मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को कलेक्टर-कमिश्नर, आइजी और पुलिस अधीक्षक कांफ्रेंस करेंगे। करीब 5 माह बाद वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से होने वाले इस कांफेंस में मुख्यमंत्री सुशासन और सुराज अभियान पर बात करेंगे। इसके साथ ही माफिया के खिलाफ एक्शन और कानून व्यवस्था पर चर्चा होगी। वहीं, मुख्यमंत्री ने साेमवार को ही देर शाम कैबिनेट की बैठक भी बुलाई है। इसमें जनकल्याण और सुराज अभियान में सक्रिय भागीदारी के निर्देश मंत्री को दिए जाएंगे। बैठक वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से होगी।
मंत्रालय सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को माफिया के खिलाफ इंदौर मॉडल का अनुसरण करते हुए प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे। इस पर कितना अमल हुआ, इस पर हर जिले की जानकारी ली जाएगी। मुख्यमंत्री ने पिछली बैठक में कहा था कि हर जिले को किसी भी एक क्षेत्र में बेहतर कार्य करके बताना होगा। कॉन्फ्रेंस के दौरान कलेक्टर अपने जिले में किए गए ऐसे काम का प्रजेंटेशन करेंगे। सीएम ने निर्देश दिए थे कि हर जिले में एक स्थान का चयन किया जाए, जहां अफसर-जनप्रतनिधि जन्मदिन पर पौधारोपण करें। इसकी जानकारी भी कलेक्टरों से ली जाएगी।
इस बैठक में अन्न योजना, खाद-बीज की स्थिति, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित अन्य योजनाओं की जिलेवार समीक्षा होगी। इस दौरान कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर जिलों में उठाए गए कदमों के साथ आक्सीजन संयंत्र की स्थापना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं पर अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी। पुलिस अधिकारियों से अनुसूचित जनजाति वर्ग के मामलों सहित कानून व्यवस्था की स्थिति पर जानकारी ली जाएगी। बैठक में अधिकारियों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन से प्रारंभ हुए जनकल्याण से सुराज अभियान के दौरान प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर निर्देश दिए जा सकते हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री ने साल में दो बार वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टर-कमिश्नर और आइजी-पुलिस अधीक्षक कांफ्रेंस करके योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करने का निर्णय लिया है। यह बैठक 23 अगस्त को होनी थी, लेकिन इसे स्थगित करके 13 सितंबर को प्रस्तावित किया था। मुख्यमंत्री की व्यस्तता के कारण 13 सितंबर की जगह अब 20 सितंबर को यह कांफ्रेंस हो रही है।
अभियान को लेकर बनेगी रणनीति
मुख्यमंत्री ने सोमवार को देर शाम कैबिनेट की बैठक भी बुलाई है। इसमें मुख्यमंत्री, मंत्रियों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन से प्रारंभ हुए जनकल्याण से सुराज अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा करेंगे और मंत्रियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। आमतौर पर कैबिनेट बैठक मंगलवार को होती है, लेकिन मुख्य सचिव कार्यालय से सभी मंत्रियों को संदेश दिए गए कि सोमवार को देर शाम को होगी कैबिनेट बैठक होगी।

