भोपाल प्रदेश में लगतार बढ़ रहे अपराधों को लेकर कांग्रेस ने सरकार को आड़े हाथों लिया है। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में हर राेज 137 महिलाओं के साथ कोई ना कोई अपराध हो रहा है, लेकिन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा खुद को संवारने में 2 घंटे देते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पिछले 12 महीने में 4 हजार से अधिक रेप तथा 6 हजार से अधिक अपहरण हुए हैं। लेकिन गृह मंत्री ने फिल्मी एक्टर कंगना रनौत की सुरक्षा की चिंता की।
पूर्व मंत्री ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर मीडिया से चर्चा की। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह अराजकता फैला रहे। मध्य प्रदेश को भाजपा के गुंडों से खतरा है। एक और उदाहरण देते हुए पटवारी ने कहा कि बीजेपी नेता योगेंद्र धाकड़ पर टीचर के साथ रेप करने के आरोप लगे हैं। छतरपुर में शराब पीने से 4 लोगों की मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह की सरकार में प्रोटेम स्पीकर को धमकी मिल रही है, विधायको को धमकी मिल रही है तथा एक के बाद एक लगातार अपहरण की घटनाएं हो रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बयान- टांग दूंगा, लटका दूंगा, मध्यप्रदेश छोड़कर भाग जाओ माफिया..अब सरकार का यह शिगूफा बन गया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि शराब की अवैध तस्करी हुई तो कलेक्टर पर गाज गिरेगी। अब छतरपुर की घटना सामने आ गई तो वह मौन है जबिक मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा था कि अगर अब शराब से किसी की मौत होती है या जहरीली शराब बेचे जाने के मामले सामने आते है तो इसके लिए कलेक्टर-एसपी के साथ कमिश्नर और आईजी की भी जवाबदेही होगी लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। दूसरी तरफ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर उन्हें बधाई दे रहे है।
CM बनने के लिए पूजा करते हैं गृह मंत्री
पूर्व मंत्री पटवारी ने आरोप लगाया कि गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा प्रतिदिन नहा धोकर 3 बार पूजा करते है, एक बार CM बनने के लिए भी पूजा करते हैं। उसके बाद मीडिया को बयान देते है। वह चलता फिरता ब्यूटी पार्लर है।
कांग्रेस का आरोप:प्रदेश में 137 महिलाओं के साथ हर राेज हो रहे अपराध; गृह मंत्री को कंगना रनौत की सुरक्षा की चिंता

