इंदौर के एमवाय अस्पताल में चूहों के काटने से दो बच्चों की मौत के मामले ने पूरे शहर को हिला दिया है. News18 द्वारा इस लापरवाही को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया. अस्पताल प्रबंधन जहां बैकफुट पर दिखाई दिया, वहीं अब कार्रवाई की सुगबुगाहट शुरू हो गई है. कलेक्टर और विधायक अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे. वहीं सीएम डॉ. मोहन यादव ने भी कड़े निर्देश दिए, जिसके बाद तत्काल विभागाध्यक्ष को नोटिस जारी किया गया और दो अन्य अफसरों को सस्पेंड कर दिया गया. मामले में बुधवार देर रात तक कुल 4 लोग सस्पेंड हो चुके हैं.
दर्ज होगी FIR
बुधवार को क्षेत्रीय विधायक गोलू शुक्ला और कलेक्टर आशीष सिंह खुद एमवाय अस्पताल के पीडियाट्रिक सर्जिकल वार्ड का निरीक्षण करने पहुंचे. इस दौरान विधायक ने कहा, बच्चों की मौत बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और जिम्मेदारों पर FIR दर्ज कराई जाएगी. साथ ही पेस्ट कंट्रोल करने वाली एजेंसी पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी. विधायक ने साफ कहा, दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर ऐसी लापरवाही अस्वीकार्य है.
जांच कमेटी गठित
वहीं, कलेक्टर आशीष सिंह ने भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा, जांच कमेटी गठित कर दी गई है और रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति हर हाल में रोकी जाए.
जांच करेगी ये कमेटी
एक उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की गई है जिसमें डॉ. एस. बी. बंसल, डॉ. शशि शंकर शर्मा, डॉ. अरविंद शुक्ल, डॉ. निर्भय मेहता, डॉ. बसंत निगवाल और सिस्टर दयावती दयाल शामिल हैं. यह समिति अपनी रिपोर्ट पेश करेगी और दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सख्त कार्रवाई, कई लोग निलंबित
एमवाय अस्पताल में चूहे द्वारा नवजात शिशु को कुतरने की दर्दनाक घटना के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई की है. लापरवाही साबित होने पर अस्पताल और नर्सिंग स्टाफ पर कठोर कदम उठाए गए हैं.
1. ड्यूटी नर्सिंग ऑफिसर आकांक्षा बेंजामिन और स्वेता चौहान को निलंबित कर दिया गया है.
2. सहायक प्रभारी नर्सिंग ऑफिसर कलावती बलावी को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है.
3. प्रभारी नर्सिंग ऑफिसर पीआईसीयू प्रवीणा सिंह और पीडियाट्रिक्स सर्जरी विभाग के प्रभारी एवं प्राध्यापक डॉ. मनोज जोशी को भी शो-कॉज नोटिस दिया गया है.
4. नर्सिंग सुपरिटेंडेंट मार्गरेट जोसफ को हटाकर उनके स्थान पर सिस्टर दयावती दयाल को नया नर्सिंग सुपरिटेंडेंट नियुक्त किया गया है.
5. पेडियाट्रिक सर्जरी आईसीयू के इंचार्ज और असिस्टेंट इंचार्ज को भी शो-कॉज नोटिस दिया गया है.
6. पेस्ट कंट्रोल की जिम्मेदारी संभाल रही एजाइल कंपनी पर ₹1 लाख का जुर्माना लगाया गया है और उनके एमओयू को निरस्त करने पर भी विचार हो रहा है.
7. अस्पताल के सुपरिटेंडेंट को तत्काल पेस्ट कंट्रोल कराने के निर्देश दिए गए हैं.
8. एजाइल कंपनी से पेस्ट कंट्रोल संबंधी सभी जानकारी मांगी गई है.
सीएम ने कहा, कार्रवाई करें
चूहा कांड पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, ”हमारी सरकार किसी की भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी. मैंने कलेक्टर और हेल्थ के पीएस को निर्देश दिए हैं. हेल्थ मिनिस्टर को भी कहा है, कार्रवाई करें”
विभागाध्यक्ष पर नोटिस, दो अधिकारी निलंबित
इंदौर के एमवाय अस्पताल के पेडियाट्रिक सर्जरी विभाग के एनआईसीयू/पीआईसीयू में दो नवजात शिशुओं को चूहों ने कुतर दिया. उनकी मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन पर कार्रवाई जारी है. दो नर्सिंग स्टाफ के निलंबन के बाद पेडियाट्रिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. ब्रजेश लाहोटी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. वहीं डॉ. मुकेश जायसवाल सहायक अधीक्षक एवं भवन प्रभारी, एमवाय अस्पताल इंदौर और प्रवीणा सिंह, प्रभारी नर्सिंग ऑफिसर, पीआईसीयू, शिशुरोग सर्जरी विभाग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

