Site icon अग्नि आलोक

*कलेक्टर ने बांटे कंबल, आग का गोला बना ट्रक, MP में 12 जनवरी से जनकल्याण अभियान*

Share

मध्य प्रदेश में हलचल बढ़ गई है. इंदौर के भागीरथपुरा कांड के बाद देश की नजर एमपी पर है. अगर आप मध्य प्रदेश के सभी हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की सभी ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी.

ठंड में निकले कलेक्टर, जरूरतमंदों को बांटे कंबल

छतरपुर में कड़ाके की ठंड के बीच कलेक्टर पार्थ जैसवाल की मानवीय पहल सामने आई है. उन्होंने जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित कर उन्हें ठंड में राहत देने का काम किया. आज रात कलेक्टर ने भीषण ठंड के बीच जिला अस्पताल परिसर में संचालित रैन बसेरा, बस स्टैंड और पन्ना रोड पर फुटपाथ पर सोने वाले बुजुर्गों और असहाय लोगों को कंबल बांटे. कलेक्टर ने सभी का हालचाल पूछा और उनकी समस्याएं सुनीं. कलेक्टर ने पन्ना रोड फुटपाथ पर निवासरत लोगों की समस्याओं को सुनते हुए अधिकारियों को निराकरण करने के निर्देश दिए. साथ ही उन्हें शासकीय सेवाओं और योजनाओं से लाभांवित करने के निर्देश भी दिए. कलेक्टर ने कहा कि सभी नगरीय निकायों को निर्देश दिए गए हैं कि फुटपाथ और चौराहों पर सार्वजनिक अलाव की व्यवस्था करें. उन्होंने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि सामाजिक कार्यों में सहयोग करें और अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों की मदद करें.

आग का गोला बन गया ट्रक, जल गया सारा धान

बालाघाट में धान से भरे ट्रक में भीषण आग लग गई. बालाघाट के खुरसोढ़ी की यह घटना है. ट्रक आग का गोला बन गया. बालाघाट-गोंदिया रोड पर यह हादसा हुआ. ट्रक का टायर फटने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. लाखों रुपये के धान सहित ट्रक जलकर खाक हुआ. फायर बिग्रेड मौके पर है. आग बुझाने का प्रयास जारी है.

मध्य प्रदेश में 12 जनवरी से 31 मार्च तक चलेगा जनकल्याण अभियान

सीधी के बहरी में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश में स्वामी विवेकानंद की जयंती के चलते 12 जनवरी से 31 मार्च तक जनकल्याण अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में अधिकारी शिविर लगाकर शासन की विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों से आवेदन पत्र भरवाकर योजनाओं का लाभ देंगे. 106 प्रकार की जन्म मूलक योजनाओं का हितग्राहियों को लाभ मिलेगा. यह जनकल्याण अभियान पूरे मध्य प्रदेश में चलाया जाएगा.

भोपाल में कार में मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगी मौत की वजह

भोपाल के कोलार थाना इलाके में एक व्यक्ति का संदिग्ध हालात में कार में शव मिला है. कोलार डी-मार्ट के सामने कार में शव मिला. मृतक की पहचान 48 वर्षीय दीपक वर्मा के रूप में हुई. पुलिस की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे. मृतक के बड़े भाई दीपक वर्मा को तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव का पीएम कराकर परिजनों को सौंपा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह का खुलासा होगा. पुलिस मामले की जांच में जुटी.

नर्मदा परिक्रमा पर निकली महिला कथा वाचक के साथ मारपीट, केस दर्ज

सिवनी के घंसौर थाना अंतर्गत बिनौरी गांव में नर्मदा परिक्रमा कर रही कथा वाचक के साथ साउंड और टेंट हाउस संचालक द्वारा विवाद और मारपीट करने का मामला सामने आया है. साउंड और टेंट हाउस संचालक और कथा वाचक के बीच कथा कार्यक्रम में खराब साउंड सिस्टम लगाने को लेकर शुरू हुए विवाद के मारपीट का रूप ले लिया. आरोप है कि टेंट संचालक ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर कथा वाचक साध्वी ऋचा गोस्वामी पर हमला कर दिया. इस हमले में साध्वी को चोटें आई हैं. घटना के बाद साध्वी ऋचा गोस्वामी ने घंसौर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. वहीं इस घटना से समाज से जुड़े लोगों में भारी रोष है. सनातन धर्म सेना सहित अन्य संगठनों ने थाने पहुंचकर घटना की निंदा की और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जेल भेजने की मांग की है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है.

