सागर
दमोह उपचुनाव को लेकर सत्ताधारी भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस ने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। सोमवार को कांग्रेस ने भी कांग्रेस की ओर से जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय टंडन को उम्मीदवार घोषित किया है।
अब दमोह उपचुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। कांग्रेस के अजय टंडन का मुकाबला भाजपा के राहुल सिंह के साथ होगा। इधर, भाजपा ने मंत्री गोपाल भार्गव को आगामी दमोह विधानसभा उपचुनाव का प्रभारी नियुक्त किया है। नगरीय निकाय चुनाव के पहले हो रहे विधानसभा-55 के उपचुनाव सत्ताधारी दल भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के लिए अहम हैं।
दोनों ही पार्टियों ने जीत के लिए ताकत झोंकना शुरू कर दी है। लगातार कार्यक्रम कर मतदातों को रिझाने की कोशिशें शुरू हो गई हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा के उपचुनाव उम्मीदवार राहुल सिंह 30 मार्च को नामांकन भरेंगे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा मौजूद रहेंगे।
मलैया के सामने दो बार हार का सामना कर चुके टंडन
जानकारों के अनुसार कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन तीसरी बार विधानसभा चुनाव में बतौर प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं। इसके पहले दो बार वर्ष 1998 और 2003 में भाजपा के जयंत मलैया के सामने चुनाव लड़े, लेकिन दोनों ही बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, कांग्रेस प्रत्याशी टंडन ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए राहुल सिंह के चुनाव के दौरान कार्य संभाला था। टंडन की क्षेत्र में अच्छी पकड़ है। ऐसे में दमोह उपचुनाव रोचक होने वाला है। क्योंकि भाजपा के राहुल सिंह और कांग्रेस के अजय टंडन के बीच कांटे का मुकाबला माना जा रहा है।
अजय का जनता से सीधा संपर्क, राहुल समाज के भरोसे
अजय टंडन (कांग्रेस)
पिता: स्व. चंद्रनारायण टंडन (पूर्व विधायक)
जन्म तिथि: 04-09-1954
शैक्षणिक योग्यता: एमए हिंदी
व्यवसाय: ठेकेदारी, कृषि
पता: टंडन बगीचा दमोह
राजनैतिक गतिविधियां: वर्ष 1996 से 2006 तक लगातार 10 वर्षों तक दमोह जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर रहकर कार्य किया।
वर्तमान में 2018 से पुन: कांग्रेस अध्यक्ष पद पर कार्यरत।
प्रत्याशी बनाने के तीन प्रमुख कारण
- प्रतिष्ठित परिवार, लंबा राजनैतिक अनुभव
- संगठन में पकड़
- सर्वे में नाम पर आम सहमति
(+) प्वाइंट: जनता से सीधा संपर्क, राजनीतिक विरासत, साफ छवि (-) प्वाइंट : प्रदेश में सरकार नहीं, दो बार विधानसभा चुनाव में हारे, पार्टी के अंदर गुटबाजी
राहुल सिंह (बीजेपी)
पिता: स्वर्गीय विजय सिंह लोधी
शैक्षणिक योग्यता- कक्षा 12 वीं
पद: जिला पंचायत सदस्य, पूर्व विधायक कांग्रेस
व्यवसाय: कृषि
राजनैतिक गतिविधियां: 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने प्रत्याशी घोषित किया और राहुल सिंह ने बीजेपी के प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री जयंत मलैया को शिकस्त दी थी।
प्रत्याशी बनाने के तीन प्रमुख कारण : कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद टिकट देने की पहली शर्त
लोधी बहुल्य सीट, युवा हाेने के साथ ही चुनाव प्रचार के लिए युवाओं की टीम।
(+) प्वाइंट: प्रदेश में बीजेपी की सरकार, संगठन की सहमति, मेडिकल कॉलेज की घोषणा
(-) प्वाइंट : बिकाऊ का आरोप, स्थानीय नेताओं के बीच सामंजस्य की कमी, मलैया का विरोध

