Site icon अग्नि आलोक

चिदंबरम ने SC के फैसले पर उठाए सवाल, कहा- शर्म आती है कहते हुए कि किसी ने बाबरी मस्जिद नहीं गिराई

Share

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने बाबरी मस्जिद को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि जैसे किसी ने जेसिका लाल की हत्या नहीं की, वैसे ही किसी ने बाबरी मस्जिद नहीं गिराई। उन्होंने कहा, 6 दिसंबर 1992 को जो कुछ भी हुआ वह बहुत गलत था। इसने हमारे संविधान को बदनाम किया। एक साल या उसके भीतर सभी आरोपियों को बरी कर दिया गया।

जिस तरह किसी ने जेसिका को नहीं मारा, वैसे ही किसी ने बाबरी मस्जिद नहीं गिराई। चिदंबरम ने आगे कहा कि समय बीतने के कारण दोनों पक्षों ने अयोध्या फैसला स्वीकार कर लिया। दोनों पक्षों की सहमति के बाद यह एक सही निर्णय बन गया। मेरे विचार से यह सही फैसला नहीं है, जिसे दोनों पक्षों ने स्वीकार किया है।

चिदंबरम ने ये बयान कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद की किताब सनराइज ओवर अयोध्या के विमोचन के मौके पर दिया। वहीं खुर्शीद ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले की तारीफ करते हुए कहा कि अयोध्या विवाद को लेकर समाज में बंटवारे की स्थिति थी। सुप्रीम कोर्ट ने उसका समाधान निकाला।

गुरुग्राम में आयकर विभाग का 27 ठिकानों पर छापा
टैक्स गड़बड़ी की शिकायत के बाद आयकर विभाग ने दिल्ली से सटे गुरुग्राम में बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। IT की टीम ने किंगडम ऑफ ड्रीम्स के साथ-साथ थर्टी टू माइलस्टोन नामक होटल और SLS ऑटो प्राइवेट लिमिटेड के 27 ठिकानों पर छापेमारी की। सूत्रों के मुताबिक, यहां 400 से 500 करोड़ रुपए टैक्स चोरी का खुलासा हो सकता है।

छापे में अब तक भारी मात्रा में कैश बरामद हुआ है। कार्रवाई में पंजाब, जम्मू कश्मीर और चंडीगढ़ के साथ साथ गुरुग्राम आयकर विभाग की 150 से ज्यादा अधिकारी शामिल हैं। खबर लिखे जाने तक दो टीमें डीएलएफ मैगनोलियास सोसायटी में स्थित 6 फ्लैटों में तलाशी ले रही थीं। सूत्रों ने बताया कि छापेमारी देर रात तक जारी रहेगी।

चित्रकूट गैंगरेप मामले में पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति दोषी करार

एमपी-एमएलए कोर्ट ने UP की सपा सरकार में मंत्री रहे गायत्री प्रजापति को सामूहिक रेप और पाॅक्सो एक्ट में दोषी करार दिया है। चित्रकूट की महिला के साथ सामूहिक रेप मामले में उनके खिलाफ कोर्ट ने आदेश जारी किया है। अब 12 नवंबर को सजा सुनाई जाएगी। मामले में आशीष शुक्ल और अशोक तिवारी भी दोषी पाए गए हैं। जबकि चंद्रपाल, विकास वर्मा, रूपेश्वर और अमरेन्द्र सिंह पिंटू को निर्दोष करार दिया गया है। मंगलवार को मामले में कुछ आरोपियों की ओर से लिखित बहस दाखिल की जानी थी। इसी बीच आरोपी गायत्री प्रसाद प्रजापति की ओर अर्जी देकर मुकदमे की तारीख बढ़ाए जाने की मांग की गई। इसमें कहा गया कि मुकदमे को किसी दूसरे राज्य में स्थानांतरित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका दायर की गई है। इसके अतिरिक्त इस न्यायालय के उस आदेश को हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में चुनौती दी गई है, जिसमें बचाव साक्ष्य पेश करने की अर्जी को खारिज कर दिया गया था। 

अमेरिका इंटरनेशनल सोलर अलायंस में शामिल होने वाला 101वां देश बना

ग्रीन और क्लीन एनर्जी के क्षेत्र में भारत के मिशन को बड़ी कामयाबी मिली है। बुधवार को अमेरिका भारत के इंटरनेशनल सोलर अलायंस (ISA) ग्रुप का सदस्य बन गया है। पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि अमेरिका इस ग्रुप का मेंबर बनने वाला 101वां देश है। भारत और फ्रांस ने मिलकर अक्टूबर 2015 में इंटरनेशनल सोलर अलायंस (ISA) का गठन किया था। इसके पहले सम्मेलन का उद्घाटन भी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने किया था। राष्ट्रपति भवन में हुई इस समिट में फ्रांस के अलावा श्रीलंका, बांग्लादेश समेत 23 देशों के राष्ट्राध्यक्ष, 10 देशों के मंत्री समेत 121 देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। अमेरिका के शामिल होने के बाद अब ISA दुनिया के सबसे बड़े गठबंधनों में से एक बन गया है। शुरुआती 2 सालों में ही इससे 61 देश जुड़ गए थे और 26 देशों ने समझौतों पर हस्ताक्षर करने का मन बना लिया था।

