Site icon अग्नि आलोक

*मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रतलाम को दी करोड़ों की विकास सौगातें,पांच साल में ढाई लाख को रोजगार*

Share

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रतलाम में करोड़ों की सौगात दी है. यहां कुंडाल गांव में उन्होंने 245.91 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया. इस दौरान उन्होंने 125 किलोमीटर सड़कों, तीन डैम और तीन बिजली ग्रिड की सौगात दी. कार्यक्रम में मंत्री चेतन काश्यप, विधायक मथुरालाल डामर, सांसद अनीता चौहान और हिम्मत कोठारी भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान योजना से गरीबों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है. दुर्घटना में मदद करने वाले को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए पांच साल में ढाई लाख पद भरेगी, जिसमें 22 हजार से ज्यादा पद पुलिस विभाग में होंगे.

पीएम नरेंद्र मोदी से कल मिलेंगे सीएम मोहन यादव

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे. यह बैठक सुबह 11 बजे पीएम आवास पर निर्धारित है. सीएम और पीएम के बीच होने वाली इस मुलाकात को राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है. बैठक में राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.

रायसेन: चलती एंबुलेंस पुलिया पर लटकी, बड़ा हादसा टला

सलामतपुर थाना क्षेत्र में बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब एक चलती एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पुलिया पर लटक गई. राहत की बात यह रही कि हादसे के दौरान एंबुलेंस में कोई मरीज सवार नहीं था. घटना में एंबुलेंस कंपनी की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है, क्योंकि वाहन घिसे-पिटे टायरों के साथ सड़कों पर दौड़ाया जा रहा था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

जबलपुर बैंक लूटकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

खितौला में हुए बड़े बैंक लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने रहीस लोधी, सोनू बर्मन, हेमराज और विकास चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 लाख 83 हजार रुपये नकद, एक कट्टा, चार कारतूस, दो बाइक और चार मोबाइल जब्त किए हैं. अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है. बता दें कि 11 अगस्त को ESAF स्मॉल फाइनेंस बैंक खितौला से पांच बदमाशों ने हेलमेट पहनकर 14 किलो 875 ग्राम सोना और 5 लाख 8 हजार रुपये की लूट की थी.

भोपाल में करोंद जेल रोड पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार की मौत

करोंद जेल रोड पर रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. निशातपुरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा. बताया जा रहा कि ट्रक चालक हादसे के बाद से फरार है. राजधानी में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों से लोगों में दहशत का माहौल है.

ऑफिस में काम करते-करते गिरा 25 साल का ग्राफिक डिजाइनर, कार्डियक अरेस्ट से मौत

भोपाल में 25 वर्षीय ग्राफिक डिजाइनर कपिल चौरसिया की कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, कपिल कार्यस्थल पर अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसे तत्काल जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. कपिल निजी कंपनी में काम करता था. बताया जा रहा कि खराब जीवनशैली और अनियमित खानपान के चलते युवाओं में हार्ट अटैक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं.

रतलाम में सीएम, दी 246 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को रतलाम ग्रामीण विधानसभा के कुंडाल गांव में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 246 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया. इस दौरान सीएम ने सांदीपनि विद्यालय जावरा, 125 किलोमीटर सड़कों, तीन डैम और तीन बिजली ग्रिड की सौगात दी. कार्यक्रम में मंत्री चेतन काश्यप, विधायक मथुरालाल डामर, सांसद अनीता चौहान और वरिष्ठ नेता हिम्मत कोठारी भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, सिंचाई और बिजली की व्यवस्था और सुदृढ़ होगी.

टीकमगढ़: स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने गई 12वीं की छात्रा लापता

स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने गई 12वीं कक्षा की छात्रा संदिग्ध हालात में लापता हो गई. घटना बड़ागांव थाना क्षेत्र के ककरवाहा गांव की है. जानकारी के मुताबिक, छात्रा संगीता रैकवार 15 अगस्त को स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर मां ने बड़ागांव थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है.

पेट्रोल पंप पर LLB छात्र की हत्या का खुलासा, तीन गिरफ्तार

भोपाल के मिनाल गेट नंबर-3 के पास पेट्रोल पंप पर LLB छात्र संस्कार बबेले की चाकू से हत्या मामले का खुलासा पुलिस ने कर दिया है. घटना का सीसीटीवी सामने आने के बाद थाना अयोध्या नगर पुलिस ने 10 दिन बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. आरोपियों ने एक्टिवा में पहले पेट्रोल डलवाने की बात पर विवाद कर वारदात को अंजाम दिया था. मृतक संस्कार इंदौर में रहकर LLB की पढ़ाई कर रहा था और दोस्त अनमोल दुबे से मिलने भोपाल आया था. सभी आरोपी करोंद क्षेत्र के रहने वाले हैं और उनके खिलाफ पहले भी अपराध दर्ज हैं.

