इंदौर
एरोड्रम इलाके के स्मृति नगर में सोमवार शाम एक युवक की चाकू घोंप कर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार मृतक का नाम अंकित पुत्र हीरालाल सालवी निवासी स्मृति नगर है। पुलिस ने हमला करने वाले एक आरोपी को हिरासत में लिया है। अवैध संबंधों के चलते हत्या की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।
एक्सीडेंट के 9 साल पुराने मामले में 2 करोड़ 12 लाख रुपए का मुआवजा अवार्ड
मोटर दावा अधिकरण इंदौर ने एक्सीडेंट के एक नौ साल पुराने मामले में दो करोड़ 12 लाख रुपए का क्षतिपूर्ति मुआवजा अवार्ड किया है। इस राशि पर जून 2014 से 6 प्रतिशत की दर से ब्याज देने का भी आदेश न्यायालय ने पारित किया है। घटना 29 मई 2014 की है। शाम पांच बजे कमोडिटी कारोबारी, मनोरमा गंज निवासी तरूण जैन अपनी कार क्रमांक एमपी-09-टी-0259 से व्यावसायिक कार्य से मानपुर जा रहे थे। यहां एबी रोड पर यश ढाबे के पास खतरनाक तरीके से लापरवाही पूर्वक बीच सड़क पर खड़ी आयशर गाड़ी से टकराने से उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी। आयशर वाहन के मालिक, चालक और बीमा कंपनी न्यू इंडिया इंश्योरेंस के खिलाफ दायर परिवाद में न्यायाधीश राकेश कुमार ठाकुर ने वाहन चालक की लापरवाही साबित होने पर उपरोक्त मुआवजा राशि देने का आदेश जारी किया।