राजस्थान के CM अशोक गहलोत दिल्ली पहुंचे, प्रियंका और वेणुगोपाल के साथ की मीटिंग

राहुल गांधी के घर पहुंचे गहलोत।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार को दिल्ली पहुंचे। गहलोत ने यहां पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी अजय माकन के साथ मीटिंग की। यह मीटिंग राहुल गांधी के घर पर हुई। हालांकि इसमें राहुल गांधी शामिल नहीं हुए। पंजाब में हाल ही में हुए संगठन में बड़े बदलाव के बाद राजस्थान कांग्रेस में भी संगठन और सरकार में बड़ी सर्जरी की चर्चा है। बैठक के बाद कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी अजय माकन ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि हमने राजस्थान के राजनीतिक हालात पर चर्चा की है साथ ही उपचुनाव में पार्टी के प्रदर्शन और 2023 में विधानसभा चुनाव में फिर से जीत को लेकर बातचीत हुई है।

श्रीनगर में आतंकियों ने ग्रेनेड फेंका; एक जवान और नागरिक घायल

श्रीनगर में टारगेट किलिंग का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आतंकियों ने बुधवार शाम हवाल रोड पर स्थित आली मस्जिद ईदगाह के पास आतंकियों ने ग्रेनेड से हमला किया है। इसमें एक जवान और एक आम नागरिक के घायल होने की खबर है। दोनों को अस्पताल भेजा गया है। श्रीनगर के बोहरी कदल इलाके में सोमवार शाम को अज्ञात बंदूकधारियों ने मोहम्मद इब्राहिम खान (45) को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल इब्राहिम को SMHS अस्पताल लाया गया, जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले रविवार को आतंकियों ने बटमालू एरिया में एक पुलिसकर्मी को गोली मार दी थी।

हरियाणा में रेसलर निशा दहिया की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या; भाई की भी मौत, मां गंभीर

निशा दहिया।

हरियाणा के सोनीपत में बुधवार को रेसलर निशा दहिया की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले में निशा के भाई सूरज दहिया की भी जान चली गई, जबकि मां धनपति की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना सोनीपत के हलालपुर गांव की है। इसी गांव में पहलवान सुशील कुमार के नाम से एकेडमी भी है।

निशा का भाई सूरज दहिया।

हमला किसने और क्यों किया, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने निशा और उनके भाई के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मां का इलाज रोहतक PGI में चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। 

कब दी थी धमकी?
T-20 वर्ल्ड कप में भारत को लगातार हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान के बाद टीम इंडिया, न्यूजीलैंड से भी मैच हार गई। इसके बाद खिलाड़ी आलोचकों के निशाने पर आ गए। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने विरोध की सीमा पार करते हुए विराट की बेटी को धमकी देना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान ही आरोपी ने कोहली की बेटी वामिका के लिए अपशब्दों का प्रयोग करते हुए दुष्कर्म की धमकी दे डाली। 

प्रियंका का ऐलान- UP में कांग्रेस की सरकार बनी तो आशा-आंगनबाड़ी वर्कर्स को हर महीने देंगे 10 हजार रुपए

कांग्रेस महासचिव और UP प्रभारी प्रियंका गांधी ने बुधवार को बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि UP में कांग्रेस की सरकार बनने पर आशा कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी कर्मियों को हर महीने 10 हजार रुपए का मानदेय दिया जाएगा। इससे पहले प्रियंका ने शाहजहांपुर में मंगलवार को पुलिस की बर्बरता का जिक्र किया। प्रियंका ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यूपी सरकार द्वारा आशा बहनों पर किया गया एक-एक वार उनके द्वारा किए गए कार्यों का अपमान है। 

हांगकांग और वियतनाम ने भी कोवैक्सिन को अप्रूव किया, अब 96 देशों में हमारी वैक्सीन को मंजूरी

भारत की स्वदेशी कोवैक्सिन को मान्यता देने वाले देशों की लिस्ट में अब 2 देशों का नाम और जुड़ गया है। हॉन्ग कॉन्ग और वियतनाम ने भी भारत बायोटेक की वैक्सीन को मंजूरी दे दी है। अब कोवैक्सिन को मान्यता देने वाले देशों की संख्या बढ़कर 96 हो गई है। हाल ही में कोवैक्सिन को WHO ने इमरजेंसी इस्तेमाल का अप्रूवल दिया था।