जिलाध्यक्ष लिस्ट: कांग्रेस ने दी सफाई, संगठन सृजन से 2028 पर नजर

कांग्रेस ने जिला अध्यक्षों की नई सूची को लेकर सफाई दी है. पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा, राहुल गांधी ने संगठन सृजन का कॉन्सेप्ट गुजरात में शुरू किया था. अब मध्य प्रदेश में भी इसे लागू किया गया है. जिला अध्यक्षों का चयन एआईसीसी पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर हुआ है. यह कार्यक्रम 2028 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर चलाया जा रहा है. बीजेपी के आरोपों पर शर्मा ने कहा, भाजपा अपनी ही प्रदेश कार्यकारिणी और राष्ट्रीय अध्यक्ष तय नहीं कर पा रही, जबकि कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में मजबूत हो रही है.

100 साल पुराना पीपल गिरा, 10 बाइक और 3 कारें चपेट में, नेपियर टाउन में अफरा-तफरी

जबलपुर के नेपियर टाउन में जैन मंदिर के सामने स्थित 100 साल पुराना पीपल का पेड़ अचानक गिर गया. हादसे में 10 से 12 बाइक और तीन कारें पेड़ की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गईं. मौके पर नगर निगम की टीम पहुंची और पेड़ हटाने की कार्रवाई शुरू की.

उधारी के 4000 मांगे तो मिली चाकू की सजा! इंदौर में किराना व्यापारी पर हमला

इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित कुशवाहा नगर में उधारी के 4000 रुपये मांगने पर किराना व्यापारी मनोज लोधी पर दो सगे भाइयों ने चाकू से हमला कर दिया. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें बदमाशों की बर्बरता साफ दिख रही है. घायल व्यापारी का इलाज जारी है.

NCERT में देश विभाजन के लिए कांग्रेस जिम्मेदार के पाठ्यक्रम को लेकर सांसद आलोक शर्मा का बयान

इस देश का विभाजन हुआ. मुस्लिम लीग के कहने पर हुआ. ब्रिटिश सरकार के इशारे पर हुआ. देश के गद्दार जिन्ना के कारण हुआ.कांग्रेस के कारण हुआ. आने वाला समय में अब सही पाठ पढ़ाने का काम होगा.जो अखंड भारत था उसे कांग्रेस ने खंड खंड किया. वोट के चक्कर में देश को तोड़ा.अब पढ़ाया जाएगा कि कहा-कहा नेहरू ने गलती की.सरदार वल्लभ भाई पटेल को हटाया गया. आने वाले पीढ़ी को यह सच्चा इतिहास बताना चाहिए..

कांग्रेस में जिलाध्यक्ष की घोषणा में सोशल मीडिया ने दिख रहा आक्रोश

भिंड में रात 2 बजे तक चली मटकी फोड़ प्रतियोगिता, कृष्ण भक्ति की छाई छटा

भिण्ड में नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता इस बार भी धूमधाम से सम्पन्न हुई. खंडा रोड पर प्रतिवर्ष आयोजित यह प्रतियोगिता इस बार करीब 6 घंटे तक चली, जिसमें शहरवा ग्रामीण क्षेत्र की गोविंदाओं की टोली ने मटकी फोड़ने के लिए अनवरत प्रयास किए.

पूरे भिंड शहर में कृष्ण भक्ति की महफिल नजर आई, जहां भक्तिमय वातावरण में हर कोई डूबा हुआ था. इस भव्य आयोजन में भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह और कलेक्टर संजय श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.

कार्यक्रम के समापन पर गोविंदाओं की टोली ने मटकी फोड़कर 71 हजार रुपए का नगद पुरस्कार और शील्ड विधायक से प्राप्त की. इस प्रतियोगिता के जरिए न केवल परंपरा जीवित रहती है, बल्कि युवा पीढ़ी में धार्मिक और सांस्कृतिक जागरूकता भी बढ़ती है.

प्रतियोगिता की यह खास परंपरा भिंड शहर के खंडा रोड पर हर साल आयोजित की जाती है और स्थानीय लोगों में इसे लेकर उत्साह की लहर होती है.

शुरु हुआ त्यागपत्र का दौर

Exit mobile version