पाकिस्तान और अफगानिस्तान में घमासान जारी है. अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने सोमवार को पाकिस्तान की सेना पर काबुल में उस अस्पताल को निशाना बनाने का आरोप लगाया, जहां मादक पदार्थों के आदी लोगों का इलाज किया जाता है. पाकिस्तान के इस हवाई हमलों में 400 अफगान लोग मारे गए और 200 से अधिक लोग घायल हो गए. पाकिस्तान ने तालिबान के आरोपों से इनकार किया है.
पाकिस्तान-अफगानिस्तान में जंग जारी है. कभी डूरंड लाइन पर झड़प तो कभी हवाई हमले से दोनों देश में खौफ का माहौल है. पाकिस्तान और अफगानिस्तान अब एक-दूसरे पर खूब बम बरसा रहे हैं. इस बीच पाकिस्तान ने सोमवार की रात को अफगानिस्तान में एक और बड़ी एयरस्ट्राइक की है. पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक में अफगानिस्तान में लाशें बिछ गई हैं. पाकिस्तान ने काबुल में एक अस्पताल पर हवाई हमला कर बमबारी की है. तालिबान के प्रवक्ता ने बताया कि काबुल के नशा केंद्र वाले अस्पताल पर पाकिस्तानी हवाई हमले में कम से कम 400 लोग मारे गए हैं और लगभग 250 घायल हुए हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, तालिबान सरकार ने कहा कि पाकिस्तानी हवाई हमले में अस्पताल का एक बड़ा हिस्सा तबाह हो गया है और हताहतों की संख्या बढ़ सकती है. अभी तक 400 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. सैकड़ों लोग घायल हैं. तालिबान ने इस अटैक की निंदा की है. इस बीच पाकिस्तान ने अफगान सरकार के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए खारिज कर दिया है. पाकिस्तान ने कहा है कि काबुल में किसी भी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया.
पाकिस्तान-अफगानिस्तान में जंग
दरअसल, यह कथित हमला अफगान अधिकारियों के उस बयान के कुछ ही घंटों बाद हुआ, जिसमें उन्होंने कहा था कि दोनों पक्षों के बीच उनकी साझा सीमा पर गोलीबारी हुई. उस गोलीबारी में में अफगानिस्तान में चार लोग मारे गए. यह घटना ऐसे समय में हुई जब इन पड़ोसी देशों के बीच वर्षों बाद हुई सबसे घातक लड़ाई का तीसरा हफ्ता शुरू हो चुका था.
रिपोर्टों के अनुसार, पाकिस्तान की सेना ने हाल ही में काबुल के 9वें पुलिस जिले में स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र पर हमला किया था, जिससे भारी जान-माल का नुकसान हुआ. इस बीच अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान से बदला लेने की कसम खा ली है.
काबुल में पाकिस्तान की हवाई बमबारी से सैकड़ों लोगों की जान गई है. (फाइल फोटो-एएफपी)
तालिबान और पाकिस्तान के अलग-अलग दावे
सरकारी प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने ‘एक्स’ पर हमले की निंदा करते हुए कहा कि यह अफगानिस्तान की सीमा का उल्लंघन है. उन्होंने कहा कि मारे गए और घायल हुए लोगों में से अधिकतर वे थे जिनका मादक पदार्थ की लत छुड़ाने का इलाज किया जा रहा था. वहीं, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने इन आरोपों को खारिज किया और कहा कि काबुल में किसी भी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया.
कब और कैसे हुआ अटैक
अफगानिस्तान के उप-सरकारी प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि राजधानी काबुल में ड्रग्स एडिक्ट यानी नशा के आदि लोगों के इलाज वाले अस्पताल पर पाकिस्तान ने हवाई हमले किए. इस अटैक में 400 लोग मारे गए. सोमवार को स्थानीय समय रात 9:00 बजे शहर में ज़ोरदार धमाके हुए, जिसके जवाब में एंटी-एयरक्राफ्ट फ़ायरिंग हुई और स्थानीय लोग घबराकर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. यह हमलाल तब हुआ, जब काबुल के लोग रमज़ान का रोज़ा खोलने के बाद बाहर निकले हुए थे.
तालिबान सरकार ने की निंदा
तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा, ‘पाकिस्तानी सैन्य शासन ने एक बार फिर अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है. उसने काबुल में एक नशा मुक्ति अस्पताल को निशाना बनाया है. इस अटैक में वहां इलाज करा रहे नशे के आदि लोगों की मौत हुई है और कई घायल हुए हैं.’ उन्होंने आगे कहा, ‘हम इस अपराध की कड़ी निंदा करते हैं और ऐसे कृत्य को सभी स्वीकृत सिद्धांतों के विरुद्ध तथा मानवता के विरुद्ध अपराध मानते हैं.’

