Site icon अग्नि आलोक

सीएम हेमंत सोरेन की कभी भी हो सकती है गिरफ्तारी!

Share

जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सीएम हेमंत सोरेन से ईडी की पूछताछ को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रांची में पहले से ही धारा 144 लागू है, जबकि राज्यभर के विभिन्न जिलों में 7000 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।

कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ED) रांची में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछताछ कर रही है। इस पूछताछ के मद्देनजर मुख्यमंत्री आवास और राजभवन की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं पूरे शहर में 2000 जवानों की तैनाती की गई है।

वहीं इससे पहले मंगलवार को इस केस में तब नाटकीय मोड़ देखने को मिला जब हेमंत सोरेन अचानक से अंडरग्राउंड हो गए। इसके बाद फिर उनकी तलाशी शुरू हो गई। लेकिन शाम होते होते उन्हें रांची में अपने विधायकों के साथ बैठक करते देखा गया। भाजपा के एक नेता ने तो गुमशुदा का पोस्टर तक लगा दिया।

सत्तापक्ष के विधायक बस में बैठे, कुछ ही देर में पहुंचेंगे राजभवन

सत्तापक्ष के विधायक सीएम आवास के अंदर बस में बैठने लगे है। अब से कुछ ही देर में सभी विधायक राजभवन पहुंचेंगे।

विपक्षी विधायकों में 32 विधायक

झारखंड में विपक्षी खेमे में 32 विधायक है। इसमें बीजेपी के 25 विधायकों के अलावा बाबूलाल मरांडी को अभी भी झाविमो का विधायक ही माना जा रहा है। बाबूलाल मरांडी की सदस्यता को लेकर स्पीकर की अदालत में दल-बदल का मामला चल रहा है। इसके अलावा विपक्षी खेमे में आजसू पार्टी के 3 और 2 निर्दलीय सरयू राय, अमित यादव शामिल है। साथ ही एनसीपी के कमलेश कुमार सिंह ने भी हेमंत सरकार से समर्थन वापस ले लिया है। जिसके बाद वे एनडीए खेमे में आ गए हैं।

 राजभवन से विधायकों को मिलने का समय दिया गया

जमीन घोटाला मामले में पिछले 6 घंटे से ईडी की टीम मुख्यमंत्री से पूछताछ कर रही है। झारखंड में बढ़ती सियासी हलचल के बीच राजभवन से विधायकों को मिलने का समय दिया गया है। थोड़ी देर में राज्यपाल से झामुमो के विधायक मुलाकात करेंगे। राज्यपाल ने आठ बजे रात में मिलने का समय दिया है।

हेमंत सोरेन से कई घंटों से पूछताछ

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी की आशंका बढ़ गई है। इसे लेकर जल्द ही आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। फिलहाल, ईडी की टीम जमीन घोटाला मामले में कई घंटों से पूछताछ कर रही है। वहीं, राजभवन के पास सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त कर दी गई है।

झारखंड में सीएम आवास के पास पहुंची दो बसें

जमीन घोटाला मामले में हेमंत सोरेन से कई घंटों से ईडी की टीम पूछताछ कर रही है। इस बीच सीएम आवास में दो बसें पहुंची हैं। कयास यह लगाए जा रहे हैं कि विधायकों की शिफ्टिंग के लिए यह तैयारी चल रही है। इसके साथ-साथ राजभवन में भी भारी सुरक्षाबलों की तैनाती है।

झारखंड सरकार ने गृह विभाग के अवर मुख्य सचिव को पद से हटाया

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अविनाश कुमार को बुधवार को झारखंड सरकार के गृह विभाग के अवर मुख्य सचिव के पद से हटा दिया गया। एक बयान में यह जानकारी दी गयी। राज्य के गृह सचिव को ऐसे समय पद से हटाया गया है जब प्रवर्तन निदेशालय धनशोधन के एक मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछताछ कर रहा है। बयान के अनुसार मुख्य सचिव एल खिगंते गृह, जेल एवं आपदा प्रबंधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। कुमार को अभी कोई नयी जिम्मेदारी नहीं दी गयी है।

एम हेमंत सोरेन के आवास के बाहर तूफानी हलचल

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के रांची स्थित आवास के बाहर हलचल काफी बढ़ गई है। सीएम आवास की ओर आने-जाने वाले ट्रैफिक को दूसरी ओर डायवर्ट कर दिया गया है। वहीं हेमंत सोरेन से पिछले 6 घंटों से पूछताछ चल रही है।

सीएम आवास से निकला कारकेड

सीएम आवास से कारकेड बाहर निकला। यह कारकेड सूचना भवन के पास पहुंचा है। सूचना भवन के सामने ही सीएम आवास का पिछला गेट है। सीएम आवास से रुक-रुक कर कई गाड़ियां निकली। अचानक सरगर्मी बढ़ने से कई तरह की चर्चाएं हो रही है।

Exit mobile version