Site icon अग्नि आलोक

कांग्रेस ने खंडवा से राजनारायण सिंह पुरनी, जोबट से महेश पटेल और रैगांव से कल्पना वर्मा को टिकट महाकाल की भस्मारती में रुपए लेकर एंट्री, 6 पर FIR

Share

कांग्रेस ने खंडवा लोकसभा, जोबट और रैगांव से अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। खंडवा लोकसभा से पूर्व विधायक राजनारायण सिंह पुरनी, जोबट से महेश पटेल और रैगांव से कल्पना वर्मा को टिकट दिया है। कल्पना सतना से जिला पंचायत सदस्य हैं, वहीं महेश पटेल आलीराजपुर के जिलाध्यक्ष हैं। ज्ञात हो कि खंडवा से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण यादव भी दावेदारी कर रहे थे, लेकिन बाद में अपनी दावेदारी वापस ले ली थी।

इंदौर के नरीमन पॉइंट में रहने वाली HR मैनेजर शालू निगम ने अपने फ्लैट में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने उसके पास से सुसाइड नोट बरामद किया है। परिजन ने ऑफिस स्टाफ पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। शालू, सतना की रहने वाली थी और यहां इंदौर में देव विग्रो कंपनी में HR मैनेजर थी। तीन दिन पहले ही उसने कंपनी से इस्तीफा दिया था। शालू ने अपने मामा को फोन कर ऑफिस की टेंशन को लेकर जिक्र किया था। लसूड़िया पुलिस जांच में जुटी है। पूरी खबर पढ़ें

उज्जैन के महाकाल मंदिर की सुरक्षा में सुरक्षाकर्मियों द्वारा ही सेंध लगाने का बड़ा मामला सामने आया है। बाहर से दर्शन करने आए श्रद्धालुओं को पैसे लेकर भस्म आरती में प्रवेश देने को लेकर मंदिर प्रशासन ने 6 कर्मचारियों पर FIR कराई है। इनमें महाकाल मंदिर की सुरक्षा एजेंसी के पांच और एक सत्कार शाखा में तैनात कर्मचारी है। सभी छह आरोपियों पर धोखाधड़ी के मामले में धारा 420 के तहत महाकाल थाने में केस दर्ज किया गया है।पूरी खबर पढ़ें…

छिंदवाड़ा में रिश्वतखोर पकड़ा गया

छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव के एसडीएम कार्यालय में मंगलवार दोपहर लोकायुक्त की टीम ने एसडीएम के रीडर एनपी मरकाम को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। बिजोरी निवासी राजा गढ़ेवाल का संपत्ति संबंधी एक मामला एसडीएम कार्यालय में लंबित था। एसडीएम के रीडर ने इस मामले को निपटाने के लिए 20 हजार की रिश्वत मांगी थी। राजा गढ़ेवाल ने इसकी शिकायत जबलपुर लोकायुक्त से की थी। पूरी खबर पढ़ें

मैं कांग्रेस का सिपाही हूं: अरुण यादव
कांग्रेस नेता अरुण यादव ने भोपाल में BJP में जाने के सवाल पर कहा कि मैं कांग्रेस का सिपाही था, हूं और रहूंगा। उन्होंने कहा कि BJP के किसी नेता में हिम्मत नहीं कि मुझसे बात कर ले। मैं कल तक बागली में था, वहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक की और मैं कुछ देर बाद ही वापस अपने क्षेत्र में जाकर चुनाव प्रचार में जुट जाऊंगा। BJP के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा था कि यदि अरुण यादव BJP की विचारधारा को स्वीकार करते हुए देश की सेवा करना चाहते हैं तो उनका स्वागत है।पूरी खबर पढ़ें

जबलपुर में मां-बेटी को दफन किया
जबलपुर के बरेला में 15 से लापता मां-बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद दोनों के शवों को काशी महगवां के पास कैनाल के किनारे झाड़ियों के बीच जमीन में दफन कर दिया गया। मंगलवार सुबह पुलिस अधिकारी FSL टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खुदाई कर मां-बेटी के शवों को बाहर निकाला। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले वार्ड 15 निवासी बबली झारिया (40) और उसकी बेटी ने निशा झारिया (20) घर से लापता हो गई थीं, जिनकी तलाश की जा रही थी। मंगलवार सुबह पता चला कि दोनों की हत्या कर शवों को काशी महकमा में जमीन में गाड़ दिया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