नेपाल के आर्मी चीफ को भारतीय सेना के जनरल की मानद रैंक

भारत ने नेपाल के सेना प्रमुख को इंडियन आर्मी के ऑनरेरी जनरल की रैंक दी है। नई दिल्ली में बुधवार सुबह राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने नेपाली आर्मी चीफ जनरल प्रभु राम शर्मा को यह रैंक प्रदान की। जनरल शर्मा मंगलवार को भारत यात्रा पर पहुंचे। उन्हें इंडियन आर्मी चीफ एमएम नरवणे ने भारत आने का न्योता दिया था।

राजस्थान में बस और ट्राले की टक्कर; 5 की जलकर मौत

राजस्थान में बुधवार को भीषण हादसे में 5 लोगों की जलकर मौत होने की बात सामने आ रही है। घटना बाड़मेर-जोधपुर नेशनल हाईवे की है। यहां पचपदरा थाना क्षेत्र के भांडियावास गांव के पास बस और ट्राले की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस ने तुरंत आग पकड़ ली।

पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंच गई है। बालोतरा से जोधपुर की तरफ जा रही बस में 15 सवारियां थीं।

अफगानिस्तान पर 7 देशों के सुरक्षा सलाहकारों की बैठक दिल्ली में शुरू

इस बैठक में ईरान, रूस के अलावा मध्य एशियाई देश ताजिकिस्तान, किर्गिस्तान, कजाखस्तान, उज्बेकिस्तान और तुर्किमेनिस्तान भी शामिल हुए ।

तालिबान के अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज होने के बाद पैदा हुए हालात को लेकर नई दिल्ली में 7 देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों (NSA) की मीटिंग हुई। इस बैठक में ईरान, रूस के अलावा मध्य एशियाई देश ताजिकिस्तान, किर्गिस्तान, कजाखस्तान, उज्बेकिस्तान और तुर्किमेनिस्तान भी शामिल हुए। मीटिंग में सभी देशों ने अफगानिस्तान के मौजूदा हालात पर चिंता जताई है और कहा है कि वहां से आतंक और ड्रग्स की तस्करी को रोका जाना चाहिए।

इस मीटिंग का नाम ‘दिल्ली रीजनल सिक्योरिटी डायलॉग ऑन अफगानिस्तान’ है। भारत ने इस NSA लेवल की बैठक का मेजबानी की और इसकी अध्यक्षता भारत के NSA अजित डोभाल ने की। इस बैठक में पाकिस्तान ने शामिल होने से मना कर दिया था। इसके साथ ही उसके खास दोस्त चीन ने भी शेड्यूल का बहाना बनाकर बैठक में आने से इनकार कर दिया। 

सीमा पार से देश में ड्रग्स सप्लाई की साजिश फिर नाकाम

देश में सीमा पार से समुद्र के रास्ते ड्रग्स की बड़ी खेप भेजने की साजिश एक बार फिर नाकाम हो गई है। गुजरात के द्वारका में पुलिस ने नशे की बड़ी खेप पकड़ी है। बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 300 करोड़ से भी ज्यादा है। पकड़ी गई ड्रग्स की मात्रा 66 किलो है, जिसमें हेरोइन और मेफेड्रोन शामिल है। 1 किलो हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 5 करोड़ रुपए है। पुलिस को इसके पीछे बड़े ड्रग माफिया की भूमिका होने का संदेह है।

नवाब मलिक पर वानखेड़े की साली ने केस दर्ज कराया

मुंबई NCB डायरेक्टर समीर वानखेड़े की साली हर्षदा दीनानाथ रेडकर ने मंगलवार को महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। गोरेगांव पुलिस थाने में मलिक और एक अन्य व्यक्ति निशांत वर्मा के खिलाफ ​​सेक्शन 354, 354D, 503 और 506 के साथ महिलाओं का गलत चित्रण करने संबंधी 1986 के सेक्शन 4 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। मलिक ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में वानखेड़े की साली पर ड्रग पैडलिंग में शाामिल होने के आरोप लगाए थे।

मैक्सिको में दो वैन भिड़ीं; 12 की मौत, 3 घायल
मैक्सको में एक सड़क हादसे में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण मैक्सिको के शियापास राज्य में एक हाईवे पर दो वैन आपस में टकरा गईं, जिससे यह हादसा हुआ। घटना की वजह के बारे में फिलहाल पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है।

सिंगापुर में 4 एशियाटिक लॉयन कोरोना पॉजिटिव

सिंगापुर जू में 4 एशियाटिक लॉयन कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, संक्रमित स्टाफ के संपर्क में आने से लॉयन कोरोना पॉजिटिव हुए। जू को संचालित करने वाले मंडाई वाइल्डलाइफ ग्रुप ने कहा कि सभी लॉयन पूरी तरह फिट हैं और अच्छी तरह खाना खा रहे हैं। सिंगापुर में अब तक कोरोनावायरस के 3,397 नए मामले सामने आ चुके हैं, इनमें 169 प्रवासी मजदूरों के आवास में मिले हैं। सिंगापुर में अब तक कोरोना के कुल 2,24,200 मामले मिल चुके हैं।

Exit mobile version