ग्वालियर से शुक्लहारी जा रही बस पलटी, 20 यात्री घायल

ग्वालियर में डबरा के पास बस हादसा हो गया. ग्वालियर से शुक्लहारी जा रही यात्री बस पलट गई. घोंघा गांव के पास यात्रियों से भरी बस पलटी. 20 यात्री घायल हुए. पांच की हालत नाजुक है. बस में कुल 35 यात्री सवार थे. बस ड्राइवर शराब के नशे में था. घटना के बाद ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए. घायल यात्रियों को पहले डबरा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया. डबरा SDOP सहित तहसीलदार मौके पर पहुंचे.

मध्य प्रदेश में शिक्षकों पर लगा एस्मा, छुट्टियों और धरना प्रदर्शन पर रोक

मध्य प्रदेश के 3.5 लाख शिक्षकों पर एस्मा लगा. छुट्टियों और धरना प्रदर्शन पर रोक लगी. माध्यमिक शिक्षा मंडल ने जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी किया. शिक्षक और कर्मचारी परीक्षा ड्यूटी से इनकार नहीं कर सकेंगे. एस्मा के तहत अगले दो माह छुट्टियों पर रोक लगी. ये व्यवस्था एक फरवरी से 30 अप्रैल तक लागू रहेगी. कार्य में बाधा डालने या ड्यूटी से मना करना कानून के उल्लंघन के अंतर्गत होगा. प्रदेश में 7 फरवरी से 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही हैं. इसमें करीब 17 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे.

मंदिर का प्रवेश गेट गिरने से एक मजदूर की मौत, चार घायल

छतरपुर में निर्माणाधीन प्रवेश गेट गिरने से बड़ा हादसा हो गया. मलबे में दबने से चार मजदूर घायल हो गए. एक मजदूर की मौके पर मौत हो गई. प्रशासन अन्य की तलाश में जुटा. मलबा हटाने का काम जारी है. स्थानीय लोगों ने चार मजदूरों को निकालकर अस्पताल भेजा. धोर्रा मंदिर का मुख्य प्रवेश द्वार बनाया जा रहा था. नौगांव थाना इलाके की यह घटना है.

महिला कर्मचारियों की हॉकी ट्रेनिंग के लिए मिली छुट्टी, खेल रहीं क्रिकेट

जबलपुर में पश्चिम मध्य रेलवे की स्पोर्ट्स कोटे की महिला कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है. हॉकी खेलने के नाम पर रेलवे स्पोर्ट्स कोटे की महिला कर्मचारी चोरी-छिपे क्लब क्रिकेट खेल रही हैं. बालाघाट में आयोजित हॉकी टूर्नामेंट खेलने के लिए एक महीने की छुट्टी मिली थी. बालाघाट से चोरी छिपे जबलपुर आकर पांच प्लेयर क्लब क्रिकेट खेलती मिलीं. जबलपुर के रेलवे स्टेडियम में वियाना वुमेन प्रीमियर लीग चल रहा है. महिला कर्मचारियों के बालाघाट से जबलपुर आने की विभाग को कोई जानकारी नहीं है. क्रिकेट खेलने के लिए रुपये मिलने की जानकारी भी सामने आ रही है. जबलपुर रेल मंडल के सीनियर DCM ने स्पोर्ट्स के संबंधित अधिकारियों से बात की. मामले की जांच के बाद दोषी खिलाड़ियों पर कार्रवाई हो सकती है. प्रैक्टिस करने के बजाय भागकर क्लब क्रिकेट खेलने के कारण महिला कर्मचारियों की टीम हॉकी टूर्नामेंट में कुछ खास नहीं कर पाई.