दमोह में विहिप जिलाध्यक्ष पर चाकू से हमला
दमोह में मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे स्थानीय बेलाताल मंदिर के पास दर्शन कर बाहर निकले विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष गुड्डा साहू पर तीन अज्ञात युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साहू ने बताया कि वह सुबह बेलाताल टापू मंदिर पर दर्शन करने गए थे। वहां से निकलने के बाद वह जटाशंकर मंदिर जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने अपनी बाइक स्टार्ट की, तो सामने से तीन अज्ञात युवक बाइक पर सवार उनके पास पहुंचे। एक ने उनकी बाइक को बंद कर चाबी हाथ में ले ली और दो अज्ञात आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि वह नहीं जानते हैं कि वह आरोपी कौन हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं है। पूरी खबर पढ़ें

बारिश से छिंदवाड़ा में भीगा अनाज।

छिंदवाड़ा में आधा घंटे बारिश में अनाज भीगा
छिंदवाड़ा के चौरई मे आधा घंटे की बारिश ने मंडी प्रबंधन की खोली पोल खोल दी। शेड के बाहर रखा किसानों का अनाज भीग गया। किसानों का इस मामले में कहना है अक्सर शेड में सिर्फ व्यापारियों का ही कब्जा रहता है। इसी वजह से किसानों को खुले में अनाज रखना पड़ता है और नुकसान उठाना पड़ता है। गुना में भी कुछ देर बारिश हुई है।

इंदौर में मकान तोड़े
इंदौर नगर निगम ने मंगलवार को गणपति इलाके में 6 मकानों को तोड़ा। एक दिन पहले ही सोमवार को निगम ने मकानों के मालिकों को नोटिस जारी किए थे। मकान 70 से 80 साल पुराने थे। जर्जर हालत में पहुंच चुके थे। नगर निगम के अधिकारी डीआर लोधी के मुताबिक, इन मकानों को तोड़ा नहीं जा सकता था। मकान बहुत खस्ता हालत में थे। इस कारण इन्हें पूरी तरह से खत्म कर दिया गया। 

किसानों को दो गुना जमीन दी जाएगी
चंबल एक्सप्रेस-वे के लिए सरकार अदला-बदली की नीति के तहत जमीन का अधिग्रहण करेगी। जिन लोगों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी, उन्हें बदले में दो गुना जमीन अन्य स्थान पर दी जाएगी। इस प्रस्ताव को मंगलवार को शिवराज कैबिनेट में फैसला होगा। केंद्र सरकार ने इस ग्रीन फील्ड चंबल एक्सप्रेस वे को भारतमाला परियोजना में शामिल किया है। 

गुरुद्वारे में पहुंचकर सिंधिया ने अरदास की।

दाताबंदी छोड़ महोत्सव में शामिल होंगे सिंधिया
ग्वालियर गुरुद्वारा दाताबन्दी छोड़ के महोत्सव में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर पहुंचे। यहां दाताबंदी छोड़ के 400 साल पूरे होने वाले कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे में अरदास की। सिंधिया ने कहा है कि गुरु हरगोबिंद सिंह ने 400 साल पहले जो किया उसे सोचकर आज भी मैं भावुक हो जाता हूं। मीडिया ने उपचुनाव पर सवाल किया तो उन्होंने कहां धार्मिक कार्यक्रम में आया हूं, राजनीति पर चर्चा फिर करेंगे। यहां कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाद जयविलास गए। वहां से वापस एयरपोर्ट पहुंचकर दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

होशंगाबाद के थाने में तेंदुए ने कुत्ते का शिकार किया
होशंगाबाद के तवानगर थाना परिसर में देर रात एक तेंदुआ घुस गया। तेंदुए ने वहां एक कुत्ते को पकड़ा और घसीटते हुए झाड़ियों की ओर लेकर चला गया। तेंदुए के शिकार की घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।

छिंदवाड़ा में मृत महिला को लगाया कोविड का डोज!
छिंदवाड़ा जिले में गजब मामला सामने आया है। आंकड़े बढ़ाने के लिए मृत महिला को वैक्सीनेशन कर दिया गया है। सिंचाई कॉलोनी निवासी वैभव रत्नाकर का कहना है कि उनकी मां का पहले डोज के बाद मौत हो गई थी, इसके बाद भी प्रशासन द्वारा मां को दूसरा डोज कागज में दिखाया जा रहा है। वहीं इस मामले में स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि परिवार द्वारा एक ही नंबर द्वारा रजिस्ट्रेशन करवाने की वजह से हुआ होगा। ऐसे मामलों की जांच की जा रही है।

Exit mobile version