Site icon अग्नि आलोक

महिला अपराध के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला जलाने के लिए खींचतान

Share

झाबुआ

बुधवार को कांग्रेसियों ने प्रदेश में बढ़ रहे महिला अपराधों के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए। मुख्यमंत्री का पुतला जलाने के लिए कांग्रेसियों ने पूरा जोर लगा दिया तो पुलिस ने भी पुतला बचाने के पूरे प्रयास किए। एक बार जलते पुतले पर पानी डाल दिया तो कार्यकर्ताओं ने कुछ दूरी पर दूसरा पुतला दहन कर दिया।

बुधवार दोपहर कार्यकर्ता बस स्टैंड चौराहे पर एकत्रित हुए। जिला कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ युवक कांग्रेस के प्रमुख भी यहां पहुंचे। वे मध्यप्रदेश में बढ़ रहे महिला अपराधों को लेकर विरोध प्रदर्शन करने यहां जुटे थे। देखते ही देखते कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ गई। उन्होंने मुख्यमंत्री का पुतला जलाने की तैयारी शुरू कर दी। पुलिस को पुतला फूंके जाने की भनक लगी तो यहां पर पुलिस जवान तैनात करा दिए गए।

नारेबाजी करते हुए कांग्रेसियों ने बस स्टैंड चौराहे पर एक पुतले में आग लगा दी, तभी पुलिसकर्मी पहुंच गए। कार्यकर्ता पुतले को आग लगा रहे थे जबकि पुलिसकर्मी उसे जलने से बचाने के लिए पूरा जोर लगाते नजर आए।

गोल घेरा बनाकर पुतला जला रहे कार्यकर्ताओं के ऊपर से एक पुलिसकर्मी ने पानी से भरी केन डाल दी। इसके बाद भी कांग्रेसी नहीं माने। कुछ देर बाद वे दूसरा पुतला लाए और पुलिस से बचाकर बस स्टैंड के समीप शासकीय स्कूल के पास पुतले में आग लगा दी। पुलिस आती तब तक पुतला आग पकड़ चुका था।

महिला अपराध रोकने में नाकाम हो रही शिवराज सरकार

बस स्टैंड पर विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस के प्रवक्ता साबिर फिटवेल ने कहा मध्यप्रदेश में महिला अपराध रोकने के शिवराजसिंह सरकार नाकाम साबित हो रही है। भाजपा सरकार में महिला अपराध की राजधानी बन गया है। वहीं बलात्कार, गैंगरेप बढ़ गए हैं।

भाजपा नेताओं के देह व्यापार में लिप्त होने का विरोध भी किया गया। युवक कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा नशे में मदमस्त सरकार को जगाने और हमारी माता एवं बहनों के सम्मान की रक्षा के लिए पुतला दहन किया गया। इस अवसर पर जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विजय भाबर, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष बबलू कटारा, सुनिल भूरिया, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष विनय भाबर, धर्मेंद्र बामनिया, दरियाव सिंगाड़, दीपू डोडियार, गौरव सक्सेना सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

भाजपा नेता भंसाली को इंदौर पुलिस ने सेक्स रैकेट में पकड़ा

थांदला के भाजपा नेता अनिल पिता सुंदरलाल भंसाली और प्रोपर्टी ब्रोकर नीतेश पिता राधेश्याम सोलंकी को इंदौर पुलिस ने देह व्यापार के ठिकाने से गिरफ्तार किया है। कार्रवाई मंगलवार रात काे की गई। इंदौर के विजय नगर में स्पा सेंटर के आड़ में चली रही जिस्मफरोशी के धंधे की जानकारी के बाद पुलिस ने यहां मंगलवार को दबिश दी थी।

यहां से देह व्यापार में लिप्त 12 युवतियों और 9 युवकों समेत 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसमें से दो थांदला के हैं। अनिल भंसाली तो भाजपा में अच्छी पकड़ रखते हैं। बताया जा रहा है उन्हें जिले के संगठन में जिला महामंत्री का पद दिया जाने वाला था। इतना ही नहीं पार्टी ने उन्हें समर्पण निधि का प्रभारी भी बना रखा है। भाजपा के हर कार्यक्रम में वे देखे जाते हैं।

Exit mobile version