मैहर में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट में पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

मैहर जिले के अमरपाटन में पुलिस कार्रवाई से नाराज एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक अनंतराम पटेल ने आत्महत्या से पहले सुसाइड नोट लिखा और एक वीडियो फेसबुक स्टेटस पर पोस्ट किया. सुसाइड नोट में उसने चार लोगों पर ब्लैकमेल कर झूठे मामलों में फंसाने और पांच लाख रुपये वसूलने के आरोप लगाए. साथ ही अमरपाटन थाने में पदस्थ एक पुलिसकर्मी पर प्रताड़ना, गुरुवार रात एक लाख रुपये लेने और दोबारा पैसे मांगने के गंभीर आरोप भी लगाए हैं.

-पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की बेटी की मौत पर सीएम ने जताया दुख

कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक श्री बाला बच्चन जी की सुपुत्री प्रेरणा बच्चन सहित तीन व्यक्तियों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु का समाचार अत्यंत वेदनापूर्ण है. सभी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायल अनुष्का राठी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना है. पीड़ा की इस घड़ी मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं.

-गौकशी को लेकर कांग्रेस का निगम दफ्तर के बाहर जोरदार प्रदर्शन

शहर में स्लॉटर हाउस में गौकशी की पुष्टि होने के बाद कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है. शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निगम दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शन कर रहे नेताओं का कहना था कि गौकशी जैसी घटनाएं न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं, बल्कि लोगों की धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचाती हैं. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही के चलते यह मामला सामने आया है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी.

-रालामंडल बायपास पर भीषण सड़क हादसा, पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा की दर्दनाक मौत

इंदौर की सड़कों पर शुक्रवार रात जो हुआ, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. रालामंडल बायपास पर हुए भीषण सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर कासलीवाल और ट्रांसपोर्ट व्यापारी मन सिमरन सिंह संधू की मौके पर ही मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, सभी दोस्त रालामंडल की ओर से विजय नगर जा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार में वाहन का संतुलन बिगड़ा और गाड़ी भीषण हादसे का शिकार हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. इस हादसे में एक अन्य युवती अनुष्का गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. फिलहाल उसका इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.

-100 साल बाद एमपी में लौटेंगे जंगली भैंसे, असम से होगा बड़ा वन्यजीव आदान-प्रदान

मध्यप्रदेश को जल्द ही 50 जंगली भैंसे, एक गैंडा और कोबरा मिलने जा रहे हैं. इसको लेकर मोहन यादव और हिमंत बिस्वा सरमा के बीच वन्यजीव आदान-प्रदान पर सहमति बनी है. यह प्रक्रिया तीन साल में तीन चरणों में पूरी होगी. इसके बदले मध्यप्रदेश, असम को एक जोड़ा टाइगर और छह मगरमच्छ देगा. करीब 100 साल बाद जंगली भैंसों की एमपी में वापसी होगी. शुरुआती तौर पर इन वन्यजीवों को वन विहार में रखा जाएगा, जहां निगरानी और अनुकूलन की व्यवस्था की जाएगी.

-सीधी को आज विकास की बड़ी सौगात, सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे 201 करोड़ के कामों का लोकार्पण-शिलान्यास

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सीधी जिले के बहरी प्रवास पर रहेंगे. वे यहां हितग्राहियों के प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री जिले को 201 करोड़ रुपये की लागत वाले 209 विकास कार्यों की सौगात देंगे. इनमें 68 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 179 कार्यों का लोकार्पण और 133 करोड़ रुपये के 30 विकास कार्यों का शिलान्यास शामिल है. इसके साथ ही ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना के तहत 505 हितग्राहियों को 11 करोड़ 58 लाख रुपये की सहायता राशि भी वितरित की जाएगी.

Exit mobile version