से देख सकता था। जहां से मेरे अप्रवासी पिता का होम टाउन हैदराबाद चमकता है। नासा उन जगहों में से एक है, जहां भारतीय अमेरिकी हर दिन बदलाव ला रहे हैं।’ उन्होंने तिरंगे के साथ शहर के ऊपर की एक फोटो भी शेयर की है जो संभवतः हैदराबाद की है।
भारतीय मूल के अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री राजा चारी ने ISS से ली गई यह फोटो पोस्ट की, उनके मुताबिक इसमें हैदराबाद दिखाई दे रहा है।
भावना डेहरिया ने माउंट एल्ब्रस पर तिरंगा फहराया
यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर तिरंगा फहराती हुईं भारतीय पर्वतारोही भावना डेहरिया।
भारतीय पर्वतारोही भावना डेहरिया ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर तिरंगा फहराया। भावना मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया गांव की रहने वाली हैं। माउंट एल्ब्रस रूस-जॉर्जिया सीमा पर स्थित है और समुद्र तल से 18510 फीट की ऊंचाई पर है। भावना ने इससे पहले 22 मई 2019 को माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश धनखड़ आज राष्ट्रपति भवन में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित ‘एट होम’ रिसेप्शन में शामिल हुए।

