इंदौर
हास्य अभिनेता राजपाल यादव पर इंदौर के कारोबारी ने 20 लाख रुपए हड़पने का आरोप लगाया है। इंदौर के प्रताप नगर में रहने वाले कारोबारी सुरिंदर सिंह ने तुकोगंज थाने में राजपाल यादव के खिलाफ शिकायती आवेदन दिया था। पुलिस ने जांच के बाद पूछताछ के लिए इंदौर हाजिर होने के लिए अभिनेता को मुंबई स्थित पते पर नोटिस भेजा था। इंदौर से भेजे गए नोटिस को यादव ने लेने से इनकार कर दिया है।
शिकायतकर्ता सुरिंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि राजपाल यादव से उसकी पहचान वर्ष 2010 के बीच इंदौर के सिटी सेंटर में मुलाकात हुई थी। जहां यादव रुपए लेने आए थे। यादव ने सुरेंद्र सिंह को अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर होने का हवाला देते हुए यह रुपए मांगे थे। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि यह रुपए अलग अलग राजपाल यादव द्वारा उनसे लिए गए। रुपए देते हुए यादव ने उन्हें भरोसा दिया था कि वह रुपए लौटा देंगे और सुरेंद्र सिंह के बेटे रविंद्र सिंह को फिल्मों में काम दिलवा देंगे। सिंह के अनुसार बेटा रविंद्र गायक है। लंबे समय से राजपाल सिंह यादव से वह रुपए लौटाने की बात कर रहे हैं। लेकिन किसी तरह से कोई उन्हें आश्वासन अब तक नहीं मिला है। फरियादी ने अब पुलिस की शरण ली। अभिनेता द्वारा फरियादी को जान से मारने की धमकी देने की बात भी सामने आई है।

