Site icon अग्नि आलोक

कांग्रेस में कशमकश अब खत्म….खंडवा से राजनारायण सिंह होंगे कांग्रेस उम्मीदवार! रैगांव और जोबट में भी नाम तय

Share

भोपाल. मध्य प्रदेशकी 4 सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर कांग्रेस में चल रही कशमकश अब खत्म होती हुई नजर आ रही है. सबसे ज्यादा सरगर्मी वाली खंडवा सीट पर राजनारायण सिंह पार्टी प्रत्याशी हो सकते हैं. पार्टी ने उनके नाम को मंजूरी दे दी है.

कांग्रेस ने पृथ्वीपुर छोड़कर बाकी बची 3 सीटों पर 2 नामों का पैनल तैयार किया था. सूत्रों के हवाले से खबर मिली है कि 3 सीटों पर पार्टी ने एक-एक नाम तय कर लिया है. खंडवा सीट पर पार्टी ने पूर्व विधायक राज नारायण सिंह और मौजूदा विधायक सचिन बिरला का नाम पैनल में रखा था. लेकिन  पार्टी ने राज नारायण सिंह के नाम पर अपनी सहमति दे दी है. अरुण यादव यदि राजनारायण के नाम पर राजी होते हैं तो कल उनके नाम की घोषणा हो जाएगी.

जोबट में महेश पटेल
अरुण यादव के खंडवा से चुनाव नहीं लड़ने के ऐलान के बाद पार्टी ने पूर्व विधायक राज नारायण सिंह को उम्मीदवार बनाने का मन बना लिया है. राज नारायण सिंह दिग्विजय सिंह के करीबी माने जाते हैं और ऐसे में खंडवा सीट पर कांग्रेस की जीत का दारोमदार दिग्विजय सिंह पर होगा. वहीं कांग्रेस ने जोबट पर भी उम्मीदवार तय कर लिया है. महेश पटेल को कांग्रेस पार्टी यहां से उम्मीदवार बनाने जा रही है. सुलोचना रावत के दल बदल कर बीजेपी में शामिल होने के बाद पार्टी ने महेश पटेल के नाम पर सहमति दी है.

रैगांव का ये है गणित
2018 में रैगांव सीट पर कुल 45 प्रतिशत वोट पड़ थे. इसमें भाजपा प्रत्याशी जुगल किशोर बागरी को 65910 वोट मिले थे और विजयी घोषित हुए थे. जबकि कांग्रेस प्रत्याशी कल्पना वर्मा 48489 वोट से द्वितीय स्थान पर थीं. इसके साथ ही बहुजन समाज पार्टी की प्रत्याशी ऊषा चौधरी ने भी 12 हजार से ज्यादा वोट पाकर तीसरे पायदान पर जगह बनाई थी. लेकिन एक बार फिर पार्टी कल्पना वर्मा को मौका देने की तैयारी में है.

Exit mobile version